चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में सोमवार को तड़के बादल फटने की घटना से तबाही मच गई है। जिले के नारायणबगड़ में तड़के बादल फटने की घटना में सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के मजदूरों के करीब 15 टेंट मलबे में दब गए। वहीं मलबे से कर्णप्रयाग-ग्वालदम हाईवे भी बंद हो गया है। मार्ग को खोलने का काम शुरू कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस घटना का संज्ञान लिया। उन्होंने कहा स्थानीय प्रशासन राहत बचाव कार्य कर रहा है। बादल फटने की घटना से कोई जनहानी नहीं हुई है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह नारायणबगड़ के पंती कस्बे के ऊपरी भाग में करीब 6 बजे बादल फटने से मंगरीगाड़ में आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। गधेरे (बरसाती नाले) के सैलाब से कर्णप्रयाग-ग्वालदम हाईवे के किनारे बीआरओ के मजदूरों के करीब 10 से 15 टेंट मलबे में दब गए। जब मलबा आया मजदूर अपने टेंट के अंदर थे। लेकिन जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ।
सभी मजदूर नेपाल और झारखंड के रहने वाले
मजदूरों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी बच्चों और महिलाओं को सैलाब से बचा लिया। ये सभी मजदूर नेपाल और झारखंड के रहने वाले हैं। मलबे से कर्णप्रयाग-ग्वालदम हाईवे बंद हो गया है, जिसे खोलने के प्रयास जारी हैं।
नारायणबगड़ क्षेत्र भूगर्भीय दृष्टि से संवेदनशील
प्रत्यक्षदर्शी लोगों ने बताया कई दोपहिया वाहन व कार भी मलबे में दबे हुए हैं। प्रशासन मौके पर पहुंच गया है। बचाव व राहत के कार्य शुरू कर दिए गए हैं। मजदूरों और उनके बच्चों को गांव के लोगों ने अपने घरों में सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है। बादल फटने की घटना से पूरे क्षेत्र के लोग खौफजदा हैं। स्थानीय जानकारों का कहना है कि नारायणबगड़ क्षेत्र भूगर्भीय दृष्टि से संवेदनशील है।
जिले के आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी के मुताबिक घटना में जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। कर्णप्रयाग-ग्वालदम हाईवे को खोलने का काम शुरू कर दिया गया है। प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है
नई दिल्ली | केरल के पलक्कड़ के रहने वाले एक शख्स ने आखिरकार अपनी गर्लफ्रेंड से तब शादी की जब उसे करीब दस साल तक घर के कमरे में छिपाए रखा। रहमान नाम के इस शख्स ने सजिता नामक अपनी गर्लफ्रेंड से कानूनी रूप से शादी कर ली। एक स्थानीय सब रजिस्ट्रार कार्यालय में दोनों ने शादी के दस्तावेज पर साइन किए। इन दोनों की प्रेम कथा काफी अनोखी है, जिसका खुलासा दस साल बाद हुआ है।
दरअसल, यह सब तब शुरू हुआ था जब कुछ महीने पहले केरल राज्य महिला आयोग ने रहमान के खिलाफ यह कहते हुए मामला दर्ज किया था कि उसने एक महिला को बंदी बनाया हुआ है। लेकिन पुलिस ने पाया कि रहमान ने अपने घर में एक दशक तक महिला की देखभाल की। तब जाकर इस मामले का खुलासा हुआ था कि रहमान ने अपनी गर्लफ्रेंड को छिपाए रखा था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, केरल के पलक्कड़ स्थित अयालुर गांव की एक लड़की दस साल पहले अचानक गायब हो गई। परिवार वालों ने ढूढ़ा लेकिन उसका पता नहीं चला, तो उन्होंने उम्मीद छोड़ दी। लड़की को उसके पड़ोसी लड़के रहमान से प्यार हो गया और एक दिन उसका प्रेमी सजिता को चुपचाप अपने घर के कमरे में लाकर छिपा लिया था। मामले का खुलासा हुआ तो उस लड़के की शिकायत की गई थी।
इसके बाद पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया तो उन्होंने बताया कि हम दस साल से साथ रह रहे हैं और साथ रहने की इच्छा है। कोर्ट ने उन्हें साथ रहने की परमीशन दे दी। जब रहमान के घर वालों को यह पता चली तो कुछ रिश्तेदार खुश हुए तो कुछ लोगों को यह बात पसंद नहीं आई। लेकिन दोनों ने शादी करने का फैसला किया।
दोनों ने बुधवार को पलक्कड़ जिले के नेनमारा में कानूनी रूप से शादी कर ली। सजिता के माता-पिता भी समारोह में शामिल हुए, जबकि रहमान के कुछ रिश्तेदार नहीं शामिल हुए। शादी में नेनमारा विधायक के बाबू भी शामिल हुए। रहमान और सजिता ने मिठाई बांटी और शादी में सहयोग करने वाले सभी लोगों को धन्यवाद दिया। रहमान ने कहा कि हम एक सुखी और शांतिपूर्ण जीवन जीना चाहते हैं।
श्रीगंगानगर: राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में मेगा हाइवे पर रावतसर के समीप आज तड़के कार और ट्रक ट्रेलर में आमने-सामने की टक्कर हो जाने से चार युवकों की मौत हो गई। मृतकों में तीन चचेरे एवं ममेरे भाई हैं। चौथा इनका दोस्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान रावतसर में वार्ड नंबर 21 निवासी हेमंत नाई (18) नीरज नाई (17) झुंझुनू जिले में बजावा निवासी रजत नाई (20) और रावतसर में वार्ड नंबर 21 निवासी रुद्राक्ष गोदारा (17) के रूप में की गई है।
इनमें तीन घायलों को आपातकाल सेवा 108 की एंबुलेंस से तत्काल अस्पताल ले जाया गया लेकिन तीनों को ही मृत घोषित कर दिया गया। चौथे ड्राइविंग सीट पर फंसे हुए युवक का शव बाहर निकालने के लिए काफी जतन करने पड़े। ट्रेलर कार के हिस्से को टोचन कर उखाड़ा गया, जिससे लाश बाहर निकाली जा सकी।
सुबह चार बजे हुई दुर्घटना में चार युवकों की मृत्यु हो जाने से रावतसर में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह युवक अपने एक परिवारजन की कार लेकर तीन-चार दिनों से ड्राइविंग करना सीख रहे थे। कस्बे के एक बाशिंदे ने बताया कि यह युवक रावतसर के अंदर तथा साथ लगती कालोनियों की खाली सड़कों पर तीन-चार दिन से कार ड्राइविंग सीख रहे थे, लेकिन कल देर रात को मेगा हाईवे पर कार ड्राइविंग के लिए चले गए। सुबह लगभग चार बजे लक्खूवाली से वापस रावतसर आते समय कस्बे से 3 किमी दूर भादू पेट्रोल पंप के पास सामने से सीमेंट के थैले लेकर आ रहे ट्रक ट्रेलर से भीषण भिड़ंत हो गई।
सोशल मीडिया पर अक्सर हमे नई-नई चीजे देखने को मिलती है, जिन्हें देखकर लोग हैरान हो जाते हैं. इन फोटोज को लेकर कई बार लोगों में बहस भी छिड़ जाती है. इन दिनों एक ऐसी ही फोटो खूब वायरल हो रही है जिसमें एक लड़की, लड़के को अपनी कुर्सी (Woman sitting on Boy Chair) बनाकर उसी पर बैठ गई. ऐसा उसने कहीं अकेले में नहीं, बल्कि एक रेलवे स्टेशन (Railway Station) के सबवे प्लेटफॉर्म पर किया. जब से ये फोटो वायरल (Woman sitting on boy viral photo) हुई है तब से ही सोशल मीडिया यूजर इस फोटो पर अपनी अलग-अलग तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टिकटॉक (Tiktok) पर मौजूद एक यूजर @sti1es ने ये वीडियो अपने अकाउंट से पोस्ट किया है. डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक इस वीडियो पर हजारों लोग कमेंट कर चुके हैं. सबसे पहले वीडियो से जुड़ी फोटो इंस्टाग्राम पर ‘सबवे क्रीचर्स’ (Subway Creatures) नाम के अकाउंट ने पोस्ट की थी. फोटो में नजर आ रहा है कि लड़का अपने हाथों और घुटनों के बल पर प्लेटफॉर्म की जमीन पर झुका हुआ है और लड़की उसके ऊपर बैठी हुई है. इस फोटो के साथ अकाउंट पर कैप्शन में लिखा है- “सुना था कि पुरुषों में शिष्टाचार खत्म हो चुका है.” इस तंज भरे कैप्शन का लोग समर्थन कर रहे हैं और लड़की की आलोचना कर रहे हैं. कुछ लोगों का कहना है कि लड़की को ऐसा नहीं करना चाहिए था जबकि कुछ लोग तो उसके लिए और भी भद्दी-भद्दी बातें लिख रहे हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक टिकटॉकर, लड़के पर बैठकर वीडियो शूट कर रही थी (Titoker sits on boy to shoot video). प्लेटफॉर्म पर और भी लोग मौजूद थे जो ये देखकर रहे थे. वीडियो में नजर आ रहा है कि लड़की एसेक्स स्ट्रीट नाम के रेलवे प्लेटफॉर्म पर खड़ी हुई है. ये जगह अमेरिका के मैनहैटन में स्थित है. आपको बता दें कि लड़की ने इस वीडियो के साथ जो कैप्शन पोस्ट किया है उसमें उसने लड़को को अपनी ‘बॉय चेयर’ (Boy Chair) बताया है. वीडियो पर कमेंट कर एक शख्स ने कहा कि शायद लड़की के पैर में कोई तकलीफ होगी इसलिए उसके साथ मौजूद शख्स ने उसे अपने ऊपर बैठा लिया है लेकिन इसके बावजूद भी लड़की को जमीन पर बैठना चाहिए था. जबकि कुछ लोग ये कह रहे हैं कि दोनों वीडियो पर लाइक्स और व्यूज बटोरने के लिए ऐसा कर रहे हैं.
Omg girl using boy as a chair person has a tik Tok pic.twitter.com/lnVXSZRPbz
— melodawg (@melodawgs) September 18, 2021
जमुई. बिहार के जमुई जिले से शर्मसार कर देने वाली खबर सामने आई है, धर्म की आड़ में इलाज के नाम पर महिला से रेप का मामला सामने आया है. नगर थाना क्षेत्र स्थित एक मजार पर इलाज कराने आई महिला ने कातिब पर रेप का आरोप लगाया है. इसकी जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कातिब को गिरफ्तार कर लिया है. पीड़ित महिला मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र की रहने वाली है.
पीड़िता ने नगर थाना पहुंचकर अपने साथ हुई रेप की तहरीर दी जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया. 24 वर्षीय महिला ने पुलिस को दिए अपने आवेदन में कहा कि अपनी बीमारी के इलाज के लिए वो पिछले 15 दिन से उगनीचक मजार पर रह रही थी. यहां झाड़-फूंक के नाम पर उसे और दो अन्य महिलाओं को जंगल ले गया जाया गया. यहां खतरा भांप कर दो महिलाएं किसी तरह भागने में सफल रहीं. लेकिन यहां कातिब ने उसके साथ मारपीट की और गलत काम (रेप) किया.
इस मामले में एसडीपीओ राकेश कुमार ने बताया कि मजार के जिस कातिब पर रेप का आरोप लगा है वो 25 वर्ष पूर्व धर्म परिवर्तन कर मुसलमान बना था. पुलिस ने सदर अस्पताल में पीड़िता का मेडिकल करवाया है. पुलिस गिरफ्तार आरोपी को जेल भेजने की तैयारी में जुट गई है.
बाराबंकी. उत्तरप्रदेश के बाराबंकी से बड़ी खबर सामने आ रही है, आज रविवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. यहां गणेश प्रतिमा विसर्जन करते समय 5 लोग कल्याणी नदी में डूब गए. इनके डूबने से इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से पांचों की तलाश शुरू करवा दी है. डूबने वालों में एक महिला और चार पुरुष शामिल हैं. महिला का शव बरामद कर लिया गया है, लेकिन अभी तक बाकी चारों लोग लापता हैं.
यह मामला बाराबंकी में मसौली थाना क्षेत्र के सहादत गंज गांव का है. यहां आज गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान 5 लोग कल्याणी नदी में डूब गए. मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव का काम शुरू कर दिया है. डूबे 5 लोगों में गोताखोरों ने नदी से महिला का शव बरामद कर लिया है. बाकी चार लोगों की तलाश में गोताखोरों की टीम जुटी हुई है. पुलिस का कहना है कि कल्याणी नदी में पानी का बहाव तेज है. इसकी वजह से डूबे लोगों की तलाश में गोताखोरों को दिक्कत हो रही है. जानकारी के मुताबिक हादसे का शिकार होने वालों में मसौली थाना क्षेत्र के सहादत गंज कस्बा के रहने वाले नारायणधर पांडेय, हरिश्चंद्र, नीलेश पटवा, मुन्नी पटवा, धर्मेंद्र कश्यप और सूरज पटवा शामिल हैं.
बाराबंकी के एसपी यमुना प्रसाद ने बताया कि एक परिवार ने गणेश प्रतिमा रखी थी. उसी के विसर्जन के लिए कुछ लोग यहां आए थे. विसर्जन के दौरान उनमें से एक डूबने लगा, तो बाकियों ने उसे बचाने की कोशिश की. इसी क्रम में 5 लोग नदी में डूब गए. स्थानीय गोताखोरों की टीम ने एक महिला का शव बरामद कर लिया है, जबकि बाकी की तलाश जारी है.
बरेली | यौन अपराधों से बच्चों का विशेष संरक्षण (पॉक्सो) अदालत ने 2019 में बरेली जिले के शेरगढ़ इलाके में 15 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में एक व्यक्ति को 22 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है।
विशाखापत्तनम | आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम निवासी टी अप्पला राजू और भाग्यलक्ष्मी ने 15 सितंबर 2019 को आंध्र प्रदेश की गोदावरी नदी में हुए नाव हादसे में अपनी दो बेटियों को खो दिया था. इस हादसे में 50 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी. इसी हादसे में राजू और भाग्यलक्ष्मी की 3 साल और 1 साल की दो बच्चियों की भी मौत हो गई थी. इस हादसे के ठीक दो साल बाद 15 सितंबर 2021 को भाग्यलक्ष्मी ने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया है. इसे भाग्य का चक्र ही कहेंगे कि दोनों बेटियां ही हैं. दंपति का कहना है कि जिस दिन उन्होंने अपनी बेटियों को खोया था, उसी दिन जुड़वा बच्चों का होना भगवान का आशीर्वाद है.
ग्लास फैक्ट्री में काम करने वाले टी अप्पला राजू के घर पर आज से दो साल पहले 15 सितंबर 2019 को दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था. हादसा तब हुआ जब गोदावरी नदी में एक डबल-डेकर लॉन्च एक भंवर में फंसकर डूब गई. 32 वर्षीय अप्पला राजू ने बताया कि उस दिन उसे थोड़ी बेचैनी हो रही थी, जिसके कारण दंपति ने अंतिम समय में अपनी यात्रा रद्द कर दी थी. हालांकि, उन्होंने अपनी दो बेटियों, गीता वैष्णवी (3) और धात्री अनन्या (1) को अपने रिश्तेदारों के साथ श्री राम मंदिर में तीर्थ यात्रा के लिए भेज दिया था. अप्पला ने बताया कि इस नौका में उनके परिवार के 11 लोगों शामिल थे, जिसमें से केवल एक सदस्य को ही बचाया जा सका था.
भाग्यलक्ष्मी ने बताया, नवजात शिशुओं में भी उनकी (मृतक) बहनों के समान लक्षण हैं. दोनों बच्चे पूरी तरह से स्वस्थ हैं. उन्होंने बताया कि हादसे के दिन मेरी साल अपनी दोनों पोतियों के साथ नाव में सवार थीं. इस हादसे ने हमारे पूरे परिवार को हिलाकर रख दिया. नाव हादसे में हमारे परिवार के 10 रिश्तेदारों की मौत हुई थी. हालांकि, अब हम नवजात शिशुओं के आगमन से बहुत खुश हैं.
डॉ. पी सुधा पद्मश्री ने बताया कि दंपति ने उनसे एक साल पहले संपर्क किया था. अपनी दो बच्चियों को खोने के बाद से दंपति काफी सदमे में थे. मैंने उन्हें आईवीएफ प्रक्रिया के बारे में समझाया और इलाज शुरू किया. हमने दंपति को 20 अक्टूबर की तारीख थी लेकिन बच्चों ने 15 सितंबर को ही जन्म ले लिया.
सीतामढ़ी | बिहार के सीतामढ़ी जिले में लड़की के परिजनों द्वारा शादी से इनकार किये जाने पर वर पक्ष की ओर से उसका अश्लील वीडियो सोशल मीडिया में वायरल करने का मामला सामने आया है | इससे आहत होकर पीड़िता ने खाना-पीना छोड़ दिया और वो सदमे में चली गई | लड़की के पिता की तहरीर पर बैरगनिया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है |
दर्ज प्राथमिकी में लड़की के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की शादी की बातचीत विरता टोला के प्रणोदय चौधरी के साथ चल रही थी | बातचीत के दरम्यान उन्होंने लड़की की तस्वीर वर पक्ष को दी थी | लेकिन कुछ दिन बीतने के बाद ही लड़के प्रणोदय द्वारा तस्वीर को एडिट कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया | लड़के की इस हरकत के बाद लड़की ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया | इससे खफा होकर प्रणोदय चौधरी ने हथियार के बल पर घर में घुसकर लड़की की अश्लील वीडियो बना ली और बैरगनिया के अशोगी निवासी सागर पासवान को वाट्सएप पर भेज दिया |
पीड़िता के घरवालों का आरोप है कि सागर और प्रणोदय ने लड़की के पिता की फर्जी फेसबुक आईडी बनाई और तस्वीर को उससे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया | लड़की के पिता ने दर्ज प्राथमिकी में कहा है कि सोशल मीडिया पर अश्लील वीडियो वायरल होने की जानकारी मिलने के बाद उनकी बेटी सदमे में चली गई और उसने खाना-पीना छोड़ दिया |
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और धमकी देने व वीडियो वायरल करने समेत अन्य कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है | बैरगनिया थाना अध्यक्ष रणवीर कुमार झा ने बताया कि मामले की प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है |
पटना | बिहार की राजधानी पटना से एक बड़ी खबर सामने आई है | खबर है कि बिहार की राजधानी पटना में हथियारबंद अपराधियों ने विक्रम सिंह नाम के जिम ट्रेनर को सरेआम गोली मार दी | इस हमले में जिम ट्रेनर गंभीर रूप से घायल हो गया | लेकिन लहूलुहान हालत में भी जिम ट्रेनर खुद स्कूटी चलाकर पीएमसीएम पहुंचा जहां उसे एडमिट किया गया | अस्पताल में जिम ट्रेनर जिंदगी और मौत से जूझ रहा है | घटना कदमकुआं थाना क्षेत्र के बुद्ब मूर्ति इलाके की है |
मिली जानकारी के मुताबिक 25 वर्षीय विक्रम सिंह एक स्थानीय जिम में ट्रेनर है | शनिवार की सुबह वो स्कूटी पर सवार होकर घर से जिम जा रहा था | सुबह के लगभग छह बजे वो लोहा सिंह गली इलाके में पहुंचा तो वहां पहले से घात लगाए हथियारबंद बदमाशों ने उस पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी | इस हमले में जिम ट्रेनर को पीठ, पेट और हाथ में चार गोलियां लगी हैं | इसके बाद भी लहूलुहान विक्रम सिंह खुद स्कूटी चलाकर पहले एक निजी हॉस्पिटल पहुंचा, और उसके बाद पीएमसीएच गया जहां डॉक्टर ने उनको भर्ती कर इलाज करना शुरू किया |
डॉक्टर और उनकी पत्नी पर हत्या की साजिश रचने का आरोप
सिटी एसपी सेंट्रल राहुल अंबरीश पूछताछ के लिए पीएमसीएच पहुंचे तो जिम ट्रेनर विक्रम सिंह ने उन्हें चौंकाने वाली जानकारी दी | जिम ट्रेनर ने पटना के एक डॉक्टर और उनकी पत्नी पर उनकी हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है | पुलिस सूत्रों ने बताया कि डॉक्टर की पत्नी के साथ जिम ट्रेनर की दोस्ती थी | पुलिस ने जिम ट्रेनर और डॉक्टर की पत्नी के मोबाइल का सीडीआर खंगालने के बाद यह पाया कि जिम ट्रेनर और उसकी पत्नी के बीच सैकड़ों बार बातचीत हो चुकी है | इन दोनों के बीच 40-40 मिनट तक बातें होती थी |
पुलिस ने जिम ट्रेनर के आरोपों पर कार्रवाई करते हुए डॉक्टर और उनकी पत्नी को हिरासत में ले लिया है | इन दोनों को पाटलिपुत्र थाने में रखा गया है | पुलिस अधीक्षक (एसपी) उपेंद्र शर्मा के मुताबिक जिम ट्रेनर और उसके परिजनों द्वारा दर्ज कराए गए बयान और एफआईआर के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करेगी |
भोपाल | ताजुल मस्जिद के सामने निजी अस्पताल में शनिवार देर शाम आग लग गई। आग से अफरा-तफरी मच गई। आग भीषण होती इससे पहले भर्ती मरीजों को अस्पताल की दूसरी बिल्डिंग में शिफ्ट किया गया। इतना ही नहीं कई मरीज खुद ही बेड छोड़कर सुरक्षित जगह पहुंच गए। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। मौके पर पहुंची दमकलों ने आग पर तुरंत ही काबू पाया। आग अस्पताल के बेसमेंट में रखे जनरेटर की बैट्री फटने से लगी थी।
बिहार | जिला न्यायालय के एडीजे छह सह विशेष पॉक्सो न्यायाधीश आशुतोष कुमार ने प्रेम जाल में फंसाकर व शादी का झांसा देकर नाबालिग साली से यौन शोषण करने वाले दोषी दुष्कर्मी जीजा रवींद्र कुमार को 20 साल की कठोर कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही, 20 हजार का जुर्माना भी किया है। जुर्माने की राशि नहीं देने पर छह माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। पीड़िता को पांच लाख रुपये सहयोग राशि देने का आदेश दिया। सजा सुनाने के बाद आरोपी को जज ने न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया।
विशेष पॉक्सो पीपी जगत नारायण सिन्हा, पीड़िता के वकील जितेंद्र कुमार व कुमार विनीत ने विचारण के दौरान छह साक्ष्यों का परीक्षण व बहस की थी। एफआईआर के अनुसार 15 वर्षीया नाबालिग पीड़िता की बड़ी बहन की शादी अस्थावां थाना निवासी व दिल्ली रेलवे में लोको पायलट की नौकरी कर रहे रवींद्र कुमार से 22 अप्रैल 2016 को हुई थी। शादी के दो माह बाद 5 जुलाई 2016 को आरोपी अपनी पत्नी व उसकी छोटी बहन पीड़िता को दिल्ली में लाल किला, कुतुब मीनार तथा ताजमहल दिखाने की बात कहकर ले गया था।
तीनों 6 जुलाई की शाम सात बजे दिल्ली पहुंचे। बड़ी बहन फ्रेस होने बाथरूम गई। इसी दौरान मौका देखकर आरोपी आराम कर रही पीड़िता के पास पहुंचा और उससे प्रेम का इजहार कर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाते हुए न्यूड वीडियो बना लिया। वीडियो दिखाकर वायरल करने की धमकी दी। वहां रहने के दौरान तथा बाद में भी कई बार शारीरिक शोषण किया।
आरोपी ने बाद में शादी करने से इंकार कर दिया। वीडियो पर धमकी देकर झूठी बातें कहला रिकार्ड कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। इससे निराश होकर पीड़िता ने जहर खा लिया। उपचार के बाद ठीक हुई, तो सारी बातें घरवालों को बताई। 10 अप्रैल 2018 को लगभग दो साल बाद महिला थाने में पीड़िता के बयान पर एफआईआर हुई। आरोपी को इस आधार पर 23 मई 18 को तत्कालीन एडीजे प्रथम के कोर्ट से जमानत भी मिली थी।
आगरा | उत्तरप्रदेश के आगरा मंडल में डेंगू और वायरल की समस्या कम होने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार को ब्रज में नौ बच्चों समेत 11 लोगों की डेंगू व वायरल से मौत हो गई। अकेले फिरोजाबाद जिले में पांच बच्चों ने दम तोड़ दिया। इसके साथ ही कासगंज और मैनपुरी में दो-दो, एटा और मथुरा में एक पीड़ित की मौत हो गई।
फिरोजाबाद में बघेल कॉलोनी निवासी अभय (7) पुत्र विपिन कुमार करबला निवासी शगुन (13) पुत्री पप्पू और मालवीय नगर गली नंबर छह निवासी कृष्णा (5) वर्ष पुत्र मनसुख की मौत हुई है। कश्मीरी गेट निवासी अनमता (7) पुत्री परवेश, भरत नगर झलकारी नगर निवासी इशिका बघेल (12) पुत्री राजकुमार बघेल ने भी दम तोड़ दिया। एटा में मिलावली निवासी वृद्ध मुंशीलाल (65) की बुखार से मौत हो गई। मैनपुरी के गांव जैनगढ़ी में रवी की 15 माह की बेटी अभि व अवनीश की तीन वर्षीय बेटी ताशी की भी बुखार से मौत हो चुकी है। कासगंज में शहर के मोहल्ला बनखंडी निवासी मुकेश पाठकर (40) और सानिया (12) पुत्री शेर मोहम्मद निवासी गनेशपुर की बुखार से मौत हो गई। मथुरा में चिराग दो माह पुत्र रवि निवासी सामौली की शुक्रवार को मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक उसे चार दिन से बुखार था।
कासगंज में हुई एक और लड़की की मौत
गंजडुंडवारा का गनेशपुर तो बुखार का हॉटस्पॉट बन चुका है। इस गांव में एक और लड़की की मौत बुखार से हो गई। इसके अलावा मोहल्ला वनखंडी का एक युवक मौत के आगोश में समा गया। मोहल्ला बनखंडी निवासी मुकेश पाठकर (40) पुत्र वेदप्रकाश 14 सितंबर को अपने पिता के साथ आगरा दवा लेने के लिए गया। उसे जब बुखार महसूस हुआ तो उसने मेडिकल स्टोर से दवा लेकर खाली। इसके बाद वह अपने पिता के साथ घर लौट आया। घर आने के बाद उसकी हालत और बिगड़ गई। उसने निजी चिकित्सक को दिखाया, लेकिन बुखार से कोई राहत नहीं मिली और उसकी मौत हो गई। गनेशपुर निवासी सानिया (12) शेर मोहम्मद को पांच दिन पहले बुखार आ गया। बुखार के बाद परिजनों ने उसे निजी चिकित्सक को दिखाया, लेकिन कोई राहत नहीं मिली। उसकी हालत शुक्रवार को और बिगड़ गई। उसके मुंह से खून आ गया। इसके बाद उसकी मौत हो गई।
आगरा में 5 मरीजों समेत 13 को डेंगू
एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती 13 मरीजों में शुक्रवार को डेंगू की पुष्टि हुई है। इनमें से आगरा के पांच मरीज हैं। अब आगरा में डेंगू के कुल मरीज 57 हो गए हैं। अभी मेडिसिन और बाल रोग विभाग के डेंगू वार्ड में 19 मरीजों का इलाज चल रहा है।
प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार को डेंगू वार्ड में भर्ती बुखार-खांसी के 13 मरीजों की एलाइजा जांच कराने पर डेंगू मिला है। इनमें से आगरा के पांच, फिरोजाबाद के सात और मथुरा का एक मरीज है।
अभी मेडिसिन विभाग के डेंगू वार्ड में 13 और बाल रोग विभाग के डेंगू वार्ड में छह बच्चे भर्ती हैं। इनकी हालत ठीक है, पांच मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज कर दिए हैं। संदिग्ध तीन नए मरीज भर्ती किए हैं। इनको उपचार दिया है और एलाइजा जांच कराने के लिए नमूना वायरोलॉजी लैब भेजे हैं।
रांची | रांची के तुपुदाना इलाके में दोस्त ने ही दोस्त की हत्या कर दी | आरोपी ने चाकू गोदकर युवक को मार डाला | मृतक की पहचान सागर वर्मा के रूप में हुई | पुलिस ने इस सिलसिले में 3 युवकों को गिरफ्तार किया | इनसे पूछताछ की जा रही है | शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया |
मृतक सागर वर्मा रांची के तुपुदाना चौक का रहने वाला था | शुक्रवार की शाम वह करमा पूजा देखने जाने की बात कह घर से निकला था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा | इसी बीच कुछ लोगों ने सागर के परिजनों को सूचना दी कि सागर का एक्सीडेंट हो गया है | वह बालसिरिंग इलाके में सड़क पर बेसुध पड़ा हुआ है | परिजन भागते हुए मौके पर पहुंचे | तब तक आरोपी सागर को लेकर रिम्स चला गया था | रिम्स में सागर की मौत हो गई |
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में चाकू गोदकर सागर की हत्या का खुलासा किया | जांच में ये बात भी सामने आई कि शराब पीने के दौरान दोस्त से विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने उसकी हत्या कर दी |
तुपुदाना प्रभारी कन्हैया सिंह ने बताया कि हत्या करने के बाद आरोपी ने इसे दुर्घटना की शक्ल देने की कोशिश की | परिजनों को बताया कि सागर का एक्सिडेंट हो गया | आरोपी उसे लेकर पहले तुपुदाना स्थित निजी अस्पताल पहुंचा | वहां से रेफर करने के बाद वह देर रात रिम्स पहुंचा, लेकिन रिम्स में डॉक्टरों से सागर को मृत घोषित कर दिया | जिसके बाद आरोपी फरार हो गया |
पटना | बिहार में नीतीश सरकार ने भ्रष्ट अधिकारियों पर नकेल कसना शुरू कर दिया है | पिछले दिनों ही निगरानी विभाग ने एक भ्रष्ट धनकुबेर इंजीनियर को गिरफ्तार किया था | इस इंजीनियर के बारे में अब हर रोज नए खुलासे हो रहे हैं | निगरानी की जांच में कार्यपालक अभियंता कौन्तेय कुमार के बारे में अब यह खुलासा हुआ है कि वह जमीन-जायदाद का तो शौकीन था ही, सोना-चांदी के आभूषणों का भी विशेष शौक रखता है | खासकर चांदी से इंजीनियर का विशेष जुड़ाव है | निगरानी विभाग की तलाशी में इंजीनियर के घर में चांदी के कई तरह के आभूषणों के अलावा चांदी के कई तरह के बर्तन भी मिले हैं | कहा जा रहा है कि इंजीनियर चांदी के बर्तन में ही खाना खाता था | इसलिए घर में चांदी के चम्मच, जग, थाली, ग्लास सब मिले हैं |
बता दें कि बीते दिनों पथ निर्माण विभाग के गुलजारबाग डिविजन के कार्यपालक अभियंता पर शिकंजा कसा था | कौन्तेय कुमार के कई ठिकानों की तलाशी में लाखों रुपये, 30 लाख रुपये की एफडी के साथ-साथ कई फ्लैट्स और जमीन के दस्तावेज बरामद हुए थे | कुमार के पास 8 बैंक में खाता है और कई लॉकर भी हैं | निगरानी विभाग इंजीनियर के कई ठिकानों पर तलाशी ले रही है |
लातेहार | झारखंड के लातेहार जिले से एक बड़ी खबर आ रही है | खबर है कि जिला लातेहार में करमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। करमा पूजन के बाद डाली का विसर्जन करने गईं 10 लड़कियों की टोली में से सात लड़कियां शनिवार को तालाब में डूब गईं। सातों लड़कियों की डूबने से मौत हो गई। इनमें से छह बच्चियां एक ही परिवार की थीं। हादसे की जानकारी देते हुए लातेहार के उपायुक्त अबू इमरान ने बताया कि शनिवार दोपहर लगभग 12 बजे के करीब ज़िले के बालूमाथ प्रखंड में शेरागड़ा पंचायत के बुकरू गांव के मननडीह में घटी।
इमरान ने बताया कि सभी लड़कियों के शव तालाब से निकाल लिए गए हैं और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। मरने वाली सभी लड़कियों की उम्र 12 वर्ष से 20 के बीच है। उपायुक्त ने बताया कि मौके पर राहत एवं बचाव कार्य के बाद मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं और पूरी घटना की जांच उप उपायुक्त सुरेन्द्र वर्मा करेंगे। उन्होंने बताया कि गांव की 10 बच्चियों की टोली करम डाली को लेकर गांव में ही रेलवे लाइन के समीप बने तालाब में विसर्जन करने गई थी।
पेड़ों के पत्तों एवं डालियों से बनी पूजा की डाली का विसर्जन हो ही रहा था कि अचानक दो बच्चियां गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं, उन्हें बचाने के लिए बाकी की पांच लड़कियां भी गईं और सातों लड़कियां डूब गईं। उन्होंने बताया कि तालाब के किनारे खड़ी तीन लड़कियों के शोर मचाने पर मौके पर पहुंचे ग्रामीण तालाब में उतरे और लड़कियों को निकाला लेकिन तब तक चार लड़कियों की मौत हो चुकी थी। उपायुक्त ने बताया कि तीन लड़कियों की मौत बालूमाथ स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) ले जाने के दौरान हुई।
नई दिल्ली | बेंगलुरु के एक घर में 5 लाशें मिलने से हड़कंप मच गया है। मृतकों में 9 महीने की एक बच्ची भी शामिल है। थिगालारापाल्या में चेतन सर्किल फोर्स क्रॉस के पास यह घर स्थित है। घर से एक ढाई साल की बच्ची अचेत अवस्था में मिली है। बताया जा रहा है कि यह बच्ची करीब 4 दिनों से भूखी थी और उसकी हालत बेहद खराब थी। पुलिस ने जिंदा मिली लड़की को फिलहाल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने कहा है कि घर के सभी 4 वयस्कों ने अलग-अलग कमरों में जाकर दरवाजे और खिड़कियां बंद कर ली और फिर उन्होंने सुसाइड कर लिया। नौ महीने की बच्ची बिस्तर पर मृत मिली है। अभी पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या भूख की वजह से इस बच्चे की मौत हुई है? मृतकों की पहचान 51 साल की भारती, 34 साल की सिंचना, 31 साल की सिंधूरानी और 25 साल के मधुसागर के तौर पर हुई है।
मृतक बच्ची की पहचान सिंधूरानी की बेटी के तौर पर की गई है। पुलिस को आशंका है कि चार दिन पहले इन सभी ने आत्महत्या की है। लेकिन यह मामला शुक्रवार की शाम को उजागर हुआ है। जिंदा बची लड़की के बारे में कहा जा रहा है कि वो सिंचना की बेटी है। घर के मालिक और भारती के पति शंकर पिछले कुछ दिनों से बाहर थे। लेकिन जब परिवार के सदस्य उनका फोन नहीं उठा रहे थे तब वो उनकी खोज-खबर लेन घर पहुंचे थे।
घर पहुंचने के बाद उन्होंने देखा कि घर की सभी खिड़कियां और दरवाजे बंद हैं। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस घर में दरवाजा तोड़ कर दाखिल हुई। पुलिस ने चारों मृतकों की डेड बॉडी उनके कमरों से बरामद की। इन सभी की लाश घर की छत से लटकती मिली है। सिर्फ बच्ची की लाश बिस्तर पर मिली। शवों की हालत भी बेहद खराब थी।
बताया जा रहा है कि शंकर एक स्थानीय अखबार के एडिटर थे। घटना की सूचना मिलने के बाद डिप्टी कमिशनर ऑफ पुलिस, वेस्ट, संजीव एम पाटिल समेत कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौका-ए-वारदात पर पहुंचे और मामले की जांच कर सबूत भी जुटाए। इसके अलावा फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर जाकर अपनी जांच-पड़ताल की है। पुलिस को अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
मौतों की इस पहेली को सुलझाने के लिए पुलिस ने पड़ोसियों से पूछताछ की है कि उन्होंने घर के सदस्यों को अंतिम बार कब देखा था। इसके अलावा शंकर से भी पूछताछ की जा रही है। इस मामले में ब्यादराहाली पुलिस ने फिलहाल एक्सिडेंटल डेथ का केस दर्ज किया है। मौत की वजह का अभी खुलासा नहीं हो पाया है और पुलिसिया जांच-पड़ताल मामले में जारी है।

















