बड़ी खबर: एसडीएम ने दो शासकीय उचित मूल्य दुकानों को किया निलंबित
जगदलपुर। धान खरीदी के लिए दिए गए लक्ष्य के अनुसार बारदाना जमा नहीं करने पर विकासखंड बस्तर अंतर्गत संचालित दो शासकीय उचित मूल्य की दुकानों को निलंबित करने की कार्यवाही की गई है। बस्तर अनुविभागीय दंडाधिकारी गोकूल रावटे ने रोतमा और झारतराई की शासकीय उचित मूल्य की दुकानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ शासन ने 1 दिसंबर से पंजीकृत किसानों से धान उपार्जन का कार्य किया जा रहा है। जिसके लिए नया और पुराना बारदाना उपयोग किया जा रहा है। कलेक्टर रजत बंसल के निर्देशानुसार सार्वजनिक वितरण प्रणाली के बारदानों की सतत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूर्व में भी शासकीय उचित मूल्य की दुकानों के संचालक और विक्रेताओं को निर्देशित किया जा चुका है।
माह अप्रैल से आबंटन अनुसार शत् प्रतिशत बारदाना जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। रोतमा और झारतराई शासकीय उचित मूल्य की दुकानों संचालकों ने बारदाना जमा न करने पर, तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए अस्थायी तौर पर आगामी आदेश पर्यंत तक आदिम जाति सेवा सहकारी समिति घोटिया में संलग्न किया गया है।
बस्तर अनुविभागीय दंडाधिकारी ने बताया कि अभी तक विकासखंड बस्तर में मार्कफेड और समिति के माध्यम से कुल 2.15 लाख से अधिक बारदाना संकलित किया जा चुका है। जिससे निर्बाध रूप से धान उपार्जन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि धान उपार्जन से संबंधित किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि शासकीय उचित मूल्य की दुकानों से लक्ष्यानुसार बारदाना जमा नहीं किया जाता है तो निलंबन की कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।




