CG - चंद रुपयों के लिए दोस्त बना जानी दुश्मन, पहले पिलाई शराब फिर किया ये बड़ा कांड, अब पहुंचा सलाखों के पीछे
दुर्ग। जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में एक युवक के अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। उधारी की रकम नहीं देने पर दोस्त ने दोस्त की हत्या कर दी। आरोपी ने शराब पीने के बहाने बुलाया और फिर पत्थर से वार कर दोस्त को मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हत्यारे को गिरफ्तार किया।
खुर्सीपार में हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद अजय कवर्धा में छिपकर रह रहा था। फिलहाल मामले में खुर्सीपार पुलिस उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक, बीते 6 दिसंबर की रात वीरांगना अवंती बाई भवन के पास नहर किनारे लोकेश्वर बंजारे (उम्र 28 साल) पिता लक्ष्मण बंजारे का शव मिला था। पुलिस की जांच में यह बात सामने आई कि लोकेश्वर के सिर पर पत्थर पटककर उसकी हत्या की गई है। घटना को गंभीरता से लेते हुए ASP (शहर) दुर्ग सुखनंदन ने अंबर सिंह भारद्वाज, थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम बनाकर जांच के निर्देश दिए थे। पुलिस की जांच के दौरान सीसीटीवी के विश्लेषण और संदिग्धों से पूछताछ पर जानकारी मिली कि मृतक लोकेश्वर बंजारे और अजय यादव उर्फ टंगिया दोस्त थे। घटना वाले दिन दोनों को वीरांगना अवंती बाई भवन के पीछे जाते हुए देखा गया था।
लोकेश्वर और अजय की दोस्ती की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अजय यादव की पतासाजी में जुट गई। इस दौरान अजय के रिश्तेदारों और परिचितों पर लगातार नजर रखी जा रही थी। तभी पुलिस को यह जानकारी प्राप्त हुई कि आरोपी कवर्धा में है, जिसके बाद टीम ने कवर्धा पहुंचकर उसे हिरासत में लिया।




