छत्तीसगढ़ : फ़िल्मी स्टाइल में रिवाल्वर दिखाकर व्यापारी से लूटपाट करने वाला एक आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़ | छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में फिल्मी स्टाइल में एक व्यापारी को नकली रिवाल्वर दिखाकर उससे रूपयों की लूटपाट करने वाले दो आरोपियों में से पुलिस ने एक आरोपी को घटना के बाद कुछ घंटों के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया, वहीं दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जूटमिल चौकी क्षेत्र में सोमवार की रात करीब 8.30 बजे बाबाधाम से आइसक्रीम ठेला वाला लौट रहा था, तभी बाइक सवार दो युवकों ने नकली प्लास्टिक पिस्टल कनपटी पर लगाकर उससे 5 हजार 500 रुपए लूट कर फरार हो गए। घटना के बाद प्रार्थी ने थाने में जाकर घटना की सूचना दी जिसके बाद पुलिस ने कुछ घंटों के भीतर ही आरोपियों में एक को ढूंढ निकाला और घेराबंदी कर उसे धर-दबोचा। पकड़े गये आरोपी से लूट के 03 हजार रुपए और एक बाइक जब्त किया है। आरोपी ने बताया कि जिस रिवाल्वर के दम पर वारदात को अंजाम दिया था वो नकली है। पुलिस फिलहाल दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है।




