पुस्तकों और ज्ञान के उत्सव में सराबोर हुआ महंत लक्ष्मीनारायण दास कॉलेज, मनाया गया लाइब्रेरियन डे
रायपुर। महंत लक्ष्मीनारायण दास कॉलेज में लाइब्रेरियन डे के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. देवाशीष मुखर्जी थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्राध्यापकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. देवाशीष मुखर्जी ने महाविद्यालय की लाइब्रेरी में उपलब्ध सुविधाओं एवं उसके महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से पुस्तकालय आने, उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने तथा अध्ययन-अनुसंधान के लिए लाइब्रेरी को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय की लाइब्रेरियन सुश्री निकिता प्रधान ने महान पुस्तकालय वैज्ञानिक डॉ. एस. आर. रंगनाथन के जीवन एवं योगदान की जानकारी देते हुए लाइब्रेरियन डे के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को पुस्तकालय में उपलब्ध विभिन्न डिजिटल एवं शैक्षणिक संसाधनों की जानकारी दी तथा SOUL एवं INFLIBNET जैसी सुविधाओं के उपयोग के बारे में बताया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के ज्ञान एवं बौद्धिक कौशल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंटर-क्लास क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बी.बी.ए. तृतीय सेमेस्टर की अफसा शेख, जसगुण कौर, सिमरन सिंह एवं शीतल साहू के समूह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन लाइब्रेरियन सुश्री निकिता प्रधान ने किया, जबकि हिन्दी विभाग के प्राध्यापक प्रो. प्रीतम दास ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में पुस्तकालय के प्रति रुचि एवं जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ अध्ययन, पठन-पाठन एवं ज्ञानार्जन की संस्कृति को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।





