बड़ी खबर: EOW ने 5 लाख रुपया रिश्वत लेते नगर निगम के सिटी प्लानर को किया गिरफ्तार
ग्वालियर। ईओडब्ल्यू की टीम ने नगर निगम के सिटी प्लानर प्रदीप वर्मा को पांच लाख की रिश्वत लेते हुए धर दबोचा। रिश्वतखोर अफसर को साढ़े तीन बजे सिटी सेंटर में घूस लेते रंगे हाँथ पकड़ने के बाद हिरासत में लिया गया। हिरासत में लिए जाने के बाद आरोपित अफसर को विश्वविद्यालय ले जाया गया, जहां उनसे पूछताछ की गई।
ये है पूरा मामला-
शहर के थाटीपुर के सुरेश नगर पानी की टंकी के पास रहने वाले बिल्डर धर्मेंद्र भारद्वाज की सुरेश नगर में 19 हजार स्क्वॉयर फीट जमीन है। बिल्डर अपनी उस जमीन पर मल्टीप्लेक्स बनाना चाहते हैं। लेकिन इमारत पर दो माह पहले सिटी प्लानर ने बुलडोजर लगवा दिया था।
बुलडोजर लगवाए जाने के बाद टूटने के डर से बिल्डर ने सिटी प्लानर प्रदीप वर्मा से बात की। इसके बाद सिटी प्लानर ने तुड़वाई रूकवाने के एवज में बिल्डर से 50 लाख रुपए की मांग की थी। बिल्डर ने कोरोना के चलते आर्थिक संकट बताया तो सिटी प्लानर ने 10 लाख रुपए पहले देने और बाकी की रकम बाद में देने की बात कही।
बिल्डर के मुताबिक उसने सिटी प्लानर को दस लाख रुपये तत्काल दे दिए थे। इसके बाद फिर से सिटी प्लानर बाकी रकम के लिए उस पर दबाव बना रहा था। बाद में दोनों पक्षों में बातचीत के बाद सौदा 25 लाख रुपए में तय हो गया। इसी दौरान बिल्डर ने रुपए मांगने की शिकायत ईओडब्ल्यू में दर्ज करा दी थी। शनिवार दोपहर को रुपए देने के लिए बिल्डर पांच लाख रुपए लेकर एसपी ऑफिस बालाजी गार्डन के पास पहुंचे और वहीं सिटी प्लानर प्रदीप वर्मा को बुलाया।
करीब साढ़े तीन बजे सिटी प्लानर वर्मा अपनी कार से वहां पहुंचे और कार में जैसे ही सिटी प्लानर ने बिल्डर से पांच लाख रुपये की रिश्वत ली उसी समय ईओडब्ल्यू ने उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को विश्वविद्यालय थाने ले जाया गया जहां उनसे पूछताछ की गयी।
बताया जा रहा है कि पांच लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार हुए सिटी प्लानर प्रदीप वर्मा के विनय नगर स्थित निवास पर भी ईओडब्ल्यू की टीम कार्रवाई करने पहुंच गई है। कार्यवाही में दस्तावेज खंगाले जाने की जानकारी मिली है। ऐसे में सम्भावना है कि अफसर की बेशुमार संपत्ति का भी खुलासा हो सकता है।







.jpeg)












