बड़ी खबर: रायपुर के रेलवे स्टेशन में तिरंगा झंडा लेकर प्रदर्शन कर रहे फुटकर व्यापारियों को पुलिस ने रोका
रायपुर। रायपुर रेलवे स्टेशन के बाहर ठेला लगाकर अपना जीवन यापन करने वाले फुटकर व्यापारियों ने अपनी मांग को लेकर आज तिरंगा झंडा लेकर प्रदर्शन करने निकल पड़े, लेकिन पुलिस ने बिना अनुमति के प्रदर्शन करने का हवाला देते हुए उन्हें रोककर वापस लौटा दिया।
प्रदर्शन करने वाले फुटकर व्यापारियों का कहना है कि फुटकर व्यापारी पिछले 30-35 साल से रेलवे स्टेशन के बाहर अपना ठेला लगाकर अपना जीवन यापन चला रहे थे, लेकिन इनके ठेले को नगर निगम प्रशासन द्वारा हटा दिया गया, जिसके बाद से उनके पास रोजगार नहीं है। रोजगार नहीं होने के कारण सभी फुटकर व्यापारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
रोजगार नहीं होने के कारण लोगों ने आज तिरंगा झंडा लेकर सड़क पर प्रदर्शन करने लगे, लेकिन पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को यह कहकर वापस लौटा दिया कि प्रदर्शन के लिए उनके द्वारा अनुमति नहीं ली गई है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अब वे सभी अनुमति लेकर प्रदर्शन करेंगे। अपनी मांग को लेकर वे मुख्यमंत्री निवास जाने का भी निर्णय लिया है।




