सोशल मीडिया पर तालिबान का समर्थन करना पड़ा महंगा, पुलिस ने 14 लोगों को किया गिरफ्तार
असम। अफगानिस्तान में तालिबान के समर्थन करने वालों की फेहरिस्त बढ़ती जा रही है। भारत में भी तालिबानी विद्रोहियों के समर्थन में लोग आगे आ रहे हैं। नेता, शायर से लेकर आम लोग भी तालिबान के पक्ष में खुलकर बोल रहे हैं। असम में पुलिस ने 14 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि ये सभी सोशल मीडिया पर तालिबान का समर्थन कर रहे थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
गौरतलब है कि अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के बाद मशहूर शायर मुनव्वर राना ने कहा था कि तालिबान से ज्यादा हथियार भारत में रहने वाले माफियाओं के पास हैं। इसके अलावा, उन्होंने तालिबान और महर्षि वाल्मीकि की तुलना भी कर दी थी। मुनव्वर राना के अलावा सपा के एक सांसद ने भी तालिबान के समर्थन में बयान दिया था। इसके अलावा एआईएमआईएम प्रमुख असददुदीन ओवैसी ने भी तालिबान के पक्ष में बयान दिया था।





















