सिलेण्डर में लगी आग, मां पुत्र समेत हुई तीन की मौत...
जौनपुर : जिले के महराजगंज थाना क्षेत्र के केवटली गांव में गुरुवार रिसाव से गैस सिलिंडर में आग लग गई। आग की चपेट में आकर गृहस्वामी उसका भाई व पत्नी समेत पांच लोग झुलस गए। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मां-पुत्र समेत तीन लोगों ने दम तोड़ दिया। वहीं एक व्यक्ति और उसके तीन साल के बेटे की हालत गंभीर है। घटना से गांव में मातम पसर गया है महराजगंज थाना क्षेत्र के केवटली गांव निवासी 30 वर्षीय अखिलेश विश्वकर्मा की 28 वर्षीया पत्नी नीलम गुरुवार को सवेरे रिहायशी छप्पर में बने रसोई घर में दूध गर्म करने के लिए गई। उसी छप्पर में उसके दो बच्चे पांच वर्षीय शिावांस व तीन वर्षीय युवराज सो रहे थे। नीलम ने जैसे ही माचिस जलाई कि सिलिंडर में आग लग गई।
देखते ही देखते आग छप्पर तक पहुंच गई। आग तेजी से धधकने लगी तो नीलम तुरंत वहां से भागी और मदद के लिए गुहार लगाने लगी। पति और दोनों बच्चे आग में घिरे थे जिन्हें बचाने के लिए नीलम अंदर दाखिल हुई और वो भी आग में घिर गई। चीखपुकार सुनकर अखिलेश का बड़ा भाई 32 वर्षीय सुरेश पहुंचा। आग इतना भयावह रूप ले चुकी थी कि उसके सामने टिक पाना मुश्किल हो रहा था। घर वालों का शोर-शराबा व घर से उठते धुएं को देख आस-पास के लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस को सूचना दी गई और छप्पर को किसी तरह से तोड़कर आग में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया। ग्रामीणों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया गया और अंदर फंसे पति-पत्नी समेत दोनों बच्चों को बाहर निकाला गया। परिजनों को बचाने की कोशिश में सुरेश भी गंभीर रूप से झुलस गया। छप्पर में रखा गृहस्थी का सारा सामान भी जलकर राख हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से झुलसे लोगों को स्थानीय सीएचसी पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचने पर नीलम, उसके बेटे और जेठ सुरेश को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अखिलेश और उसके तीन साल के बच्चे की हालत गंभीर है। सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया ।







.jpeg)












