उच्च शिक्षा की गुणवत्ता एवं संस्थागत विकास के लिए सामूहिक प्रयासों के संकल्प के साथ पं. रविवि से सम्बद्ध निजी महाविद्यालयों के प्राचार्यों का संघ गठित
प्रथम बैठक में डॉ. मेघेश तिवारी अध्यक्ष, डॉ. प्रतिभा मुखर्जी साहूकार उपाध्यक्ष एवं डॉ. देवाशीष मुखर्जी सचिव निर्वाचित
रायपुर । पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर से सम्बद्ध निजी महाविद्यालयों के प्राचार्यों के हितों, शैक्षणिक गुणवत्ता के संवर्धन तथा विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से गठित एवं पंजीकृत निजी महाविद्यालय प्राचार्य कल्याण संघ की प्रथम बैठक विगत दिवस सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई ।
बैठक में सर्वसम्मति से विप्र महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मेघेश तिवारी को संघ का अध्यक्ष, दुर्गा महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. प्रतिभा मुखर्जी साहूकार को उपाध्यक्ष तथा महंत लक्ष्मीनारायण दास महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. देवाशीष मुखर्जी को सचिव व डॉ यूलेन्द्र राजूपत कोषाध्यक्ष निर्वाचित किया गया ।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के निर्वाचन पर उपस्थित सभी प्राचार्यों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में संघ निजी महाविद्यालयों की शैक्षणिक उन्नति, प्रशासनिक समन्वय तथा विभिन्न साझा मुद्दों के समाधान के लिए प्रभावी भूमिका निभाएगा ।
बैठक में संघ के उद्देश्यों, भावी कार्ययोजना तथा संगठन की कार्यप्रणाली पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया । इस अवसर पर निर्णय लिया गया कि संघ विश्वविद्यालय से सम्बद्ध निजी महाविद्यालयों के साझा हितों की रक्षा, शैक्षणिक उत्कृष्टता, राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के हितों के संरक्षण तथा संस्थानों के समग्र विकास के लिए सकारात्मक एवं रचनात्मक पहल करेगा । साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ सतत संवाद एवं सहयोग की भावना से कार्य करते हुए उच्च शिक्षा के स्तर को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए समन्वित प्रयास किए जाएंगे । बैठक में यह भी संकल्प व्यक्त किया गया कि संघ पारस्परिक सहयोग, अनुभवों के आदान-प्रदान तथा समन्वित प्रयासों के माध्यम से उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाओं को विकसित करने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएगा ।
उक्त आशय की जानकारी संघ के नवनिर्वाचित सचिव डॉ. देवाशीष मुखर्जी ने प्रदान की ।




