छत्तीसगढ़ लॉकडाउन : व्यापारियों ने रखी लॉकडाउन के आदेश में संशोधन करने की मांग
जगदलपुर। बस्तर चेम्बर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज जगदलपुर ने लॉक डाउन संबंधी जारी आदेश की व्यवहारिक कमियों की ओर ध्यान आकृष्ट करते हुए कुछ संशोधन की मांग प्रशासन से किया है। आज दोपहर सीएसपी कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बस्तर चेम्बर कामर्स एंड इंडस्ट्रीज के किराना व्यापारी, होटल, भोजनालय व्यवसायी, दूध विक्रेताओं की बैठक हुई जिसमें व्यापारी वर्ग की ओर से कई संशोधनों की मांग रखी गई है।
व्यापारियों द्वारा सुझाये गये संशोधनों में बैंकों को पूरी तरह से तथा सभी के लिए खोलने की मांग की गई है। प्रशासन ने किराना, फल, सब्जी आदि को व्यापार में होम डिलीवरी की छूट प्रदान की है वहीं दूसरी ओर इनके लिए बैंकिंग की अनुमति नहीं होने से भुगतान के अभाव में माल की आवक नहीं हो सकेगी तथा वर्तमान स्टॉक भी समाप्ति की ओर है। माह के अंत में बैंक सम्बन्धी बहुत से काम जैसे टैक्स, ब्याज भुगतान आदि होते हैं, जो बिना अनुमति के सम्भव नहीं है।
सामानों के लोडिंग-अनलोडिंग हेतु सुबह 06 से 12 बजे तक का समय करने की मांग की गई है क्योंकि मजदूरों का रात्रि में आना सम्भव नहीं है, साथ ही यह भी मांग की गई है कि मजदूरों को भी आने की अनुमति दी जाए। थोक व चिल्लहर किराना व्यापारियों को 06 से दोपहर 02 बजे तक होम डिलिवरी की अनुमति मांगी गई है। होटेल व रेस्टोरेंट के लिए भी होम डिलीवरी की अनुमति मांगी गई है।
बस्तर चैम्बर ने कृषि संबंधी कार्यों के लिए भी अनुमति देने की मांग की है, चूंकि यह समय खेती की तैयारियों का हैं, इसलिए लैम्प्स से खाद बीज आदि की व्यवस्था भी होनी चाहिए। कृषि कार्य हेतु ट्रैक्टर सम्बन्धी सुविधाओं की बहाली की भी मांग की गई है। बस्तर चेम्बर ने नलकूप खनन सम्बन्धी कार्यों की अनुमति की भी मांग की है क्योंकि इनके कार्य के लिए मात्र एक माह का समय ही बचा है।
बस्तर चेम्बर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज ने आशा प्रकट की है कि ध्यान दिलाए गए बिंदुओं पर जल्द निर्णय लेकर राहत दी जाएगी।




