मंडला : जिले के योगीराज अस्पताल में 2010 में मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर में 35 लोगों की आंखों की रोशनी चली गई थी जिस पर तत्कालीन कलेक्टर ने जांच कराई थी। रिपोर्ट पर सीएमएचओ ने न्यायालय में वाद प्रस्तुत किया गया जिसमें आरोपीगण व प्रबंधन पर मामला चला। इस पर निर्णय देते हुए न्यायालय प्रथम श्रेणी मंडला ने नागपुर के संजय सिंह को छ: माह कारावास, डॉ. अनिल परमार, कमल सिंह, श्याम रंगीला, भूपेंद्रसिंह ठाकुर कोक धारा 338 आईपीसी का दोषी मानते हुए दो वर्ष का कठोर कारावास एवं पीडि़तों को एक हजार रुपये प्रतिकार राशि देने का निर्णय दिया। मंडला जिले में आंखों के ऑपरेशन के दरमियान इतने बढ़े हादसे के बावजूद शिविर लगाए जाते रहे हैं।
यूपी | यूपी सरकार ने अब झांसी रेलवे स्टेशन के नाम को बदलने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. यह प्रस्ताव रेलवे ने यूपी सरकार को भेजा था. नाम बदलने की औपचरिकताओं के पूरा होने के बाद झांसी रेलवे स्टेशन को वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन के नाम से जाना जाएगा. बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्रालय पहले ही झांसी के रेलवे स्टेशन के नाम बदलने को अपनी अनापत्ति दे चुका है |
झांसी के सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि यह बुंदेलखंड के लोगों के लिए गर्व की बात है. इससे यहां पर्यटन की संभावनाएं बढ़ेंगी. बुंदेलखंड को आर्थिक फायदा भी मिलेगा.
बता दें कि झांसी रेलवे स्टेशन का नाम बदलने की शुरुआत कुछ साल पहले हुई थी, जब मध्य प्रदेश से बीजेपी राज्यसभा सदस्य प्रभात झा सहित कई स्थानीय जन प्रतिनिधियों ने कुछ वर्ष पहले झांसी में आयोजित रेलवे की बैठक में झांसी का नाम रानी लक्ष्मीबाई के नाम पर करने की मांग की थी. इस मांग पर रेलवे ने अपनी सहमति जताते हुए रेलवे स्टेशन का नाम बदलने की सरकारी प्रक्रिया शुरू की थी. इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए अपनी अनापत्ति दी थी. मिनिस्ट्रीय ऑफ होम अफेयर्स से सहमति के बाद यूपी सरकार ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है.
महाराष्ट्र | देश में कोरोना के नए ‘ओमिक्रॉन’ वेरिएंट के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं. भारत में अब तक कोरोना के इस नए वेरिएंट के लगभग 800 मामले सामने आ चुके हैं. कोरोना के बढ़ते मामलों और नए साल को देखते हुए केंद्र के साथ-साथ राज्य सरकारें भी अलर्ट मोड में आ गई हैं. दिल्ली, यूपी, एमपी, गुजरात, महाराष्ट्र और हरियाणा समेत देश के कई राज्यों में नाइट कर्फ्यू लगा दी गई हैं. कई राज्यों में नए साल के जश्न को लेकर भी गाइडलाइंस जारी की जा रही हैं. इन सबके बीच महाराष्ट्र सरकार के गृह विभाग की तरफ से 31 दिसंबर को लेकर गाइडलाइंस जारी की गई है|
सरकारी गाइडलाइंस के अनुसार, नए साल के जश्न को लेकर किसी भी तरह के कार्यक्रम आयोजित करने पर पाबंदी रहेगी. इसके साथ-साथ आतिशबाजी पर भी रोक लगा दी गई है. नए साल पर सड़कों पर भीड़ जुटने पर रोक रहेगी. समुद्र तट, गार्डन, सड़कों पर भीड़भाड़ ना हो इसके लिए भी पुलिस का बंदोबस्त किया जाएगा. वहीं, गेट-वे ऑफ इंडिया, मरीन ड्राइव, गिरगांव चौपाटी,जुहू चौपाटी पर भीड़ जमा न हो और 60 वर्ष से ज्यादा उम्र के और 10 साल से कम उम्र के लोगों को 31st की रात को घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है. ओपन ग्राउंड में होने वाले कार्यक्रमों में 25 फीसदी क्षमता तक की ही इजाजत दी गई है, साथ ही हॉल या बंद सभागृह में 50 फीसदी क्षमता की अनुमति है.
उधर, महाराष्ट्र में मंगलवार को कोरोना संक्रमण के 2,172 नये मामले सामने आए जो पिछले दिन के 1,426 मामलों की तुलना में 50 प्रतिशत अधिक थे. स्वास्थ्य विभाग के मताबिक 22 मरीजों की मौत भी हुई थी. इन आंकड़ों के साथ ही राज्य में कोविड-19 के मामले बढ़कर 66,61,486 हो गए जबकि मृतक संख्या बढ़कर 1,41,476 पर पहुंच गई है |
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने लोगों से सावधानी बरतने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि पिछले आठ-दस दिन में राज्य में उपचाराधीन मरीजों की संख्या पांच हजार से छह हजार के बीच रही है. टोपे ने कहा कि मंगलवार को राज्य में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 11,492 थी. बुधवार को, यह संख्या 20,000 तक पहुंच सकती है. मंत्री ने कहा, ‘राज्य में एक्टिव मामलों में वृद्धि डराने वाली है.’ उन्होंने राज्य में मामलों की दर तेजी से दोगुनी होने और मुंबई में संक्रमण के मामले बढ़ने पर भी चिंता जताई है.
मथुरा : मांट थाना क्षेत्र के अंतर्गत पंचवटी आश्रम में एक व्यक्ति का शव पेड से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आश्रम में रह रहे साधु संतों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बुधवार की सुबह प्रसिद्ध देवराह बाबा आश्रम के पास स्थित पंचवटी आश्रम में उस समय खलबली मच गई जब आश्रम में स्थित बरगद के एक विशाल वृक्ष राजस्थान के धौलपुर जनपद के गांव लालपुर निवासी राजू पुत्र मथुरा प्रसाद का शव लोगों ने लटका देखा। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दे दी गई।
पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले को प्रथम दृष्टया आत्महत्या का बता रही है। वहीं थानाध्यक्ष मांट प्राशांत त्यागी की कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आश्रम के लोगों से पूछताछ की गई है। प्रर्व प्रधान देवकी नंदन के अलावा अन्य लोग भी शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने के समय मौके पर मौजूद थे। लोगों से बातचीत की जा रही है और तथ्य जुटाएं जा रहे हैं।
जौनपुर : गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में पशु चोरी का सिलसिला लगातार बढ़ता ही जा रहा है । आये दिन हो रही चोरियों से पषुपालकों की नीद हराम हो गयी है। जानकारी के अनुसार बीती रात गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव निवासी दयाराम यादव व रामविलास यादव की भैंस पशुशाला में बांधी गई थी ।
रात में चोरों द्वारा दोनों भैस पिकअप पर लादकर उठा ले लिये जाने की लोगों को भनक तक न हीं लगी । जब सुबह पशुशाला में पशु खाने के लिए नाद पर बांधने गए तो वहां भैंस नहीं थी जिसे देखकर इधर उधर खोजने लगे सूचना मिलते ही अगल अगल बगल के लोग इकठा हो गए इस चोरी के मामले को लेकर पशुपालकों में खलबली मची हुई है।
उरई : अज्ञात कारणों के चलते महिला ने साड़ी के फंदे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम धनौरा रिंकी कुशवाहा (28) पत्नी अश्वनी कुशवाहा ने मंगलवार की देर शाम करीब 6 बजे अपने मकान की दूसरी मंजिल के कमरे में साड़ी का फंदा छत के हुक से फांसाकर फांसी ली। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रिंकी का पति अश्वनी बिहार के अरहकिरया जनपद में पानी पूरी का काम करता है।
लगभग एक माह पूर्व वह काम पर गया था। घर पर पत्नी अपने बच्चों और ससुर के साथ ही रहती थी। मंगलवारी को दोपहर में उसके ससुर खेत पर चले गए। घर पर रिंकी अकेली ही थी। देर शाम रिंकी अपनी दोनों बेटी सुरिभ (6) और मुन्नी (3) को घर के नीचे कमरे में छोड़कर ऊपर चली गई और फांसी लगा ली। शाम लगभग 7 बजे जब ससुर रामाधार खेत से घर पहुंचे तो रिंकी की दोनों बेटियां रोती हुई मिली। जब उन्होंने पुत्रवधू को देखा तो वह नहीं दिखी। उसे खोजते हुए जब वह ऊपर कमरे में पहुंचे तो रिंकी का शव फांसी के फंदे पर लटक रहा था। पुत्रवधू के शव को फांसी के फंदे पर लटका देखकर उनके होश उड़ गए और उन्होंने इसकी जानकारी बेटे और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची नेे ग्रामीणों की मदद से शव को फंदे से नीचे उतरवाया और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की पूछतांछ ने ससुर ने बताया कि रिंकी को कोई परेशानी नहीं थी।
वह उसे ठीक ठाक छोड़कर खेत पर गए थे। बेटा बाहर रहकर काम धंधा करता है, कोई परेशानी नहीं थी। उक्त संदर्भ में प्रभारी कोतवाल दिलीप मिश्र ने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। अभी परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। फिर भी पुलिस खुदकुशी का कारण पता लगाने का प्रयास कर रही है।
नई टिहरी : देवप्रयाग पुलिस की सतर्कता से एक नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म के बाद फरार हो रहे नेपाली युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। अपहरण में संलिप्त स्थानीय युवक को भी पुलिस ने पकड़ लिया। थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि मंगलवार शाम देवप्रयाग -टिहरी सड़क मार्ग स्थित एक गांव की 14 वर्षीय छात्रा का नेपाली युवक द्वारा बहला फुसलाकर अपरहण कर लिया गया। नेपाली युवक ने छात्रा को अज्ञात स्थान पर एक कमरे में बन्द कर दिया।
छात्रा के अपहरण में एक स्थानीय युवक द्वारा भी नेपाली युवक का साथ दिया गया। देर रात नेपाली युवक ने कमरे में बन्द छात्रा से दुष्कर्म किया। इस बीच छात्रा के पिता द्वारा थाना देवप्रयाग में नेपाली मूल के युवक द्वारा उसकी नाबालिग बेटी का अपरहण करने की सूचना दी। उधर नेपाली युवक छात्रा को नेपाल लेकर फरार होने की कोशिश में जुटा था, वह अपने मोबाइल को तीन हजार में बेचने के साथ ही उसने जान पहचान वालों से पैसा भी इकठा कर लिया।
इससे पहले नेपाली युवक छात्रा को लेकर नेपाल फरार होता थाना प्रभारी संजय मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुच गये। उन्होंने छात्रा के साथ नेपाली युवक को पकड़ लिया। पुलिस ने छात्रा को उसके परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस ने दुष्कर्म और अपरहण के मामले में नेपाली युवक लोक बहादुर उर्फ प्रकाश पुत्र भीम बहादुर ग्राम तिलकपुर थाना जिला कमदिबांके नेपाल को दुष्कर्म और अपरहण तथा स्थानीय युवक के खिलाफ अपहरण और पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने पीडि़ता और अभियुक्तों का मेडिकल करवाया गया। पुलिसे टीम में एसआई विक्रम सिंह बिष्ट, शाहिद परवीन, सिपाई मनीष बेदवाल, रविंद, राजकुमार, दीपा शामिल थे।
रुड़की : बुग्गावाला थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर टोंगिया में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बुग्गावाला पुलिस के अनुसार मंगलवार देर रात 32 वर्षीय सुभाष निवासी रसूलपुर टोंगिया घर में अकेला था। उसने फांसी लगा दी। बाद में परिजनों ने उसे फंदे पर झूलता देखा। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ इकठ्ठा हो गई। साथ ही मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। थानाध्यक्ष प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि शव को मोर्चरी भिजवा दिया गया है।
नई दिल्ली : भारत में ओमिक्रॉन के मामलों में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी बुधवार के आंकड़े के अनुसार देश में ओमिक्रॉन संक्रमितों की कुल संख्या 781 हो गई है। दिल्ली 238 मामलों के साथ पहले स्थान पर आ गई है। वहीं महाराष्ट्र 167 मरीजों के साथ दूसरे स्थान पर है।वहीं बीते 24 घंटों में देश में कोरोना संक्रमण के 9 हजार 195 नए मामले मिले हैं। इस दौरान 302 मरीजों की मौत हुई। फिलहाल, देश में 77 हजार से ज्यादा कोविड मरीजों का इलाज जारी है। नए आंकड़ों को मिलाकर देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 3 करोड़ 48 लाख 8 हजार 886 पर पहुंच गई है। वहीं, अब तक 4 लाख 80 हजार 592 मरीज जान गंवा चुके हैं।
नए आंकड़ों के अनुसार, ओमिक्रॉन वेरिएंट के 781 में से 241 मामलों में मरीज को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है या वे बाहर चले गए हैं। ओमिक्रॉन वेरिएंट के सबसे ज्यादा 238 मामले राजधानी दिल्ली में है। इसके बाद महाराष्ट्र में 167 मामले मिले हैं। देश के 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ओमिक्रॉन की दस्तक हो चुकी है। हाल ही में मणिपुर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, गोवा में पहला मामला दर्ज किया गया है।
महाराष्ट्र में मंगलवार को कोविड-19 के 2,172 नये मामले सामने आने के साथ कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 66,61,486 हो गयी है। जबकि 22 और रोगियों की मौत होने से मृतक संख्या बढ़कर 1,41,476 हो गई। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। हालांकि, थोड़ी राहत की बात यह रही कि बीते 24 घंटे के दौरान महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के ओमीक्रोन स्वरूप का कोई नया मामला सामने नहीं आया। राज्य में अब तक ओमीक्रोन के 167 मामलों की पुष्टि हो चुकी है।
दिल्ली में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 496 नए मामले सामने आए, जो चार जून के बाद से एक दिन में सामने आए मामलों की सर्वाधिक संख्या है। राष्ट्रीय राजधानी में पिछले 24 घंटे में महामारी से एक मरीज की मौत हुई जबकि संक्रमण की दर बढ़कर 0.89 प्रतिशत हो गयी। दिल्ली में अब तक कोरोना वायरस संक्रमण के कुल 14,44,179 मामले सामने आ चुके हैं।
केरल में ओमीक्रोन से संक्रमण के और सात मामले आने के साथ ही राज्य में कोरोना वायरस के नये स्वरूप से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 64 हो गई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को बताया कि सात नये मामलों में से चार पथनमथिट्टा में, दो अलप्पुझा और एक तिरुवनंतपुरम में आए हैं। विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इनमें से दो लोग संयुक्त अरब अमीरात से लौटे हैं, जबकि एक-एक व्यक्ति आयरलैंड, कतर, इटली और तंजानिया से लौटे हैं। वहीं एक व्यक्ति संक्रमित मरीज के संपर्क में आकर संक्रमित हुआ है।
नई दिल्ली : वैक्सीन निर्माता कंपनी बायोलॉजिकल ई. लिमिटेड को अपने कोविड-19 टीके ‘कॉर्बेवैक्स’ (Corbevax) को बूस्टर डोज के लिए चरण तीन के क्लीनिकल ट्रायल करने की मंजूरी मिल गई है। यह मंजूरी ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया ने दी है। भारत बायोटेक के बाद बायोलॉजिकल ई. लिमिटेड दूसरी कंपनी है जिसे बूस्टर डोज के लिए क्लीनिकल ट्रायल करने की मंजूरी मिली है। विस्तृत विचार-विमर्श के बाद, विशेषज्ञ समिति ने प्रस्तावित चरण तीन के क्लीनिकल ट्रायल के संचालन की अनुमति देने की सिफारिश की।
परीक्षण के दौरान इन बातों का रखना होगा ध्यान
इस मंजूरी के तहत सबसे बहले बूस्टर खुराक पर अध्ययन छह और नौ महीने के दो समूहों में आयु-वार के साथ करना होगा वहीं उच्च जोखिम या गंभीर रोगों की स्थिति वाले 50 फीसदी विषयों को शामिल करना होगा। दूसरा यह कि सेफ्टी फॉलो-अप को नौ महीने तक बढ़ाया जाए।
इससे पहले बायोलॉजिकल ई की सामान्य कोरोना वैक्सीन को मिली थी अनुमति
इससे पहले केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) ने मंगलवार को कॉर्बेवैक्स वैक्सीन को आपात स्थिति में इस्तेमाल की अनुमति दे दी थी। यह भारत में निर्मित विकसित पहला प्रोटीन आधारित कोविड टीका है। बायोलॉजिकल ई ने अपने कोविड-19 टीके कॉर्बेवैक्स का उत्पादन 7.5 करोड़ डोज प्रति महीने की दर से करने की योजना बनाई है। कंपनी ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि फरवरी, 2022 से वह कॉर्बेवैक्स टीके की हर महीने 10 करोड़ से अधिक खुराकों का उत्पादन कर पाने की स्थिति में होगी।
भारत में कोरोना से लड़ाई में क्यों अहम साबित होगी कोर्बिवैक्स
वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रोटीन आधारित वैक्सीन्स के निर्माण का खर्च मौजूदा वेक्टर या एमआरएनए टीकों के मुकाबले काफी कम है। साथ ही प्रोटीन बेस्ड टीकों को दो से आठ डिग्री सेल्सियस तक के तापमान पर भी रखा जा सकता है, जिससे इन्हें भारत और अफ्रीका जैसे देशों में दूर-दराज के स्थानों तक पहुंचाना आसान होगा। वैक्सीन्स को माइनस तापमान में रखने की जरूरत होती है, जिसकी वजह से इन्हें स्टोर करने का इन्फ्रास्ट्रक्चर हर देश के लिए जुटाना नामुमकिन है। ऐसे में कोर्बिवैक्स भारत में पूर्ण टीकाकरण के साथ बूस्टर डोज की जरूरतों को पूरा करने में अहम साबित होगी।
नई दिल्ली | दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने आदेश जारी कर कहा है कि राष्ट्रीय राजधानी में सभी स्कूल अगले आदेश तक बंद रहेंगे। ये घोषणा दिल्ली सरकार द्वारा मंगलवार को ओमिक्रॉन वैरिएंट के प्रसार के मद्देनजर लगाए लगए कड़े प्रतिबंधों के बाद की गई है। शिक्षा निदेशालय ने अपने आदेश में कहा, "डीडीएमए के आदेश का पालन करते हुए, सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त, गैर-मान्यता प्राप्त, एनडीएमसी, एमसीडी और दिल्ली छावनी बोर्ड के स्कूल अगले आदेश तक बंद रहेंगे।"
शेड्यूल के मुताबिक होंगी CBSE परीक्षाएं
हालांकि शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी नए सर्कुलर में CBSE परीक्षाओं को लेकर कोई नया आदेश जारी नहीं किया गया है। इसमें कहा गया है, "ऑनलाइन शिक्षण गतिविधियाँ, सीबीएसई रजिस्ट्रेशन और CBSE परीक्षाएं व संबंधित गतिविधियां जैसे कि प्रैक्टिकल, प्रोजेक्ट और असाइनमेंट आदि 11 वीं और 12 वीं कक्षा के लिए शेड्यूल के अनुसार आयोजित की जाएंगी।"
दिल्ली में येलो अलर्ट लागू
बता दें कि ये फैसले ऐसे समय में लिए गए हैं जब मंगलवार से दिल्ली में येलो अलर्ट के चलते कई सारे प्रतिबंध लगाए गए हैं। दिल्ली में स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटरों समेत तमाम शिक्षण केंद्रों को बंद करने का फैसला लिया गया है। शादियों और अंतिम संस्कार जैसे कार्यक्रमों में भी 20 से ज्यादा लोगों को शामिल होने की परमिशन नहीं होगी। गैर-जरूरी सामान की दुकानें ऑड ईवन के नियम से खुलेंगी।
बिहार | बांका प्रखंड क्षेत्र के राजावर गांव में मंगलवार की शाम एक घर में हुए सिलेंडर धमाके में पांच बच्चों की मौत हो गई। मृतकों में एक लड़का और चार लड़कियां शामिल हैं। इनमें चार सगे भाई-बहन थे जबकि एक चचेरी बहन। जिला मुख्यालय से 70 किमी दूर शाम करीब सात बजे हुए हादसे की सूचना मिलने के बाद वरीय अधिकारी गांव के लिए रवाना हो गए हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि मजदूरी करने वाले अशोक पासवान के घर शाम को उनकी पत्नी सुनीता देवी खाना बनाने बैठीं। पास ही एक चौकी पर उनका बेटा, तीन बेटियां और अशोक के भाई प्रकाश की एक बेटी पढ़ाई कर रही थी। जैसे ही सुनीता देवी ने गैस चूल्हा जलाया, पाइप में आग लग गई। घबराई सुनीता दौड़क अपने पति को बुलाने बाहर भागी। इस बीच सिलेंडर में धमाका हो गया और चौकी पर बैठे पांचों बच्चे उसकी चपेट में आ गए। जब तक सुनीता अपने पति को बुलाकर लौटी बच्चे आग की लपटों में घिर चुके थे, जिन्हें जिंदा बचाया नहीं जा सका।
अशोक पासवान के चारों बच्चों की मौत इस हादसे में हो गई। भाई प्रकाश की भी एक बेटी चल बसी। प्रकाश का एक पुत्र और एक पुत्री हादसे के वक्त घर के बाहर थे, इसलिए दोनों की जान बच गई। दोनों भाइयों का परिवार एक ही मकान में रहता है। उज्ज्वला योजना के तहत इनके घर गैस चूल्हा आया था। घटना की पुष्टि करते हुए सीओ मो. मोइनुद्दीन ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
भोपाल : रायसेन जिले की सेमरी निवासी रश्मि सिंह ने बीकॉम की डिग्री ली है। सरकारी नौकरी पाने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। भारकच्छ के लोकेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने बीए करने के बाद आईटीआई किया है, लेकिन सरकारी नौकरी तो दूर प्राइवेट क्षेत्र में भी जॉब नहीं मिली। शाजापुर के दिनेश सिंह ने एमकॉम किया और सरकारी नौकरी पाने के लिए काफी हाथ-पैर मार चुके हैं। अब एक कंपनी में सुरक्षा गार्ड की नौकरी कर रहे हैं। यह हाल इन्हीं युवाओं की नहीं बल्कि प्रदेश के रोजगार कार्यालयों में पंजीकृत 30 लाख बेरोजगार नौकरी पाने की लाइन में खड़े हैं।
सरकार हर साल बैकलॉग के पद भरने के लिए विशेष अभियान भी चला रही है। कोरोना की वजह से दो सालों से पीईबी द्वारा भी परीक्षाएं आयोजित नहीं की गई। बीच-बीच में कुछ परीक्षाएं कराई गई, लेकिन सरकारी नौकरी पाने वालों की संख्या हजार और लाखों में रहती है, जिसके कारण प्रदेश में बेरोजगारों की संख्या बढ़ रही हे। रोजगार एवं कौशल विभाग के अनुसार वर्ष 2020-21 में मप्र में 1444547 शिक्षित युवाओं ने अपने पंजीयन रोजगार कार्यालयों में कराया है।
इसी तरह वर्ष 2021-22 में 31 नवम्बर तक एक लाख 99344 युवाओं ने पंजीयन कराया। सरकार का फोकस भी सरकारी नौकरी के स्थान पर बेरोजगारों को प्राइवेट क्षेत्र में नौकरी लगवाने का है। सरकार ने वर्ष 2020-21 में 80717 युवाओं को प्राइवेट कंपनियों तथा उद्योगों के माध्यम से ऑफर लेटर दिए गए हैं। वर्ष 2021-22 में 61199 युवाओं को ऑफर दिए गए, लेकिन इनमें से 50 से 60 फीसदी को ही प्राइवेट क्षेत्र में नौकरी मिल सकी। यानि बीते दो सालों में एक भी युवा को सरकारी नौकरी नहीं मिल सकी है।
खंडवा : मोघट थाने की पुलिस ने सिहाड़ा रोड पर केसर सिटी के पास प्रेस लिखी बुलेट से जा रहे दो युवकों से छह देशी पिस्टल और दो कारतूस जब्त किए हैं। आरोपित 20-20 हजार रुपये में पिस्टल बेचने जा रहे थे। एक आरोपित के पास प्रेस कार्ड भी मिला है।
पुलिस अधीक्षक सीमा अलावा ने बताया कि रविवार रात पुलिस को सूचना मिली कि खालवा से मूंदी की ओर से बुलेट पर दो युवक जा रहे हैं। ये अवैध हथियार बेचने के लिए निकले हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए केसर सिटी के पास बुलेट को रोका। पूछताछ में दोनों ने अपने नाम विजय जायसवाल आयु 25 वर्ष निवासी ग्राम लाखेरा माल एवं शाहरुख मंसूरी निवासी ग्राम दोंगालिया बताया। तलाशी में पिस्टल और कारतूस मिले। बुलेट विजय जासवाल की है। उसके पास इलेक्ट्रानिक चेनल का आइडी कार्ड भी मिला है। ये पिस्टल सिकलीगरों द्वारा बनाई गई है।
सतना : मध्यप्रदेश के सतना जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बराकला गांव के पास आज एक निजी यात्री बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई, जिससे 11 यात्री घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सतना से चित्रकूट जा रही एक निजी यात्री बस आज सुबह जिले के बराकलां गांव के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में 11 बस यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया है कि हादसे के समय घना कोहरा छाया हुआ था।
अहमदनगर, महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में कोरोना से संक्रमितों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को 28 और छात्रों और 3 स्टाफ सदस्यों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। आज मिले संक्रमितों को जोड़कर अब कुल संक्रमितों की संख्या 82 हो गई है। महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग ने इसकी जानकारी दी है। कोरोना विस्फोट के बाद अब आवासीय स्कूल को सील कर दिया गया।
बता दें कि स्कूल में पिछले सप्ताह 19 स्टूडेंट कोरोना संक्रमित पाए गए थे। जिसके बाद सभी छात्रों का कोरोना टेस्ट कराने के लिए निर्देश दिए गए थे। रविवार को आए जांच रिपोर्ट में 48 स्टूडेंट और 3 स्टाफ मेंबर पॉजिटिव मिले थे। वहीं सोमवार को यानि आज 28 और छात्रों और 3 स्टाफ सदस्यों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब कुल संक्रमितों की संख्या 82 हो गई है।
Maharashtra | 28 more students & 3 staff members of Jawahar Navodaya Vidyalaya in Ahmednagar district have tested positive for COVID-19, taking the number of such cases at the institute to 82, a health department official said.
— ANI (@ANI) December 27, 2021
घटना हरियाणा के अंबाला-दिल्ली हाईवे से सामने आ रही है जहाँ सोमवार सुबह दर्दनाक हादसे में 5 लोगों की जान चली गई और 10 लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, कटरा से दिल्ली की तरफ जा रही 3 टूरिस्ट डीलक्स बसें तड़के 3 बजे आपस में टकरा गईं। हादसा सबसे आगे चल रही बस के ड्राइवर को अचानक नींद की झपकी आ जाने से हुआ। लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर बस में फंसी सवारियों को बड़ी जद्दोजहद के बाद बाहर निकाला।
मृतकों में छत्तीसगढ़ और झारखंड के लोग है शामिल
मरने वालों में दो छत्तीसगढ़, एक झारखंड और एक उत्तरप्रदेश का रहने वाला था। पांचवें व्यक्ति की शिनाख्त नहीं हो पाई है। हादसे के वक्त सभी सवारियां सो रही थीं। सबसे आगे चल रही बस के अचानक रुकते ही पीछे की दोनों बसें उससे टकरा गईं। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों में छत्तीसगढ़ और झारखंड के लोग शामिल हैं। तीनों बसें एक के पीछे एक चल रही थीं, इसलिए बड़े एक्सीडेंट के बाद भी हाईवे पर ट्रैफिक जारी रहा।
जानकारी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के कटरा से स्लीपर टूरिस्ट डिलक्स कोच (HR38AB2234) रविवार शाम को नई दिल्ली के लिए रवाना हुई। उसके पीछे दो और स्लीपर बसें (UP22T8353) व (RJ18PB2054) भी नई दिल्ली के लिए चलीं। काफिले की शक्ल में चल रही तीनों बसें सोमवार तड़के 3 बजे जब अंबाला शहर में नेशनल हाईवे पर हीलिंग टच अस्पताल के पास पहुंची तो सबसे आगे चल रही बस के ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई और उसका पैर ब्रेक पर पड़ गया।
अचानक रुकने से हुई तीन बसों की भिड़ंत
हाईवे पर चल रही तेज रफ्तार बस के अचानक रुकने के कारण पीछे आ रही दोनों बसों के ड्राइवर संभाल नहीं पाए और उनकी एक-दूसरे से टक्कर हो गई। यूपी नंबर वाली टूरिस्ट बस अन्य दोनों बसों के बीच आ जाने की वजह से बुरी तरह दब गई और उसमें सवार 4 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वाला पांचवां शख्स सबसे आगे चल रही हरियाणा नंबर वाली बस में था। हादसे में 10 अन्य सवारियों को चोटें भी आईं।
मास्को : यूरोप पहुंचने की कोशिश कर रहे कम से कम 27 प्रवासी पश्चिमी लीबिया के तट पर डूब गए, जबकि तीन लोगों को बचा लिया गया।
स्वास्थ्य सहायता चैरिटी ने सोशल मीडिया पर बताया कि बीती रात अल-अलौस के समुद्र तट पर एक बच्चे सहित 17 लोग डूब गए। बाद में 10 से ज्यादा लोगों के शवों को विभिन्न जगहों से बरामद कर लिया गया। राहत एवं बचाव कर्मियों को मृतकों की संख्या बढऩे की आशंका है। लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान जारी है।
जौनपुर : शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के सबरहद (उजरौटी) गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई मारपीट की इस घटना में नौ लोग घायल हो गए।सभी घायलों को उपचार के लिए पुरूष चिकित्सालय लाया गया। उक्त गांव में रविवार की देर शाम जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई मारपीट की इस घटना में सुषमा (24) सावित्री (40) लालचंद (45) कुसुम (22) शशि कला (45) सुदामा (50) संतलाल (70) चांदनी (15) व चंदन (13) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए पुरूष चिकित्सालय लाया गया।
जौनपुर : चंदवक थाना के बजरंगनगर चौकी अंतर्गत अइलिया गांव में बीती रात चोर तीन दुकान व एक घर से लाखों के समान सहित नगदी पर हाथ साफ कर निकल गये। बताते है कि सोनू वर्मा अइलिया में ऑटो पार्ट व गैरेज की दुकान चलाते थे । रोज की भांति अपनी दुकान बंद कर शाम को अपने घर कुशैला चले गए। आधी रात वीत जाने के बाद पड़ोसी ने फोन कर बताया कि तुम्हारी दुकान से आवाज आ रही क्या कर रहे हो । \
दुकान में चोरी होने का संदेह देख तत्काल आधी रात को दुकान आकर देखा तो शटर का ताला टूटा था आनन-फानन में दुकान की शटर उठाकर देखा तो चोर छत के सहारे दुकान के अंदर घुसकर दुकान में रखे एक लाख बीस हजार का सामान सहित गल्ले में रखा दस हजार नगद लेकर फरार हो गए!समान व नगदी गायब देख पैरो तले से जमीन खिसक गए चोरी की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे बजरंग नगर चौकी प्रभारी जितेंद्र बहादुर सिंह ने मौके की पड़ताल कर मौके से मिली मोबाईल की जांच में जुट गए। उसी रात चोरो ने वीज भंडार,पान भंडार व एक घर से हजारो रुपये व नगदी पर हाथ साफ किया।








