सुल्तानपुर(यूपी) : उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर के देहात कोतवाली के बाईपास स्थित ओदरा कमनगढ़ में हुए भीषण सड़क हादसे में ई-रिक्शा सवार महिला समेत पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे के समय ई-रिक्शा पर आठ लोग सवार थे। वहीं घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। चार लोगों की हालत गंभीर है। उन्हें लखनऊ रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार जहां एक अनियंत्रित ट्रक ने ई रिक्शा को टक्कर मार दी, इस चलते हादसे में ई रिक्शा सवार महिला समेत 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल और ATF के एक्सपोर्ट पर एक्साइज ड्यूटी बढ़ाने का फैसला किया है। पेट्रोल पर 5 रुपए प्रति लीटर तो वहीं डीजल पर 12/लीटर तक एक्साइज ड्यूटी में बढ़ोतरी की गई है। ATF (Aviation Turbine Fuel) के एक्सपोर्ट पर 6 रुपए प्रति लीटर सेंट्रल एक्साइज ड्यूटी बढ़ाई गई है। देश में ईंधन की कमी ना हो इसे सुनिश्चित करने के लिए सरकार की ओर से यह फैसला लिया गया है। इससे घरेलू बाजार में कीमतों पर नियंत्रण रखने में भी मदद मिलेगी। हालांकि, नेपाल-भूटान आदि देशों में एक्साइज में कोई बदलाव नहीं करने का फैसला नहीं लिया गया है।
आम लोगों पर नहीं पड़ेगा असर
पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी पर बढ़ाने के फैसले पर वित्त मंत्रालय के अधिकारियों की ओर से बताया गया है कि पेट्रोल-डीजल के एक्सपोर्ट एक्साइज ड्यूटी को बढ़ाया गया है इससे आम उपभोक्ताओं पर कोई अतिरिक्त बोझ नहीं बढ़ेगा। बल्कि इस फैसले से देश में इन चीजों की उपलब्धता बनी रहेगी। केंद्र सरकार ने ये फैसला इसलिए किया क्योंकि, कंपनियां पिछले कुछ समय से ज्यादा एक्सपोर्ट कर रही थीं। एक्सपोर्ट करने से घरेलू बाजार में ही तेल कम पड़ रहा था। इससे कीमतें भी बढ़ रही थी। अब सरकार के इस फैसले से कीमतों को नियंत्रित रखने में मदद मिलेगी, इसका लाभ आम जनता को मिलेगा।
सरकार ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल कीमतों के बढ़ने के बाद उत्पादकों को होने वाले अप्रत्याशित लाभ को नियंत्रित करने के लिए घरेलू स्तर पर उत्पादित कच्चे तेल पर 23,230 रुपए प्रति टन का अतिरिक्त कर लगाने का फैसला लिया है। इस संबंध में सरकार की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है।
नोनी : मणिपुर के नोनी जिले में भीषण भूस्खलन के कारण ढहे निर्माणाधीन रेलवे साइट के मलबे में अनेकों लोग फंस गए। राहत और बचाव कार्य जारी है। इसके लिए एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर जुटी है। अब तक सेना के 13 जवानों और 5 स्थानीय नागरिकों को बचाया जा चुका है वहीं 9 जवानों और राज्य के एक नागरिक का शव निकाला गया है। लापता सैनिकों की तलाश में राहत और बचाव टीम जुटी है।
डीजीपी पी डूंगल ने बताया, ‘अब तक 23 लोगों को मलबे से निकाला जा चुका है जिसमें से 14 लोगों ने अपनी जान गंवा दी। तलाश अभियान जारी है। अभी और कितने लोग मलबे में फंसे हैं इसकी जानकारी नहीं है। हालांकि ग्रामीणों और मजदूर समेत आर्मी और रेलवे के 60 लोगों के भी इस मलबे में फंसे होने का संदेह है।
राहत व बचाव कार्य में भारतीय रेलवे ने भी दिया सहयोग
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्वीट कर कहा, ‘रेलवे, NDRF, SDRF और राज्य की टीम मिलकर काम कर रही है। तुपुल में हए इस हादसे के बाद हालात की काफी करीब से मानिटरिंग की जा रही है।’ भूस्खलन की यह घटना नोनी जिले के तुपुल रेलवे स्टेशन के करीब बुधवार और गुरुवार की दरम्यानी रात को हुई। इसके पास ही सेना की कंपनी लोकेशन भी है। आर्मी असम राइफल्स और टेरिटोरियल आर्मी के जवानों की टीम राहत कार्य में जुटी है।
इसके अलावा भारतीय रेलवे, प्रशासन, NDRF, SDRF और नोनी जिले के स्थानीय लोग भी तलाश में अपना योगदान दे रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री एन बिरेन सिंह से मणिपुर में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन का जायजा लिया और केंद्र सरकार की ओर से संभव सहायता देने का आश्वासन भी दिया ।
नई दिल्ली : पैगम्बर मोहम्मद पर टिप्पणी के मामले में निलंबित भाजपा नेता नुपुर शर्मा को सुप्रीम कोर्ट से कड़ी फटकार पड़ी है। कोर्ट ने कहा कि निलंबित भाजपा नेता की बदजुबानी के चलते ही पूरे देश में आग लग गई और इसके कारण सुरक्षा को भी नुकसान पहुंचा है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि नुपुर को इसके लिए पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। बता दें कि नुपुर ने अपनी विवादास्पद टिप्पणी को लेकर कई राज्यों में उनके खिलाफ दर्ज सभी प्राथमिकी को जांच के लिए दिल्ली स्थानांतरित करने की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। नुपुर का कहना है कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं इसलिए वह अन्य राज्यों में पेशी के लिए नहीं जा सकती हैं। इसी सुनवाई के दौरान कोर्ट के जस्टिस सूर्यकांत ने नुपुर को लताड़ लगाई है।
सुप्रीम कोर्ट ने कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि उदयपुर में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना के लिए भी उनके खिलाफ नाराजगी ही जिम्मेदार है, जहां एक दर्जी की हत्या कर दी गई थी। कोर्ट ने कहा- टीवी चैनल और नुपुर शर्मा का क्या काम है, जो एक एजेंडे को बढ़ावा देने के अलावा, जो मामला विचाराधीन है, उस पर चर्चा करें? सुप्रीम कोर्ट ने कहा- उन्हें टीवी पर जाकर देश से माफी मांगनी चाहिए थी जिसके लिए उन्होंने काफी देर कर दी है। नुपुर शर्मा को उनके अहंकार के लिए फटकार लगाते हुए जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि वह एक बड़ी पार्टी की प्रवक्ता थीं, इसके कारण पावर उनके सिर पर चढ़ गई थी।
कोर्ट ने अर्जी खारिज की
सुप्रीम कोर्ट ने इसी के साथ नुपुर की उस याचिका को भी खारिज कर दिया जिसमें उन्होंने अपने खिलाफ कई राज्यों में दर्ज सभी केसों को दिल्ली स्थानांतरित करने की अपील की थी। कोर्ट ने नुपुर के वकील को इस मामले में संबंधित हाईकोर्ट के पास जाने का सुझाव दिया है। इसके बाद नुपुर ने शीर्ष न्यायालय से याचिका वापस ले ली है।
टीवी चैनल और दिल्ली पुलिस को भी फटकार
कोर्ट ने विवादित बहस को दिखाने वाले टीवी चैनल और दिल्ली पुलिस को फटकार लगाते हुए कहा, 'दिल्ली पुलिस ने क्या किया? हमें मुंह खोलने पर मजबूर मत कीजिए। टीवी डिबेट किस बारे में थी? इससे केवल एक एजेंडा सेट किया जा रहा था। उन्होंने ऐसा मुद्दा क्यों चुना, जिस पर अदालत में केस चल रहा है।'
LPG Commercial Cylinder Price: एलपीजी सिलेंडर (LPG Gas Cylinder Price) के दाम कम होने से एक बार फिर आम आदमी को बड़ी राहत मिली है. इस बार एलपीजी सिलेंडर के रेट में 198 रुपये की गिरावट आई है. 1 जुलाई को इंडियन ऑयल (Indian Oil) की तरफ से जारी कीमतों के मुताबिक दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर (LPG Commercial Cylinder Price) 198 रुपये सस्ता हो गया.
क्या है एलपीजी सिलेंडर की नई दरें?
दिल्ली में 30 जून तक 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर 2219 रुपये में मिल रहा था, अब इसकी कीमत घटकर 2021 रुपये हो गई है. कोलकाता में एलपीजी सिलेंडर की कीमत 2322 रुपये थी, जो अब 2140 रुपये में मिलेगा.
मुंबई में 2171.50 से घटकर कीमत 1981 रुपये और चेन्नई में 2373 से कम होकर कीमत 2186 रुपये पर पहुंच गई है. दूसरी तरफ तेल कंपनियों की तरफ से घरेलू गैस सिलेंडर में कंपनियों की तरफ से किसी तरह की राहत नहीं दी गई. 14.2 किलो वाला गैस सिलेंडर दिल्ली में 1003 रुपये का मिल रहा है.
300 रुपये से ज्यादा कम हुए दाम
कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 1 जून को 135 रुपये सस्ता हुआ था. इस तरह पिछले एक महीने के दौरान सिलेंडर की कीमत में 300 रुपये से भी ज्यादा की कटौती की गई है. मई में सिलेंडर के रेट बढ़कर 2354 रुपये पर पहुंच गए थे. घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में आखिरी बार 19 मई को बदलाव किया गया था.
200 रुपये प्रति सिलेंडर की सब्सिडी
पिछले दिनों सरकार ने जनता को महंगाई से राहत देने के लिए उज्जवला योजना के तहत 200 रुपये प्रति सिलेंडर की सब्सिडी देने का ऐलान किया था. यह सब्सिडी सालाना 12 सिलेंडर तक ही मिलेगी. सरकार के इस कदम से 9 करोड़ से ज्यादा उपभोक्ताओं को फायदा हुआ है. आम आदमी को एक बार फिर बड़ी राहत मिली है.
प्रसिद्ध जगन्नाथ रथ यात्रा (Jagannath Rath Yatra) आज से शुरु हो रही है।यह 01 जुलाई से प्रारंभ होकर 12 जुलाई तक चलेगी।हिंदू कैलेंडर के अनुसार हर साल जगन्नाथ रथ यात्रा( rath yatra) का प्रारंभ आषाढ़ शुक्ल द्वितीया से होता है। यह यात्रा कुल 09 दिन की होती है, जिसमें 7 दिन भगवान जगन्नाथ अपने भाई बलराम और बहन सुभद्रा के साथ गुंडिचा मंदिर में रहते हैं।
आज शाम 04:00 बजे से जगन्नाथ रथ यात्रा प्रारंभ हो जाएगी. भक्त 3 किलोमीटर तक इन रथों को खींचकर ले जाएंगे. सबसे आगे बलराम ( balram)जी का रथ तालध्वज, उसके बाद सुभद्रा जी का रथ दर्पदलन और फिर भगवान जगन्नाथ का रथ नंदीघोष होगा।
रथ दर्पदलन पर ‘छेरा पहरा’ की रस्म करेंगे
दोपहर 02:30 बजे से 03:30 बजे तकजगन्नाथ मंदिर पुरी के गजपति दिव्यसिंह देव दोपहर 02:30 बजे भगवान जगन्नाथ के रथनंदीघोष, बलराम( balram) के रथ तालध्वज और सुभद्रा जी के रथ दर्पदलन पर ‘छेरा पहरा’ की रस्म करेंगे। यह रस्म 03:30 बजे तक चलेगी।
क्या है इतिहास ( history)
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार एक बार लाडली बहन सुभद्रा ने अपने भाइयों कृष्ण और बलराम से नगर देखने की इच्छा जताई थी। तब दोनों भाई अपनी प्यारी बहन को रथ में बैठाकर नगर भ्रमण के लिए ले गए थे। रास्ते में तीनों अपनी मौसी के घर गुंडिचा भी गए और यहां पर 7 दिन तक रुके और उसके बाद नगर यात्रा को पूरा करके वापस पुरी लौटे। कहते हैं कि तभी से यहां पर हर साल रथ यात्रा( rath yatra) निकालने की परंपरा का आरंभ हुआ था।
नई दिल्ली। भारत में आज से से 19 सिगंल यूज( single use plastic) प्लास्टिक उत्पाद बैन हो जाएंगे. इसके लिए पर्यावरण मंत्रालय की तरफ से पर्यावरण संरक्षण अधिनियम (EPA) के तहत अधिसूचना जारी की गई है. केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि सरकार ने उद्योग जगत और आम जनता को सिंगल यूज प्लास्टिक (SUP) के उत्पादों पर पाबंदी की तैयारी के लिए पर्याप्त समय दिया है ।
मंत्रालय ने पिछले साल 12 अगस्त को अधिसूचना जारी करके एक जुलाई, 2022 से पॉलीस्टाइरीन और विस्तारित पॉलीस्टाइरीन समेत चिह्नित एसयूपी वस्तुओं के उत्पादन, आयात, भंडारण, वितरण, बिक्री और उपयोग पर प्रतिबंध की अधिसूचना जारी की थी।
ये समान बैंन( ban)
आज से प्लास्टिक से बने ईयरबड, गुब्बारे, प्लास्टिक के झंडे, कैंडी, आइसक्रीम की प्लास्टिक की स्टिक, थर्माकोल, प्लेट, कप, ग्लास, कांटे, चम्मच, छुरी, स्ट्रॉ, ट्रे, मिठाई के डिब्बों, निमंत्रण पत्र, सिगरेट के पैकेट( packet) की पैकिंग( packing) में इस्तेमाल रैपिंग पेपर और 100 माइक्रोन से कम की प्लास्टिक या पीवीसी के बैनर आदि बैन लग जाएगा।
10 लाख लोगों को रोजगार मिलता है
देशभर में एसयूपी उत्पादों के विनिर्माण में करीब 88,000 यूनिट लगी हैं जिनमें करीब 10 लाख लोगों को रोजगार मिलता है। पार्ले एग्रो, अमूल और डाबर जैसे बेवरेज विनिर्माताओं ने पहले सरकार से अनुरोध किया था कि कागज के स्ट्रॉ की सीमित उपलब्धता को देखते हुए प्रतिबंध लागू करने की समय-सीमा छह महीने बढ़ाई जाए
Maharashtra Political Crisis: महाराष्ट्र में सियासत में करीब दो हफ्ते से चला आ रहा सियासी घमासान अब नई सरकार के गठन के साथ खत्म होता दिख रहा है. बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस आज शाम 7.30 बजे ही तीसरी बार मु्ख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने जा रहे हैं. शिवसेना के बागी नेता महाराष्ट्र की नई सरकार में डिप्टी सीएम पद की शपथ लेंगे. शिंदे गुट के साथ मिलकर ही बीजेपी नई सरकार बनाने जा रही है. पहले एक जुलाई को शपथ ग्रहण का कार्यक्रम होना था लेकिन अब इसमें बदलाव किया गया है.
उदयपुर : राजस्थान के उदयपुर में हुई कन्हैया लाल की निर्मम हत्या दिलदेहला देने वाला था जिसको लेकर पूरे देश में आक्रोश है। देशभर में कन्हैया लाल के हत्यारों के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग उठ रही है। उधर, गृह मंत्रालय ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए मामले को राष्ट्रीय जांच एजेंसी को सौंप दी है। दरअसल, इस आतंकी वारदात में विदेशी साजिश की भी आशंका जताई जा रही है। उधर, राजस्थान एटीएस ने दोनों हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों से पूछताछ के आधार पर करीब 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे भी पूछताछ जारी है। वहीं उदयपुर प्रशासन ने एहितयातन शहरभर में कर्फ्यू लगाया था। प्रदेशभर में इंटरनेट भी बंद है। हत्या के बाद शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गुरुवार को कर्फ्यू में और सख्ती बरती जाएगी। पूरे प्रदेश में एक महीने के लिए धारा-144 लगा दी गई है। उधर, उदयपुर और जयपुर में बंद का ऐलान किया गया है।
कन्हैया लाल हत्याकांड के विरोध में सर्व समाज निकाली विशाल रैली
कन्हैया लाल की हत्या के विरोध में गुरुवार को हजारों लोगों ने उदयपुर में एक विरोध रैली में हिस्सा लिया। हिंदू संगठनों द्वारा ‘सर्व हिंदू समाज’ रैली बुलाई गई थी और जिला प्रशासन की अनुमति से टाउन हॉल से समाहरणालय तक शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित की गई। अतिरिक्त डीजी दिनेश एमएन ने कहा कि रैली के लिए अनुमति दी गई थी और मार्च के रास्ते में कर्फ्यू में ढील दी गई थी। हालांकि इसे एक शांति मार्च कहा गया था, लेकिन कुछ सदस्यों द्वारा हिंदू धर्म के समर्थन में नारे लगाए गए थे। कुछ लोग भगवा झंडे लिए भी देखे गए। बता दें कि केंद्र और राज्य सरकार ने उदयपुर हत्याकांड को आतंकी घटना करार दिया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कन्हैया के शरीर पर धारदार हथियार के निशान समेत 26 चोट के निशान मिले हैं। शहर में कर्फ्यू लगा हुआ है और पुलिस की भारी तैनाती की गई है।
कन्हैया लाल के परिजनों से मिलेंगे सीएम गहलोत
कन्हैया लाल हत्याकांड में NIA की जांच और पूछताछ आज भी जारी रहेगी। NIA, SIT और उदयपुर पुलिस लगातार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। उदयपुर पुलिस ने पकड़े गए गौस मोहम्मद और रियाज जब्बार के घर पर भी छापेमारी की है। गुरुवार को एनआईए पूछताछ कर आरोपियों की गिरफ्तारी दिखा सकती है। इसके 24 घंटे बाद इन्हें कोर्ट में पेश किया जा सकता है। उधर, गुरुवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, गृह राज्य मंत्री राजेंद्र यादव व अन्य अधिकारी उदयपुर आएंगे। यहां कन्हैयालाल के परिवार वालों से मुलाकात करेंगे।
कन्हैया लाल हत्याकांड से लोगों में भारी आक्रोश, जयपुर बंद का आह्वान
कन्हैया लाल की हत्या के विरोध में 30 जून को जयपुर बंद रखा जाएगा। जयपुर के सेवा सदन में हुई हिंदू संगठनों की बैठक में यह फैसला लिया गया। बंद के दौरान अति आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी बाजार और प्रतिष्ठान बंद रखे जाने का फैसला हुआ है। 3 जुलाई को हिंदू संगठन जयपुर में बड़ा विरोध मार्च निकालेंगे। जयपुर में हुई बैठक में आरएसएस, विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल समेत कई सामाजिक और धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया भी मौजूद रहे।
आरोपियों पर UAPA के तहत मामला दर्ज, NIA कर रही जांच
मुख्यमंत्री ने जयपुर में बुधवार को महत्वपूर्ण बैठक ली। मुख्यमंत्री कहा कि उदयपुर में हुई इस बड़ी घटना में मुकदमा UAPA के तहत दर्ज किया गया है। इसलिए अब आगे की जांच NIA करेगा। इसमें राजस्थान ATS अपना पूरा सहयोग करेगा। पुलिस एवं प्रशासन को पूरे राज्य में कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है। उपद्रव करने वालों पर सख्ती की जाएगी। मुख्यमंत्री ने सभी पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील भी की है।
जानें क्या है पूरा मामला
उदयपुर के धानमंडी थाना इलाके में 28 जून को दोपहर दो युवकों मोहम्मद रियाज और गौस मोहम्मद ने टेलर कन्हैयालाल की धारदार हथियार से हमला कर हत्या का दी थी। आरोपी कपड़े सिलवाने के बहाने दुकान पर आए थे। इसके बाद दोनों आरोपियों ने वीडियो शेयर कर कहा कि उन्होंने इस्लाम के अपमान का बदला लेने के लिए कन्हैयालाल की हत्या की है।
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में उदयपुर की घटना के खिलाफ जुलूस या किसी भी तरह का विरोध प्रदर्शन करने पर रोक लगा दी है। ADG कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि उदयपुर घटना का संज्ञान प्रशासन द्वारा लिया गया है और उसके लिए अपेक्षित सतर्कता कल रात से बरती जा रही है। हमारे सभी अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं और उन्हें बताया गया कि किसी भी तरह के भड़काऊ और धार्मिक बयान देने से लोगों को रोका जाए।
अगर किसी व्यक्ति द्वारा ऐसा किया जाता है तो उसके विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाए। इस संबंध में हम लोग लगातार सोशल मीडिया की निगरानी कर रहे हैं और संवेदनशील जगहों पर लगातार गश्त भी कर रहे हैं। सभी से अपील करते हैं कि लोग शासन द्वारा दिए गए निर्देश का पालन करे।
उदयपुर | राजस्थान के उदयपुर में नूपुर शर्मा के समर्थन की वजह से दिनदहाड़े कन्हैयालाल नाम के एक टेलर का गला रेत दिया गया है। पुलिस ने वारदात के कुछ घंटों बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, चौंकाने वाली बात यह है कि 17 जून को ही आरोपियों ने इस बात का ऐलान कर दिया था कि वह कन्हैयालाल की हत्या कर देंगे। उन्होंने बकायदा इसका वीडियो भी जारी किया था, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था। ऐसे में राजस्थान पुलिस भी सवालों के घेरे में आ गई है। पुलिस ने तत्काल आगामी आदेश तक इंटरनेट बंद (Internet shutdown) करवा दिया.
पूरे राज्य में अलर्ट जारी किया गया है. एडीजी (एल एंड ऑर्डर) ने कहा कि सभी एसपी और आईजी को राज्यव्यापी अलर्ट जारी किया गया है. हम आगे के निर्णय लेने के लिए कानून व्यवस्था की स्थिति का आंकलन कर रहे हैं. 600 अतिरिक्त पुलिस बल को उदयपुर भेजा है. दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा. कर्फ्यू लगाने को लेकर फैसला स्थिति को देखकर लिया जाएगा. अभी डेड बॉडी वहीं लोकेशन पर है. ये जनता को उत्तेजित करने वाली घटना है. वीडियो के वायरल होने से मामला और ज्यादा संवेदनशील हो गया. पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने इलाके में गश्त बढ़ाने, अधिकारियों को ज्यादा से ज्यादा फील्ड में उतरने के लिए कहा है. रात तक और फोर्स भी भेजी जाएगी.
इस पूरे मामले की शुरुआत करीब एक पखवाड़े पहले हुई, जब कन्हैयालाल ने पैगंबर में मोहम्मद साहब के खिलाफ टिप्पणी करने वाली भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा के खिलाफ सोशल मीडिया में कुछ पोस्ट किया था। हालांकि, परिवार के लोगों का यह भी कहना है कि विवादित पोस्ट को कन्हैया के 8 साल के बेटे ने कुछ वॉट्सऐप ग्रुप में गलती से भेज दिया था।
इसके बाद से ही कन्हैयालाल कट्टरपंथियों के निशाने पर आ गया था। बताया जा रहा है कि 17 जून को रियाज ने एक वीडियो जारी करके कन्हैया के कत्ल की धमकी दी धी। इसके बाद कन्हैया ने पुलिस से शिकायत भी की थी। वहीं, कुछ लोगों का यह भी दावा है कि मुस्लिम समाज के कुछ लोगों ने भी कन्हैया के खिलाफ केस दर्ज कराया था, लेकिन उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया था।
उदयपुर | राजस्थान के उदयपुर में नूपुर शर्मा का समर्थन करने वाले एक शख्स की गला रेतकर हत्या कर दी गई है। बताया जा रहा है कि इस शख्स ने 10 दिन पूर्व नूपुर शर्मा के समर्थन में फेसबुक पर पोस्ट लिखा था। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें दो शख्स तलवार लेकर अपना जुल्म कबूल करते दिख रहे हैं। उदयपुर में टेलर कन्हैया लाल ने 10 दिन पहले नूपुर शर्मा के समर्थन में एक पोस्ट किया था। उन्हें उसी दिन से धमकी मिलने लगी थी।
उदयपुर में युवक की जघन्य हत्या की भर्त्सना करता हूं। इस घटना में शामिल सभी अपराधियों कठोर कार्रवाई की जाएगी एवं पुलिस अपराध की पूरी तह तक जाएगी। मैं सभी पक्षों से शान्ति बनाए रखने की अपील करता हूं। ऐसे जघन्य अपराध में लिप्त हर व्यक्ति को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी: राजस्थान CM pic.twitter.com/5mr5MufQlL
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 28, 2022
घटना उदयपुर के मालदास स्ट्रीट में भूतमहल के पास की है। इसके बाद शहर में तनाव का माहौल पैदा हो गया है। आक्रोशित लोगों ने बाजार बंद करवा दिए हैं और कलेक्ट्री के पास देहलीगेट पर प्रदर्शन कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि वो हर पहलू की जांच कर रहे हैं। आरोपी को पकड़ने के लिए टीमें गठित कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यह मामला पहले भी एक बार थाने तक पहुंचा और पुलिस ने दोनों के बीच समझौत भी करवा दिया था। लेकिन, हिंसक प्रवृत्ति के आरोपी ने युवक के गले पर वार कर नृशंस हत्या कर दी। आरोपी उसे कई दिनों से धमकियां भी दे रहा था। पुलिस आरोपियों को पकड़ने में जुट गई है।
राजस्थान: उदयपुर हत्याकांड के बाद लोगों ने सड़कों पर आकर अपना विरोध दर्ज़ कराया। घटना के बाद मालदास बाजार में दुकानें बंद कर दी गई हैं। pic.twitter.com/0OmusfIBqE
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 28, 2022
आरोपी कपड़े सिलवाने के लिए नाप देने के बहाने पहुंचा और हमला कर दिया
धानमंडी थाना क्षेत्र में भूतमहल के पास सुप्रीम टेलर्स के नाम से दुकान चलाने वाले कन्हैयालाल तेली (40) दुकान पर ही काम कर रहा था, तभी दोपहर करीब ढाई बजे दो बदमाश आए। कपड़े सिलवाने के बहाने दुकान में प्रवेश किया। कन्हैयालाल कुछ समझ पाता, उससे पहले ही बदमाशों ने उस पर चाकू व तलवार से हमला बोल दिया। आधा दर्जन से अिधक वार किए। कन्हैयालाल की मौके पर ही मौत हो गई। संवेदनशील इलाका होने के कारण बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। कई सामाजिक व राजनीतिक संगठनों ने शहर के अंदर चार दिवारी व आसपास बाजार बंद करवा दिए गए। पुलिस के आला अधिकारी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। टीम ने मौके से सबूत जुटाए।
नृशंस हत्या हुई है। जैसे ही सूचना मिली पुलिस को तैनात कर दिया गया है। अपराधियों के खिलाफ सख़्त कार्रवाई की जाएगी। कुछ आरोपियों की पहचान हुई है, हमने टीमें भेजी है। सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है उसे भी हमने देखा है: मनोज कुमार एसपी उदयपुर pic.twitter.com/uyoTiiANF4
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 28, 2022
इंदौर : जिला कोर्ट ने बिजली कंपनी इंदौर के रिश्वतखोर सहायक यंत्री (एइ) सुनील ओझा को चार वर्ष की सजा सुनाते हुए जेल भेज दिया। संविदा पर नियुक्त हुए आरोपी एइ छह वर्ष पूर्व इंदौर जिले के देपालपुर में पाँच हजार रुपए की रिश्वत लेते लगभग साढ़े छह साल पहले रंगेहाथ पकड़ा गया था। सोमवार को फैसला विशेष न्यायाधीश संजयकुमार गुप्ता ने सुनाया। कोर्ट ने आरेापी एइ ओझा को भ्रष्टाचार अधिनियम की दो धाराओं के तहत चार-चार वर्ष की कैद व पाँच-पाँच हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाते हुए जेल भेज दिया। प्रकरण में लोकायुक्त पुलिस की ओर से विशेष लोक अभियोजक जीपी घाटिया ने की। आरोपी एइ सुनील ओझा को लोकायुक्त पुलिस इंदौर ने 26 जनवरी 2015 को पाँच हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा था। तब आरेापी ओझा इंदौर जिले के देपालपुर तहसील क्षेत्र के चंबल क्षेत्र में पदस्थ था।
मामला यह था कि देपालपुर क्षेत्र के ग्राम खरसोड़ा निवासी विक्रम गुर्जर व उसके चाचा प्यार जी के खेत में नवम्बर 2014 में वैध बिजली कनेक्शन होने के बावजूद 17 हजार 510 रुपए का बिल आया था। फरियादी जब सहायक यंत्री ओझा से मिले और बिल कम करने का कहा तो आरोपी ओझा ने रिश्वत मांगते हुए कहा था कि पाँच हजार रुपए दे देना, मैं 17510 रुपए का बिल फाड़ दूंगा। इस पर फरियादी ने लोकायुक्त पुलिस इंदौर में आरोपी के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। लोकायुक्त पुलिस ने योजना के अनुसार 16 जनवरी 2015 को आरोपी एइ ओझा को पाँच हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ बंदी बनाया था।
गंगटोक :सिक्किम की राजधानी गंगटोक में चानबाड़ी रोंगवे में बीती देर रात भूस्खलन की घटना में एक महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गयी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक घटना रात करीब 01.45 बजे हुइ। मृतकों की पहचान डोमा शेरपा 27, उसके 10 वर्षीय बेटे और सात महीने के बच्चे के रूप में की गयी है। डोमा शेरपा के पति सिलीगुड़ी में थे , जिन्हें घटना की सूचना दे दी गयी है। सिक्किम आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार मलबा हटाने का काम जारी है।
जालौर : राजस्थान के जालौर जिले में एक तेज रफ्तार कार के सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में घुसने की वजह से सड़क हादसा हो गया है । इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई।
घटना आहोर उपखंड में मंगलवार सुबह हुई। सपी हर्षवर्धन अग्रवाला और जिला कलेक्टर निशांत जैन भी मौके पर पहुंचे। सभी मृतक चरली गांव के निवासी थे, जो कार से तखतगढ़ से चरली की तरफ से आ रहे थे। देर रात सड़क के किनारे खड़ी ट्रक में तेज रफ्तार कार घुस गई और पांचों की मौत हो गई। प्रधानमंत्री पीएम मोदी ने ट्वीट कर इस दर्दनाक घटना पर खेद जताया है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी ट्वीट कर संवेदना प्रकट की है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि जालौर आहोर क्षेत्र में सरली गांव के पास हुए सड़क हादसे में 5 लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद है. शोकाकुल परिजनों के उनकी गहरी संवेदना है उन्होंने हादसे पर दुख प्रकट दुख प्रकट किया।
एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया की सभी मृतकों के शव राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। खड़े ट्रेलर में कार घुसने से बड़ा सड़क हादसा हुआ है, जिसमें कार सवार सभी 5 लोगों की मौत हो गई। वाहन को मौके से हटा दिया गया हैं और मामले की जांच की जा रही है। सड़क हादसे में कमलेश कुमार, छगनलाल, रामाराम, दिनेश, मानाराम की मौत हुई है. इधर घटना के बाद परिजन मृतकों के शव को उठाने से इनकार करते हुए मुआवजे की मांग पर अड़े हैं।
उज्जैन : भारतीय रेलवे उज्जैन संभाग में छह नए रेलवे स्टेशन बनाने जा रहा है। इसके लिए टेंडर की मंजूरी के बाद अब नए रेलवे स्टेशन के निर्माण के लिए ड्राइंग बनाने का काम शुरु कर दिया गया है। अब मंदसौर, जावरा, नीमच, रतलाम के बीच छह नए स्टेशन बनाने के लिए नक्शे की शुरुआत होने वाली है। अगले तीन से चार माह में निर्माण शुरुआत कर दी जाएगी। नीमच-रतलाम-नीमच रेल सेक् शन में 266 किमी के रेल माग्र में पहली बार इलेक्ट्रिक सिंग्नल लगाए जाएंगे। इसको लेकर डीआरएम विनीत गुप्ता ने अधिकारियों के साथ करीब सात घंटे तक बैठक की है।
भोपाल, निशातपुरा थाना पुलिस ने एक किशोरी की शिकायत पर उसके रिश्तेदार के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज किया है। आरोपित ने मांग भरकर शादी करने का ढोंग करने के बाद किशोरी को एक होटल में दुष्कर्म किया। निशातपुरा थाना पुलिस के मुताबिक क्षेत्र में रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी छठवीं कक्षा में पढ़ती है। पाँच साल पहले वह होशंगाबाद में अपने दादा के घर गई थी। वहां उसका परिचय दूर के रिश्तेदार संदीप से हो गया था। उसके बाद संदीप जब भी भोपाल आता था तो किशोरी से मुलाकात करता था। तीन साल पहले उनके बीच प्रेम प्रसंग शुरु हो गया था। 20 जून को संदीप किशोरी का बहला फुसला कर सागर ले गया। वहां एक मंदिर में किशोरी की मांग भरते हुए कहा कि अपनी शादी हो गई। इसके बाद सागर के एक होटल में तीन दिन तक रुकने के दौरान उसने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। इधर स्वजनों की शिकायत पर पुलिस गुमशुदगी दर्ज कर किशेारी की तलाश कर रही थी। किशोरी जब घर पहुंची तो घटना के बारे में पता चला। आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।
उत्तर प्रदेश लोकसभा उपचुनाव में रामपुर के नतीजे आ चुके हैं जिसमें घनश्याम लोधी ने जीत दर्ज की है। वहीं आजमगढ़ में भी भगवा लहराया है और दिनेश लाल यादव निरहुआ ने 11212 वोटों से दर्ज की जीत की है। इस तरह 2019 में दोनों सीटों पर जीत दर्ज करने वाली सपा रामपुर और आजमगढ़ दोनों सीटों पर हार गई है। हार की सबसे बड़ी वजह अखिलेश यादव के ओवर कॉन्फिडेंस को बताया जा रहा है।
अखिलेश यादव दोनों सीट पर जीत से इतने आश्वस्त थे कि उन्होंने चुनाव प्रचार में उतरना तक जरूरी नहीं समझा वहीं दूसरी तरफ निरहुआ हारने के बावजूद इलाके में अपना जनाधार बनाने में लगे रही। वहीं उपचुनाव की घोषणा होते ही बीजेपी ने यूपी में अपना पूरा प्रचार तंत्र एक्टिव कर दिया। सीएम योगी के अलावा यूपी सरकार के कई मंत्रियों को प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी गई। दूसरी तरफ केंद्र ने भी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को प्रचार का जिम्मा सौंपा।
हालांकि आज सुबह आठ बजे जब वोटों की गिनती शुरूआत में दोनों सीटों पर सपा आगे चल रही थी।आजमगढ़ में वोटों की गिनती की दौरान नोकझोंक भी देखने को मिली जब पुलिस ने सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव को स्ट्रॉंग रूम में जाने से रोक दिया। शुरूआती रूझानों में रामपुर और आजमगढ़ दोनों सीटों पर सपा प्रत्याशी आगे चल रहे थे। आजमगढ़ सीट पर धर्मेंद्र यादव तो रामपुर सीट पर आसिम राजा ने बढ़त बनाई हुई थी। लेकिन बाद में जैसे जैसे वोटों की गिनती बढ़ी वैसै- वैसे सपा प्रत्याशी दोनों सीटों पर पिछड़ते चले गए और रामपुर में धनश्याम लोधी तो आजमगढ़ में निरहुआ ने बढ़त बनानी शुरू कर दी।
मुंगेर | बिहार के मुंगेर जिले में ग्रामीणों ने एक प्रेमी युगल की शादी करा दी. युवक रात के अंधेरे में गांव में अपनी प्रेमिका से मिलने गया था. इसी दौरान परिवार वालों को इसकी जानकारी हो गई. इसके बाद गांव वालों को परिवार वालों ने रात में ही जानकारी दी. रात में ही बिना शुभ मुहूर्त के ही दोनों की गांव में झटपट शादी करा दी गई.
बताया जा रहा है कि मुंगेर जिले में धरहरा थाना क्षेत्र के इटवा गांव की सरिता कुमारी के साथ अजय कुमार का बीते कुछ महीनों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था. प्रेम परवान चढ़ा तो दोनों छिप-छिपकर एक दूसरे से मिलने लगे. दोनों के बीच मोबाइल पर भी घंटों बातें होती थी. परिवार वालों को इसके बारे में जानकारी नहीं थी. इसी बीच शुक्रवार की रात प्रेमिका के बुलावे पर अजय कुमार वहां पहुंच गया. इसके बाद ग्रामीणों की मौजूदगी में दोनों की शादी कराई गई. इस शादी को लेकर इलाके में तरह तरह की चर्चा हो रही है.
टेंट का काम करता है युवक
अजय कुमार और सरिता कुमारी का गांव आसपास में ही है. अजय के गांव में सरिता का ननिहाल है. अजय कुमार टेंट का काम करता है. इसी दौरान उसे इटवा गांव के बालो मंडल की पुत्री सरिता कुमारी से प्यार हो गया. दोनों के बीच कई महीने से बातचीत हो रही थी. बताया जा रहा है कि कई बार वे लोग पहले भी मिल चुके थे, लेकिन शुक्रवार की रात युवक जब अपनी प्रेमिका से मिलने गांव पहुंचा तो परिवार वालों को इसकी जानकारी हो गई. परिवार वालों ने इसके बाद रात में ही गांव के लोगों को बुलाया और शादी करा दी. शादी के बाद दोनों नवविवाहिता ने कहा कि हम लोग अब साथ साथ रहेंगे.
नई दिल्ली : आगरा में अपार्टमेंट की चौथी मंजिल की बालकनी से गिरकर एक महिला की मौत हो गई। वहीँ, अपार्टमेंट के मौजूद तीन आरोपियों को दबोच लिया, जिसमें एक आरोपी महिला का पति भी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार महिला यहां किसी व्यक्ति के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी।
घटना की जानकारी मिलते मौके पर पहुंचे एसएसपी ने छानबीन शुरू कर दी है। हालाँकि, अभी तक मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने अपार्टमेंट के लोगों द्वारा पकड़े गए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। महिला के हाथ बंधे हुए थे।
लोगों ने पुलिस को बताया कि घटना करीब 11 बजे की है। लिफ्ट से जाने के दौरान उन्होंने महिला को गिरते हुए देखा। इसके बाद वे लोग नीचे पहुंचे, जहां महिला खून से लथपथ पड़ी थी। लोगों ने इसके बाद तत्काल ही पुलिस के सूचना दी। घटना थाना ताजगंज के नगला मेवाती स्थिति श्री अपार्टमेंट की है। महिला की उम्र करीब 30 साल है। उसकी पहचान रितिका सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि वह फिरोजाबाद के विपुल अग्रवाल के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। महिला का उसके पति आकाश गौतम से विवाद चल रहा था। ये भी सामने आया कि आज आकाश अपने दो परिचितों और परिवार की दो महिलाओं के साथ फ्लैट पर आया था। जिसके बाद आपस में मारपीट हो गई। आरोप है कि पति ने रितिका को नीचे फेंक दिया। रितिका के हाथ बंधे हुए थे। हालांकि, पुलिस ने पति और दो लोगों को हिरासत में लिया है।









.jpg)

