रायपुर। जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष अशोक बजाज ने कहा कि कांग्रेसी विधायक व मंत्री दिल्ली कूच करने के बजाए धान उपार्जन केंद्र में जाकर किसानों की समस्या का निराकरण करें । श्री बजाज ने कहा कि धान खरीदी की दोषपूर्ण नीति के कारण उपार्जन केंद्र में अराजकता की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री बजाज ने कहा कि शासन की गलत नीतियों के कारण किसानों में बेहद आक्रोश है वे अपना गुस्सा समिति और छोटे कर्मचारियों पर उतार रहे हैं। श्री बजाज ने कहा कि धान खरीदी को लेकर शासन नित नए फरमान जारी कर बार-बार धान खरीदी की प्रक्रिया में बदलाव कर रही है। ऐसा लगता है कि छत्तीसगढ़ में धान का विपुल उत्पादन शासन के लिए बोझ बन गया है। श्री बजाज ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में सहकारी समितियों में धान बेचकर किसान इतने हैरान नहीं हुए, जितना प्रदेश की इस कांग्रेस सरकार ने किसानों को संत्रस्त कर रखा है। रोज-रोज के नित-नए तुगलकी फरमान जारी करके प्रदेश की भूपेश सरकार ने धान खरीदी की प्रक्रिया को बेहद पेचीदा बनाने का काम ही किया है। अब प्रदेश का अन्नदाता किसान पूर्ववर्ती भाजपा शासनकाल को याद करने लगा है, जब उसकी उपज का एक-एक दाना प्रदेश की पूर्व भाजपा सरकार बिना किसी अड़ंगे के खरीदकर वादे के मुताबिक धान की कीमत और बोनस की राशि किसानों के खाते में तत्काल जमा कर देती थी। श्री बजाज ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार को नसीहत दी है कि किसानों के धान-खरीदी को लेकर राजनीति करने से बाज आए और किसानों के धैर्य की परीक्षा न लें।
रायपुर। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने यह दावा किया है कि नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस बुरी तरह से पराजित होगी। उन्होंने कहा कि एक साल के अपने कुशासन का खामियाजा लोकसभा चुनाव नतीजों की तरह ही इस बार भी कांग्रेस को उठाना पड़ेगा।
नेता प्रतिपक्ष श्री कौशिक ने कहा कि अपने सालभर के शासनकाल में कांग्रेस की सरकार ने प्रदेश के लोगों के साथ जिस तरह धोखाधड़ी, छलावा, वादाखिलाफी और झूठ-फरेब की इबारत लिखी है, उसके चलते कांग्रेस अब मतदाताओं के सामने जाने का नैतिक साहस ही नहीं जुटा पा रही है। शहरी व नगरीय क्षेत्रों में पिछले एक साल में विकास के नाम पर एक ईंट तक मौजूदा कांग्रेस सरकार नहीं रख पाई, उल्टे जो पूर्ववर्ती भाजपा सरकार ने विकास कार्य किए थे, उनमें प्रदेश सरकार ने अड़ंगे डालने का काम किया। केन्द्र सरकार द्वारा लोगों को, किसानों-आदिवासियों, गरीबों, युवकों, महिलाओं समेत सभी वर्गों को जो सुविधाएं उपलब्ध हो रही थीं, उन्हें भी मौजूदा सरकार ने राजनीतिक प्रतिशोध से ग्रस्त होकर छीनने का काम किया है। श्री कौशिक ने कहा कि प्रदेश के प्रायः सभी शहरों-नगरों में कानून-व्यवस्था का मखौल उड़ रहा है, नागरिक सुरक्षा के दावे खोखले साबित हो रहे हैं, नारी-सुरक्षा रोज तार-तार हो रही है। इन सारी बातों का जवाब प्रदेश के मतदाता निकाय चुनावों में कांग्रेस को हराकर मुकम्मल तौर पर देंगे।
नेता प्रतिपक्ष श्री कौशिक ने कहा कि प्रदेश सरकार और कांग्रेस के पास गिनाने के लिए कोई भी उपलब्धि नहीं है। धान खरीदी के नाम पर सरकार जिस तरह तुगलकशाही का परिचय दे रही है, वह भी एक बड़ा मुद्दा कांग्रेस की हार तय करेगा क्योंकि शहरी व नगरीय क्षेत्र के किसान भी अब खुद को ठगा हुआ और परेशान महसूस कर रहे हैं। लोकतंत्र की दुहाई दे रही कांग्रेस ने जिस तरह चोर दरवाजे से निकायों में काबिज होने के लिए महापौर-अध्यक्षों के सीधे चुनाव का अधिकार छीनने का काम किया है, धन-बल और बाहुबल का रास्ता साफ किया है, वह नितांत अलोकतांत्रिक आम आदमी को उसके मूलभूत संवैधानिक अधिकार से वंचित करने वाला है। श्री कौशिक ने कहा कि प्रदेश सरकार रोज नए-नए झूठ गढ़कर प्रदेश को भ्रमित करने का जो काम कर रही है, उसे प्रदेश के समझदार मतदाता करारा जवाब देंगें। मतदाताओं में कांग्रेस के प्रति गहन आक्रोश को साफ-साफ देखा जा रहा है और पार्टी को विश्वास है कि भाजपा एक बार फिर प्रदेश के नगरीय निकायों में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। शराबबंदी, कर्जमाफी, धान-खरीदी, बिजली, सम्पत्ति कर जैसे मुद्दों पर कांग्रेस अपनी अब तक की सबसे शर्मनाक हार का सामना करने की दिशा में अग्रसर है। श्री कौशिक ने कहा कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के किए छल और धोखे का पर्दाफाश हो गया है। अब कांग्रेस के काठ की हांडी दुबारा नहीं चढ़ने वाली। अपने कार्यों और उपलब्धियों के मद्देनजर भाजपा समूचे प्रदेश के निकायों में बड़े बहुमत के साथ काबिज होगी।
रायपुर के भनपुरी इंडस्ट्रियल एरिया 9 ब्लोक के रायपुर पॉलीमर कंपनी में दोपहर 2:30 बजे लगी आग मौके पर पहुची दमकल विभाग की गाड़िया कारण का अभी तक पता नही लगा है
निर्वाचन अभिकर्ता की नियुक्त नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने के बाद किसी भी समय की जा सकती है। निर्वाचन अभिकर्ता ऐसे ही व्यक्ति को नियुक्त किया जा सकता है जो नगरीय निकाय के किसी निर्वाचन में निर्वाचित किए जाने या उसके मतदान करने के लिए निर्हित न हो। निर्वाचन अभिकर्ता चुनाव संबंधित सभी कार्य को अभ्यर्थी के प्रतिनिधि की हैसियत से करता है। उसके व्दारा किए गए सभी कार्यों के लिए प्रत्याशी ही जिम्मेदार है।
निर्वाचन अभिकर्ता प्रत्याशी की ओर से मतदान अभिकर्ता और गणना अभिकर्ता की नियुक्ति कर सकता है। मतदान के दिन व मतगणना के दिनों में वह मतदान केन्द्रों व मतगणना केन्द्र में पहुंच कर प्रत्याशी के हितों की देखभाल कर सकता है। इसके साथ ही वह प्रत्याशी की ओर से चुनाव अभियान के दौरान किए गए खर्चों को निर्वाचन व्यय लेखा से संबंधित कार्यों का निष्पादन कर सकता है।
मतदान अभिकर्ता के रुप में निर्वाचक अभिकर्ता ऐसे व्यक्ति को अपना मतदान अभिकर्ता नियुक्त कर सकता है जो उस क्षेत्र का पंजीकृत निर्वाचक हो तथा अभ्यर्थी अथवा मतदाता होने के लिए निर्हित न हो तथा जिनके पास फोटोयुक्त परिचय पत्र या शासन व्दारा जारी अन्य फोटोयुक्त पहचान पत्र हो। केन्द्र सरकार या राज्य सरकार के सत्तासीन मंत्री, सांसद, विधायक या कोई अन्य व्यक्ति जिसे सुरक्षा कवच उपलब्ध कराया गया है को मतदान अभिकर्ता के रुप में नियुक्त नहीं किया जा सकता है।
मतगणना अभिकर्ता मतगणना के दौरान प्रत्याशी के हितों की देखभाल के लिए नियुक्त किए जाने का प्रावधान है। पार्षद प्रत्याशी अपने वार्ड के मतदान केन्द्रों की संख्या 5 तक हो तो एक गणना अभिकर्ता नियुक्त कर सकता है। यदि मतदान केन्द्रों की संख्या 5 से अधिक हो तो गणना मेजों की संख्या के अनुसार 2 या 3 मतगणना अभिकर्ता नियुक्त किए जा सकेंगे।
जगदलपुर | जिले के डायल 112 के पूर्व वाहन चालक अमित पटेल ने प्राईवेट कंपनी एबीपी कंपनी के विरूद्ध सुरक्षा राशि 12 हजार में से मात्र 04 हजार वापस लौटाकर बाकी 08 हजार नहीं लौटाने से परेशान प्रार्थी वाहन चालक अमित पटेल के द्वारा बोधघाट थाने में शिकायत दर्ज कराया है। शासन के द्वारा सभी क्षेत्रों में की जा रही निजीकरण के बाद कंपनियों के द्वारा की जा रही क्रियाकलापों पर भी शासन को नजर रखनी चाहिए अन्यथा ऐसे मामले जहां युवाओं का शोषण होता लगातार सामने आ रहे हैं।
गरियाबंद | छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल के निर्देशानुसार चीफ सेक्रेटरी आरपी मंडल लगातार धान खरीदी केंद्रों को निरीक्षण कर रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को आरपी मंडल ने धान खरीदी केंद्र में समुचित रिकार्ड न रखने को लेकर एसडीएम भूपेंद्र साहू, तहसीलदार, बीएमओ और धान खरीदी अधिकारी को जमकर फटकार लगाई। साथ ही 3 दिन के भीतर ?रिकॉर्ड दुरूस्त करने ?का अल्टीमेटम दिया है। मुख्य सचिव आरपी मंडल के निरीक्षण के बाद खाद्य सचिव कमलप्रीत सिंह ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि गरियाबंद जिले के एक धान खरीदी केंद्र में अव्यवस्था पाई गई है। अधिकारियों को व्यवस्था दूरूस्त करने का निर्देश दिया गया है।
दंतेवाड़ा | जिले के गीदम बस स्टैंड में कल हुई गोली चलने की घटना से एक जवान के मौत के बाद जवान के बंदुक से गोली एक राऊंड चली या दो राऊंउ चली तथा जवान के द्वारा आत्महत्या के लिए गोली चलाई गई या किसी गलती से गोली अपने आप चली इस विषय पर आशंका एवं चर्चा का बाजार गर्म है। मिली जानकारी के अनुसार जवान की बंदूक के नाब के बंद न होने के कारण यह हादसा हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही सीआरपीएफ के डीआईजी पीडीएन लाल मौके पर पहुंच गये थे। हादसे या घटना में चली गोली के संबंध में पुलिस से मिल रही जानकारी के अनुसार एक राउंड की पुष्टि की जा रही है जबकि बस में हुये छेद से दो राउंड गोली चलने की आशंका व्यक्त की जा रही है। गोली एक राऊंड चली या दो राऊंड इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही हो पायेगी।
रायपुर | राजधानी रायपुर के टिकरापारा इलाके स्थित गोदावरी नगर में दो युवतियों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। दोनों घायलों ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक दोनों किराए के मकान में रहती थीं। अज्ञात आरोपी ने दोनों युवतियों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। स्थानीय लोगों ने दोनों को गंभीर हालत में मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है.

किराए के घर में रहने वाली युवतियों के साथ दो युवक भी रूके थे। मृतक दोनों लड़कियां मंजू सिदार और मनीषा सिदार रायगढ़ की रहने वाली थी। एक युवती रावतपुरा कॉलेज की नर्सिंग की छात्रा थी। दूसरी युवती उसकी कजिन बहन थी जो कुछ दिनों के लिए उसके घर रहने आई थी।
पुलिस के मुताबिक दो युवक भी युवती के घर रुके हुए थे। दोनों युवती के परिचित हैं। खाना खाने के दौरान किसी बात को लेकर युवती से विवाद हो गया। इसके दोनों युवती पर तवे से हमला किया गया है। खाने की थाली बिखरी पड़ी मिली है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर युवकों की तलाश में जुट गई है।
कोरबा जिले में नगरीय निकाय निर्वाचन से 79 प्रत्याषियों ने अपना नाम वापस ले लिया है। जिले के पॉंचों नगरीय निकायों में 133 वार्डों में पार्षद निर्वाचन के लिये अब 585 प्रत्याशी मैदान में हैं। कोरबा जिले में नाम निर्देशन के लिये निर्धारित तिथि तक कुल 671 प्रत्याषियों ने अपने नामांकन दाखिल किये थे। नाम निर्देषन पत्रों की संवीक्षा के दौरान 7 प्रत्याषियों के नामांकन अविधिमान्य घोषित किये गये। 664 विधिमान्य अभ्यर्थियों में से नाम वापस लेने के निर्धारित समय तक 79 प्रत्याषियों ने अपना नाम वापस लिया है।
रायपुर| अंबेडकर अस्पताल से एक खबर सामने आ रही है जहां एक युवक नकली मुख्य सचिव बनकर पहुंचा और नकली मुख्य सचिव का रौब देखते ही बन रहा था। उसने अस्पताल में अव्यवस्था को देखकर प्रबंधन सहित कई अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। वहीं, मामले का खुलासा होने के बाद युवक वहां से फरार हो गया। मिली जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग में मेडिकल ऑफिसर के पद पर पदस्थ एक अधिकारी मंगलवार सुबह 7 बजे मुख्य सचिव बनकर निरीक्षण करने आ पहुंचे। इस दौरान मेडिकल ऑफिसर ने अधिकारियों पर जमकर रौब झाड़ा। लेकिन मेडिकल ऑफिसर का रौब ज्यादा देर तक चल पाता उससे पहले ही अस्पताल में हंगामा हो गया और नकली मुख्य सचिव वहां से फरार हो गए।
बिलासपुर| पुलिस ने एक पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है जो शहर की युवतियों व महिलाओं से जबरिया देह व्यापार करने का दबाव बना कर इस घटना को अंजाम देते थे| दोनों ने एक गर्भवती महिला पर भी देह व्यापार करने का दबाव डाला। उसके मना करने पर कई तरह से प्रताड़ित कर वाट्सएप ग्रुप में दुष्प्रचारित कर उसे बदनाम किया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ पीटा एक्ट के तहत कार्रवाई की है। एडिशनल एसपी ओपी शर्मा, सीएसपी निमेश बरैया व कोतवाली टीआइ परिवेश तिवारी ने प्रेसवार्ता में बताया कि एसपी प्रशांत अग्रवाल को सूचना मिली थी कि शहर की युवतियों व महिलाओं को प्रलोभन देकर देह व्यापार कराया जा रहा है। ऐसे ही एक मामले में 30 वर्षीय महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि दयालबंद स्थित गुरु कुल स्कूल के पास रहने वाली आरती उर्फ दुर्गेश्वरी सुमन व उसका पति राजेश सुमन उसे आर्थिक प्रलोभन देकर देह व्यापार कराने का दबाव डाल रहे हैं। महिला के गर्भवती होने पर भी उसे जबरिया इस अनैतिक कारोबार में शामिल होने के लिए परेशान करने लगे। पीड़ित महिला के मना करने के बाद आरोपित पति-पत्नी ने उसे देह व्यापार कराने वाली महिला के रूप में सोशल मीडिया व वाट्सएप ग्रुप में प्रचारित कर बदनाम किया। इसके बाद उसके पास अनजान नंबरों से फोन आने लगा। इससे महिला तंग आ गई। उसकी रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपित आरती उर्फ दुर्गेश्वरी सुमन व पति राजेश सुमन के खिलाफ पीटा एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी। कोतवाली पुलिस ने आरोपित महिला को दयालबंद स्थित उसके निवास से गिरफ्तार किया गया है। वहीं आरोपित राजेश सुमन को कोरबा के चिकनीपाली में दबिश देकर पकड़ लिया गया।
जगदलपुर। जिला मुख्यालय में एसीबी की टीम ने सोमवार को पेंशन प्रकरण की एवज में पांच हजार रुपये की रिश्वत लेने के मामले में जिला आयुर्वेद कार्यालय जगदलपुर के क्लर्क अब्दुल अजीजपुर रहमान को रंगे हाथों रिश्वत की रकम के साथ पकड़ा है।
नईदिल्ली। नागरिकता संशोधन विधेयक के लोकसभा में पारित होने के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने मंगलवार को कहा कि इस असंवैधानिक विधेयक पर लड़ाई सुप्रीम कोर्ट में लड़ी जाएगी. लोकसभा में इस बिल के पक्ष में 311 वोट पड़े, जबकि विपक्ष में 80 वोट|
बिलासपुर| बिलासपुर जिले के तिफरा इलाके से एक खबर सामने आई है जहां सोमवार की दोपहर स्कूली छात्रा को प्रेमी भगाकर ले गया। इस घटना से सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए महज दो घंटे के भीतर आरोपित की पतासाजी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। किशोरी को उसके परिजन के हवाले कर दिया गया है।
4 जवान हुए घायल
विदिशा| सोमवार देर रात गयारसपुर में एक तेज रफ्तार कार रोड किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी, हादसे में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक महिला और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे से घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल मौके पर पहुंची पुलिस मर्ग कायम कर शव पीएम के लिए भेज आगे की कार्रवाई कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार घटना सोमवार देर रात एक परिवार के 6 लोग कार में सवार होकर विदिशा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कार रोड किनारे खड़े ट्रक से भिड़ी। हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार में सवार एक महिला और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
रायपुर। बीएससी नर्सिंग की निर्धारित पंजीयन संख्या पूर्ण होने के लिए 833 सीटें रिक्त है जिसके चलते चौथी बार ऑनलाइन आवेदन की तिथि बढ़ाई गई थी। आज आन लाइन आवेदन की अंतिम तिथि है। छूटे हुए अभ्यर्थी आज ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत कर 12 दिसंबर तक एडमिशन ले सकते हैं। डीएमई चिकित्सा शिक्षा के अनुसार बार-बार इंडियन नर्सिंग काउंसिल से निवेदन कर प्रवेश के लिए तिथि बढ़वाई गई बावजूद इसके सरकारी कॉलेजों के मुकाबले निजी कॉलेजों में अब भी सीटें रिक्त है। निजी कॉलेजों की सीटों को भरने के लिए ही आवेदन की तिथि बढ़ाई गई आज के बाद आवेदन की तिथि नहीं बढ़ाई जाएगी। इस साल नर्सिंग में आवेदन की अंतिम तिथि 15 दिसंबर को है। आवेदन करने के बाद अभ्यर्थी को 12 दिसंबर तक एडमिशन की प्रक्रिया पूर्ण करना है।




















