नई दिल्ली: बुधवार को देश में तीन जगहों पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। सबसे पहले मेघालय में भूकंप के झटके आए और इसके कुछ घंटों बाद लेह लद्दाख और फिर थोड़े समय के बाद राजस्थान के बीकानेर में भूकंप के झटके महसूस किए गए।
सबसे पहले मेघालय के पश्चिम गारो हिल्स में भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.1 रही। झटके रात करीब 2:10 पर महसूस हुए। इसकी पुष्टि नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने की है। भूकंप से जान-माल और किसी अन्य तरह के नुकसान की कोई जानकारी नहीं है।
लेह-लद्दाख में आज सुबह 4:57 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.6 मापी गई। इसके बाद सुबह 5.24 पर राजस्थान के बीकानेर में भूकंप के झटके आए। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 5.3 रही।। हालांकि इससे जानमाल का किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ।
इंदौर. मध्यप्रदेश के इंदौर से एक लव जिहाद की बड़ी खबर सामने आई है, पुलिस ने लड़की वालों की शिकायत पर धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। नाबालिग और उसके परिजनों के बयानों के आधार पर लव जेहाद की पुष्टि हुई है, आरोपी ने भी अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
इंदौर के राजेन्द्र नगर थाने में बीते दिनों एक दंपति की शिकायत पर अपहरण का केस दर्ज किया गया था. इनकी नाबालिग बेटी रहस्यमय तरीके से गायब हो गयी थी. पुलिस ने प्रयास कर नाबालिग को ढूंढ निकाला. वो असलम नाम के इस युवक के पास थी. मामला प्रेम प्रसंग का निकला। लड़की नाबालिग थी इसलिए पुलिस ने उसे मुक्त कराया और उसकी काउंसलिंग की. नाबालिग के इस गोलू (असलम) नाम के युवक शादी करना चाहती थी. वो अपना धर्म भी बदलने के लिए तैयार थी।
इंस्टाग्राम के जरिए हुई दोस्ती
किशोरी की गोलू से दोस्ती इंस्टाग्राम पर हुई थी। उस वक़्त तक उसने अपने आप को हिन्दू बताया था। गोलू किशोरी को घर से भगा ले गया था. किशोरी धर्म बदलकर निकाह के लिए भी तैयार थी। लेकिन माता पिता की शिकायत पर पुलिस ने उसे बरामद कर लिया और उसके बयान न्यायालय में दर्ज करवाए।
आरोपी को जेल
इस दौरान हिन्दू संगठन से जुड़े लोगों को भी इसकी भनक लग गई. वह थाने पहुंचे और प्रकरण में कठोर कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने किशोरी के बयानों के आधार पर आरोपी असलम को हिरासत में लिया और उसके विरुद्ध गम्भीर धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी. घटना का खुलासा होते ही पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम की धारा एवं अपहरण, दुष्कर्म, एसएसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया. आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर न्यायालय पेश कर दिया. कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया।
सोशल मीडिया पर दी गलत जानकारी
आरोपी असलम ने सोशल साइट्स पर खुद को गोलू बताया था,और किशोरी को बताया था कि वह इलेक्ट्रॉनिक सामान का व्यापारी है,लेकिन जब हकीकत पता कि तो मालूम हुआ कि वह वैल्डिंग का काम करता है।
पुलिस ने दिखाई फुर्ति
ये बेहद संजीदा मामला था इसलिए तत्परता दिखाते हुए थाना प्रभारी अमृता सोलंकी ने टीम गठित की और उसका प्रतिनिधित्व रात भर शहर में जगह जगह छापा मारकर लड़की को ढूंढा.रात में ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस की कार्यप्रणाली से संतुष्ट होकर हिन्दू संगठन के कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी का आभार व्यक्त किया।
पुलिस का बयान
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे के मुताबिक राजेन्द्र नगर थाना पुलिस ने एक किशोरी और उसके परिवार के बयान के आधार पर गम्भीर धाराओं में केस दर्ज किया है. इसमें लव जेहाद की भी पुष्टि हुई है. लिहाजा केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी का नाम असलम है. उसने सोशल साइट्स पर गोलू बनकर किशोरी से दोस्ती की थी फिर शादी कर उसे धर्म परिवर्तन के लिए राजी किया था. इस गंभीर मामले में बारीकी से जांच के निर्देश दिए गए हैं।
नई दिल्ली: ये भारत का दुनिया भर में प्रभुत्व बढ़ने का ही प्रभाव है कि आए दिन हमें कोई न कोई ऐसी खबर मिलती है, जिसमें कोई न कोई भारतीय दुनिया पर अपना प्रभाव छोड़ रहा होता है। ऐसा ही एक नाम है संजल गावंडे, जो जेफ बेजोस की अंतरिक्ष टीम में हैं। जेफ बेजोस अंतरिक्ष में यात्रा पर गए हैं। उनकी कंपनी ब्लू ऑरिजिन ने इसके लिए एक स्पेसशिप तैयार किया। इसी स्पेसशिप को बनाने में संजल गावंडे ने अहम भूमिका निभाई है। इस स्पेसशिप का नाम न्यू शेपर्ड है। 30 वर्षीय संजल गावंडे महाराष्ट्र के एक छोटे से शहर कल्याण की रहने वाली हैं। उनका जन्म यहां के कोलसेवाडी परिसर के हनुमाननगर इलाके में हुआ था। पढ़ाई-लिखाई कोलसेवाडी के मॉडल स्कूल में पूरी हुई। 10वीं और 12वीं उन्होंने बिड़ला कॉलेज से की। संजल के पिता अशोक गावंडे कल्याण डोंबिवली महापालिका में जॉब करते थे। अब रिटायर हो चुके हैं। मां सुरेखा गावंडे भी MTNL में नौकरी करती थीं।
संजल अपने माता-पिता की एकलौती संतान हैं। 2011 में संजल ने मुंबई यूनिवर्सिटी से मैकेनिकल इंजीनियरिंग किया और फिर GRI, टोफेल एग्जाम्स क्वालीफाई किए। इन सभी एग्जाम्स के रिजल्ट के आधार पर उन्हें US की मिशिगन टेक यूनिवर्सिटी में MS दाखिला मिला। 2013 में उन्होंने फर्स्ट डिविजन के साथ अपनी मास्टर डिग्री पूरी की। उद्योगपति जेफ बेजोस 20 जुलाई को सुबह अंतरिक्ष की यात्रा पर गए हैं । इसके साथ ही उनकी कंपनी ब्लू ऑरिजन का न्यू शेपर्ड विमान अंतरिक्ष पर्यटन के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित हो सकता है। न्यू शेपर्ड पूरी तरह स्वचालित रॉकेट विमान है, जिसे भीतर से नहीं चलाया जा सकता। न्यू शेपर्ड रॉकेट की तरह खड़ा और सीधे उड़ान भरता है। न्यू शेपर्ड पृथ्वी की कक्षा में प्रवेश नहीं करेगा बल्कि यात्रियों को लगभग 100 किलोमीटर की ऊंचाई पर ले जाएगा। वहां से कैप्सूल पैराशूट के सहारे वापसी करेगा।
अंतरिक्ष यात्रा से पहले सवारियों को दो दिन का प्रशिक्षण दिया गया है। 20 जुलाई को, ब्लू ओरिजिन अपने न्यू शेपर्ड रॉकेट और कैप्सूल के साथ अपना पहला क्रू स्पेसफ्लाइट लॉन्च किया है, जिसमें वो अपने अरबपति संस्थापक जेफ बेजोस को अंतरिक्ष की सैर पर ले गया है। यह मिशन, जिसे ब्लू ओरिजिन ने पहली मानव उड़ान करार दिया है, न्यू शेपर्ड रॉकेट की कुल 16 वीं उड़ान है। हालांकि अंतरिक्ष यात्रियों के साथ न्यू शेपर्ड रॉकेट की यह पहली उड़ान है। पिछले सप्ताह अमेरिकी अंतरक्षि यान कंपनी वर्जिन गैलेक्टिक (Virgin Galactic) के रिचर्ड ब्रेनसन समेत छह लोग अंतरिक्ष की यात्रा करने गए थे। इन्हीं छह लोगों में भारतीय मूल की सिरिशा बांदला का नाम भी शामिल था। इनकी ये उड़ान 11 जुलाई को न्यू मैक्सिको से हुई थी। सिरिशा का काम रिसर्च से संबंधित था। इस यात्रा पर जाने वाले छह लोगों में दो महिलाएं थी।
सिरिशा के अलावा एक अन्य महिला बेश मोसिस थीं। 34 साल की सिरिशा एक एरोनॉटिकल इंजीनियर हैं। उन्होंने इंडियाना के पर्ड्यू विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की है। कल्पना चावला के बाद वह भारत में जन्मीं दूसरी ऐसी महिला हैं, जो अंतरिक्ष में जाएंगी, जबकि वह अंतरिक्ष में जाने वाली चौथी भारतीय थी। इससे पहले राकेश शर्मा और सुनीता विलियम्स भी अंतरिक्ष में गए थे। सिरिशा ने एक वीडियो ट्वीट करते हुए कहा था, ‘मुझे यूनिटी22 क्रू और उस कंपनी का हिस्सा होने पर सम्मानित महसूस हो रहा है, जिसका मिशन सभी के लिए अंतरिक्ष को सुगम बनाना है।’
चंडीगढ़: भारत के अमृतसर के साथ सटे हुये पाकिस्तानी बॉर्डर पर पाकिस्तान के कुछ अधिकारियों ने करीब 10 क्विंटल हेरोइन (Heroin) और अन्य मादक सामग्री को खुले में ही जला दिया. जिससे आसमान पर काला धुआं छाया रहा और इसकी बदबू भारत के सरहदी इलाकों तक आती रही. एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट पर जीरो लाइन के पार 800 मीटर दूर पाकिस्तान का कार्गो है. वहीं पर रात में करीब 11 बजे कार्रवाई की गई।
बताया जा रहा है कि आमतौर पर कस्टम डे पर विभाग मादकों पदार्थों को भट्ठी में जलाता है लेकिन पाकिस्तान के गोदाम इससे पहले ही भर गए थे. नशीले पदार्थों की यह खेप भारत आनी थी लेकिन सरहद पर चौकसी के कारण यह नहीं पहुंच पाई।
पाकिस्तान से तस्कर हेरोइन व अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए नए नए तरीके इस्तेमाल करते हैं. हेरोइन सहित अन्य मादक पदार्थ की तस्करी के लिए पहले छोटे-छोटे पैकेट तैयार करते हैं. फिर इन पैकेट्स को एक से दूसरे को जोड़कर अंडाकार बना दिया जाता है. जिससे पैकेट को पाइप में डालकर आगे भारत के बार्डर से पार किया जा सके. उसके बाद भारतीय सीमा में खड़ा तस्कर पाइप के दूसरे हिस्से पर पैकेट्स को रिसीव कर लेता है. यह कार्रवाई चंद मिनट में ही की जाती है. कई बार बॉर्डर पर तैनात जवानों को इस बात का पता ही नहीं चलता है क्योंकि चौकियों के बीच की दूरी काफी ज्यादा होती है।
हालांकि बीएसएफ के जवान ऊंट पर व पैदल भी पेट्रोलिंग करते हैं. एक दूरी तक रातभर चक्कर काटने के बाद भी ऐसा हिस्सा रह जाता है, जहां अक्सर जवान नहीं पहुंच पाते है. तस्कर ऐसे ही स्थान को नोटिफाई करते हैं. नशे के सौदागर इतने शातिर होते हैं कि तस्करी करने के लिए अनुकूल मौसम का इंतजार करते हैं।
यहां तक कि मौसम पर भी उनकी पूरी नजर होती है. सर्दी के दिनों में जब घना कोहरा होता है और गर्मी के दिनों में रात के समय जब तेज अंधड़ होता है तो तस्कर मौके का फायदा उठाकर नशीले पदार्थों और नकदी का लेनदेन करते हैं।
बग़दाद/नई दिल्ली: ईराक की राजधानी बगदाद के उपनगर में ईद से पहले बड़ा धमाका हुआ है। बम धमाके में कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई जबकि दर्जनों अन्य घायल हो गए। इराकी सुरक्षा अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इस हमले की जिम्मेदारी आईएस ने ली है। धमाका सद्र शहर में एक भीड़भाड़ वाले बाजार में हुआ। यह विस्फोट ईद-उल-अजहा से एक दिन पहले हुआ है जब लोग बाजार में खरीदारी में व्यस्त थे। इससे पहले अप्रैल में सद्र शहर में हुए कार बम धमाके में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई थी।
इराकी सेना के बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री मुस्तफा अल-कदीमी ने बाजार के क्षेत्र के लिए जिम्मेदार संघीय पुलिस रेजिमेंट के कमांडर को गिरफ्तार करने का आदेश दिया है। बयान में यह भी कहा गया है कि इसकी जांच की जा रही है। इस साल यह तीसरा मौका है जब बाजार में धमाका हुआ है।
बयान के अनुसार, प्रधान मंत्री मुस्तफा अल-कदीमी ने बाजार के क्षेत्र के लिए जिम्मेदार संघीय पुलिस रेजिमेंट के कमांडर को गिरफ्तार करने का आदेश दिया है। बयान में यह भी कहा गया है कि इसकी जांच की जा रही है। पुलिस के एक सूत्र ने बताया कि 60 से अधिक लोग घायल हुए हैं। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कुछ घायलों की हालत गंभीर है। मरने वालों में महिलाएं बच्चे भी शामिल हैं। विस्फोट के कारण कुछ दुकानें जलकर खाक हो गईं। इराकी सेना ने एक बयान में कहा कि हमला सदर शहर के वहैलत बाजार में हुआ।
नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से एक बड़ी खबर सामने आई है | खबर है कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मॉनसून की पहली बारिश से ही सड़कों का बुरा हाल हो गया है | सोमवार को दिल्ली के द्वारका के सेक्टर 18 में एक बड़ा हादसा देखने को मिला | हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ |
दरअसल, राष्ट्रीय राजधानी में लगातार बारिश के कारण द्वारका के सेक्टर 18 में अचानक सड़क धंस गई, जिसमें एक कार (गाड़ी) समा गई | बाद में क्रेन की मदद से इसे बाहर निकाला गया | हालांकि, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है |
#WATCH राजस्थान: सवाई माधोपुर में ज़िला मुख्यालय के नजदीकी शेरपुर खिलचीपुर रोड स्थित झरेटी नाले को पार करने के दौरान दो व्यक्ति पानी के बहाव में बह गए। pic.twitter.com/dvz4NthEGu
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 19, 2021
उत्तरकाशी। उत्तराखंड में बारिश के बाद पहाड़ों पर नदियां उफान पर आ गई हैं। इस बीच उत्तरकाशी में कल देर रात बादल फटने के बाद पैदा हुए हालात में तीन लोगों की मौत हो चुकी है। मांडो में 02 महिला व 01 बच्चे का शव बरामद किया गया है। शवों को जिला अस्पताल में लाया गया है। बादल पटने की घटना के बाद से मांडो गांव में अब भी चार लोग लापता हैं।
भारी बरसात के कारण अचानक भागीरथी नदी समेत गाड़-गदेरे उफान पर आ गए हैं। बादल फटने से गांव मांडो, निराकोट, पनवाड़ी और कंकराड़ी के आवासीय घरों में पानी घुस गया। साथ ही गदेरा उफान पर आने से तीन लोग मलबे में फंसकर घायल हो गए।
एसडीआरएफ व आपदा प्रबंधन विभाग की टीम ने गणेश बहादुर पुत्र काली बहादुर, रविन्द्र पुत्र गणेश बहादुर, रामबालक यादव पुत्र मकुर यादव को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया। घायलों का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार तीनों खतरे से बाहर हैं। जानकारी के अनुसार, मांडो गांव में नौ मकानों में पानी घुस गया। जबकि दो मकान पूरी तरह से धवस्त हो गए हैं। कई जगहों पर वाहनों के बहने की भी सूचना है।
म़तकों में माधरी पत्नी देवानन्द, उम्र 42 वर्ष, ग्राम मांडो, रीतू पत्नी दीपक, उम्र 38 वर्ष, ग्राम मांडो तथा कुमारी ईशू पुत्री दीपक, उम्र 06 वर्ष, ग्राम मांडो शामिल है।
सीएम ने दिए रावत बचाव कार्य के निर्देश
घटना की सूचना मिलने के बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी ने डीएम को राहत और बचाव कार्य शीर्ष प्राथमिकता पर कराने के निर्देश दिए हैं।
भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और पौड़ी जैसे जिलों में अत्यंत भारी बारिश की संभावना है। राज्य के बाकी हिस्सों में भी भारी से बहुत भारी बारिश के आसार है। मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
रायवाला में सबसे अधिक 120 मिमी बारिश
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक ऋषिकेश जिले के रायवाला में सबसे अधिक 120 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, ऋषिकेश में 105.2 मिलीमीटर, मोहकमपुर में 80, यूकॉस्ट में 43, मसूरी में 70, सहसपुर में 43, नागथात क्षेत्र में 12.5 और कालसी में 2.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
ऋषिकेश में 337.89 मीटर पहुंचा गंगा का जलस्तर
केंद्रीय जल आयोग के केंद्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष हिमालयन गंगा डिवीजन की ओर से दिए गए आंकड़े के मुताबिक राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही मूसलाधार बारिश के चलते गंगा का जलस्तर रविवार को 337.89 मीटर पहुंच गया। ऐसे में गंगा खतरे के निशान 340.50 मीटर से थोड़ा नीचे ही बह रही हैं। केंद्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष की रिपोर्ट के मुताबिक डाकपत्थर में यमुना नदी का जलस्तर 455.03 मीटर पर पहुंच गया है, जो खतरे के निशान से सिर्फ 34 सेंटीमीटर कम है।
पटना | बिहार की राजधानी पटना से एक बड़ी खबर सामने आ रही है | खबर मिली है कि राजधानी पटना में भारी बारिश के चलते नालंदा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में जलभराव हो गया। अस्पताल में भर्ती मरीज जल भराव से परेशान हो रहे है |
एक मरीज ने बताया, "वार्ड में पानी घुस गया है। बहुत परेशानी हो रही है। शौचालय में भी पानी भर गया है। भारी बारिश के बाद नाली के द्वारा अस्पताल के अंदर जलभराव हो गया।"
बिहार: पटना में भारी बारिश के बाद नालंदा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में जलभराव हो गया।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 18, 2021
एक व्यक्ति ने बताया, "वार्ड में पानी घुस गया है। बहुत परेशानी हो रही है। शौचालय में भी पानी भर गया है। भारी बारिश के बाद नाली के द्वारा अस्पताल के अंदर जलभराव हो गया।" pic.twitter.com/OEuxHwe3RT
गोण्डा: कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में पत्नी से झगड़ा करने के बाद पति ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के रौतावा फुटहिया मौजा धनौली निवासी 30 वर्षीय सतीष यादव पुत्र भवानी प्रसाद ने घर का कमरा बन्द कर फाँसी लगा कर आत्महत्या कर लिया। मृतक के बड़े भाई भवानी प्रसाद ने बताया कि उनकी पत्नी नेहा से किसी बात को लेकर घर मे झगड़ा हो गया था। उसी से नाराज होकर कमरे का दरवाजा बंद कर कर सरिया से फांसी लगा कर आत्महत्या कर लिया।
बलंद शहर | उत्तर प्रदेश के जनपद बुलंदशहर में थाना खुर्जा देहात इलाके में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है | यहां एक 9 माह की मासूम बच्ची को हैवानियत का शिकार बनाया गया | इस घटना को गांव के ही एक दरिंदे ने अंजाम दिया है | बच्ची को गंभीर हालत में हायर मेडिकल सेंटर रेफर किया गया जहां उसका उपचार चल रहा है |
जानकारी के अनुसार बच्ची को खिलाने के बहाने से आरोपी बच्ची को घर से लेकर गया था, जहां अपने घर ले जाकर बच्ची को दुष्कर्म का शिकार बना दिया | इसके बाद बच्ची खून से लथपथ पड़ी मिली थी, जिसे देख पूरे गांव में हड़कंप मच गया | इस घटना से आक्रोशित लोग आरोपी को खोजने में लगे हैं | मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को भी दी गई है जिसके बाद मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है | फिलहाल आरोपी युवक के तीन रिश्तेदारों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है |
पूरा मामला खुर्जा देहात थाना क्षेत्र के एक गांव का है | पूरे मामले में सीओ खुर्जा सुरेश कुमार का कहना है कि बच्ची के साथ हुई घटना की पूरी जांच की जा रही है और फिलहाल मेडिकल के लिए बच्ची को भेजा गया है | जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा | आरोपी के कुछ रिश्तेदारों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है और जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा | स्थानीय पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है |
चम्पावत: विकास खंड लोहाघाट में चौडला के साइली खेत तोक में एक महिला ने फांसी के फंदे पर झूलकर अपनी जान दे दी है। पुलिस ने शव का पंचानामा कर पोस्टमार्टम के लिए लोहाघाट भेजा। पंचेश्वर कोतवाल प्रभारी दिवान सिंह ग्वाल ने बताया कि चौडला के साइली खेत तोक निवासी पुष्पा देवी (34)पत्नी गिरधर राम बीते 13 जुलाई को अपने घर से अचानक गायब हो गई थी।
पति गिरधर राम ने 15 जुलाई को पत्नी की गुमशुदी की रिपोर्ट पंचेश्वर कोतवाली में दर्ज करवाई थी। 16 जुलाई को घर करीब 8 किलोमीटर दूर पर साइली खेत तोक के जंगल में महिलाओं ने उसका शव पेड़ पर लटका पाया। कोतवाल दिवान सिंह ने बताया कि पंचनामे के वक्त मृतका के मायके वाले भी मौजूद रहे। किसी भी पक्ष की गुमशुदगी के अलावा कोई तहरीर नहीं आई है। पोस्टमार्टन डॉ. मंजीत सिंह ने किया।
बीजिंग: चीन में टीका लगवाने से बचने वालों का अस्पताल में इलाज नहीं किया जाएगा। चीन की कई क्षेत्रीय सरकारों ने अपने यहां यह आदेश जारी किया है। चीन संभवता दुनिया का पहला देश होगा, जहां टीका न लगवाने पर लोगों को इलाज जैसे आधारभूत अधिकार से वंचित करने की चेतावनी दी जा रही है। 12 राज्यों में प्रतिबंध की घोषणा
चीन के कम से कम 12 राज्यों की 50 जिला स्तरीय सरकारों ने अपनी जनता को चेतावनी देते हुए घोषणा की है कि टीका न लगवाने पर उन्हें सार्वजनिक सेवाओं से वंचित कर दिया जाएगा। इन सरकारों ने लोगों को जुलाई अंत तक टीका लगवा लेने का अंतिम मौका दिया है। आजतक चीन के सिचुआन, फ़ुजियान, शानक्सी, जिआंगसु, जियांग्शी, गुआंग्शी, अनहुई, शेडोंग, हेबै, हेनान, झेजियांग और इनर मंगोलिया आदि राज्यों ने ये सख्तियां लागू करने की घोषणा कर दी है।
बस और स्कूलों में भी प्रवेश नहीं
चीन के जिआंग्शी प्रांत की डिंगनान काउंटी ने इस सप्ताह नोटिस जारी किया, जिसमें कहा गया है कि टीकाकरण सबकी जिम्मेदारी है। 26 जुलाई तक सभी लोग टीका लगवा लें वरना उन्हें सार्वजनिक परिवहन और चिकित्सा सुविधाओं से वंचित कर दिया जाएगा। इतना ही नहीं, टीका न लगवाने वाले अभिभावकों के बच्चों को स्कूलों में प्रवेश भी नहीं मिलेगा। इस काउंटी में लगभग 220,000 लोग रहते हैं।
टीके की विश्वसनीयता से आश्वस्त नहीं
चीन के लोग स्वदेशी वैक्सीन की विश्वसनीयता को लेकर आश्वस्त नहीं है, जिससे यहां टीका लेने को लेकर हिचक बनी हुई है। अफसरों का कहना है कि टीकाकरण की शुरुआत में वे लोगों को उत्साहित करने के लिए आइसक्रीम से लेकर गिफ्ट वाउचर तक दे रहे थे पर ग्रामीण इलाकों में स्थिति नहीं सुधरी। अफसर चाहते हैं कि सरकार टीकाकरण को अनिवार्य कर दे। सरकार ने दिसंबर तक 80त्न आबादी यानी एक अरब लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य तय किया है।
तेलंगाना | तेलंगाना से एक अजीबो गरीब खबर सामने आई है | खबर है कि तेलंगाना के एक किसान को 2 लाख रुपयों का नुकसान हुआ है | आप यह जान कर हैरान हो जायेंगे कि ये नुकसान कैसे या किस वजह से हुआ है | असल यहां एक किसान के बैग में रखे रुपयों को चुहों ने कुतर डाला। वह भी हजार-दो हजार रुपए नहीं, बल्कि पूरे दो लाख रुपए।
कपड़े के बैग में आलमारी में रखे थे
रेड्डी नायक तेलंगाना के इंदिरानगर थांडा के वेमनूर गांव का रहने वाला किसान है। उसने अपने रुपयों को एक बैग में डालकर आलमारी में रख दिया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रेड्डी ने यह पैसे पेट के ऑपरेशन के लिए जुटाए थे। पूरा पैसा पांच-पांच सौ रुपए की नोट की शक्ल में था। रेड्डी के मुताबिक इसमें कुछ पैसे तो उसने सब्जी बेचकर जुटाए थे। वहीं कुछ पैसे रिश्तेदारों से मांगकर जुटाए थे। पूरी रकम दो लाख की थी, जिसे एक कपड़े के बैग में भरकर आलमारी में रख दिया था। एक दिन जब उसने आलमारी खोली तो देखा कि पूरा पैसा चूहों ने कुतर डाला है।
बैंकों ने भी कर दिया इंकार
रेड्डी नायक अपनी रोजी-रोटी कमाने के लिए सब्जियां बेचता है। वह अपने दोपहिया वाहन पर सब्जी का बैग रखकर घर-घर लेकर जाता है। रेड्डी ने बताया कि उसने फटे हुए नोटों को बदलने के लिए कई बैंकों से संपर्क किया, लेकिन सभी बैंक अधिकारियों ने साफ-साफ मना कर दिया। हालांकि बैंकों ने उसे अपनी समस्या को आरबीआई की हैदराबाद शाखा में बताने के लिए जरूर कहा है। गौरतलब है कि आरबीआई ने हाल ही में बैंकों को निर्देश दिया है कि कटी-फटी नोटों को बदल लिया जाए। लेकिन चूहों द्वारा आधे चबाए नोट के मामले का समाधान नहीं दिख रहा है।
इंदौर. मध्यप्रदेश के इंदौर में मानपुर क्षेत्र में एक दलित दूल्हे की बारात को गांव के कुछ दबंगों ने मंदिर में जाने से रोक दिया. आरोप है कि सवर्णों ने बारात पर हमला बोल दिया और लोगों के साथ बदसलूकी की. मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है. पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है,
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार गांव के सवर्ण पुरुषों ने बारात में जा रही दो कारों को रोक दिया. बारातियों को मंदिर के अंदर जाने से भी रोका गया. इतना ही बारातियों को जातिसूचक शब्दों के साथ संबोधित किया गया और उनके साथ मारपीट भी की गई.
हालांकि ग्रामीणों ने दावा किया है कि दूल्हे ने मंदिर के अंदर पूजा की. कुछ बाराती नशे के हालत में थे और मंदिर के अंदर जा रहे थे, मंदिर में रामकथा चल रही थी इसलिए उन्हें मंदिर में प्रवेश करने से रोका गया था.
बाद में पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में दूल्हे ने मंदिर में पूजा की और पुलिस सुरक्षा में शादी भी संपन्न हुई. मामले में मानपुर थाने में धारा 341, 323, 506, 153-A, 295-A, 147 और एससी/एसटी अत्याचार अधिनियम के प्रावधान के तहत आरोपियों पर केस दर्ज किया है. पुलिस ने बताया कि 9 आरोपियों में से 3 को गिरफ्तार कर लिया गया है.
धमतरी । छत्तीसगढ़ का नक्सल ग्रस्त इलाका जहां सुरक्षा बल के जवान फूंक-फूंक कर कदम रखते हैं, वहां निरीक्षण के लिए धमतरी एसपी ने अपने जान की बाजी लगा दी। एसपी प्रफुल्ल ठाकुर मोटरसाइकिल पर सवार होकर दौरा पर निकल गए किया।
बताया जा रहा है कि एसपी ठाकुर की पोस्टिंग के बाद से ही क्षेत्र में नक्सलियों के हाथ-पाँव फूल रहे हैं, उन्होंने अपनी रणनीति में भी बदलाव कर दिया है। क्षेत्र में एसपी की दहशत से पीछे भी हट रहे हैं। माओवादी छापामार गुरिल्ला युद्ध के तहत एक कदम आगे और दो कदम पीछे की रणनीति पर चलते हैं। नक्सलियों ने खुद पीछे हटने में ही अपनी भलाई समझी। इसे पुलिस बड़ी कामयाबी के तौर पर देख रही है।
इस बीच माओवादी कमांडर सत्यम गावड़े के बस्तर भागने की खबर है। सत्यम गावड़े पर कई लोगों की हत्या करने का आरोप है उसके खिलाफ विभिन्न थानों में मुकदमा दर्ज है। एक बार नक्सल कमांडर सत्यम को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया लेकिन सबूतों के अभाव में वह कोर्ट से बरी हो गया और तब से पुलिस के हाथ नहीं लगा है।
राजधानी दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत तापमान से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम वैज्ञानिकों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों ने दिन में सामान्य तौर पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि आर्द्रता 81 फीसदी दर्ज की गई। दिल्ली का शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार दोपहर और शाम को शहर में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की भविष्यवाणी की थी। मौसम विज्ञानी ने कहा था कि दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में मुख्य तौर पर बादल छाए रहने व गरज के साथ बूंदाबांदी होने संभावना है और अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 35 और 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में सुबह नौ बजकर पांच मिनट पर वायु गुणवत्ता सूचकांक 95 रहा। गौरतलब है कि वायु गुणवत्ता सूचकांक शून्य से 50 के बीच 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बेहद खराब' और 401 से 500 के बीच 'गंभीर' माना जाता है।
अगले कुछ दिन में भारी बारिश का अनुमान
वहीं, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश को छोड़कर उत्तर भारत के अधिकांश मैदानी इलाकों में शनिवार को मौसम गर्म रहा। हालांकि अगले कुछ दिनों में इस क्षेत्र में भारी बारिश होने की संभावना है। पाली 42.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राजस्थान में सबसे गर्म स्थान रहा, जबकि उत्तर प्रदेश में झांसी में सबसे अधिक 41.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में पारा सामान्य से कुछ डिग्री ऊपर रहा। पूर्वी उत्तर प्रदेश में छिटपुट स्थानों पर भारी बारिश व गरज के साथ बूंदाबांदी देखी गई, वहीं हिमाचल प्रदेश में मौसम कार्यालय ने अगले तीन-चार दिनों में भारी बारिश की भविष्यवाणी के साथ भूस्खलन की चेतावनी जारी की।






