85 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले प्रतिभाशाली सिक्ख विद्यार्थियों का होगा सम्मान, छत्तीसगढ़ सिक्ख ऑफिसर्स वेल
रायपुर। छत्तीसगढ़ सिक्ख ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसियेशन द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली सिक्ख विद्यार्थियों का राज्य स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम मई 2026 के अंतिम सप्ताह में आयोजित होगा, जिसकी तिथि की घोषणा जल्द की जाएगी।
एसोसियेशन ने ऐसे विद्यार्थियों एवं उनके पालकों से आवेदन आमंत्रित किए हैं, जिन्होंने वर्ष 2026 की वार्षिक परीक्षाओं में CBSE, ICSE, ISC अथवा CGBSE बोर्ड से 85 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं। आवेदन भेजने की अंतिम तिथि बुधवार 20 मई 2026 निर्धारित की गई है।
एसोसियेशन के संयोजक सरदार जी.एस. बॉम्बरा, अध्यक्ष सरदार एच.एस. धींगरा, एजुकेशन कमेटी के चेयरमैन प्रो. (डॉ.) बी.एस. छाबड़ा एवं सचिव सरदार बी.एस. सलूजा ने बताया कि चयनित विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल, सिल्वर मेडल, सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया जाएगा। CBSE/ICSE/ISC तथा CGBSE बोर्ड में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले तीन-तीन विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल, जबकि दूसरे स्थान पर रहने वाले विद्यार्थियों को सिल्वर मेडल प्रदान किया जाएगा। कुल 6 गोल्ड मेडल और 4 सिल्वर मेडल दिए जाएंगे, साथ ही अन्य सभी आमंत्रित विद्यार्थियों को सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट व मोमेन्टों से सम्मानित किया जाएगा।
पात्रता के अनुसार विद्यार्थी छत्तीसगढ़ राज्य में अध्ययनरत होना चाहिए तथा प्रतिशत की गणना केवल मूल विषयों के अंकों के आधार पर मान्य होगी। अतिरिक्त विषयों के अंक शामिल नहीं किए जाएंगे।
इच्छुक विद्यार्थी या उनके पालक अपनी अंकसूची सहित निर्धारित प्रारूप में जानकारी व्हॉट्सएप नंबर 94252-5659 एवं 9302809125 पर भेज सकते हैं।




