महिला आयोग ने भेजा असिस्टेंट लेबर कमिश्नर कच्छप को नोटिस, जाने क्या है मामला
रायपुर। सरकारी भूमि पर अवैध कब्ज़ा जमाने वाले असिस्टेंट लेबर कमिश्नर उमेश कुमार कच्छप पर अब दोहरी मार पड़ी है। सरकारी भूमि पर कब्ज़ा जमा कर वहां वाहन रखने का गैरजे बनाने के मामले में पहले ही पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था।
मामले को संज्ञान में लेते हुए खम्हारडीह पुलिस ने इस अवैध निर्माण पर कार्रवाई करते हुए आरोपी उमेश कच्छप के खिलाफ धारा 341 व 294 के तहत केस दर्ज किया था। अब एक और शिकायत पर छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग ने भी उमेश कच्छप को नोटिस भेजा है।
जानकारी के अनुसार महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक से कॉलोनी की निवासी ने गुहार लगाई थी कि आरोपी उमेश कच्छप उन्हें उक्त विवादित जमीन के कारण मानसिक रूप से प्रताड़ित करता है। प्रार्थी वाणिज्य विभाग की सेवानिवृत्त उपायुक्त है, और उन्हें अपने बच्चों के लिए तीन अलग-अलग मकान बनवाने है, लेकिन रास्ते में अवरोध के चलते उन्हें मकान निर्माण में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
उमेश कच्छप से उन्होंने कई बार अनुरोध किया, लेकिन अपने पद का गलत उपयोग करते हुए वह उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। इस शिकायत पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने उमेश कुमार कच्छप को नोटिस जारी किया है।




