मरवाही में अपना परचम लहराने कांग्रेस और भाजपा झोंक रहे अपनी ताकत
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मरवाही विधानसभा उपचुनाव में अपना परचम लहराने के लिए कांग्रेस और भाजपा अब पूरी ताकत झोंक रही है। चुनाव के लिए मतदान 3 नवंबर को होने है, ऐसे में चुनाव प्रसार के लिए अब सिर्फ तीन दिन ही शेष है। इसे देखते हुए दोनों पार्टी द्वारा लगातार चुनावी सभाएं, रैली आयोजित की जा रही है।
मरवाही चुनाव के लिए मतदान की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आते जा रही है वैसे-वैसे यहां प्रत्याशियों का चुनावी प्रचार तेज होते जा रहा है। वैसे तो चुनाव में कांग्रेस और भाजपा के अलावा अन्य राजनैतिक दल व निर्दलीय प्रत्याशी भी खड़े है, लेकिन मुख्य मुकाबला यहां कांग्रेस और भाजपा के बीच है। दोनों पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में इन दिनों यहां चुनाव प्रचार जोर-शोर से चल रहा है।
कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम से लेकर मंत्रियों व पदाधिकारियों द्वारा लगातार प्रचार हेतु सभाएं, रैलियां, रोड शो किया जा रहा है। भाजपा से भी पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, नेताप्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक सहित कई दिग्गज नेता मरवाही पहुंच रहे है।
मरवाही चुनाव में इस बार 01 लाख 90 हजार 907 मतदात अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 97 हजार 209, महिला, 93 हजार 694 पुरूष तथा 04 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल है। विगत विधानसभा चुनाव 2018 की तुलना में इस बार मरवाही में 6 हजार 886 मतदाताओं की वृद्धि हुई है। मरवाही चुनाव के लिए मतदान 3 नवंबर को होंगे, वहीं मतगणना 10 नवंबर को होगी।




