राजधानी सहित अन्य कई शहरों में लॉकडाउन जारी रहेगा या नहीं स्थिति शाम तक स्पष्ट होने की संभावना
रायपुर। छत्तीसगढ़ के राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के उन सभी जिलों में जहां लॉकडाउन लगा हुआ है का आज अंतिम दिन है। कोरोना संक्रमण को देखते हुए लगाए लॉकडाउन को आगे बढ़ाया जाएगा या नहीं इसका निर्णय उन जिलों के कलेक्टरों को परिस्थितियों को देखते हुए लेना है। संभावना जतायी जा रही कि शाम तक जिला प्रशासन द्वारा आदेश जारी कर दिए जाएंगे जिसके बाद स्पष्ट हो जाएगा कि लॉकडाउन कौन-कौन से शहर बढ़ाया जा रहा है या नहीं।
ज्ञात हो कि भूपेश सरकार ने अपने मंत्रियों से चर्चा के उपरांत लॉक डाउन नहीं बढ़ाए जाने का फैसला लिया है, लेकिन अंतिम फैसला जिले के कलेक्टरोंं पर छोड़ दिया है। सरकार का स्पष्ट मत है कि परिस्थितियों को समझते हुए कलेक्टर फैसला ले सकते हैं और उसे अमल में भी ला सकते हैं। भूपेश सरकार ने कहा है कि संक्रमण की स्थिति और व्यवस्थाओं को देखकर कलेक्टर ही इस बात का निर्णय लेंगे कि शहर में लॉकडाउन होगा या नहीं। अगर लॉकडाउन नहीं बढ़ाया गया तो दुकानें खुलेंगी और अगर दुकानें खुलेंगी तो कौन-कौन सी खुलेगी और कितने समय तक के लिए खुलेंगी इस संबंध में भी आदेश जारी किया जा सकता है।
बता दें कि रायपुर में 22 जुलाई और दूसरे शहरों में 23 जुलाई से लॉकडाउन एक हफ्ते के लिए लगाया गया था, जिसे बढ़ाकर 6 अगस्त तक किया गया था। ये लॉकडाउन शहरों में लगाया गया था, लेकिन ग्रामीण इलाके इससे अछूते थे। लॉकडाउन की वजह से बुरी तरह प्रभावित हुए व्यापारी फिर से शहरों में बाजार खोलने की मांग कर रहे है। व्यापारियों की मांग को देखते हुए जिला कलेक्टरों द्वारा लॉकडाउन को लेकर कोई भी फैसला लेने से पहले व्यापारी संगठन से बातचीत भी कर सकते है।




