रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज मुख्यमंत्री निवास में केन्द्रीय आवास और शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने खट्टर का शॉल एवं प्रतीक चिन्ह नंदी भेंटकर अभिनंदन किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक किरण सिंह देव उपस्थित थे।
PM Modi Visit Chhattisgarh: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज एक दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंच चुके हैं. रायपुर एयरपोर्ट पहुंचते ही राज्यपाल रमेन डेका, सीएम साय, डिप्टी सीएम अरुण साव, डिप्टी सीएम विजय शर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा और कई बड़े मंत्री-विधायक ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. लोकसभा 2024 के चुनाव के बाद पीएम मोदी पहली बार छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं. आज वे बिलासपुर के मोहभट्टा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे और प्रदेश को करोड़ो की सौगात देंगे.
प्रधानमंत्री का शेड्यूल
- रायपुर से वे बिलासपुर के लिए वायुसेना के विमान से रवाना होंगे
- 3:30 – 4:30 बजे: विभिन्न परियोजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण.
- 4:45 बजे: रायपुर के लिए प्रस्थान.
- 5:30 बजे: दिल्ली के लिए रवाना.
बिजली परियोजनाओं की आधारशिला
- एनटीपीसी सीपत सुपर थर्मल पावर परियोजना (800MW) – 9,790 करोड़ रुपये की लागत से.
- सीएसपीजीसीएल सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर परियोजना (2X660MW) – 15,800 करोड़ रुपये की लागत से.
- पश्चिमी क्षेत्र विस्तार योजना (डब्ल्यूआरईएस) – 560 करोड़ रुपये की तीन विद्युत पारेषण परियोजनाओं का उद्घाटन.
तेल और गैस क्षेत्र में बड़े कदम
- सिटी गैस वितरण (CGD) परियोजना – 1,285 करोड़ रुपये की लागत से 200 किमी हाई-प्रेशर पाइपलाइन और 800 किमी एमडीपीई पाइपलाइन.
- विशाखापट्टनम–रायपुर पाइपलाइन (VRPL) परियोजना – 2,210 करोड़ रुपये की लागत से 540 किमी लंबी पाइपलाइन.
रेलवे क्षेत्र में नई सौगातें
- 108 किमी लंबी सात रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला.
- 2,690 करोड़ रुपये की लागत से 111 किमी लंबी तीन रेलवे परियोजनाओं का राष्ट्र को समर्पण.
- अभनपुर-रायपुर मेमू ट्रेन सेवा की शुरुआत.
- छत्तीसगढ़ रेलवे नेटवर्क के 100% विद्युतीकरण का उद्घाटन.
सड़क बुनियादी ढांचे में सुधार
- एनएच-930 (37 किमी) झलमला-शेरपार खंड का उन्नयन.
- एनएच-43 (75 किमी) अंबिकापुर-पत्थलगांव खंड का 2-लेन में उन्नयन.
- एनएच-130डी (47.5 किमी) कोंडागांव-नारायणपुर खंड का उन्नयन.
शिक्षा और आवास क्षेत्र में सुधार
- राज्य के 29 जिलों में 130 पीएम श्री स्कूलों का उद्घाटन.
- रायपुर में विद्या समीक्षा केंद्र (VSK) की स्थापना.
- प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के तहत 3 लाख लाभार्थियों का गृह प्रवेश.
छत्तीसगढ़ को मिलेगी नई दिशा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा छत्तीसगढ़ के आर्थिक और बुनियादी ढांचे के विकास को नई दिशा देगा. 33,700 करोड़ रुपये से अधिक की इन परियोजनाओं से राज्य की बिजली, रेल, सड़क, गैस और शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी. इससे राज्य की कनेक्टिविटी में सुधार होगा और औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा.
बिलासपुर :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 मार्च 2025 को छत्तीसगढ़ दौरे पर है । इस दौरान वे बिलासपुर जिले के ग्राम मोहभट्ठा में महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी वायुसेना के विमान द्वारा दोपहर 2:30 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। रायपुर एयरपोर्ट से 2:35 बजे हेलिकॉप्टर के माध्यम से बिलासपुर के मोहभट्ठा के लिए प्रस्थान करेंगे और दोपहर 3: 30 बजे सभास्थल पहुंचकर 3:30 से 4:30 बजे तक विभिन्न परियोजनाओं के भूमि पूजन तथा लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री 4:45 बजे मोहभट्ठा हेलीपैड से रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे और शाम 5:25 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके पश्चात वे 5:30 बजे दिल्ली के लिए वायुसेना के विमान से रवाना होंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 मार्च को बिलासपुर जिले के ग्राम मोहभट्ठा में 33,700 करोड़ रुपये से अधिक की विद्युत, तेल और गैस, रेल, सड़क, शिक्षा एवं आवास क्षेत्रों से संबंधित कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश भर में बिजली क्षेत्र में सुधार के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके अनुरूप, सस्ती और विश्वसनीय बिजली उपलब्ध कराने और छत्तीसगढ़ को बिजली उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई कदम उठाए जाएंगे। वह बिलासपुर जिले में स्थित एनटीपीसी की सीपत सुपर थर्मल पावर परियोजना चरण- III (1×800एमडब्ल्यू) की आधारशिला रखेंगे, जिसकी लागत 9,790 करोड़ रुपये से अधिक है। यह पिट हेड परियोजना उच्च बिजली उत्पादन दक्षता के साथ अत्याधुनिक अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल तकनीक पर आधारित है। वह छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीजीसीएल) की 15,800 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली पहली सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर परियोजना (2X660एमडब्ल्यू) के कार्य की शुरुआत करेंगे। वह पश्चिमी क्षेत्र विस्तार योजना (डब्ल्यूआरईएस) के तहत 560 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली पावरग्रिड की तीन विद्युत पारेषण परियोजनाओं को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
भारत के शुद्ध-शून्य कार्बन उत्सर्जन लक्ष्यों, वायु प्रदूषण में कमी लाने और स्वच्छ ऊर्जा समाधान प्रदान करने के अनुरूप, प्रधानमंत्री कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर और सरगुजा जिलों में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) की सिटी गैस वितरण (सीजीडी) परियोजना की आधारशिला रखेंगे। इसमें 200 किलोमीटर से अधिक हाई प्रेशर पाइपलाइन और 800 किलोमीटर से अधिक एमडीपीई (मीडियम डेंसिटी पॉलीइथिलीन) पाइपलाइन और 1,285 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई सीएनजी डिस्पेंसिंग आउटलेट शामिल हैं। वह हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) की 540 किलोमीटर लंबी विशाख-रायपुर पाइपलाइन (वीआरपीएल) परियोजना की भी आधारशिला रखेंगे, जिसकी लागत 2210 करोड़ रुपये से अधिक होगी। इस बहुउत्पाद (पेट्रोल, डीजल, केरोसिन) पाइपलाइन की क्षमता 3 मिलियन मीट्रिक टन प्रति वर्ष से अधिक होगी।
क्षेत्र में कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने पर ध्यान केंद्रित करते हुए, प्रधानमंत्री 108 किलोमीटर की कुल लंबाई वाली सात रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और 2,690 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 111 किलोमीटर की कुल लंबाई वाली तीन रेलवे परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। वह मंदिर हसौद के माध्यम से अभनपुर-रायपुर खंड में मेमू ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे। वह छत्तीसगढ़ में भारतीय रेलवे के रेल नेटवर्क के 100 प्रतिशत विद्युतीकरण को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। ये परियोजनाएं भीड़भाड़ को कम करेंगी, कनेक्टिविटी में सुधार करेंगी और पूरे क्षेत्र में सामाजिक तथा आर्थिक विकास को बढ़ावा देंगी।
छत्तसीगढ़ में सड़क के बुनियादी ढांचे को बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री एनएच-930 (37 किलोमीटर) के झलमला से शेरपार खंड और एनएच-43 (75 किलोमीटर) के अंबिकापुर-पत्थलगांव खंड को 2 लेन में अपग्रेड करके राष्ट्र को समर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री एनएच-130डी (47.5 किमी) के कोंडागांव-नारायणपुर खंड को 2 लेन में अपग्रेड करने की आधारशिला भी रखेंगे। 1,270 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली ये परियोजनाएं आदिवासी और औद्योगिक क्षेत्रों तक पहुंच में उल्लेखनीय सुधार लाएगी जिससे क्षेत्र का समग्र विकास होगा।
सभी के लिए शिक्षा सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप, प्रधानमंत्री दो प्रमुख शैक्षिक पहलों को समर्पित करेंगे जिनमें राज्य के 29 जिलों में 130 पीएम श्री स्कूल और रायपुर में विद्या समीक्षा केंद्र (वीएसके) शामिल हैं। पीएम स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया योजना के तहत 130 स्कूलों को अपग्रेड किया जाएगा। ये स्कूल अच्छी तरह से संरचित बुनियादी ढांचे, स्मार्ट बोर्ड, आधुनिक प्रयोगशालाओं और पुस्तकालयों के माध्यम से उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रदान करने में मदद करेंगे। रायपुर में वीएसके विभिन्न शिक्षा संबंधी सरकारी योजनाओं की ऑनलाइन निगरानी और डेटा विश्लेषण को सक्षम करेगा।
ग्रामीण परिवारों के लिए उचित आवास तक पहुंच सुनिश्चित करने और उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा तथा जीवन की समग्र गुणवत्ता में सुधार करने की प्रतिबद्धता को पूरा करते हुए, प्रधानमंत्री आवास योजना – ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) के तहत 3 लाख लाभार्थियों का गृह प्रवेश होगा। प्रधानमंत्री इस योजना के तहत कुछ लाभार्थियों को चाबियां सौंपेंगे।
पुनर्वास नीति से प्रेरित होकर किया सरेंडर
एसपी के सामने किया नक्सलियों ने सरेंडर
पुलिस प्रशासन पीसी में देगा जानकारी
बीजापुर :- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में आज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, जहां 50 नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें कई ऐसे माओवादी शामिल हैं, जिन पर कुल 68 लाख रुपये का इनाम था। यह आत्मसमर्पण बीजापुर पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव के समक्ष किया गया।
इस साल पहली बार एक साथ 50 नक्सलियों के सरेंडर (CG Naxal surrender) करने से नक्सली संगठन को गहरा झटका लगा है। 31 मार्च 2026 तक प्रदेश से नक्सलियों के खत्म करने की डेडलाइन को लेकर सरकार तेजी से काम कर रही है। प्रदेश में लोन वर्राटू अभियान, नक्सली पुनर्वास नीति के तहत भी नक्सलियों को घर वापसी के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
जल्द मीडिया को दी जाएगी जानकारी
पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव (CG Naxal surrender) ने बताया कि यह एक बड़ी उपलब्धि है और कुछ ही देर में मीडिया को विस्तृत जानकारी दी जाएगी। सरेंडर करने वाले नक्सलियों में कुछ प्रमुख कमांडर भी शामिल हैं, जो लंबे समय से सक्रिय थे।
सरकार की पुनर्वास नीति का असर
इस बड़े पैमाने पर आत्मसमर्पण को सरकार (CG Naxal surrender) की पुनर्वास नीति और सुरक्षा बलों के सतत अभियान का परिणाम माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि यह क्षेत्र में शांति और विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जल्द ही पुलिस प्रशासन की ओर से इस संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी, जिसमें सरेंडर करने वाले नक्सलियों और उनके भविष्य की योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया जाएगा।
दंतेवाड़ा : चैत्र नवरात्र की शुरुआत के साथ ही दंतेवाड़ा में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है। बस्तर अंचल की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी के मंदिर में श्रद्धालु सुबह से ही दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। पहले दिन मंदिर में विधिवत रूप से कलश स्थापना और देवी की विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस बार मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था देखते हुए 6 हजार ज्योत प्रज्वलित किए गए हैं।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, इस बार VIP दर्शन की भी सुविधा दी गई है, जिससे भक्त आसानी से मां के दर्शन कर सकें। दंतेवाड़ा ही नहीं, बल्कि पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचे हैं। भक्तों का कहना है कि उनकी देवी के प्रति अटूट श्रद्धा है, और वे हर साल चैत्र नवरात्र में माता के दर्शन के लिए यहां आते हैं।
ऑनलाइन बुकिंग से भी हुआ ज्योत कलश का आयोजन
नवरात्र शुरू होने से पहले मां दंतेश्वरी मंदिर समिति की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें इस बार 6 हजार ज्योत कलश जलाने का निर्णय लिया गया। पहले दिन भक्तों ने घी और तेल के ज्योत जलाए।
– घी ज्योत के लिए 2100 रुपए और
– तेल ज्योत के लिए 1100 रुपए की रसीद कटवाई गई।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस बार ऑनलाइन बुकिंग की भी व्यवस्था की गई थी। भक्तों ने मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट mandanteshwari.in पर जाकर ज्योत कलश के लिए बुकिंग करवाई। चैत्र नवरात्र की इस शुभ बेला पर दंतेवाड़ा में भक्तों की भीड़ लगातार बढ़ रही है और मां दंतेश्वरी के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया है।
पेंड्रा : - पेंड्रा में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला। एमसीबी जिले के मनेंद्रगढ़ ताराबहरा के रहने वाले भाजपा पार्टी के कार्यकर्ताओ से भरी बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर सोन नदी से नीचे गिर गई। इस दौरान नदी के पुल से फूलों को विसर्जित कर रही एक महिला भी बोलेरो की चपेट में आ गई। हादसे में महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, बोलेरो में बैठे अन्य सात लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बिलासपुर में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा होने वाली है। बोलेरो सवार सभी लोग सभा में शामिल होने के लिए निकले थे। बोलेरो पेंड्रा के सोन नदी के पास पहुंची ही, तभी अचानक बोलरो चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और बोलेरो सीधे सोन नदी से नीचे जा गिरी। इस दौरान पास के गांव पंडरीखार की रहने वाली रमिता बाई, जो फूल विसर्जित करने के लिए नदी आईं थी और नदी के ऊपर खड़े होकर फूल विसर्जित कर रहीं थी, वह भी बोलेरो की चपेट में आ गईं।
रायपुर :- रायपुर में लुटेरी दुल्हन का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। महिला ने एक नहीं बल्कि पांच-पांच शादी की। इतना ही नहीं लुटेरी दुल्हन ने पीड़ितों को झूठे केस में फंसाने के नाम पर उन्हें ब्लैकमेल किया और उनसे वसूली भी की। पांचवे पति को जब पत्नी की सच्चाई पता चली तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। पीड़ित ने लुटेरी महिला को सबक सिखाने के लिए इसकी शिकायत कोर्ट में की। कोर्ट के आदेश पर अब लुटेरी दुल्हन और उसकी मां के खिलाफ थाने में अपराध दर्ज कर लिया गया है।
दरअसल, ये पूरा मामला मुजगहन थाना क्षेत्र का है। बोरियाकला निवासी डाकेश्वर देवांगन की आरंग निवासी पूजा देवांगन उर्फ गिताजंली से शादी हुई थी। शादी के बाद से ही पूजा अपने मायके में रहने लगी थी। पति जब उसे लाने के लिए जाता था तो वो उसे झूठे केस में फंसा देने की धमकी देकर वापस भेज देती थी।
पत्नी के इस व्यवहार पर पति को आशंका हुई और उसने पत्नी के बारे में जानकारी जुटानी शुरू की। इसी बीच उसकी मुलाकात पुरूषोत्तम देवांगन से हुई। पुरूषोत्तम ने डाकेश्वर को बताया कि पूजा से उसकी शादी 15 जनवरी 2016 को संजय नगर टिकरापारा के आर्य सामाज के मंदिर में हुई थी। पूजा ने ऐसे ही चार से पांच शादी की है और किसी भी उसने तलाक नहीं लिया है।
इस जानकारी के बाद डाकेश्वर ने कोर्ट मे परिवारवाद दायर किया। कोर्ट के आदेश पर मुजगहन थाने में अपराध दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
शिकायत में डकेश्वर ने शादी के बाद उसने परिवार के अन्य सदस्यों के सोने के जेवर बैंक के लाॅकर में रखे थे। पूजा को जब इसकी जानकारी हुई तो बैंक जाकर उसने लाॅकर में रखे जेवर निकालकर अपनी मां को दे दिया। इसके बाद पैसों की मांग करने लगी। पैसे नहीं देने पर झूठे केस में फंसा देने की धमकी देती थी। पूजा ने ऐसे ही कई लोगों से शादी कर उन्हें भी ब्लैकमेल किया है।
रायपुर :- छत्तीसगढ़ में रायपुर के मोहदी गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। सरिता यादव (28), जो शादीशुदा थी और अपने पति के साथ मायके में रहती थी, का एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़के से प्रेम संबंध था। यह संबंध कई दिनों तक चला लेकिन जब महिला ने नाबालिग से दूरी बना ली और बातचीत बंद कर दी, तो घटना ने एक भयावह मोड़ ले लिया। 22 मार्च की रात सरिता अपने प्रेमी से मिलने के लिए घर से निकली। यह उनकी आखिरी मुलाकात साबित हुई। नाबालिग आरोपी ने अपनी शादीशुदा प्रेमिका को बात करने और मिलने के बहाने बुलाया और अपने दोस्त समीर निषाद के साथ बाइक पर उसे मोहदी गांव के एक सुनसान खेत में ले गया। मिलने के बाद नाबालिग प्रेमी ने अचानक चम्मच से महिला के गले पर वार किया। इसके बाद उसके शरीर के अन्य हिस्सों पर भी हमला किया। आरोपियों ने महिला के कपड़े उतारकर हत्या को रेप दिखाने की साजिश रची। पुलिस को शव 23 मार्च की सुबह खेत में मिला। महिला के गुप्तांग और जांघों पर गंभीर चोटें थीं, जिससे वारदात की क्रूरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
पुलिस जांच में हुआ खुलासा
महिला के पति ने 22 मार्च को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। जब पुलिस ने जांच शुरू की, तो शक सीधे नाबालिग प्रेमी पर गया। जब उसे हिरासत में लिया गया, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसे शक था कि सरिता का किसी और से भी अफेयर चल रहा था, इसलिए उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
हत्या में शामिल तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने नाबालिग प्रेमी के अलावा उसके दो साथियों समीर निषाद और कोमल धीवर को भी गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों ने मिलकर हत्या की पूरी साजिश रची थी। नाबालिग आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे लगा कि सरिता उसे और उसके पति दोनों को धोखा दे रही थी। इसलिए गुस्से में आकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
रायपुर – कोरबा जिले के पाली में शुक्रवार देर रात बीजेपी नेता सहित उसके भाई और भांजे समेत लगभग 20 लोगों ने कोल कारोबारी रोहित जायसवाल के ऊपर धारदार हथियार से हमला करके उनको मौत के घाट उतर दिया। बताया जा रहा हैं की कोयला ट्रांसपोर्टिंग को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ। और विवाद इतना बड़ गया की रोहित जायसवाल को अपनी जान गवाना पड़ गया
मिली जानकारी के आधार पर मृतक रोहित जायसवाल को धारदार हथियार से हत्या किया गया है उनके शरीर पर कई जगह कटने के निशान हैं। हत्या का मुख्य आरोपी रोशन सिंह ठाकुर को बताया जा रहा हैं। जो कोरबा जिले के पाली ब्लॉक का बीजेपी मंडल अध्यक्ष है। वहीं आरोपियों को संरक्षण देने के आरोप में पाली थाना प्रभारी को लाइन अटैच कर दिया गया हैं। फ़िलहाल पुलिस ने मुख्या सहित अन्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। और आगे की पूछताछ किया जा रहा हैं।
बिलासपुर :- PM नरेंद्र मोदी आज छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। करीब 3 बजे वे बिलासपुर आएंगे। पहले उनका कार्यक्रम रायपुर से बिलासपुर जाने का था, लेकिन इसमें बदलाव की खबर है। अब PM सीधे बिलासपुर जाएंगे। सोशल मीडिया पर मोदी ने पोस्ट कर लिखा कि, छत्तीसगढ़ की प्रगति को बिग बूस्ट मिलेगा,
यहां प्रधानमंत्री 33 हजार 700 करोड़ के प्रोजेक्ट का लोकार्पण-भूमिपूजन करेंगे। इनमें बिजली, तेल, गैस, रेल, सड़क, शिक्षा और आवास जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा 540KM की पेट्रोल-डीजल पाइप लाइन प्रोजेक्ट भी लॉन्च करेंगे,
2 लाख लोगों की भीड़ जुटने की तैयारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिलासपुर के मोहभट्टा ग्राउंट में सभा करेंगे। प्रदेश की सरकार और जिला प्रशासन यहां 2 लाख लोगों के हिसाब से तैयारी कर चुका है। पूरे प्रदेश से भाजपा के नेताओं को यहां लोगों को लाने का जिम्मा भी दिया गया है। कार्यक्रम में भीड़ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सिर्फ 100 एकड़ में पार्किंग का इंतजाम किया गया है,
CM साय का जय जोहार PM के आगमन को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया पर लिखा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का छत्तीसगढ़ से आत्मीय लगाव है। यहां के लोगों की मेहनत, संस्कृति और परंपराओं को उन्होंने हमेशा सम्मान दिया है। माता कौशल्या की पुण्य भूमि, भांचा राम के ननिहाल, छत्तीसगढ़ की पावन धरती पर यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का हार्दिक स्वागत, वंदन और अभिनंदन,
55 एकड़ में लोगों के बैठने का बंदोबस्त बिलासपुर में PM की सभा से पहले प्रदेश डिप्टी CM अरुण साव ने आयोजन को लेकर मीडिया को जानकारी दी। उन्होंने बताया हिंदू नव वर्ष के पहले दिन प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ आ रहे हैं, यह ऐतिहासिक है। अनुमान है लगभग 2 लाख लोग कार्यक्रम में शामिल होंगे। मोहभट्टा मैदान में 55 एकड़ क्षेत्र में कार्यक्रम की तैयारी की जा रही है । जिसमें 4.50 लाख स्क्वायर फीट में पांच डोम तैयार किए गए हैं जिसे 75 सेक्टर में बांटा गया है ।
दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ सरकार की पुनर्वास नीति और सुरक्षा बलों की पहल के चलते नक्सलियों का आत्मसमर्पण जारी है। दंतेवाड़ा जिले में लोन वर्राटू (घर वापस आइए) अभियान के तहत 15 माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया। आत्मसमर्पण करने वालों में 9 RPC मिलिशिया सदस्य शामिल हैं। प्रशासन द्वारा आत्मसमर्पित माओवादियों को 25,000 रुपये की आर्थिक सहायता और पुनर्वास की अन्य सुविधाएं दी जाएंगी।
सुकमा. छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में 11 महिला नक्सलियों सहित कुल 17 नक्सली मारे गए. 17 में से 7 की पहचान हो चुकी है. वहीं अन्य की शिनाख्त की जा रही है. मारे गए नक्सलियों में 25 लाख का इनामी दरभा डिवीजन सचिव एसजेडसीएम कुहड़ामी जगदीश उर्फ बुधरा भी शामिल है.

भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद
मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है, जिनमें AK-47, SLR, INSAS राइफल, .303 राइफल, रॉकेट लॉन्चर और बीजीएल लॉन्चर जैसे घातक हथियार शामिल हैं.
सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई
इस ऑपरेशन में जिला रिजर्व गार्ड (DRG) सुकमा और सीआरपीएफ 159 बटालियन की संयुक्त टीम शामिल थी. इस अभियान के दौरान DRG सुकमा के तीन और CRPF के एक जवान घायल हो गए, हालांकि सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है. भारतीय वायु सेना ने घायल जवानों के मेडिकल एवाक्युएशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

पुलिस की सूचना पर हुआ अभियान
सुकमा पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने बताया कि 28 मार्च को थाना केरला पाल क्षेत्र में गोगुंडा, नेन्डुम और उपमपल्ली के आसपास माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी. इसके बाद सुरक्षा बलों ने नक्सल विरोधी अभियान शुरू किया, जिसमें 29 मार्च की सुबह 8 बजे से दोनों पक्षों के बीच भारी गोलीबारी हुई.
अब तक 7 नक्सलियों की हुई पहचान
मारे गए 17 नक्सलियों में से 7 की पहचान हो चुकी है:
- कुहड़ामी जगदीश उर्फ बुधरा (25 लाख का इनामी, दरभा डिवीजन सचिव)
- रोशन उर्फ भीमा पोडियम (एसीएम, धुरगुड़ा निवासी)
- सलवम जोगी (केरला पाल एरिया कमेटी डीएकेएमएस अध्यक्ष, एसीएम, गगनपल्ली निवासी)
- माड़वी देवे (डिवीजन सीएनएम अध्यक्ष, गड़गडीपारा निवासी)
- दसरी कोवासी (सुरक्षा दलम कमांडर, कुतरोम निवासी)
- हूँगी (पार्टी सदस्य, निलावाया निवासी)
- हिड़मे (प्लाटून मेडिकल टीम प्रभारी, कोरमागोंदी निवासी)
अन्य नक्सलियों की पहचान की जा रही है.
सरकार के अभियान का असर
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने बताया कि राज्य सरकार और जनता की मंशा के अनुसार सुरक्षाबलों द्वारा माओवादी विरोधी अभियान तेज किए गए हैं. वर्ष 2025 में अब तक बस्तर संभाग में 117 हार्डकोर नक्सलियों को मारा जा चुका है.
सुकमा में इस साल अब तक 22 नक्सली ढेर
गौरतलब है कि वर्ष 2025 में अब तक सुकमा जिले में विभिन्न मुठभेड़ों में कुल 22 नक्सली मारे जा चुके हैं. सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को नक्सलवाद के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है.
रायपुर। कल से चैत्र नवरात्री की शुरुआत हो रही हैं. इसी के चलते राजधानी में रविवार को मीट बिक्री पर रोक लगाई गई है। 30 मार्च चैत्र नवरात्र और चैट्री चंड्र पर्व के मौके पर छत्तीसगढ़ में नॉनवेज की बिक्री पर रोक रहेगी। सभी मीट दुकानों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। बिक्री किए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आदेश के मुताबिक, रायपुर नगर निगम के संपूर्ण परिक्षेत्र में स्थित पशु वध गृह और सभी मांस बिक्री दुकानों को बंद रखे जाने का रखा जाएगा। वहीं, किसी भी दुकान में मांस बिक्री करते पाए जाने पर जब्ती और कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर नगर निगम ने मांस-मटन विक्रय करने वाले लोगों से दुकान बंद रखने की अपील की है। इसके साथ ही निगम स्वास्थ्य अधिकारी और सभी जोन के स्वास्थ्य अधिकारी और स्वच्छता निरीक्षकों को आदेश का पालन करने के लिए कहा है। वहीं, संबंधित क्षेत्र में लगातार निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।
बिलासपुर। हाईकोर्ट ने हत्या के 20 साल पुराने मामले में एक अहम फैसला सुनाया है। कोर्ट ने 2005 में हुई एक हत्या के मामले में ट्रायल कोर्ट के फैसले को पलट दिया। हाईकोर्ट ने इस मामले में सात आरोपियों को दोषी करार दिया है। हाईकोर्ट ने यह स्पष्ट किया कि यदि किसी घायल चश्मदीद गवाह की गवाही विश्वसनीय है और अन्य साक्ष्यों से इसकी पुष्टि होती है, तो मामूली विरोधाभासों के आधार पर इसे खारिज नहीं किया जा सकता।
2005 में हुई थी घटना
यह घटना 17-18 मार्च 2005 की रात छत्तीसगढ़ के उत्तर बस्तर कांकेर जिले में हुई थी, जब करीब 25 सशस्त्र नक्सलियों ने रघुनाथ नामक व्यक्ति के घर पर हमला किया। मृतक के बेटे लच्छूराम, जो स्वयं इस हमले में घायल हुआ था, ने घटना के बाद एफआईआर दर्ज कराई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चाकू के वार और आंतरिक रक्तस्राव को मौत का कारण बताया गया। डॉक्टरों ने इसे एक स्पष्ट हत्या करार दिया था।
अभियोजन के अनुसार, इस हमले में सुरजराम, नोहर सिंह, धनिराम, दुर्जन, चैतराम, रमेश्वर और संतोष भी शामिल थे। हमलावरों ने रघुनाथ को रस्सियों से बांधकर डंडों और लात-घूसों से बेरहमी से पीटा, जिससे उनकी मौत हो गई।
रायपुर, 29 मार्च 2025 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यापक आर्थिक सुधारों के कारण भारत आज दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। जीएसटी और कर सुधारों ने टैक्स व्यवस्था को सरल बनाया है और राजस्व संग्रहण को मजबूत किया है।चार्टर्ड अकाउंटेंट्स भारत की इस विकास यात्रा में प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को पाने में भी उनकी भागीदारी अहम होगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर में इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कार्यशाला ‘नेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन बैंक ऑडिट एंड एआई’ को संबोधित करते हुए यह बात कही। इस अवसर पर उन्होंने सीए छत्तीसगढ़ के विशेष लोगो का भी विमोचन किया।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) भविष्य का सबसे बड़ा औजार
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बौद्धिक वर्ग हमेशा नई तकनीकों को अपनाता है और एआई (AI) ऐसी ही एक गेम-चेंजर तकनीक है। उन्होंने माना कि एआई न केवल सीए पेशे को और सशक्त करेगा, बल्कि इस क्षेत्र की गुणवत्ता व गति को भी बढ़ाएगा। उन्होंने एआई से जुड़ी संभावनाओं और चुनौतियों पर भी प्रकाश डाला।
मुख्यमंत्रीसाय ने आईसीएआई की स्थापना को भारतीय अकाउंटिंग क्षेत्र की ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि 1949 में 1600 लोगों के साथ शुरू हुआ यह संस्थान आज चार लाख से अधिक सदस्यों का मजबूत संगठन बन चुका है, जो देशभर में आर्थिक उत्तरदायित्व निभा रहे हैं।
नई औद्योगिक नीति से बढ़ा निवेश, प्रदेश को 4 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त
मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति की चर्चा करते हुए कहा कि यह नीति निवेशकों के लिए आकर्षक है और सभी वर्गों का ध्यान रखती है। अब तक 4 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लिथियम जैसे दुर्लभ खनिज की उपलब्धता और सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री की स्थापना से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई उड़ान मिलेगी। उन्होंने कहा कि पिछले 15 महीनों में राज्य सरकार ने कई दूरदर्शी फैसले लिए हैं, जिससे प्रदेश में तेज़ी से विकास हो रहा है और रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। लोक कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन नागरिकों के आर्थिक सशक्तिकरण में सहायक सिद्ध हो रहा है।
छत्तीसगढ़ विज़न डॉक्यूमेंट 2047: विकसित भारत में प्रदेश की महती भूमिका
मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ विज़न डॉक्यूमेंट 2047 का ज़िक्र करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएगा। प्रदेश के 3,000 से अधिक चार्टर्ड अकाउंटेंट्स इसमें भागीदार बनेंगे।
आईसीएआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष चरणजोत सिंह नंदा ने संस्था की स्थापना (1949) से लेकर अब तक की विकास यात्रा की जानकारी दी। उन्होंने चार्टर्ड एकाउंटेंट के कार्य से जुड़ी चुनौतियों और दायित्वों पर भी प्रकाश डाला और कहा कि देश के सभी सीए मिलकर प्रधानमंत्री के विकसित भारत 2047 के सपनों को साकार करने में अपना बहुमूल्य योगदान देंगे।
इस अवसर पर प्रदेश मीडिया प्रभारी सीए अमित चिमनानी, सीए पंकज शाह, सीए अभय छाजेड़, सीए विकास गोलछा सहित आईसीएआई के रायपुर, भिलाई, बिलासपुर और रायगढ़ ब्रांच के सदस्य उपस्थित थे।
रायपुर, 29 मार्च 2025 : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुकमा जिले के केरलापाल थाना क्षेत्र के उपमपल्ली में आज सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता प्राप्त होने पर बधाई दी है। मुख्यमंत्री श्रीसाय ने इस साहसिक कार्रवाई को सुरक्षाबलों की बहादुरी, रणनीति और संकल्पशक्ति का प्रतीक बताया।
उन्होंने कहा कि मानवता विरोधी नक्सलवाद को समाप्त करने की दिशा में हमारे सुरक्षाबल नक्सलियों की मांद में घुसकर उन्हें जड़ से खत्म करने का कार्य कर रहे हैं। यह सफलता हमारे वीर जवानों के अद्वितीय साहस और समर्पण का परिणाम है। मैं उनकी वीरता को नमन करता हूं। उल्लेखनीय है कि मुठभेड़ में 17 नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है, जबकि जिला रिजर्व गार्ड (DRG) के 2 जवान घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घायल जवानों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की ईश्वर से प्रार्थना की है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह कार्रवाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद मुक्त भारत की दिशा में हो रहे प्रयासों का हिस्सा है। उन्होंने दोहराया कि हमारा लक्ष्य 31 मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ को पूरी तरह नक्सलवाद से मुक्त करना है। यह निर्णायक मोड़ है, और हम तेजी से इस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री श्री अमित शाह के कुशल नेतृत्व में छत्तीसगढ़ जल्द ही नक्सलवाद के दंश से पूरी तरह मुक्त होगा।मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति, विकास और विश्वास बहाली के लिए संकल्पबद्ध है।
रायपुर, 29 मार्च 2025 : उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज प्रेस-कॉन्फ्रेंस में 30 मार्च को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के छत्तीसगढ़ प्रवास की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने कार्यक्रम स्थल बिलासपुर के मोहभट्ठा मैदान में आयोजित प्रेस-कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री द्वारा छत्तीसगढ़ को दिए जाने वाले सौगातों के साथ ही उनके कार्यक्रम के लिए शासन-प्रशासन द्वारा की गई व्यापक व्यवस्थाओं के बारे में पत्रकारों को विस्तार से बताया।
केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, विधायक धरमलाल कौशिक और सुशांत शुक्ला, अपर मुख्य सचिव मनोज पिंगुवा तथा संभागायुक्त महादेव कावरे सहित आयोजन की तैयारियों से जुड़े विभिन्न विभागों एवं बिलासपुर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी प्रेस-कॉन्फ्रेंस में मौजूद थे।
रायपुर, 29 मार्च 2025 : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने म्यांमार और थाईलैंड में आए विनाशकारी भूकंप से हुई व्यापक जनहानि पर गहरा दुःख प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस भयावह तस्वीर ने मन को अत्यंत विचलित और दुःखी कर दिया है।
इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में भारतवासी म्यांमार और थाईलैंड के लोगों के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने ईश्वर से सभी के कुशलक्षेम की कामना की है।
रायपुर, 29 मार्च 2025 : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को चैत्र नवरात्रि, नव संवत्सर और गुड़ी पड़वा की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस पावन अवसर पर सभी नागरिकों के जीवन में सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और शांति की कामना की है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि चैत्र माह के प्रथम दिन से हिन्दू नववर्ष का शुभारंभ होता है, जो नव ऊर्जा, नव संकल्प और नव चेतना का प्रतीक है। इसी दिन से शक्ति उपासना के पर्व – नवरात्रि का आरंभ भी होता है, जो पूरे देश में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि गुड़ी पड़वा, महाराष्ट्र सहित देश के कई हिस्सों में नए वर्ष की शुरुआत का प्रतीक है। यह पर्व आशा, उत्साह और सांस्कृतिक गौरव का उत्सव है, जिसे विशेष रूप से महाराष्ट्रीयन नववर्ष के रूप में मनाया जाता है।
मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ की देवी परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि मां शीतला, मां दंतेश्वरी, महामाया, बम्लेश्वरी, कंकाली, बिलईमाता, चंद्रहासिनी देवी जैसे देवी स्वरूपों में हमारी आस्था रची-बसी है।
उन्होंने कहा कि नवरात्रि के पावन दिनों में छत्तीसगढ़ की धरती भक्ति, साधना और शक्ति के रंग में रंग जाती है। देवी आराधना से सामाजिक समरसता, ऊर्जा और आंतरिक चेतना का संचार होता है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने मां भगवती से प्रार्थना की कि उनकी कृपा से प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर रहे और सभी परिवारों में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे।
रायपुर, 29 मार्च 2025 : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भगवान झूलेलाल जी की जयंती के पावन अवसर पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए प्रदेशवासियों, विशेषकर सिंधी समाज को चेट्रीचण्ड्र (चैतीचांद) पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भगवान झूलेलाल जी समरसता, सहिष्णुता और जल संरक्षण के प्रतीक हैं। उनकी शिक्षाएँ आज भी मानवता को जोड़ने का संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि चेट्रीचण्ड्र (चैतीचांद) सिंधी समाज का प्रमुख सांस्कृतिक पर्व है, जो न केवल झूलेलाल जी की जयंती के रूप में, बल्कि नववर्ष के रूप में भी पूरे उल्लास और आस्था के साथ मनाया जाता है।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर सभी नागरिकों के जीवन में सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और शांति की कामना की और कहा कि ऐसे पर्व सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव को सुदृढ़ करते हैं।
रायपुर: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी कामयाबी मिली है। केरलापाल थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में 17 नक्सली मारे गए, जिनमें झीरम घाटी हमले का आरोपी और दरभा डिवीजन का इंचार्ज जगदीश उर्फ़ बुधरा भी शामिल था। जगदीश पर ₹25 लाख का इनाम घोषित था और वह 2023 में सुकमा के अरणपुर में DRG जवानों पर हुए हमले में भी शामिल था।
सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई
इस ऑपरेशन में DRG और CRPF के जवानों ने नक्सलियों के गढ़ में घुसकर कार्रवाई की। मुठभेड़ स्थल से AK-47, SLR, इंसास राइफल, .303 राइफल, रॉकेट लॉन्चर और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई है। मुठभेड़ के बाद जब जवान नक्सलियों के शवों को लेकर कैंप लौटे, तो नक्सल ऑपरेशन स्पेशलिस्ट DIG कमल लोचन ने जवानों को मिठाई खिलाकर सम्मानित किया और उनकी बहादुरी की सराहना की। उन्होंने इसे नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने बताया कि सुकमा-दंतेवाड़ा के सीमावर्ती इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर DRG और CRPF की संयुक्त टीम को अभियान पर भेजा गया था। 29 मार्च की रात 8 बजे से कई बार मुठभेड़ हुई, जिसमें अब तक 17 नक्सली मारे जा चुके हैं। इलाके में डिविजनल कमेटी और स्टेट लेवल कमेटी के नक्सली सक्रिय हैं, इसी वजह से यह अभियान चलाया गया।
सर्च ऑपरेशन जारी
आईजी सुंदरराज पी. ने बताया कि मारे गए नक्सलियों की पहचान की जा रही है और इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। उन्होंने यह भी बताया कि घायल जवानों की हालत स्थिर है और उनके बेहतर इलाज की व्यवस्था की जा रही है।
रायपुर : छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और हीट वेव का अलर्ट जारी किया गाय है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक प्रदेश में तीखी धूप पड़ेगी। शुक्रवार को रायपुर में दिन का तापमान 40.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से 3.2 डिग्री ज्यादा था। इसके अलावा, न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो औसत से 0.5 डिग्री अधिक था।
मौसम विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में खास परिवर्तन नहीं होगा। मौसम विभाग ने रायपुर जिले में अगले 2 दिनों के लिए गर्म दिन (Hot Day) की चेतावनी जारी की है। शुक्रवार को प्रदेश में सबसे गर्म राजनांदगांव रहा। यहां तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा। यहां रात का तापमान 16.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा. जबकि कुछ स्थानों पर हल्की वृद्धि देखने को मिल सकती है. वहीं, 30 मार्च को तापमान में मामूली गिरावट होने की संभावना जताई गई है।मौसम विभाग के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ 5.8 किलोमीटर की ऊँचाई पर 70 डिग्री पूर्व और 30 डिग्री उत्तर में स्थित है, लेकिन इसका प्रदेश के मौसम पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ेगा।
रायपुर में हॉट डे का अलर्ट
मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ की राजधानी रायुपर में अगले दो दिनों के लिए हॉट डे का अलर्ट जारी किया है। बता दे कि रायपुर में इस समय लगातार तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। शुक्रवार को रायपुर में दिन का तापमान 40.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से 3.2 डिग्री ज्यादा था वहीं न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक था। अगले दो दिन यानी राजधानी में अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ओएसडी (OSD) आशीष वर्मा के निवास पर CBI ने रेड डाली है। 26 मार्च को सीबीआई ने भूपेश बघेल के निवास समेत राज्यभर में 33 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की थी। उस दौरान भिलाई के वसुंधरा नगर स्थित आशीष वर्मा के घर पर भी कार्रवाई हुई थी, लेकिन वे घर पर मौजूद नहीं थे। सीबीआई ने उनके घर को सील कर दिया था। आज उनकी अपील पर घर खोला गया, जिसके बाद सीबीआई की चार सदस्यीय टीम ने जांच शुरू कर दी।
26 मार्च को CBI की बड़ी कार्रवाई
CBI की टीम ने 26 मार्च को तड़के रायपुर, भिलाई समेत दो दर्जन से अधिक स्थानों पर छापेमारी की। जिन प्रमुख लोगों के ठिकानों पर कार्रवाई हुई, उनमें पूर्व सीएम भूपेश बघेल और उनके राजनीतिक सलाहकार विनोद वर्मा, सीएम सचिवालय में उप सचिव रहीं सौम्या चौरसिया, विधायक देवेंद्र यादव, पूर्व IAS अनिल टुटेजा, IPS अधिकारी आनंद छाबड़ा, अभिषेक पल्लव, आरिफ शेख, प्रशांत अग्रवाल, एडिशनल एसपी अभिषेक महेश्वरी, एडिशनल एसपी संजय ध्रुव, KPS ग्रुप के प्रशांत त्रिपाठी, पूर्व OSD मनीष बंछोर व आशीष वर्मा, निरीक्षक गिरीश तिवारी समेत 33 से अधिक ठिकाने शामिल हैं।
जानिए पूरा मामला
छत्तीसगढ़ सरकार ने अगस्त 2024 में महादेव बेटिंग एप घोटाले की जांच आधिकारिक तौर पर सीबीआई को सौंप दी थी। ईडी ने पिछले साल जनवरी में इस पूरे मामले की जांच शुरू की थी, जिसके बाद इसका जिम्मा एसीबी और आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) को भी सौंप दिया गया था। इस साल लोकसभा चुनाव की घोषणा से पहले 4 मार्च को एसीबी द्वारा दायर चार्जशीट में भूपेश बघेल को आरोपी बनाया गया था. भूपेश बघेल के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश, विश्वासघात और जालसाजी से संबंधित विभिन्न धाराओं और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 11 के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। कई अन्य भी आरोपी बनाए गए थे।
रायपुर। व्यापारियों को राहत देते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने 1 लाख तक के सामान की ट्रांसपोर्टिंग पर E-Way Bill में छूट दी है। इस संबंध में आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया गया है, जिससे छोटे व्यापारियों को बड़ी सहूलियत मिलेगी।
जारी नोटिफिकेशन में बताया गया कि पान मसाला, तम्बाकू और तम्बाकू उत्पाद, विनियरिंग शीट्स, लेमिनेटेड शीट, पार्टिकल बोर्ड, फाइबर बोर्ड, प्लाईवुड, आयरन एंड स्टील, आयरन एंड स्टील के सामान और कोयला को 50 हजार रुपए की श्रेणी में रखा गया है। इसके अलावा अन्य सामान की ट्रांसपोर्टिंग 1 लाख रुपए से अधिक होने पर E-Way Bill देना पड़ेगा।
व्यापारियों की मांग पर सरकार का फैसला
छोटे व्यापारियों को राहत देने के लिए चेंबर ऑफ कॉमर्स और कैट ने सरकार से यह मांग की थी। चेंबर ऑफ कॉमर्स के कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र जग्गी ने सरकार के इस फैसले की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम छोटे और मध्यम व्यापारियों को व्यापार में सहूलियत देगा।

रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से मुक्त करने के लिए 31 मार्च 2026 की डेडलाइन तय की है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सुरक्षा बल युद्धस्तर पर अभियान चला रहे हैं और लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। इसी क्रम में आज सुरक्षाबलों को एक और बड़ी सफलता मिली है। सुकमा जिले के केरलापाल थाना क्षेत्र के उपमपल्ली में मुठभेड़ के दौरान 16 नक्सली ढेर कर दिए गए हैं।
जवानों की सफलता पर मुख्यमंत्री और गृह मंत्री ने दी बधाई
इस बड़ी सफलता पर मुख्यमंत्री साय और गृह मंत्री विजय शर्मा ने सुरक्षाबलों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जल्द ही छत्तीसगढ़ नक्सलवाद से मुक्त होगा। गृह मंत्री विजय शर्मा ने स्पष्ट कहा है कि यदि नक्सली आत्मसमर्पण करते हैं, तो उन पर गोली नहीं चलाई जाएगी।
सीएम साय ने जवानों की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा, “नक्सलवाद के नासूर को खत्म करने की दिशा में छत्तीसगढ़ के बढ़ते कदम…
सुकमा जिले के केरलापाल थाना क्षेत्र के उपमपल्ली में सुरक्षाबलों की नक्सलियों के साथ आज जारी मुठभेड़ में अब तक 16 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। मुठभेड़ में डीआरजी के 2 जवान के घायल होने की खबर है। ईश्वर से शीघ्रातिशीघ्र उनके स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।
मानवता विरोधी नक्सलवाद को समाप्त करने की दिशा में सुरक्षाबल के जवान नक्सलियों की मांद में घुसकर उसको जड़ से खत्म करने का काम कर रहे हैं। निश्चित ही जवानों को मिली यह कामयाबी सराहनीय है, उनकी बहादुरी को नमन करता हूं।
सीएम ने आगे लिखा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प के अनुरूप हमारा छत्तीसगढ़ 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद से मुक्त होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। निश्चित ही उनके कुशल नेतृत्व में देश-प्रदेश को वामपंथी उग्रवाद से जल्द ही मुक्ति मिलेगी। भारत माता की जय
भारी मात्रा में हथियार बरामद
गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा, “सुकमा जिले में सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता मिली है। आज मुठभेड़ के बाद अब तक कुल 16 नक्सलियों के शव बरामद किए जा चुके हैं। सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्रियाँ भी जब्त की हैं, जिनमें AK-47, SLR, INSAS राइफल, रॉकेट लॉन्चर और बीजीएल लॉन्चर शामिल हैं।
जवानों की वीरता और अदम्य साहस से नक्सल उन्मूलन की दिशा में हमारा अभियान सफल हो रहा है। उन्होंने एक्स पर लिखा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प शक्ति एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन की सरकार में निश्चित ही जवानों के भुजाओं की ताकत से हम नक्सलवाद मुक्त बस्तर एवं छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को जल्द पूरा करेंगे।





























