इंदौर। इंदौर के होलकर स्टेडियम में भारत और आस्ट्रेलिया के बीच हुए बार्डर गावस्कर ट्राफी के मैच की पिच को लेकर विवाद उठा था। मैच रेफरी ने इसे खराब करार देते हुए तीन नकारात्मक अंक दिए थे। जिसके खिलाफ बीसीसीआइ ने अपील की थी। अब इस मामले में आइसीसी ने माना है कि मैच रेफरी के मत में बदलाव की जरूरत है। आइसीसी ने माना की पिच खराब नहीं थी। यह औसत से कम थी। ऐसे में तीन नकारात्मक अंक हटाते हुए अब सिर्फ एक रह गया है।
इंदौर के होलकर स्टेडियम में बार्डर गावस्कर ट्राफी में इंदौर और आस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के बीच टेस्ट मैच मुकाबला हुआ। तीन दिन में ही यह खत्म हो गया। इस दौरान मैच रेफरी क्रिस ब्राड ने मैच जल्दी खत्म होने की वजह पिच का बहुत सूखी होने बताया और इसी की वजह से गेंद और बल्ले के बीच अच्छा संतुलन नहीं बनना कहा गया। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि मैच शुरू होने के साथ ही पिच में पर गेंद का असामान्य रूप से उछाल हो रहा था। क्रिस ब्राड ने इसमें होलकर स्टेडियम की पिच को 3 निगेटिव अंक दे दिए थे। ऐसे में इंदौर स्टेडियम में एक वर्ष तक सभी मैचों पर प्रतिबंध लगा जाता और यह निगेटिव अंक पांच साल तक रहते।
क्रिकेट मैच के रेफरी द्वारा किसी भी स्टेडियम की पिच का आकलन 6 तरह से होता है। जिसमें बहुत अच्छा पिच, अच्छा पिच, औसत पिच, औसत से खराब पिच, खराब पिच के बाद अयोग्य पिच की श्रेणी है। इसमें इंदौर के पिच को औसत से खराब बताते हुए 3 निगेटिव अंक दिए गए थे।
मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की पहल से शहरी क्षेत्र के स्लम बस्तियों में रहने वाले गरीब परिवारों को नि:शुल्क उपचार की सुविधा दी जा रही है। मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के माध्यम से अब तक 44 लाख 1942 लोगों का इलाज मोबाइल मेडिकल यूनिट के चिकित्सा दल द्वारा स्लम बस्तियों में लोगों के घरों के पास ही पहुंचकर किया गया है।
मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत अब पूरे राज्य के नगरीय क्षेत्रों के स्लम बस्तियों में चिकित्सक, पैरामेडिकल टीम, मेडिकल उपकरण एवं दवाओं से लैस 120 मोबाइल मेडिकल यूनिट पहुंचकर लोगों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करा रही है। इस योजना के माध्यम से अब तक 10 लाख 57 हजार 451 मरीजों की पैथालॉजी टेस्ट किया जा चुका है। साथ ही 37 लाख 41 हजार 312 से अधिक मरीजों को नि:शुल्क दवाएं भी दी गई हैं। लाभान्वित मरीजों में 2 लाख 76 हजार 663 से ज्यादा मेहनत-मजदूरी करने वाले लोगों ने भी नि:शुल्क ईलाज जांच सुविधा का फायदा उठाया हैं।
छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत अब तक राज्य के 169 नगरीय निकायों की स्लम बस्तियों में 58 हजार 168 कैम्प लगाकर लोगों की नि:शुल्क जांच व उपचार कर दवाईयां दी गई हैं। नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नगरीय क्षेत्रों की तंग बस्तियों के एवं अन्य जरूरत मंद लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निशुल्क दवायें उपलब्ध कराया जाए।
गौरतलब है कि राज्य के 14 नगर निगम क्षेत्रों की स्लम बस्तियों में रहने वाले लोगों को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के लिए मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के प्रथम चरण की शुरूआत 01 नवम्बर 2020 को हुई थी। इसके तहत 60 मोबाइल मेडिकल यूनिट द्वारा स्लम बस्तियों में जाकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार एवं दवा वितरण की शुरूआत की गई थी। 31 मार्च 2022 को इसका विस्तार पूरे राज्य के नगरीय निकाय क्षेत्रों में किया गया तथा 60 और नई मोबाइल मेडिकल यूनिट शुरू की गई।
रायपुर। राहुल गांधी की सदस्यता खत्म होने के बाद कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ देशभर में मोर्चा खोल दिया है और इस मामले को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता देश के सभी राज्यों की राजधानियों में जाकर पत्रकारवार्ता के माध्यम से अपनी बात रख रहे है। इस सिलसिले में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के गढ़ मंगलवाल की शाम को पहुंचेंगे और दूसरे दिन, बुधवार को लखनऊ पत्रकारवार्ता लेकर योगी और मोदी के खिलाफ अपनी बात रखेंगे। वहीं दूसरी ओर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी कुमारी सैलजा राजधानी रायपुर में पत्रकारों से चर्चा करेंगी।
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में प्रेशर आईईडी की चपेट में आने पर छत्तीसगढ़ आम्र्ड फोर्स के असिस्टेंट प्लाटून कमांडर श्री विजय यादव की शहादत पर गहरा दु:ख प्रकट किया है। उन्होंने इस घटना को दु:खद बताते हुए नक्सलियों की इस कायराना हरकत की कड़ी निंदा की है। छत्तीसगढ़ आम्र्ड फोर्स की एक टीम आज सुबह मिरतुर थाना क्षेत्र में एरिया डामिनेशन के लिए निकली थी। मुख्यमंत्री ने शहीद श्री यादव के शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।
रायपुर। राहुल गांधी के संसद की सदस्यता रद्द किए जाने के बाद कांग्रेस बीजेपी पर चौतरफा हमलावर है। इसी के तहत कांग्रेस पार्टी देश भर में प्रेस वार्ता ले रही है। 29 मार्च को प्रदेश के सीएम भूपेश बघेल उत्तर प्रदेश के दौरे पर जा रहे हैं।
सीएम बघेल लखनऊ में प्रेस वार्ता लेगें। वहीं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा रायपुर में प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगी। बता दें कि रविवार को कांग्रेस पार्टी ने भाजपा के विरोध में संकल्प सत्याग्रह का आयोजन किया था।
बता दें कि प्रियंका गांधी ने संकल्प सत्याग्रह के दौरान मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। प्रियंका गांधी ने कहा, आज भी कांग्रेस पार्टी इस देश की आजादी के लिए लड़ रही है। आज आपकी सारी संपत्ति लूटी जारी है एक आदमी को दी जा रही है। आपकी सारी संपत्ति किसी और को सौंपी जा रही है। राहुल गांधी ने आप से 2 सवाल पूछ लिए। आप जवाब नहीं दे पाए और घबरा गए। जो अहंकारी होते हैं तानाशाह होते हैं जब सवाल का जवाब नहीं दे पाते तो सत्ता लेकर जनता को दबाने की कोशिश करते हैं।
क्या ता मामला
बता दें कि, राहुल गांधी ने साल 2019 में कर्नाटक चुनाव के दौरान एक जनसभा में ‘मोदी’ सरनेम को लेकर बयान दिया था। उन्होंने कहा था, सभी चोरों का सरनेम मोदी क्यों होता है। इस बयान को लेकर राहुल के खिलाफ भाजपा विधायक पूर्णेश मोदी ने सूरत में मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की सुनवाई सूरत कोर्ट में हुई और अदालत ने राहुल को दोषी माना और दो साल की सजा सुनाई।
इस फैसले के बाद लोकसभा सचिवालय ने एक्शन लिया। लोकसभा सचिवालय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द कर दी। बता दें कि वो केरल के वायनाड से लोकसभा सांसद थे।
रायपुर : प्रदेश के खैरागढ़ विधायक यशोदा वर्मा के बेटे की मौत ही गई हैं। बीते 20 फरवरी को खैरागढ़ की विधायक यशोदा वर्मा के बेटे प्रवीण वर्मा सड़क हादसे में बुरी तरह घायल हो गए थे। जिसके बाद उनका इलाज रायपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। वहीं आज दोपहर 1 बजे के आस-पास वो जिंदगी की जंग हार गये।
जानकारी के अनुसार खैरागढ़ की विधायक यशोदा वर्मा के बेटे प्रवीण वर्मा भीषण सड़क हादसे में घायल हो गये थे। धमतरी-कांकेर रोड में विधायक के बेटे की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गयी थी। विधायक यशोदा वर्मा के पुत्र प्रवीण वर्मा अपने दोस्त तथा ड्राईवर के साथ कार में किसी काम से जगदलपुर जा रहा था इसी दौरान एक ट्रक को ओव्हरटेक के दौरान ड्राईवर को समाने का मोड़ नहीं दिखा और कार सीधे 10 फीट नीचे खाई में जा गिरी। इस घटना में प्रवीण बुरी तरह घायल हो गये। घटना के बाद एंबुलेंस से प्रवीण व अन्य घायलों को रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हादसे के वक्त कार को विधायक का पुत्र प्रवीण ही चला रहा था और दुर्घटना के चलते प्रवीण का एक पैर फ्रेक्चर हो चुका है व रीढ़ की हड्डी में भी चोट आयी थी। आज शाम चार बजे विधायक पुत्र का अंतिम संस्कार किया जायेगा।
सूरजपुर । जिले में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गयी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित प्रतापपुर विकास खंड के मदननगर गांव में गन्ने के खेत में काम कर रहे थे। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतकों की पहचान मोहनलाल पंडो (40) और रमेश आयाम (21) के रूप में हुई है, वहीं अमित आयाम (28) गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
बारिश के दौरान तीनों ने एक पेड़ के नीचे शरण ली। बिजली गिरने से वे घायल हो गए।
स्थानीय लोगों के मुताबिक उन्हें प्रतापपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां पंडो और रमेश को मृत घोषित कर दिया गया और अमित का इलाज किया जा रहा है।
सूरजपुर । सूरजपुर जिले में सोमवार को बाघ के हमले से एक की मौत हो गई है जबकि दो लोग बुरी तरह से घायल हैं।
घायलों को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
हमले के बाद वन विभाग अलर्ट मोड पर है। ओड़गी के कालामांजन में बाघ के विचरण करने की सूचना जारी की गई है। हादसा कुदरगढ़ धाम से महज 3 किमी दूर बाघ के होने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना के बाद लोगो मे दहशत का माहौल। बता दें कि हर रोज़ लाखो की संख्या मे श्रद्धालु दर्शन करने कुदरगढ़ धाम पहुंचते हैं।
दरअसल समयलाल पिता रूप साय (32 वर्ष), कैलाश सिंह पिता बाल साय (35 वर्ष), राय सिंह पिता रुज बिहारी (30 वर्ष) सोमवार की सुबह जंगल की ओर लकड़ी लेने जा रहे थे तभी अचानक बाघ ने हमला कर दिया. जिससे समयलाल कि मौत हो गई और उसके दो साथी जख्मी हो गए है।
घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। ये घटना कुदरगढ़ के नजदीक सुबह करीब 6 बजे हुई है।
इस घटना से कुदरगढ़ में भी दहशत की स्थिति बन गई है।
रायपुर । पूर्व मंत्री एवं विधायक बृजमोहन अग्रवाल रविवार को पंचमी के दिन मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए सपरिवार डोंगरगढ़ पहुंचे। उन्होंने मातारानी की पूजा अर्चना की और प्रसाद ग्रहण कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
बृजमोहन ने कहा कि मां की कृपा संपूर्ण भारतवर्ष पर बरसे, चारों तरफ खुशहाली हो तथा हमें इतनी शक्ति प्रदान करें कि दीन दुखियों की सेवा निरंतर कर सके। यही प्रार्थना मां बम्लेश्वरी से की है।
सूरजपुर । सूरजपुर में बाघ का खौफ फैल गया है। सोमवार सुबह हुए ओड़गी ब्लाक में बाघ के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गयी, वहीं दो की हालत गंभीर है।
इधर बाघों के खौफ के बीच स्कूल में छुट्टी का ऐलान कर दिया गया है।
ओड़गी बीईओ ने सभी संकुल प्राचार्य व जन शिक्षकों को निर्देश जारी कर कहा है कि संवेदनशील क्षेत्र के स्कूलों में बच्चों को आने से मना करें।
बीईओ ने आदेश में कहा है कि बाघ के लिए वन विभाग रेस्क्यू कर रहा है। जैसे ही बाघ का रेस्क्यू हो जायेगा, ये आदेश समाप्त हो जायेगा।
वहीं कलेक्टर इफ्फत आरा ने बताया कि संवदेनशील क्षेत्र के स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद करने का आदेश दिया गया है। वन विभाग की टीम लगी हुई है। बाघ को ट्रेस किया जा रहा है। तब तक ऐहितियात के तौर पर प्रशासन को निर्देश दिया गया है। संवेदनशील क्षेत्र के स्कूलों और आंगनबाड़ी को बंद करने का निर्देश दिया है।
सूरजपुर जिले में ओड़गी ब्लाक के ग्राम कालामांजन में बाघ के हमले से एक ग्रामीण की मौत हो गई है,जबकि दो लोग बुरी तरह जख्मी है,जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है,घटना सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है।कुदरगढ़ के नजदीक हुई इस घटना से ईलाके में दहशत की स्थिति बन गई है।
जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह कालामांजन निवासी समय लाल कैलाश सिंह और राय सिंह जंगल की ओर लकड़ी लेने जा रहे तभी अचानक बाघ ने हमला कर दिया जिससे समयलाल कि मौत हो गई जबकि दो लोग जख्मी हो गए है।
वन विभाग के मुताबिक क्षेत्र में तेंदुए के आहट की खबरे है वैसे में यह साफ नही है कि हमला बाघ ने किया है या फिर तेंदुए ने।
इस घटना से पूरे इलाके में दहशत है खास कर चैत्र नवरात्र कुदरगढ़ मेले में जहाँ लोगो का भारी जमावड़ा है। कूदरगढ़ महोत्सव शुरु होने वाला है ऐसे में इस घटना ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।
Bijapur News: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर (Bijapur) जिले में नक्सलियों के लगाए प्रेशर आइईडी की चपेट में आने से सीएएफ (CAF) का एक जवान बलिदान हो गया। बलिदानी जवान का नाम एपीसी (असिस्टेंट प्लाटून कमांडर) विजय यादव है। मिली जानकारी के अनुसार जवान सड़क निर्माण कार्य में सुरक्षा देने के लिए तीमेनार कैंप से निकले थे। पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय ने इस घटना की जानकारी दी है।
दरअसल, यह मिरतुर थानाक्षेत्र का मामला है। बताया जा रहा है कि आइईडी ब्लास्ट एटेपाल कैंप से एक किमी की दूरी पर टेकरी में हुआ। शहीद जवान के पार्थिव शरीर को भैरमगढ़ थाने में गार्ड आफ आनर दिया जाएगा। बलिदानी जवान उत्तरप्रदेश के बलिया जिले के राजपुर गांव का निवासी है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में एकबार फिर से मौसम बदल सकता है। जिसकी वजह से लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार एक सिस्टम कर्नाटक से पूर्रवी उत्तर प्रदेश तक एक्टिव है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई जिलों में आज बादल बरस सकते हैं।
बता दें कि कल बस्तर, बिलासपुर और राजनांदगांव सहित राज्य में कहीं-कहीं पर पिछले 24 घंटे के दौरान हल्की बारिश हुई। कुछ जगहों पर तेज हवा के साथ बूंदाबांदी भी हुई है। मौसम विभाग ने सोमवार 27 मार्च को भी राज्य के कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। प्रदेश में समुद्र से बड़ी मात्रा में नमी आ रही है।
बता दें कि रविवार को भी प्रदेश के मौसम में बदलाव देखा गया। कई क्षेत्रों में शाम-रात से तेज हवा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ी। पिछले 24 घंटे के दौरान राजनांदगांव के अंबागढ़ में छह, छुईखदान और मोहला में चार-चार, बिलासपुर के तखतपुर मे चार, मुंगेली के लोरमी में दो, बस्तर के डभरा में 13 तथा कांकेर में 5 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई।
मौसम विभाग के अनुसार कर्नाटक से छत्तीसगढ़ होते हुए झारखंड तक बनी द्रोणिका के असर से 26 और 27 मार्च के प्रदेश में बड़े पैमाने पर नमी आएगी। इससे राज्य में कहीं-कहीं तेज हवा के साथ हल्की बारिश और ओले गिरने की संभावना है। रायपुर में सोमवार को आसमान में हल्के बादल रहेंगे। दोपहर बाद से गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की भी संभावना है।
मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में आगामी 24 घंटे के दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। साथ ही राज्य में कहीं-कहीं पर ओले भी गिर सकते हैं।
दुर्ग / एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने कई थानों में हल्की सर्जरी की है। उन्होंने दो थानों के थाना प्रभारी और तीन आरक्षकों का तबादला आदेश जारी किया है।
एसपी ने राजधानी रायपुर से लगे अमलेश्वर थाने के टीआई राजेंद्र यादव का तबादला जिविशा थाने कर दिया है। ऐसा कहा जा रहा है यादव अमलेश्वर में बढ़ रही चोरी की वारदातों पर लगाम नहीं लगा पा रहे थे, इसके चलते उन्हें छोटा थाना दिया गया है।
दो थानेदार और तीन सिपाहियों का तबादला एक थाने से दूसरे थाने किया
दुर्ग एसपी ने रविवार को दो थानेदार और तीन सिपाहियों का तबादला एक थाने से दूसरे थाने किया है। सूत्रों के मुताबिक पता चला कि अमलेश्वर थाना क्षेत्र में लगातार चोरी सहित अन्य वारदात बढ़ रहे थे। एसपी के निर्देश के बाद थाना प्रभारी अपराध में लगाम नहीं लगा पा रहे थे। इसके चलते एसपी ने वहां के थानेदार राजेंद्र कुमार यादव को जिविशा थाने का प्रभारी बनाया है।
रायगढ़। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा की पहल पर जिला प्रशासन द्वारा स्थानीय युवाओं को रोजगार मुहैया कराने के उद्वेश्य से जिले में पहली बार मुख्यालय से बाहर विकासखंड तमनार में आगामी 4 अप्रैल को वृहद रोजगार मेला का आयोजन होने जा रहा है। तमनार के शा हाई स्कूल मैदान में लगने वाले इस वृहद रोजगार मेले में उद्योगो द्वारा स्थानीय युवाओं को उनकी योग्यता एवं उद्योगो की मांग अनुसार रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा
कलेक्टर सिन्हा द्वारा स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर प्रयास किया जा रहा है। जिससे प्रशिक्षित एवं योग्यताधारी युवाओं को स्थानीय उद्योगों में रोजगार प्राप्त हो सके।कलेक्टर सिन्हा ने जिले के युवाओं को अधिक से अधिक इस मौके का लाभ उठाने की अपील की है।
रायगढ़ रोजगार मितान’ पोर्टल लॉन्च युवाओं को रोजगार मेले से जुड़ी जानकारियां उपलब्ध कराने
‘रायगढ़ रोजगार मितान’ पोर्टल लॉन्च युवाओं को रोजगार मेले से जुड़ी जानकारियां उपलब्ध कराने जिला प्रशासन द्वारा ‘रायगढ़ रोजगार मितान’ http://www.raigarhrozgarmitan.inवेबपोर्टल बनाया गया है। जिसमें युवा विभिन्न उद्योग, कंपनियों और उनकी रिक्तियों की जानकारी देख सकते हैं एवं पोर्टल में अपना पंजीकरण कराकर रोजगार मेले के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही टोल फ्री नंबर ‘9399983879’ जारी किया गया है। जिसमें कॉल कर के मेले के संबंध में जानकारी ले सकते हैं।
कोरबा। कोरबा एनटीपीसी प्लांट में लगभग 50 फीट की ऊंचाई से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई है. प्लांट परिसर में टावर के मेंटेनेंस का काम चल रहा था. इसी दौरान ये हादसा हुआ. मजदूर को पहले एनटीपीसी के विभागीय अस्पताल में ले जाया गया. जहां से उसे न्यू कोरबा अस्पताल में रेफर किया गया. लेकिन वहां उसकी मौत हो गई।
एनटीपीसी प्लांट परिसर में लगभग 50 फीट ऊंचाई पर कूलिंग टावर का मेंटेनेंस कार्य चल रहा था. इसी दौरान स्ट्रक्चर टूटने से मजदूर चमार सिंह(45 वर्ष) वहां से गिर गया. गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट लगी. गंभीर घायल मजदूर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां उसकी मौत हो गई. मजदूर पास के ही गांव केदाईखार का रहने वाला था। एनटीपीस में ठेका मजदूरी में काम करता था।
पावर स्टेशन में संविदा वर्कर को काम के दौरान गंभीर चोट आई
रायपुर।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रविवार को ऑल इंडिया स्टील कॉन्क्लेव में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने देशभर से आये स्टील उद्यमियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्टील सेक्टर को आगे बढ़ाने के लिये छत्तीसगढ़ सरकार तत्त्पर है।
स्टील उद्योग छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों के दौरान स्टील उद्योग को बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। कभी महंगी बिजली का संकट सामने आ जाता है, कभी ईंधन का संकट सामने आ जाता है, कभी सस्ते कच्चे माल की जरूरत शिद्दत के साथ महसूस की जाती है, तो कभी कोरोना और लॉकडाउन का संकट सामने आ जाता है। लेकिन कोरोना काल में छत्तीसगढ़ सरकार की नीति की वजह से उद्योग बंद नहीं हुए।
कोरोना काल मे हमने कोयला की आपूर्ति बाधित नहीं होने दी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार को भले घाटा हो लेकिन हमने आपको बिजली में छूट दी ताकि उद्योग अच्छे से चलते रहें। हमारे राज्य से कोयला पूरे देश में जाता है, कोरोना काल मे हमने कोयला की आपूर्ति बाधित नहीं होने दी। मैं रायपुर सांसद के माध्यम से केंद्र सरकार से मांग करता हूं कि एसईसीएल से स्टील व्यवसायिओं को कोल लिंकेज मिलना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोयला खदानों की वजह से सड़कें बहुत खराब हैं। खराब सड़कों की वजह से परिवहन बहुत महंगा हो गया है। इसलिए किसी उद्योग की स्थापना के समय सड़क को भी प्रोजेक्ट में ले लेना चाहिए।
छत्तीसगढ़ में बेहतर उद्योग नीति की वजह से कोरोना काल मे भी उद्योग अच्छे से चलते रहे
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा जब कोरोना की दूसरी लहर आयी तो देश की राजधानी और अन्य राज्यों में ऑक्सीजन की कमी थी लेकिन छत्तीसगढ़ में ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं हुई, हमने तुरन्त उद्योगपतियों को ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए लाइसेंस दिया। देशभर में ऑक्सीजन का दवाब था तो मैंने प्रधानमंत्री जी से आग्रह किया कि स्टील प्लांट को भी कुछ ऑक्सीजन दीजिये। जिससे प्लांट भी चल सकें। कोरोना काल में देशभर में मजदूर पलायन कर रहे थे, लेकिन छत्तीसगढ़ में स्थिति ऐसी नहीं थी। हमारे छत्तीसगढ़ में बेहतर उद्योग नीति की वजह से कोरोना काल मे भी उद्योग अच्छे से चलते रहे। जब कोरोना संकट आया और लॉकडाउन की परिस्थितियां निर्मित हुई तब एक बारगी लगा कि प्रदेश का स्टील सेक्टर दम तोड़ देगा, लेकिन हमने कंधे से कंधा मिलाकर काम किया। भीषण संकट के बीच सरकार स्टील सेक्टर की ताकत बनी और हमारे स्टील उद्योग सरकार की ताकत बन गए। कोरोना संकट काल में भी हमारे यहां देश में सबसे ज्यादा स्टील का उत्पादन किया। पिछले चार सालों के दौरान छत्तीसगढ़ का औद्योगिक परिदृश्य पूरी तरह बदल चुका है।
नारायणपुर।नक्सल प्रभावित इलाका ग्राम धनोरा नारायणपुर (छ0ग0) में 29वीं वाहिनी, भा०ति०सी०पुलिस बल के ई रामवाय द्वारा सेनानी समर बहादुर सिंह के मार्ग दर्शन में रविवार को सिविक एक्शन कैम्प का आयोजन किया गया जिसमें पाँच ग्राम हिकपुला, ईडनॉर, झोरी, मडमनौर और राजपुर के आदिवासी स्कूली बच्चों को लेखन सामाग्री ( बैग प्रतियोगी किताबे, पेन, कॉपी, पेन्सिल बाक्स ज्योमेट्री बाक्स) इत्यादि का रण कर लाभांवित किया गया।

साथ ही निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया जिसमें डा० मुनाल ई०पी० द्वारा सिविक एक्शन कैम्प में आये मरीजों का परीक्षण किया एवं दवाईयों दी। इस दौरान भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल के अधिकारी सहायक सेनानी / जी०डी० संदीप कलकल, सहायक सेनानी / जी०डी० सजीव यादव निरीक्षक / जी०डी० रोहताश सिंह एवं जवानों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के उपरान्त सभी आदिवासी ग्रामीणों व बच्चों को जलपान भी करवाया गया एवं ग्रामीणों / बच्चों को समाज के मुख्य धारा में जुड़ने शासन के विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी एंव नवोदय विद्यालय में प्रवेश हेतु प्रेरित किया गया।

भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल आपकी सुरक्षा के लिये तैनात हैं और हमेशा तत्पर है
साथ ही सहायक सेनानी संदीप कलकल के द्वारा ग्रामीणों को विश्वास दिलाया गया कि भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल आपकी सुरक्षा के लिये तैनात हैं और हमेशा तत्पर है। आप किसी भी समय किसी भी प्रकार की सहायता के लिये तैनात 29वीं वाहिनी, भा०ति०सी०पुलिस बल की ई समवाय धनोरा में सम्पर्क कर सकते है, सरपंच रामदेई उसेण्डी, दसाय दोदी, फागूराम मण्डावी, पण्डाराम कचलाम सेवाराम पटेल एवं अन्य गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहें।
रायपुर । भाजपा के पूर्व मंत्री व विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि राजधानी के शांति नगर स्थित सिंचाई कॉलोनी में शासकीय सेवकों के लिये निर्मित शासकीय आवासों में अवैध कब्जाधारियों द्वारा कब्जा कर लिया गया है। इनके द्वारा परिसर का माहौल खराब करने के साथ-साथ संदिग्ध घटनाओं को भी अंजाम दिया जा रहा है। इस कॉलोनी के अंतर्गत मकान नं. जी-42, जी-43, जी-46, जी-48, जी-49, जी-50, जी-51 एवं एच-112 को शासन द्वारा पुनर्निमाण हेतु खाली कराया गया। किन्तु उनमें 1 वर्ष से अवैध कब्जाधारियों द्वारा कब्जा कर लिया गया है। जिसके कारण वहां निवासरत लोग मानसिक रूप से प्रताड़ित हैं एवं डर के साये में जीवन व्यतीत कर रहे हैं।
वहां अप्रिय घटना घटने की प्रबल संभावना है। राज्य सरकार को इसकी शिकायत प्राप्त होने के बावजूद भी अब तक कोई कार्यवाही नही की गयी। इसके कारण परिसर में रह रहे शासकीय कर्मचारियों में सरकार के प्रति काफी रोष एवं आक्रोश व्याप्त है। यह बात बृजमोहन अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ विधानसभा सत्र के दौरान ध्यानाकर्षण सूचना के माध्यम से कही थी।
रायपुर । वरिष्ठ भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में स्कूली शिक्षा के नाम पर आदिवासियों, ग्रामीणों, गरीबों और मजदूरों के बच्चों को शिक्षा से वंचित करने का गहरा षड़यंत्र चल रहा है। दुर्दशा इस कदर है कि दिसंबर 2022 की स्थिति में सुकमा जिले के ग्राम पंचायत गुफड़ी के पटेलपारा स्कूल में शिक्षक नहीं होने से यहां पर पदस्थ सफाई कर्मी बच्चों को पढ़ा रहा है। शिक्षक की कमी के चलते नवंबर 2022 में कबीरधाम जिले के वनांचल क्षेत्र झलमला शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के स्कूली बच्चे स्कूल से चलकर कलेक्ट्रेट पहुंच गए। वहां पहुंच कर बच्चों ने कई महीनों से स्कूल में शिक्षक नहीं होने और पढाई ठप्प होने की जानकारी कलेक्टर को दी। दिसंबर 2022 की स्थिति में बस्तर जिले के 526 स्कूल एकमात्र शिक्षक के भरोसे हैं, वहीं 143 स्कूल ऐसे हैं, जहां एक भी शिक्षक नहीं है। राजधानी रायपुर के आसपास के कई गांवों में स्कूल शिक्षा रसातल पर है।
उन्होंने कहा कि अंग्रेजी शिक्षा के नाम पर पूरी तरह से दुकानदारी शुरू हो गई है। राज्य के नौनिहालों का भविष्य चौपट किया जा रहा है।
राज्य सरकार ने वर्ष 2022-23 के बजट में कोई स्कूल खोलने का प्रावधान नहीं किया और न ही नई भर्तियां हो रही हैं। स्कूलों में ऑनलाइन टीचिंग क्लिप्स, यू-टयूब से डाऊनलोड कर टीचर्स और बच्चों पर लादे जा रहे हैं, जिसमें लोकधन के करोड़ों रूपए बर्बाद किये जा रहे हैं। स्कूल शिक्षा में नैतिक शिक्षा को गैर जरूरी मान लिया गया है। अंग्रेजी स्कूलों में अंग्रेजी जानने वाले शिक्षकों और अन्य स्टॉफ की भर्ती हो रही है पर हिंदी माध्यम के स्कूलों को मटियामेट किया जा रहा है। अंग्रेजी और हिंदी के छात्रों में ब्रिटिश कालीन भेदभाव कर दिया गया है।
रायपुर । अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी कुमारी सैलजा 27 मार्च को इंडिगो के नियमित विमान सेवा द्वारा सुबह 9 बजे रायपुर पहुंचेंगी। दोपहर 12 बजे राजीव भवन में आयोजित प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक में भाग लेंगी।
छत्तीसगढ़ प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम एवं एआईसीसी के सचिव एवं प्रभारी सचिव डॉ. चंदन यादव की उपस्थिति में प्रदेश कार्यकारिणी, समस्त विधायकगण, जिला, शहर अध्यक्षगण एवं मोर्चा संगठन, प्रकोष्ठ, विभाग के प्रदेश अध्यक्षों की अतिआवश्यक महत्वपूर्ण बैठक रखी गयी है।
इसके बाद 28 मार्च की शाम 5.40 बजे वे इंडिगो के नियमित विमान सेवा द्वारा रायपुर से नई दिल्ली के लिये रवाना होंगीं।
समस्या सुनी और प्रशासन के कार्य में सहयोग करने अपील की
अम्बिकापुर । कलेक्टर कुंदन कुमार और एसपी भावना गुप्ता प्रशासनिक अमले के साथ शनिवार को बतौली विकासखंड के ग्राम पंचायत चिरगा में मां कुदरगढ़ी एल्युमिनियम प्लांट का विरोध प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से पहली बार मिलने पहुंचे। उन्होंने लोगों की समस्या सुनी व सीधा संवाद करते हुए प्रशासन के कार्य में सहयोग करने की अपील की।
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने बताया कि चिरगा में पहली बार लोगो के बीच पहुंच कर सीधा संवाद किया गया इससे लोगों में एक अच्छा संदेश गया। प्रशासन ने शनिवार को सीमांकन का दिन निर्धारित किया था। लोगों के मन में कई तरह का भ्रम था। लोगों को समझाइश दी गई। उनको बताया गया कि जो भी कार्य किया जा रहा है वह शासन की योजनाओं को आप सभी तक पहुंचाने के लिए किया जा रहा है। कोई भी व्यक्ति या तत्व बरगलाने की कोशिश करता है या कहता है कि हम शासन के योजना को नहीं आने देंगे तो वो कानून को हाथ में लेने जैसा है। ग्रामीणों से बात करने से शासन के प्रति विश्वास बढ़ा है और अच्छा संवाद स्थापित हुआ। जिला प्रशासन के जो भी अधिकारी कर्मचारी हैं वो केवल शासन के प्रतिनिधि हैं और शासन की योजनाओं को जनता तक पहुंचाना उनका कर्तव्य है। शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने से रोकने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्यवाही की जा सकती है।
रायपुर । अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के अध्यक्ष डॉ दिनेश मिश्र ने दुर्ग जिले में महिलाओं को कील पर चलाने, और अंगारे पर चलाने तथा कोरबा जिले में जादू टोने के सन्देह हुई एक ग्रामीण महिला की हत्या की कड़ी निंदा करते हुए कहा जादू टोने का कोई अस्तित्व नही हैं। ग्रामीणों को अंधविश्वास में पड़कर कानून हाथ में नहीं लेना चाहिए।
डॉ दिनेश मिश्र ने कहा जानकारी मिली है कि दुर्ग के मोहन नगर थाना क्षेत्र में टोनही के संदेह में 3 महिलाओं के साथ प्रताड़ना हुई है। ममता निषाद और दो महिलाएं कील पर चलने और ढकते अंगारों पर चलाए जाने के कारण जल कर जिला अस्पताल में भर्ती हैं इसमें झाड़ फूंक करने वाले एक बाबा जितेंद्र यादव का हाथ बताया जा रहा है। जिसने उन महिलाओं को अग्निपरीक्षा देने को कहा। एक महिला को तो उस बाबा ने 11 बार अंगारों पर चलने को विवश किया जिससे वे महिलाएं बुरी तरह जल गयीं। उसी प्रकार कोरबा केपटपरा में कैलाश सिंह नामक व्यक्ति अपने बीमार रहने का कारण चंद्रकुंवर के द्वारा किये गए कथित जादू टोने को मानता था। उसने उक महिला के साथ पूर्व में मारपीट भी की थी। अभी कुछ दिनों पहले उसने चंद्रकुंवर बाई को तालाब में डुबो कर मार डाला, जो अत्यंत दुःखद ,निंदनीय है।
डॉ. मिश्र ने कहा पिछले कुछ दिनों में टोनही, डायन के सन्देह में हत्या-मारपीट, प्रताड़ना की घटनाएं सामने आयी हैं। सिर्फ अंधविश्वास ,जादू टोने जैसी भ्रामक मान्यताओं पर भरोसा कर किसी निर्दोष महिला एवं उसके परिवार पर हमला करने की घटनाएं अनुचित है। दोषियों पर कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए। समिति प्रवास कर प्रताड़ित परिवारों से मिलेगी और ग्रामीणों को जागरूक करेगी।
डॉ. मिश्र ने कहा हर व्यक्ति की बीमारी,समस्या और उसके कारण अलग-अलग होते हैं जिनका समाधान सही चिकिसकीय उपचार, तर्कसंगत उपाय से किया जा सकता है। बीमारियाँ अलग अलग कारणों से होती हैं। संक्रमण होने से, दुर्घटना होने, कुपोषण से व्यक्ति बीमार होता है। संक्रमण भी विभिन्न बैक्टीरिया, वायरस, फंगस से होता है। तथाकथित जादू टोने से कोई बीमार नही हो सकता। क्योंकि जादू टोने जैसी काल्पनिक मान्यताओं का कोई अस्तित्व ही नहीं है। इसलिए तथाकथित जादू टोने से न ही कोई व्यक्ति किसी को भी मार कर सकता है, न ही किसी को परेशानी में डाल सकता हैं और न ही किसी व्यक्ति का किसी प्रकार से फसल आदि का कोई नुकसान कर सकता है। जादू टोने, टोनही, डायन की मान्यता सिर्फ अंधविश्वास है, जिसका का कोई अस्तित्व नहीं है। इस प्रकार के शक या सन्देह में किसी भी महिला को प्रताड़ित करना उसके व उसके परिवार के साथ मारपीट करना, अग्निपरीक्षा लेना, उसको जान से मारना अनुचित, क्रूर और अपराधिक है। ग्रामीणों को इस प्रकार के अंधविश्वास में नहीं पड़ना चाहिए।
डॉ मिश्र ने प्रशासन मांग की है कि इस मामले में तुरंत कार्यवाही की जाए तथा आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिले ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की अनुचित हरकत करने की चेष्टा ना कर सके। समिति इन सभी मामलों में ग्रामीणों से मिलेगी और जागरूक करेगी।
डॉ. मिश्र ने कहा देश के अनेक प्रदेशों में डायन, टोनही के सन्देह में प्रताड़ना की घटनाएं आम है। जबकि कोई नारी टोनही या डायन नहीं हो सकती, उसमें ऐसी कोई जादुई शक्ति नहीं होती जिससे वह किसी व्यक्ति, बच्चों या गाँव का नुकसान कर सके। जादू-टोने के आरोप में प्रताड़ना रोकना आवश्यक है। अंधविश्वासों के कारण होने वाली टोनही प्रताड़ना बलि प्रथा जैसी घटनाओं से भी मानव अधिकारों का हनन हो रहा है। जनजागरूकता के कार्यक्रमों से अंधविश्वास का निर्मूलन सम्भव है।
रायपुर। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने के विरोध में कांग्रेस प्रदर्शन कर रही है. इसी कड़ी में मोदी सरकार के खिलाफ संसदीय सचिव विकास उपाध्याय मुंह में ताला लगाकर प्रदर्शन करने पहुंचे हैं. उनके हाथ में एक पोस्टर है, जिसमें लिखा है कि अडानी की शेल कंपनियों में 20 हजार करोड़ किसके हैं ?. JPC जांच से क्यों मोदी सरकार भाग रही है?. जब हम अडानी से सवाल कर रहे हैं तो बीजेपी अडानी का बचाव क्यों कर रही है ?
दरअसल, पार्टी के नेता और कार्यकर्ता आज महात्मा गांधी की प्रतिमाओं के सामने एक दिवसीय सत्याग्रह कर रहे हैं. पार्टी के अनुसार, राहुल गांधी के प्रति एकजुटता दिखाते हुए यह ‘संकल्प सत्याग्रह’ सभी राज्यों और जिलों में महात्मा गांधी की प्रतिमाओं के सामने हो रहा है. यह शाम 5 बजे तक चलेगा.
छत्तीसगढ़ में आज जिला और ब्लॉक स्तर पर कांग्रेस प्रदर्शन करेगी. सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक प्रदेश के सभी जिला, नगर, ब्लॉक मुख्यालयों में भजन गाकर कांग्रेस विरोध जताएगी. महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास भजन गाकर अहिंसक प्रदर्शन करेंगे. बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता धरने पर बैठे हैं. धरना प्रदर्शन में महापौर एजाज ढेबर, सभापति प्रमोद दुबे, कांग्रेस जिला अध्यक्ष गिरीश दुबे, MIC सदस्य कुमार मेमन, सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित हैं.
बता दें कि संसद सदस्यता खत्म होने के बाद 25 मार्च को पहली बार राहुल गांधी (Rahul Gandhi) मीडिया के सामने आए थे. जहां राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कई सवालों के जवाब दिए. सूरत कोर्ट (Surat Court) मानहानि के मामले में राहुल गांधी को 2 साल की सजा सुना चुका है. इसके बाद लोकसभा सचिवालय ने नोटिफिकेशन जारी करके उनकी संसद सदस्यता खत्म कर दी.
इन सबको लेकर राहुल गांधी ने निशाना साधा था. राहुल गांधी ने कहा था कि जैसा कि मैं पहले भी कह चुका हूं कि हमारे देश में लोकतंत्र पर आक्रमण हो रहा है. हमें इसके नए-नए उदाहरण देखने को मिल रहे हैं. आरोप लगाते हुए राहुल ने कहा कि अडानी के शेल कंपनियां हैं. उसमें 20 हजार करोड़ का निवेश है. वो किसके हैं? अडानी और पीएम मोदी का रिश्ता पुराना है.
सारंगढ़ : सारंगढ़-सरायपाली मार्ग बटाउपाली में दर्दनाक हादसा हुआ है. जहां एक तेज रफ्तार डंपर ने 5 बच्चों को कुचल दिया है. हादसे में 2 बच्चों की मौत हो गई है. वहीं 3 बच्चों की हालत नाजुक बताई जा रही है.
बता दें कि, तालाब नहाने जा रहे बच्चों को डंपर ने रौंदा है. ये भीषण हादसा उस वक्त हुआ जब बच्चे सड़क पार कर रहे थे. वहीं बच्चों की मौत के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया है. शासन प्रशासन मौके पर मौजूद है. सारंगढ़ SDOP स्नेहिल साहू ने मामले की जानकारी दी है.
0-26 से 29 मार्च तक दिया जाएगा प्रशिक्षण
0-महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रीयल पार्क (रीपा) योजना के वेब पोर्टल का भी हुआ शुभारंभ
रायपुर । मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने मुंगेली जिले के सरगांव स्थित खेल मैदान में आयोजित भरोसे के सम्मेलन में चिप्स द्वारा निर्मित छत्तीसगढ़ समाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण हेतु मोबाईल एप का शुभारंभ किया । उन्होंने कहा कि राज्य के सभी वर्गों का उत्थान हमारी शासन की प्राथमिकता है। इसके लिए आधुनिक तकनीकों का उचित उपयोग किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस एप से छत्तीसगढ़ के सभी वर्गों का सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण कर नागरिकों के लाभ हेतु अनेकानेक योजनाएं बनाई जाएगी। सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण के लिए चिप्स द्वारा ठाकुर प्यारेलाल राज्य प्रशिक्षण संस्थान, निमोरा में 25 मार्च से 29 मार्च 2023 तक राज्य भर के 200 से अधिक मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया जायेगा।
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने इस अवसर पर चिप्स द्वारा निर्मित महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रीयल पार्क (रीपा) योजना के वेबसाईट का भी शुभारंभ किया। इस पोर्टल में रीपा योजना के समस्त हितग्राहियों की पूर्ण जानकारी प्राप्त होगी। इस संबंध में जानकारी दी गई कि रीपा योजना से ग्रामीण उद्यमियों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा का सामान अवसर मिलेगा। साथ ही छत्तीसगढ़ के स्थानीय उत्पाद जैसे हरबल गुलाल, गोबर निर्मित प्राकृतिक पेंट आदि के लिए बाजार भी उपलब्ध होगा। फलस्वरूप राज्य के स्थानीय नागरिकों को उनके घर के निकट गाँव में ही रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
चिप्स द्वारा निर्मित मोबाईल एप का विवरण देते चिप्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री अमिताभ शर्मा ने बताया कि यह ऐप चिप्स द्वारा विकसित किया गया है। इस सर्वे में सम्मिलित राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत समस्त नागरिक जिनका राशन कार्ड बना है, अथवा जिनका राशन कार्ड नहीं बना है, सभी को इस सर्वेक्षण में शामिल किया जायेगा। सर्वेक्षण लिए प्रश्नों की सूची तैयार की गयी है, जिसमें वाहन, इंधन, सिंचाई साधन, परिवार के सदस्यों की संख्या और कौशल प्रशिक्षण आदि क्षेत्रों के प्रश्नों को शामिल किया गया है।
भरोसे का सम्मान कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री रविन्द्र चौबे, मंत्री श्री रूद्रगुरू, श्री शिव डहरिया, श्री अमरजीत भगत, विधायक श्री धरम लाल कौशिक, श्री पुन्नूलाल मोहले सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और अधिकारी के साथ ग्रामीण बडी संख्या में उपस्थित थे। इस अवसर पर पंचायत विभाग से श्री अवनीश शरण, प्रबंध निदेशक तथा श्री गौरव सिंह, निदेशक, चिप्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री अमिताभ शर्मा सहित अनेक विशिष्ठ अतिथि उपस्थित थे।





























