नई दिल्ली: भारतीय अरबपति गौतम अडाणी ने एक बार फिर नई मुकाम हासिल कर ली है। फ्रांस के बर्नार्ड अरनॉल्ट को पछाड़कर अडाणी अब दुनिया के दूसरे सबसे अमीर कारोबारी बन गए हैं। बता दें 154.7 अरब डॉलर (करीब 12.34 लाख करोड़ रुपए) की नेटवर्थ के साथ दुनिया के दूसरे सबसे अमीर कारोबारी बन गए हैं। यह पहली बार है, जब कोई एशियाई फोर्ब्स बिलियनेयर्स इंडेक्स के टॉप-2 में शामिल हुआ है।
गौतम अडाणी अब रैंकिंग में केवल एलन मस्क से पीछे हैं। टेस्ला के फाउंडर एलन मस्क 21.83 लाख करोड़ (273.5 बिलियन डॉलर) की नेटवर्थ के साथ लिस्ट में पहले नंबर पर है। बर्नार्ड अरनॉल्ट 12.27 लाख करोड़ (153.8 अरब डॉलर) की नेटवर्थ के साथ तीसरे और जेफ बेजोस 11.95 लाख करोड़ (149.7 अरब डॉलर) की नेटवर्थ के साथ लिस्ट में चौथे नंबर पर हैं।
एशिया के सबसे रईस व्यक्ति अडाणी के अलावा रिलायंस के चेयरमैन मुकेश अंबानी टॉप-10 लिस्ट में शामिल होने वाले दूसरे भारतीय हैं। 7.35 लाख करोड़ (92.1 अरब डॉलर) की नेटवर्थ के साथ मुकेश अंबानी दुनिया के 8वें सबसे अमीर आदमी हैं।
नई दिल्लीः राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट का रिजल्ट घोषित कर दिया है। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार वेबसाइट cuet.samarth.ac.in पर अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं।
सबसे पहले cuet.samarth.ac.in पर जाएं। यहां CUET UG 2022 Result के लिंक पर क्लिक करें। नए पेज में रजिस्ट्रेशन नंबर, डेट ऑफ बर्थ और पिन दर्ज करें। रिजल्ट का स्क्रीन आने पर उसे डाउनलोड कर लें। सीयूईटी यूजी 2022 रिजल्ट चेक करने के लिए उम्मीदवारों को अपना एप्लिकेशन नंबर और पासवर्ड एडमिट कार्ड पर मिलेगा।
सीयूईटी यूजी रिजल्ट को आप nta.ac.in और ntaresults.nic.in पर भी देख सकते हैं।
केंद्रीय और अन्य विश्वविद्यालयों में स्नातक में दाखिलों के लिए देशभर में पहली बार सीयूईटी यूजी परीक्षा आयोजित की गई। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने 15 जुलाई से 30 अगस्त के दौरान देशभर के 259 शहरों और दुनिया के 9 नौ शहरों में टेस्ट सेंटर बनाया था। छह फेज में हुई परीक्षा में 14.9 लाख से ज्यादा उम्मीदवार शामिल हुए थे। रिजल्ट के जरिए उम्मीदवारों की रैंक लिस्ट बनाई जाएगी और इसी के आधार पर दाखिला मिलेगा।
ग्वालियर: भारत से करीब 70 साल पहले चीता विलुप्त हो गए थे। भारत सरकार ने चीता को फिर से बसाने की पहल की है। अब इन्हें नामीबिया से स्पेशल चार्टर विमान के जरिये भारत लाया जा रहा है।
चीतों की फ्लाइट कल मध्य प्रदेश के ग्वालियर में लैंड करेगी, इससे पहले विमान को राजस्थान के जयपुर में लैंड कराने की योजना बनी थी लेकिन लॉजिस्टिक दिक्कतों की वजह से इसे ग्वालियर में लैंड कराने का फैसला किया गया है। 17 सितंबर की सुबह चीतों का प्लेन ग्वालियर में लैंड करेगा फिर इन्हें हेलीकॉप्टर के जरिये मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में ले जाया जाएगा। नामीबिया से आठ चीते भारत लाए जा रहे हैं, जिनमें पांच मादा और तीन नर चीते शामिल हैं।
इस वजह से ग्वालियर में लैंड करेगा विमान
बताया जा रहा है कि जयपुर के मुकाबले ग्वालियर से कूनो नेशनल पार्क की दूरी कम है। चीतों को कम समय में नेशनल पार्क में शिफ्ट किया जा सके, इसलिए यह फैसला किया गया है। ग्वालियर से तीन अलग-अलग हेलीकॉप्टर के जरिये चीते कूनो नेशनल पार्क ले जाए जाएंगे। कहा जा रहा है चीतों के नेशनल पार्क में शिफ्ट करने के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे। पीएम मोदी का कल जन्मदिन भी है। बताया जा रहा है कि पीएम मोदी आठ में से दो चीतों की बाड़े में एंट्री कराएंगे।
विशेष विमान से हो रही चीतों की वापसी
चीतों को जिस विमान से भारत लाया जा रहा है, उसे विशेष तौर पर तैयार किया गया है. विमान के फेस को चीते के चेहरे का रूप दिया गया है। नामीबिया की एनजीओ चीता कंजर्वेशन फंड (CCF) की मदद से ये चीते भारत लाए जा रहे हैं। पहली बार इस प्रोजेक्ट पर बातचीत 2009 में शुरू हुई थी। 2020 में सुप्रीम कोर्ट ने नामीबिया से चीते भारत लाने के प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी थी। पूरी परियोजना के लिए 91 करोड़ रुपये खर्च करने का बजट निर्धारित किया गया है। ऐसा पहली बार होगा जब कोई मांसाहारी जानवर एक महाद्वीप से दूसरे महाद्वीप लाया जाएगा।
क्या है योजना?
भारत का वन्य जीव एवं पर्यावरण मंत्रालय नामीबिया के अलावा दक्षिण अफ्रीका से भी 12 चीते लाने की तैयारी कर रहा है। दक्षिण अफ्रीका से बातचीत अंतिम दौर में बताई जा रही है। दक्षिण अफ्रीका की एक टीम भारत का दौरा कर तैयारियों का जायजा भी ले चुकी है। वन्य जीव विशेषज्ञों के अनुसार, 35 से 45 चीतों की संख्या उन्हें भारत में बसाने के लिए जरूरी है, इसलिए पांच वर्षों तक हर साल 8 चीते तक भारत लाए जाएंगे।
लखनऊ: जिला प्रशासन ने भारी बारिश के चलते सभी स्कूलों को बंद रखने का फैसला लिया है। शुक्रवार सुबह जारी आदेश के मुताबिक कक्षा 12वीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे।
बता दें कि उत्तर प्रदेश में इन दिनों भारी बारिश का दौर लगातार जारी है। बारिश के चलते यहां जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। नदी नाले भी उफान पर है। वहीं दूसरी ओर मौसम विभाग ने 17 सितंबर तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक प्रदेश की राजधानी लखनऊ, आगरा, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, बाराबंकी, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर रोड, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, बरेली, पीलीभीत, बदायूं और जालौन में गरज-चमक के साथ तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं फरुर्खाबाद, कन्नौज, हरदोई, कासगंज, एटा, मैनपुरी, शहजहांपुर और आसपास के जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
दौसा: राजस्थान के बांदीकुई के आभानेरी गांव में घर के बाहर खेल रही 2 साल की मासूम बच्ची 100 फीट गहरे बोरलेव में गिरी थी। जिसे करीब 8 घंटे बाद बाहर निकाल लिया गया। एंबुलेंस से बच्ची को अस्पताल ले जाया गया है। फिलहाल वह स्वस्थ बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक गांव में देवनारायण गुर्जर की बेटी अंकिता सवेरे अपने घर के बाहर खेल रही थी। घर के पास ही एक खुला बोरवेल है, जिसमें वह अचानक गिर गई। कुछ देर तक जब बच्ची नहीं दिखी तो घर वालों ने उसकी तलाश शुरू की, इस बीच बोरवेल से उसके रोने की आवाज आई। बच्ची की आवाज सुनकर परिजनों ने प्रशासन को सूचना दी।
अंकिता के दादा कमल सिंह ने बताया कि ये बोरवेल दो साल पहले खोदा गया था, लेकिन सूखा निकलने के कारण बोरवेल को ढक्कन लगाकर छोड़ दिया गया। आज सुबह ही मैंने बोरवेल में मिट्टी भरने ढक्कन खोला था। करीब 11 बजे तक बोरवेल में 100 फीट तक मिट्टी भी भर दी थी। उसके बाद मैं कमरे में थोड़ा आराम करने चला गया और पीछे से अंकिता खेलते हुए बोरवेल के पास पहुंची और गिर गई।
उन्होंने तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दी। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम पहुंची थी। जिसे देसी जुगाड़ से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मासूम की मां उसे देखते ही खुशी से रो पड़ी। उसने अपनी बेटी को सीने से लगा लिया।
बड़वानी: दुनिया में हर इंसान के शरीर में अलग अलग ग्रुप का खून दौड़ता है। आमतौर पर देखा जाता है कि खून का रंग लाल होता है। लेकिन मध्यप्रदेश के बड़वानी से एक रेयर मामला सामने आया है। जहां अशोक नगर खेतिया की रहने वाली डेढ़ साल की अनाया का खून सफेद पाया गया है। जिसके देखकर डॉक्टर भी हैरान रह गए।
अशोक नगर खेतिया के रहने वाले इमरान का कहना है कि उसकी बच्ची अनाया जिसको सर्दी, खांसी, बुखार के बाद वे उसे शहादा, महाराष्ट्र एक डॉक्टर को दिखाने गए थे, वहां डॉक्टर ने खून की जांच लिखी। जब खून का सैंपल लिया गया तो उसका रंग लाल की बजाए सफेद निकला जिसे देख कर डॉक्टर दंग रह गए और उसे धुलिया के माहेरा हॉस्पिटल डॉ. संजय जोशी के पास भेजा गया जहां से उसे डॉक्टर जोशी ने मुंबई के अस्पताल जांच के लिये भिजवाया।
वहीं इस मामले पर डॉक्टर का कहना है कि हो सकता है कि बच्ची के रक्त में सफेद ब्लड सैल की मात्रा लाल ब्लड सैल से अधिक हो। जिसकी वजह से खून का रंग सफेद है। फिलहाल डॉक्टरों ने उसके खून का सैंपल लंदन भेज दिया है ताकि बीमारी का पता लगाया जा सके।
कानपुर: उत्तर प्रदेश के शहर के पांडु नगर की पंजाब नेशनल बैंक शाखा से लापरवाही का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां 3 महीने पहले बैंक में नोटों को एक बक्से में भरकर रखा गया था। इसी दौरान किसी वजह से बक्से में पानी चला गया और लाखो रूपये गल गया।
बताया जा रहा है कि बैंक की तिजोरी में जगह नहीं बची थी। कैश ज्यादा बढ़ने पर नोटों को बक्सों में ही भरकर दीवार के सहारे रख दिया गया। इधर, बारिश में बेसमेंट की दीवार में सीलन ज्यादा होने से बक्से में पानी चला गया। ज्यादा समय से बक्से को नहीं देखा गया तो 42 लाख की करेंसी गल गई।
इसी दौरान रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की टीम निरीक्षण को आई। जांच शुरू की तो यह मामला ऊपर अधिकारियों तक भेजा गया। जिसके लिए फिर एक और टीम आई इस जांच के बाद पीएनबी की विजिलेंस टीम ने भी जांच शुरू कीष सवाल उठाया कि आखिरकार नोटों की देखरेख क्यों नहीं की गई?
दोनों रिपोर्टों के बाद पीएनबी के बड़े अधिकारियों ने पांडू नगर ब्रांच के 4 अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया। जिसमें वरिष्ठ प्रबंधक देवीशंकर, प्रबंधक आसाराम, चेस्ट ऑफिसर राकेश कुमार और वरिष्ठ प्रबंधक भास्कर कुमार भार्गव शामिल हैं। बताया जा रहा है कि देवीशंकर ने 25 जुलाई को ही पांडू नगर ब्रांच में कामकाज संभाला था। जबकि नोट गलने की घटना उनके आने से पहले की है।
Delhi Liquor Policy Scam: दिल्ली (Delhi) की शराब नीति (Liquor Policy) में हुए घोटाले को लेकर ईडी (ED) ने आज (शुक्रवार को) बड़ा एक्शन लिया है. ईडी इस वक्त दिल्ली (Delhi) और तेलंगाना (Telangana) समेत देशभर में 40 जगहों पर छापेमारी कर रही है. बता दें कि पंजाब, तेलंगाना, नेल्लोर, चेन्नई और दिल्ली एनसीआर में रेड चल रही है. इसके अलावा हैदराबाद (Hyderabad) में 20 जगह पर रेड चल रही है. दिल्ली आबकारी नीति मामले (Delhi Excise Policy Case) में ED की कई राज्यों में करीब 40 लोकेशन पर रेड चल रही है.
देशभर में 40 जगहों पर ईडी की छापेमारी
जान लें कि इससे पहले 6 सितंबर को भी ईडी ने देशभर में कई जगहों पर रेड की थी. ईडी ने दिल्ली (Delhi), मुंबई (Mumbai), बेंगलुरु (Bengaluru), लखनऊ (Lucknow) और गुरुग्राम सहित कई जगहों पर छापेमारी की थी. बीजेपी (BJP) ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार पर नई शराब नीति (New Liquor Policy) के जरिए घोटाले का आरोप लगाए हैं.
दिल्ली की नई आबकारी नीति में घोटाले का मामला
एक अधिकारी ने बताया कि ईडी ने दिल्ली की नई आबकारी नीति में कथित अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के सिलसिले में करीब 40 ठिकानों पर छापेमारे की. बीजेपी का आरोप है कि दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार ने शराब माफिया के करोड़ों रुपये माफ किए हैं. दिल्ली सरकार के इस कदम से राजस्व का घाटा हुआ है.
दिल्ली सरकार पर हैं ये आरोप
गौरतलब है कि इस वक्त ईडी देशभर में उन लोगों के ठिकानों पर रेड कर रही है जो दिल्ली की नई शराब नीति को बनाने में कहीं ना कहीं शामिल हैं या फिर जिनको नई आबकारी नीति से फायदा पहुंचा है.
दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) पर आरोप है कि शराब कारोबारियों (Liquor Businessman) को कथित तौर पर 30 करोड़ रुपये की छूट दी गई. लाइसेंस धारकों को कथित तौर पर उनकी इच्छा के अनुसार एक्सटेंशन दिया गया था. आबकारी नियमों का उल्लंघन कर शराब नीति के नियम बनाए गए.
झारखंड के हजारीबाग से एक बेहद ही अनोखा दृश्य सामने आया है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल जिले के चौपारण के चैथी गांव में एक बछड़ा अपने मालिक की मौत पर इतना दुखी हुआ कि वह श्मशान तक पहुंच गया। उनका चेहरा देखने के लिए अर्थी पर पड़े कफन को मुंह से हटाने की कोशिश करता रहा। लोगों ने मालिक की मौत पर बछड़े को रोते हुए देखा तो व्यक्ति का अंतिम संस्कार उससे ही करवाया। यह घटना 10 सितंबर की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक मरने वाला शख्स मेवालाल ठाकुर की कोई औलाद नहीं थी। उन्होंने कुछ साल पहले एक बछड़ा पाला था। हालांकि तीन महीने पहले आर्थिक तंगी के कारण उन्होंने बछड़े को पास के गांव पपोरा में बेच दिया था।
बछड़ा जब श्मशान पहुंचा तो वह अर्थी के आस-पास घूमने लगा और जोर-जोर से रंभाने लगा। उसने मेवालाल का चेहरा देखने के लिए कफन हटाने की कोशिश भी की। गांव वालों ने बछड़े का मालिक के लिए प्यार देखकर उसे मेवालाल का बेटा बताया। इसलिए उन्होंने मेवालाल का अंतिम संस्कार भी बछड़े से करवाया।
वीडियो में वह चिता की परिक्रमा करता दिखाई दे रहा है। जब तक चिता जलती रही। बछड़ा वहां से हटा नहीं। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं और इस पूरी घटना को लोगों ने अपने कैमरे में कैद कर लिया।
प्रेम।मालिक की मौत के बाद बछड़ा पहुंचा श्मशान,शव को चूमकर की परिक्रमा।मालिक की मौत पर बछड़े ने श्मशान घाट आ कर रोया ही नहीं,बल्कि शव का परिवार वालों के साथ परिक्रमा किया।बछड़ा को मालिक ने बेच दिया था,जब निःसंतान मेवालाल ठाकुर की मौत हो गई तो बछड़ा गांव पहुंच गया और रोने लगा। pic.twitter.com/WZcFVo7bQV
— Sohan singh (@sohansingh05) September 10, 2022
दौसा: राजस्थान के बांदीकुई के आभानेरी गांव में घर के बाहर खेल रही 2 साल की मासूम बच्ची 100 फीट गहरे बोरलेव में गिर गई। सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को निकालने का प्रयास शुरू किया गया। घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक गांव में देवनारायण गुर्जर की बेटी अंकिता सवेरे अपने घर के बाहर खेल रही थी। घर के पास ही एक खुला बोरवेल है, जिसमें वह अचानक गिर गई। कुछ देर तक जब बच्ची नहीं दिखी तो घर वालों ने उसकी तलाश शुरू की, इस बीच बोरवेल से उसके रोने की आवाज आई। बच्ची की आवाज सुनकर परिजनों ने प्रशासन को सूचना दी।
अंकिता के दादा कमल सिंह ने बताया कि ये बोरवेल दो साल पहले खोदा गया था, लेकिन सूखा निकलने के कारण बोरवेल को ढक्कन लगाकर छोड़ दिया गया। आज सुबह ही मैंने बोरवेल में मिट्टी भरने ढक्कन खोला था। करीब 11 बजे तक बोरवेल में 100 फीट तक मिट्टी भी भर दी थी। उसके बाद मैं कमरे में थोड़ा आराम करने चला गया और पीछे से अंकिता खेलते हुए बोरवेल के पास पहुंची और गिर गई।
बच्ची का पिता डूंगरपुर में है, वह वहां ठेकेदारी का काम करता है। इधर, इस घटना के बाद बच्ची की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार बार प्रार्थना कर रही है कि उसकी बेटी सकुशल बाहर निकाल जाए। वहीं एसडीआरएफ की टीम भी बच्ची को बचाने के लिए पहुंच गई है। बच्ची के मूवमेंट पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरा बोरवेल में डाला गया है। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
चंडीगढ़: मशहूर गायक दलेर मेंहदी को हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। पंजाब-हरियाणा उच्च न्यायालय ने उन्हें जमानत दी है। हाईकोर्ट ने उनकी 2 साल की सजा को निलंबित कर उन्हें जमानत दे दी है।
बता दें कि दलेर मेंहदी को कबूतर बाजी मामले में कोर्ट ने दो साल की सजा सुनाई थी। सिंगर दलेर मेंहदी मानव तस्करी के आरोप में जेल गए थे। पिछली बार उन्होंने इसके लिए कोर्ट में अपील की थी लेकिन कोर्ट ने उनकी याचिका रद्द कर दी थी।
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के एक नाबालिग लड़के ने गंभीर रूप से बीमार अपने पिता को लिवर दान करने के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। लेकिन इस मामले पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश से पहले ही नाबालिग के पिता की मौत हो गई। इस संबंध में अदालत को बुधवार को जानकारी दी गई। इसके बाद जस्टिस कौल और जस्टिस अभय ओका की पीठ ने मामले की कार्यवाही स्थगित करने का फैसला किया।
यह मामला इससे पहले शुक्रवार को चीफ जस्टिस यूयू ललित के संज्ञान में लाया गया था, जिन्होंने मामले की तत्परता को समझते हुए इसे सूचीबद्ध करने के निर्देश दिए थे। पीठ ने कहा था कि बेटे ने स्वेच्छा से अपना लिवर पिता को दान करने की इच्छा जताई है। लेकिन उसके नाबालिग होने की वजह से संबंधित कानून के तहत ऐसा करने की मंजूरी नहीं है। अदालत ने इस मामले में यूपी सरकार को नोटिस जारी कर राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी को सुनवाई के दौरान अदालत में मौजूद रहने को कहा था।
पिछले शुक्रवार को अदालत ने याचिका सुनी और कहा कि सोमवार को दलीलें सुनेंगे। अदालत को यह तय करना था कि क्या ऐसी असाधारण परिस्थितियों में नाबालिग को अपने पिता को लिवर दान करने की अनुमति दी जा सकती है। बुधवार को एडवोकेट गरिमा प्रसाद (यूपी की ऐडिशनल एडवोकेट जनरल) ने अदालत को बीमार पिता के गुजरने की जानकारी दी। जस्टिस संजय किशन कौल और जस्टिस एएस ओका की बेंच को प्रसाद ने बताया कि 5 सितंबर से वेंटिलेटर पर रहे व्यक्ति की शनिवार को मौत हो गई।
अंगदान पर भारत में क्या कानून है?
अंगदान के विषय में मानव अंग प्रत्यारोपण अधिनियम, 1994 (Transplantation of Human Organs Act) लागू होता है। इसके अनुसार, केवल वयस्क और मृत नाबालिगों के अंगों को ही दान में दिया जा सकता है। संविधान में स्वास्थ्य को राज्य सूची में रखा गया है। कानून से परे जाकर, असाधारण परिस्थितियों में विभिन्न हाई कोर्ट्स ने नाबालिगों को अंगदान की अनुमति दी है।
मेडिकल तकनीक के विस्तार के साथ ही अब लिवर डोनेशन की संख्या बढ़ी है। एंड-स्टेज लिवर बीमारी से जूझ रहे लोगों की जिंदगी बचाने के लिए ट्रांसप्लांट ही एकमात्र रास्ता बचता है। समय रहते लिवर ट्रांसप्लांट जरूरी है। सर्जरी में डोनर के स्वस्थ लिवर का एक हिस्सा (अधिकतम 60 प्रतिशत) निकाला जाता है और बीमार व्यक्ति के लिवर से रीप्लेस कर दिया जाता है। लिवर ऐसा अंग जो रीजेनेरेट हो सकता है, इसलिए कुछ हफ्तों में डोनर और रेसीपिएंट, दोनों का लिवर नॉर्मल साइज में आ जाता है।
मध्य प्रदेश। रायसेन जिले के NH45 पर हुए सड़क हादसे में 12 से ज्यादा गायों की मौत हो गई। यह हादसा सेमरी खुर्द सुल्तानपुर के पास हुआ। उसी दौरान इसी रास्ते से गुजर रहे कम्प्यूटर बाबा इस घटना को देखकर गायों के शवों के साथ धरने पर बैठ गए।
दरअसल कम्प्यूटर बाबा ने बताया कि वह सुबह रायसेन से भोपाल की तरफ जा रहे थे और सुल्तानपुर के पास सड़क पर डेढ़ दर्जन से ज्यादा गायें मरी पड़ी थीं। यह देखकर मुझे बड़ा दुख लगा और वहीं पर धरने पर बैठ गया। उन्होंने सरकार से निवेदन करते हुए कहा कि गायों को गौशालाओं में भेजा जाए। ऐसा अगर नहीं तो होता है तो संत समाज ठोस कदम उठाएगा। हम गौमाता की ऐसी दुर्दशा नहीं देख सकते।
इस दौरान कम्प्यूटर बाबा ने गौशाला मालिकों को भी जमकर लताड़ा। उन्होंने प्रशासन से मालिकों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि गौशालाओं के मालिकों को भी सुधरना जरूरी है, वो गाय का दूध निकाल कर उन्हें छोड़ देते हैं। हालांकि बाद में प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद कम्प्यूटर बाबा ने धरना खत्म किया।
महाराष्ट्र: होमवर्क नहीं करने पर साढ़े तीन साल की बच्ची को उसके ट्यूशन टीचर ने एक दिल दहला देने वाली सजा दे दी जिसके बाद शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। दरअसल, महाराष्ट्र के पनवेल के खारघर में होमवर्क नहीं करने पर ट्यूशन टीचर ने साढ़े तीन साल की बच्ची का गाल ही जला डाला। इस मामले में परिजनों ने खारघर पुलिस स्टेशन जाकर शिक्षिका पर केस दर्ज करा दिया है। पुलिस ने आरोपी महिला पर IPC की aधारा 234 के साथ जुवेनाइल जस्टिस की धारा 75 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी महिला मकरंद विहार के घरकुल सोसाइटी सेक्टर 15 स्थित अपने घर पर ट्यूशन क्लास लेती है। अजीनाथ बावरे की साढ़े तीन साल की बेटी भी इसी टीचिंग क्लास में पढ़ती है।
कुछ बोल नहीं पा रही थी बच्ची
8 सितंबर को हमेशा की तरह बच्ची के माता-पिता ने उसे शाम 4 बजे ट्यूशन छोड़ दिया और रात 8 बजे अपनी लड़की को वापस क्लास से लिया, लेकिन बच्ची के गालों और हाथों पर लाल चटक थी, साथ ही पीड़िता कुछ बोल नहीं पा रही थी। हालांकि देर रात मामले का खुलासा हुआ और यह साफ हो गया कि उसे गरम वस्तू से जलाया गया है। माता-पिता फौरन बच्ची को अस्पताल ले गए और सोमवार देर रात महिला शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया।
गर्म वस्तू से बच्ची को जलाया
खारघर पुलिस ने बताया कि शिक्षिका ने लड़की को रसोईघर में इस्तेमाल की जानी वाली वस्तू को गरम कर लगाया था, जिससे उसके शरीर पर चोंट आ गई, लेकिन शिक्षिका ने इन आरोपों को नकार दिया है। हालांकि उस बच्ची के अन्य सहपाठियों ने बताया कि शिक्षिका ने बच्ची को गर्म वस्तु लगाई थी, क्योंकि वो अपना होमवर्क ठंग से नहीं कर रही थी। पुलिस ने आरोपी महिला शिक्षिका को कारण बताओ नोटिस भेजकर जवाब मांगा है।
कोर्ट में महिला शिक्षिका के खिलाफ चार्जशीट दायर करेगी पुलिस
वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच कर सबूत इकट्ठा करने का प्रयास कर रही है और जांच पूरी होने के बाद पुलिस कोर्ट में महिला शिक्षिका के खिलाफ चार्जशीट दायर करेगी। आरोपी शिक्षिका की गिरफ्तारी न होने के कारण पीड़ित बच्ची के परिजन बेहद नाराज हैं। हालांकि 3 साल की बच्ची से इस तरह की घटना के बाद सोसायटी के लोग अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर काफी डर गए हैं।
लखीमपुर खीरी के निघासन थाना क्षेत्र से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है कि यहां बुधवार शाम दो सगी बहनों के शव एक पेड़ से लटके मिले। दोनों नाबालिग थीं। एक 7वीं और दूसरी 10वीं कक्षा में पढ़ती थी। उम्र 15 और 17 साल थी। मां ने आरोप लगाया कि 'दोनों बेटियों को उनके सामने दो युवकों ने अगवा किया।' इसके बाद खेत में ले जाकर रेप किया और हत्या कर दी। घटना निघासन थाना क्षेत्र की है।
मां ने बताई आंखों देखी- रोकने की कोशिश की तो लात मार दी
लड़कियों की मां ने रोते हुए बताया, ''बुधवार शाम 4 बजे का वक्त था। मेरी दोनों बेटियां घर के बाहर बैठी थीं। मैं भी बाहर ही नल पर बर्तन धो रही थी। अचानक बाइक पर दो युवक आए और मेरी दोनों बेटियों को बाइक पर जबरन बैठा लिया। मैंने उन्हें रोकने की कोशिश की। तभी बाइक सवार युवक ने मेरे पेट पर लात मार दी।
वह एक ही बाइक पर बेटियों को लेकर फरार हो गए। मैं चिल्लाई तो गांव के कई लोगों ने बाइक सवारों का पीछा किया। मगर, वे पकड़ में नहीं आए। काफी देर तक तलाश की। बाद में दोनों बेटियों के शव गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर एक गन्ने के खेत में पेड़ से लटके मिले। रेप करने के बाद मेरी बेटियों की हत्या करके शव को फंदे पर लटका दिया।''
वारदात के वक्त पिता घर पर नहीं थे। बेटियों के शव मिलने के बाद उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पिता ने बताया,"मैं जब घर पहुंचा तो वहां कोई नहीं मिला। मैंने आसपास के लोगों से पूछा तो मुझे घटना के बारे में पता चला। मैं भी उधर की तरफ भागा, जिधर सब गए थे। वहां मेरी बेटी के शव पेड़ पर लटके हुए थे। गांव के ही एक लड़के ने अपहरण करके मेरी बेटियों की हत्या की है।"
ग्रामीणों की SP से झड़प, IG ने संभाला मोर्चा
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने देर रात निघासन चौराहे पर जाम लगा दिया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान एसपी संजीव सुमन की ग्रामीणों से झड़प हो गई। इसके बाद, उन्होंने प्रदर्शनकारियों को सख्त हिदायत दी। कहा, "कानून व्यवस्था सभी के लिए है। रोड जाम करना कोई विकल्प नहीं है।" काफी मशक्कत के बाद जाम हटवाया गया। खुद IG लक्ष्मी सिंह ने रातभर गांव में कैंप किया। रात में ही वह घटनास्थल पर पहुंचीं। इसके बाद परिजन से मुलाकात की।
आईजी ने कहा, "परिजन की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। अभी मौत का कारण पता नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वजह का पता चल सकेगा।''
सीतामढ़ी: बिहार के सीतामढ़ी रीगा थाना क्षेत्र के शाहबाजपुर गांव में एक पत्नी ने केवल 2 हजार रुपए के विवाद के चलते अपने पति की आंख में तेजाब डाल दिया। जिस कारण पति की आंख की रोशनी चली गई। वहीं घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पति को रीगा के पीएचसी में भर्ती कराया, जहां पीड़ित की स्थिति गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर जख्मी के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे हैं। पीड़ित की हालत गंभीर है।
जानकारी के मुताबिक, 15 दिन पहले 2000 रुपए को लेकर दोनों पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था. इसके बाद पत्नी मायके चली गई थी। इस मामले में पीड़ित के भाई ने बताया कि उनके भाई नागेश्वर ने 10 साल पहले शाहबाजपुर गांव की रामदयाल शाह की बेटी पार्वती कुमारी के साथ प्रेम विवाह किया था। दोनों के एक बेटा है। दोनों के बीच बहुत ही प्यार था। रिश्ता भी बहुत अच्छा चल रहा था, लेकिन 15 दिन पहले 2 हजार रुपए के लिए दोनों में विवाद हो गया, जिसके बाद पार्वती गुस्से में मायके चली गई थी।
पति को मायके बुलाकर पीटा, आंख में डाल दिया तेजाब
पीड़ित के भाई ने बताया कि मंगलवार शाम को पार्वती ने फोन कर अपने पति को मायके बुलाया था। जब नागेश्वर अपने सुसराल पहुंता तो वहां उसकी पत्नी ने अपने माता-पिता और अन्य लोगों के साथ मिलकर उसकी पिटाई की, पिटाई करने के बाद उसने नागेश्वर की आंख में तेजाब डाल दिया। घटना के बाद नागेश्वर की आंख की रोशनी चली गई है।
प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना एक सरकारी स्कीम है जिसमें बुजुर्गों और किसानों को सामाजिक सुरक्षा के तहत पेंशन दिए जाने का प्रावधान है। जिनकी उम्र 18 से 40 साल के बीच है और जिनके नाम 1.08.2019 से भूमि रिकॉर्ड में शामिल है वही इस योजना का लाभ उठा सकते है। इस स्कीम के दायरे में छोटे और सीमांत किसान आते हैं।
60 साल की उम्र होते ही इस स्कीम के दायरे में आने वाले किसान को कम से कम हर महीने 3000 रुपये की गारंटीड पेंशन दी जाती है। अगर किसान की मृत्यु हो जाए, तो उसकी पत्नी (पति भी अगर महिला किसान हो) को पेंशन का 50 फीसद पैसा फैमिली पेंशन के रूप में दिया जाता है। इस योजना के तहत किसान की पत्नी या महिला किसान हो तो उसके पति को ही फैमिली पेंशन दिए जाने का नियम है।
पीएम किसान पेंशन के लिए अप्लाई
1.जो किसान इस योजना का लाभ लेना चाहता है, उसे नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर में जाना होगा।
2.योजना में अपना नाम शामिल करने के लिए आधार कार्ड और आईएफएससी कोड के साथ सेविंग्स बैंक अकाउंट भी देना होगा। बैंक अकाउंट के लिए बैंक पासबुक या चेक की कॉपी, चेकबुक या बैंक स्टेटमेंट की कॉपी देनी होती है।
3.खाता खुलने के बाद शुरुआती योगदान विलेज लेवल आंत्रप्रेन्योर (वीएलई) के पास कैश में जमा कराना होगा।
4.वीएलई आधार नंबर, लाभार्थी का नाम और आधार पर छापे गए डेट ऑफ बर्थ को वेरिफाई करेगा।
5.वीएलई बैंक डिटेल, मोबाइल नंबर, ईमेल एड्रेस, पति या पत्नी का नाम, नॉमिनी के नाम के आधार पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पूरा करेगा।
6.रजिस्ट्रेशन होने के बाद लाभार्थी की उम्र के हिसाब से सिस्टम मंथली पेमेंट का हिसाब बता देगा।
7.खाता खुलने के बाद पहली किस्त कैश में वीएलई के पास जमा करानी होगी।
8.डेबिट मैंडेट फॉर्म सिस्टम से प्रिंट होकर बाहर आ जाएगा जिस पर लाभार्थी को दस्तखत करना होगा. वीएलई इस फॉर्म को स्कैन करेगा और उसे सिस्टम पर अपलोड कर देगा।
9.इसी के साथ एक यूनीक किसान पेंशन अकाउंट नंबर या केपैन जनरेट होगा और किसान कार्ड प्रिंट होकर मिल जाएगा।
किसान पेंशन स्कीम का फायदा
1.पेंशन स्कीम के अंतर्गत लाभार्थी को मैच्योरिटी पर 3000 रुपये तक की पेंशन दी जाती है। पेंशन की इस राशि से किसान अपने रोजमर्रा के खर्च को चला सकता है।
2.लाभार्थी किसान जब तक 60 साल की उम्र का न हो जाए, तब तक उसे 18 साल से लेकर 40 साल की उम्र तक हर महीने खाते में 55 रुपये से लेकर 200 रुपये तक जमा कराना होता है।
3.लाभार्थी किसान ज्योंहि 60 साल का हो जाता है, उसे पेंशन पाने के लिए क्लेम जमा करना होता है,इसके बाद किसान के खाते में हर महीने एक निर्धारित राशि जमा होने लगती है।
नई दिल्ली: छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को अनुसूचित जनजाति श्रेणी के तहत कई आदिवासी समुदायों को अधिसूचित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा ने कैबिनेट की बैठक के बाद मीडियाकर्मियों को बताया कि ये प्रस्ताव कई वर्षों से लंबित हैं।
उन्होंने कहा कि मूल रूप से वर्तनी की त्रुटियों और कई समुदायों के समान लगने वाले नामों के कारण, इन्हें बहुत लंबे समय तक एसटी श्रेणी में नहीं लाया जा सका। कैबिनेट ने संविधान (अनुसूचित जनजाति) आदेश, 1950 में संशोधन करने के लिए संसद में एक विधेयक पेश करके तमिलनाडु के कुरीविक्करन समुदाय को अनुसूचित जनजाति वर्ग के तहत शामिल करने के मंत्रालय के प्रस्ताव को मंजूरी दी।
नई दिल्ली। मस्कट अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर आज एयर इंडिया एक्सप्रेस के एक विमान से अचानक धुंआ निकलने लगे। कोचीन जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX 442 के इंजन नंबर 2 से धुएं निकलने और आग लगने के बाद बुधवार को 140 से अधिक यात्रियों को इमरजेंसी में निकालना पड़ा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हादसे में करीब 14 लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि यात्री विमान से धुआं निकलने के बाद स्लाइड पर एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान से यात्रियों को बाहर निकाला गया। अधिकारियों ने कहा कि यह विमान बुधवार की सुबह कोच्चि के लिए रवाना होने वाला था लेकिन उससे पहले ये हादसा हो गया। बता दें कि मस्कट ओमान की राजधानी है।
घटनाक्रम की जानकारी देते हुए एक अधिकारी ने कहा, “VT AXZ के तौर पर रजिस्टर्ड विमान, बी737-800 मस्कट में टेक-ऑफ के लिए तैयार था तभी उसमें धुंआ और इंजन नंबर 2 में आग लगने के बारे में पता चला। हालांकि सभी यात्रियों (141+4 शिशुओं) को सुरक्षित रूप से निकाल लिया गया।” अधिकारी ने कहा, “यात्रियों को टर्मिनल बिल्डिंग ले जाया गया है और उन्हें वापस लाने के लिए एक राहत उड़ान की व्यवस्था की जाएगी।”
गुजरात के वड़ोदरा से एक बेहद ही अजीबो गरीब मामला सामने आया है। जहां 87 साल की पत्नी ने हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर पति की बार-बार सेक्स करने की जिद की वजह से छुटकारा दिलाने की मांग की है।
बुजुर्ग महिला ने जब हेल्पलाइन नंबर 181 अभयम पर कॉल करके बताया कि उसका 89 साल का पति बार-बार सेक्स करने की मांग करता है तो यह सुनकर वो लोग भी दंग रह गए। महिला ने एक-एक करके पति की सारी बातें बताई। उसने बताया कि बीमारी में भी मेरे साथ संबंध बनाना चाहता है। वो अपने पति की इस हरकत से छुटकारा पाना चाहती है।
खबरों की माने तो शिकायत मिलने के बाद अभयम टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने पति को योग करने की सलाह दी। इसके साथ ही सेक्सोलॉजिस्ट के पास जाने के लिए कहा ताकि उनका ट्रीटमेंट हो सके। टीम अभयम की मानें तो मामला एक सम्मानित परिवार से जुड़ा है।
बुजुर्ग महिला का पति पेशे से इंजीनियर था। दोनों के बीच शादीशुदा लाइफ बहुत ही खूबसूरत रही है। वो अपने बहू और बेटे के साथ रहते हैं। लेकिन कुछ वक्त से बुजुर्ग शख्स के स्वभाव में परिवर्तन हो गया है। वो अपनी पत्नी को बार-बार शारीरिक होने के लिए दबाव बनाता है।
महिला ने बताया कि जब वो शारीरिक संबंध बनाने से इंकार करती है तो उसका पति काफी एग्रेसिव हो जाता है। डांटता है, चिल्लाता है। वो कुछ दिनों से बीमार हैं। पति की जिद की वजह से उसे मजबूर हेल्पलाइन पर कॉल करना पड़ा।
हेल्पलाइन अधिकारी ने बताया कि हमें दो दिन पहले कॉल आया, जिसके बाद हमने तुरंत उस शख्स से मुलाकात की और उनसे कहा कि आपकी छवि धूमिल हो रही है और आपकी पत्नी भी परेशान हैं। अधिकारियों ने फैमिली मेंबर्स से उन्हें और काउंसलिंग सेशन कराने और सेक्सॉलजिस्ट के पास ले जाने का मशवरा दिया साथ ही काउंसलिंग भी की और अपना ध्यान दूसरी चीजों पर डायवर्ट करने, योगा, सीनियर क्लब जॉइन करने की सलाह दी है।
























