CRIME : दुर्ग में दवा कारोबारी से 15 करोड़ की रंगदारी की मांग, खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का बताकर दी परिवार के सदस्य की हत्या की धमकी
दुर्ग। दुर्ग में दवा कारोबारी से 15 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कारोबारी शशांक चोपड़ा को फोन कर एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया और रकम नहीं देने पर परिवार के एक सदस्य की हत्या करने की धमकी दी। इस घटना के बाद कारोबारी और उनका परिवार दहशत में है।
धमकी भरा फोन आने के बाद शशांक चोपड़ा ने दुर्ग के सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कारोबारी के घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। पिछले तीन दिनों से पुलिसकर्मी परिवार की सुरक्षा में तैनात हैं।
जानकारी के मुताबिक, मोक्षित कॉर्पोरेशन के डायरेक्टर शशांक चोपड़ा को अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर 15 करोड़ रुपए की मांग की। फोन करने वाले ने कथित तौर पर खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि तय रकम नहीं दी गई तो परिवार के किसी सदस्य को जान से मार दिया जाएगा। इसके बाद कारोबारी ने पुलिस से सुरक्षा और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
शिकायत के बाद दुर्ग पुलिस ने कारोबारी के घर के बाहर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी है। वहीं, धमकी देने वाले की पहचान करने के लिए मोबाइल नंबर, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
हालांकि, पुलिस ने फिलहाल इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि आरोपी का वास्तव में किसी गैंग से संबंध है या उसने केवल गैंग का नाम लेकर कारोबारी को डराने और रंगदारी वसूलने की कोशिश की।




