भीषण सड़क हादसे में 6 की मौत व 10 घायल, सीएम ने दिए समुचित उपचार के निर्देश
लखनऊ। यूपी के बहराइच में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यहां श्रद्धालुओं से भरी मैजिक खड़े हुए ट्रक से टकरा गई, जिससे 6 लोगों की मौत हो गई है और 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
पढ़ें: इस राज्य ने लगाया दिवाली पर पटाखों की बिक्री पर रोक, समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश
मिली जानकारी के अनुसार, यह सभी श्रद्धालु लखीमपुर के रहने वाले हैं, जो किछौछा शरीफ मज़ार से दर्शन कर वापस लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि तभी पयागपुर के पास ये हादसा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। घायलों में पांच की हालत गंभीर बनी है।
पढ़ें : बड़ी खबर: बाबा ने ढाबे को फेमस कराने वाले यूट्यूबर के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत, जाने क्या है मामला
एसपी विपिन कुमार मिश्र ने बताया कि लखीमपुर जिले के सिंगाही थाना क्षेत्र के निवासी महिंद्रा सुपर वैन (UP31AT3437) में सवार होकर अंबेडकरनगर के किछौछा में जियारत करने गए थे। वापस लौटते समय बहराइच-गोंडा हाइवे पर पयागपुर थाना क्षेत्र के शिवदहा मोड़ के पास चालक को झपकी आ गई और तेज रफ्तार वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया।
जानकारी पाकर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने वाहन में फंसे घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और सभी को तत्काल सीएचसी पयागपुर पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पांच लोगों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। मृतकों की शिनाख्त चाँद खान (51), शकील (08), सोहन (50), सोहन की पत्नी, सलीम (60) के रूप में की गई है, वहीं एक शव की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है।’
मुख्यमंत्री योगी ने घायलों के समुचित उपचार के दिए निर्देश-
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना में लोगों के मारे जाने पर शोक व्यक्त किया है, साथ ही ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को इस हादसे में घायल हुए लोगों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।







.jpeg)












