रायपुर / अभनपुर। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने आज अभनपुर थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी का नाम पुष्पेंद्र गजपाल बताया गया है। यह कार्रवाई अभनपुर थाना क्षेत्र में हुई है।
8,000 रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया
पटवारी पुष्पेंद्र गजपाल ने ग्राम गोतियारडीह निवासी एक व्यक्ति से नामांतरण प्रक्रिया के बदले में ₹8,000 की रिश्वत मांगी थी। इसकी शिकायत प्रार्थी ने ACB से की, जिसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए पटवारी को रंगे हाथों पकड़ लिया।
पूछताछ जारी
ACB ने पटवारी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। रिश्वत की रकम मौके से जब्त की गई है।
रायपुर।छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय हो गया है और आगामी 24 से 48 घंटे के भीतर राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने दक्षिण छत्तीसगढ़ के बस्तर, सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर और गौरेला-पेंड्रा-मारवाही जिलों के लिए 24 घंटे के भीतर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि सूरजपुर, बलरामपुर, सरगुजा और जशपुर के लिए यह अलर्ट 48 घंटे तक प्रभावी रहेगा।
रायपुर-रायगढ़ में पानी ने मचाई आफत
राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में सुबह से बारिश जारी है। रायगढ़ में सड़कों पर पानी भर गया, और दुर्गा विहार कॉलोनी, विनोबा नगर जैसे इलाकों में घरों में पानी घुसने की खबरें सामने आई हैं। इसी तरह कोरबा के चिमनीभट्ठा इलाके में भी कई घरों में बारिश का पानी प्रवेश कर चुका है।
बस्तर में भूस्खलन, ट्रेनें रद्द
बस्तर क्षेत्र में भारी बारिश के कारण कोरापुट-किरंदुल रेललाइन पर भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की घटना सामने आई है। मिट्टी और चट्टानें ट्रैक पर गिरने से रेलमार्ग बाधित हो गया है। इसके चलते किरंदुल-विशाखापट्टनम और हिराखंड एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। रेलवे विभाग ने ट्रैक को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए राहत कार्य शुरू कर दिया है।
रायपुर :छत्तीसगढ़ शासन ने भारतीय वन सेवा (IFS ) के अधिकारी मयंक अग्रवाल को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, श्री अग्रवाल को वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के संचालनालय में चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO), छत्तीसगढ़, रायपुर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
मयंक अग्रवाल 2016 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय में पदस्थ हैं। अब उन्हें छत्तीसगढ़ सरकार के अधीन इस महत्वपूर्ण पद का दायित्व भी सौंपा गया है।
यह आदेश उप सचिव अंशिका पांडे द्वारा राज्यपाल के नाम से जारी किया गया है। आदेश में संबंधित सभी विभागों और अधिकारियों को इस परिवर्तन की जानकारी भेजी गई है। शासन की यह नियुक्ति प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि वन एवं पर्यावरण जैसे संवेदनशील विभाग में अनुभवी अधिकारियों की आवश्यकता बनी रहती है।
मुख्यमंत्री ने कहा किसानों को परेशान होने की जरूरत नहीं
चालू खरीफ सीजन में अब 17.18 लाख मेट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य
रायपुर :- देश में डीएपी खाद के आयात में कमी के चलते चालू खरीफ सीजन में राज्य में डीएपी की आपूर्ति प्रभावित होने का वैकल्पिक मार्ग छत्तीसगढ़ सरकार ने निकाल लिया है। किसानों को डीएपी खाद की किल्लत के चलते परेशान होने की जरूरत नहीं है। डीएपी के बदले किसानों को भरपूर मात्रा में इसके विकल्प के रूप में एनपीके और एसएसपी खाद की उपलब्धता सोसायटियों के माध्यम सुनिश्चित की जा रही है। डीएपी की कमी को पूरा करने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने एनपीके (20ः20ः013) और एनपीके (12ः32ः13) के वितरण लक्ष्य में 3.10 लाख मेट्रिक टन तथा एसएसपी के वितरण लक्ष्य में 1.80 लाख मेट्रिक टन की वृद्धि करने के साथ ही इसके भण्डारण एवं वितरण की भी पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की है। एनपीके और एसएसपी के लक्ष्य में वृद्धि होने के कारण चालू खरीफ सीजन में विभिन्न प्रकार के रासायनिक उर्वरकों का वितरण लक्ष्य 14.62 लाख मेट्रिक टन से 17.18 लाख मेट्रिक टन हो गया है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि डीएपी खाद की कमी को लेकर किसानों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। इसके विकल्प के रूप में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा अन्य रासायनिक उर्वरक जैसे-एनपीके और एसएसपी की भरपूर व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इंदिरा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि वैज्ञानिकों और कृषि विभाग के अधिकारियों के सुझाव के अनुरूप किसान डीएपी के बदले उक्त उर्वरकों का प्रयोग कर बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं। सोसायटियों से किसानों को उनकी डिमांड के अनुसार खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित हो, इस पर कड़ी निगाह रखी जा रही है। किसानों की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
यहां यह उल्लेखनीय है कि चालू खरीफ सीजन में 14.62 लाख मेट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य कृषि विभाग द्वारा निर्धारित किया गया था, जिसमें यूरिया 7.12 लाख मेट्रिक टन, डीएपी 3.10 लाख मेट्रिक टन, एनपीके 1.80 लाख मेट्रिक टन, एमओपी 60 हजार मेट्रिक टन, एसएसपी 2 लाख मेट्रिक टन शामिल था। डीएपी के कमी को देखते हुए कृषि विभाग ने इस लक्ष्य को संशोधित किया है। डीएपी की आपूर्ति की कमी चलते इसके लक्ष्य को 3.10 लाख मेट्रिक टन से कमकर 1.03 लाख मेट्रिक टन किया गया है, जबकि एनपीके के 1.80 लाख मेट्रिक टन के लक्ष्य को बढ़ाकर 4.90 लाख मेट्रिक टन और एसएसपी के 2 लाख मेट्रिक टन को बढ़ाकर 3.53 लाख मेट्रिक टन कर दिया गया है। यूरिया और एमओपी के पूर्व निर्धारित लक्ष्य को यथावत् रखा गया है। इस संशोधित लक्ष्य के चलते रासायनिक उर्वरकों के वितरण की मात्रा 14.62 लाख मेट्रिक टन से बढ़कर अब 17.18 लाख मेट्रिक टन हो गई है।
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि डीएपी की कमी को अन्य उर्वरकों के निर्धारित मात्रा का उपयोग कर पूरी की जा सकती है और फसल उत्पादन बेहतर किया जा सकता है। फसलों के लिए जरूरी पोषक तत्व जैसे नाइट्रोजन, फास्फोरस, पोटाश सहित मात्रा में मिले तो उपज में कोई कमी नहीं आती है। डीएपी की कमी को देखते हुए किसानों को अन्य फॉस्फेट खादों के उपयोग की सलाह दी है। डीएपी के प्रत्येक बोरी में 23 किलोग्राम फॉस्फोरस और 9 किलोग्राम नाइट्रोजन होता है। इसके विकल्प के रूप में तीन बोरी एसएसपी और एक बोरी यूरिया का उपयोग करने से पौधों को पर्याप्त मात्रा में फॉस्फोरस, कैल्सियम, नाइट्रोजन और सल्फर मिल जाता है। एसएसपी उर्वरक पौधों की वृद्धि के साथ-साथ जड़ों के विकास में भी सहायक है, इसके उपयोग से फसल की क्वालिटी और पैदावार बढ़ाने में मदद मिलती है। डीएपी की कमी को दूर करने के लिए किसान जैव उर्वरकों का भी उपयोग कर सकते हैं।
कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार खरीफ-2025 में किसानों को विभिन्न प्रकार के रासायनिक उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 12.13 लाख मेट्रिक टन उर्वरकों का भण्डारण कराया गया है, जिसमें से 7.29 लाख मेट्रिक टन का वितरण किसानों को किया जा चुका है। राज्य में वर्तमान में सहकारी और निजी क्षेत्र में 4.84 लाख मेट्रिक टन खाद वितरण हेतु उपलब्ध है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस विभाग के भीतर बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। एसएसपी लाल उमेद सिंह ने 27 थाना प्रभारियों के तबादले का आदेश जारी किया है। इस आदेश के तहत शहर के कई प्रमुख थानों की कमान नए अधिकारियों को सौंप दी गई है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन जल संसाधन विभाग द्वारा गरियाबंद जिले के विकासखण्ड-फिंगेश्वर अंतर्गत राजिम मेले के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं हेतु महानदी के आरती स्थल, शाही स्नान और श्रद्धालुओं के स्थान, प्लेटफार्म और सीढ़ी निर्माण कार्य के लिए 20 करोड़ 23 लाख 50 हजार रूपए स्वीकृत किए है। जल संसाधन विभाग मंत्रालय महानदी भवन से मेला स्थल पर निर्माण कार्य कराने के लिए मुख्य अभियंता महानदी गोदावरी कछार जल संसाधन विभाग रायपुर को पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है।
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर पुलिस के 2 प्रधान आरक्षक पश्चिम बंगाल से कथित आरोपी को लेकर इनोवा से आ रहे थे। उसे झारखंड पुलिस ने रांची में पकड़ लिया। रांची पुलिस को इनोवा वाहन से प्रभावशाली व्यक्ति के पश्चिम बंगाल से अपहरण की सूचना मिली थी। मामले में बलरामपुर एसपी वैभव बैंकर ने कुसमी थाना प्रभारी ललित यादव समेत दो प्रधान आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर के कुसमी थाने के प्रभारी ललित यादव ने थाने के दो प्रधान आरक्षकों विष्णुकांत मिश्रा और प्रांजुल कश्यप को बिना वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति या किसी को बिना सूचना दिए पश्चिम बंगाल भेजा था। मामला धोखाधड़ी की शिकायत का था।शिकायतकर्ता ने पुलिस को कथित आरोपी को पकड़ने के लिए वर्धमान जाने इनोवा वाहन उपलब्ध कराई थी। तीन दिन पहले इनोवा वाहन लेकर दोनों प्रधान आरक्षक पश्चिम बंगाल के वर्धमान पहुंचे।
झारखंड में पुलिस ने घेरा, डीजीपी को आया फोन
वर्धमान में जिस व्यक्ति के खिलाफ शिकायत थी, वह प्रभावशाली है। दोनों प्रधान आरक्षकों ने उसे पकड़ा और सड़क मार्ग से लेकर बलरामपुर आ रहे थे। झारखंड पुलिस को इनोवा में उनके अपहरण की सूचना मिली। मंगलवार को झारखंड पुलिस ने रांची में इनोवा वाहन को पकड़ लिया।
जब दोनों प्रधान आरक्षकों ने खुद को छत्तीसगढ़ पुलिस का कर्मी बताया, तो मामला झारखंड डीजीपी तक पहुंच गया। झारखंड के डीजीपी ने इसकी जानकारी छत्तीसगढ़ के डीजीपी को दे दी। छत्तीसगढ़ के डीजीपी ने इसकी जानकारी सरगुजा आईजी से ली। बलरामपुर एसपी से बात होने के बाद दोनों प्रधान आरक्षकों को झारखंड पुलिस ने छोड़ दिया।
एसपी ने किया तीनों को सस्पेंड
बलरामपुर एसपी ने थाना प्रभारी की तरफ से बिना अनुमति या पूर्व सूचना दो प्रधान आरक्षकों को पश्चिम बंगाल भेजने पर थानेदार ललित यादव सहित दोनों प्रधान आरक्षकों को सस्पेंड कर दिया है। तीनों को लाइन अटैच कर दिया गया है।
बस्तर दौरे से लौटने के बाद जिले के राजीव भवन में बैज ने पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि भाजपा दलितों का आरक्षण समाप्त करने की दिशा में काम कर रही है।
बैज के मुताबिक, सरकार सीधे तौर पर आरक्षण समाप्त नहीं कर पा रही है। इसलिए निजीकरण को हथियार बना लिया है। इससे निजी क्षेत्र में आरक्षण रोस्टर खत्म हो रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में केवल सरकारी क्षेत्र में ही दलितों को आरक्षण मिल रहा है।
राहुल गांधी ने पहले ही आगाह किया था – बैज
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने राहुल गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि वे पहले से इस मुद्दे पर आगाह कर रहे थे। लेकिन लोगों ने उनकी बातों को अनदेखा किया। अब वही बातें सच साबित हो रही हैं।
दो व्यक्ति सरकार चला रहे – बैज
छत्तीसगढ़ की वर्तमान स्थिति पर टिप्पणी करते हुए बैज ने कहा कि प्रदेश में अभी तक कोई मुख्यमंत्री नहीं है। सारा नियंत्रण केंद्रीय नेतृत्व के पास है। दो व्यक्ति रिमोट से सरकार चला रहे हैं।
मंत्री मुख्यमंत्री की बात नहीं मानते। सभी मंत्री खुद को मुख्यमंत्री समझने लगे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश का विकास पूरी तरह रुक गया है। सड़कों समेत हर क्षेत्र में समस्याएं दिख रही हैं।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में 2161 करोड़ रुपये के बहुचर्चित शराब घोटाले में बड़ा खुलासा हुआ है। आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने पहली बार 29 से अधिक आबकारी अधिकारियों को आरोपी बनाया है। इन अधिकारियों पर सिंडिकेट के साथ मिलकर करोड़ों की अवैध शराब बिक्री और कमीशन वसूली का आरोप है।
EOW की जांच में सामने आया कि इन अधिकारियों को हर शराब की पेटी पर ₹150 का कमीशन मिलता था, जिसे जमीन, मकान और व्यवसाय में लगाया गया। जांच पूरी होने के बाद 5 जुलाई को विशेष अदालत (ACB-EOW) में पांचवीं चार्जशीट पेश की जाएगी। आरोपियों को कोर्ट में सुबह 11 बजे उपस्थित होने के लिए नोटिस भेजा गया है। कई अधिकारी नोटिस मिलने के बाद से फरार हैं या मोबाइल बंद कर चुके हैं। जांच में जनार्दन कौरव को सिंडिकेट का मुख्य समन्वयक बताया गया है, जो विशेष सचिव अरुणपति त्रिपाठी का करीबी था। वह ट्रांसफर-पोस्टिंग से लेकर अवैध शराब की सप्लाई तक सबकुछ संभालता था।
घोटाला 2019 से 2023 तक चला और 60 लाख पेटियों की अवैध बिक्री से 2174.60 करोड़ रुपये की कमाई हुई। इसमें से 319 करोड़ रुपये अधिकारियों द्वारा सप्लायरों से वसूले गए। चार्जशीट में विकास गोस्वामी, नीतू नोतानी, दिनकर वासनिक, रविश तिवारी सहित कई नाम शामिल हैं। 16 अधिकारी वर्तमान में सेवा में हैं, जबकि 12 रिटायर हो चुके हैं। EOW का कहना है कि गिरफ्तारी कोर्ट के आदेश पर ही होगी, पेश न होने पर वारंट जारी किए जाएंगे।
रायपुर :- छोटी आंखों के ख्वाब बड़े किसी महाविद्यालय के दो दशकों से अधिक की यात्रा बताती है कि किस शिद्दत से महाविद्यालय की नींव रखी गई है ये बातें कहीं पं रविशंकर शुक्ल विश्व विद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ एस के पाण्डे ने अवसर था पुरानी बस्ती स्थित अग्रसेन महाविद्यालय में स्थापना दिवस समारोह का । इस अवसर पर ग्रीष्म कालीन प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के निदेशक डॉ. वी. के. अग्रवाल ने कहा कॉलेज छोटे जगह पर खोला तब सबने संशय किया था पर हमारे ख्वाब बड़े थे हमारे शिक्षकों के प्रयास से अच्छे परिणाम आज हमारे महाविद्यालय की पहचान है। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि अग्रवाल समाज के केंद्रीय ईकाई के अध्यक्ष अनुराग अग्रवाल ने कहा कि जिन्होंने इस कॉलेज का बीज रोपण किया वो और जिन्होंने माली की तरह इसे पल्लवित किया दोनों बधाई के पात्र हैं। स्वागत भाषण देते हुए अग्रसेन शिक्षण समिति के कोषाध्यक्ष अजय दानी ने कहा कि बीकॉम के चार छात्रों से शुरू हुई यात्रा आज पंद्रह विषयों के साथ सात सौ से अधिक छात्रों तक पहुंच गई है।
प्रशासनिक अधिकारी डॉ. अमित अग्रवाल ने आभार देते हुए कहा कि ग्रीष्मकालीन प्रतियोगिता के विजेताओ को बधाई साथ ही उन्होंने महाविद्यालय के संस्थापक सदस्यों को याद करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
प्राचार्य डॉ. यूलेंद्र राजपूत ने जानकारी देते हुए बताया कि कौशल विकास के प्रशिक्षकों और विद्यार्थीयों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय में वर्ष भर एन एस एस के छात्र अपनी सेवाएं महाविद्यालय के विभिन्न आयोजन में देते हैं उन छात्रों को और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम संचालन प्रबंध विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ शोभा अग्रवाल ने किया।
कार्यक्रम प्रभारी अभिनव अग्रवाल, छत्तीसगढ़ी अग्रवाल समाज से डॉ मधुलिका अग्रवाल, प्राचार्य शासकीय नवीन महाविद्यालय गुढ़ियारी, सुनील अग्रवाल, अनुपम अग्रवाल, शशिर अग्रवाल, नीरज अग्रवाल समेत महाविद्यालय के प्राध्यापक और छात्र उपस्थित रहे।]
रायपुर. नगर निगम के टैक्स वसूली विभाग में 10 सहायक राजस्व अधिकारियों का तबादला करने के बाद 2 जुलाई को निगम आयुक्त विश्वदीप द्वारा जारी आदेश में इसी विभाग के पूरे 93 अधिकारी-कर्मचारियों को इधर उधर कर दिया गया है. इस प्रकार निगम में यह पहला अवसर है जब टैक्स वसूली के लिए वार्डो की भौगोलिक स्थिति के जानकार पूरे अमले का तबादला कर दिया गया है. इस आदेश को लेकर निगम भी बुधवार को दिनभर चर्चा होती रही. इन सबके बीच नगर निगम में इस साल का राजस्व वसूली टारगेट 400 करोड़ से अधिक कर दिया गया है.
इसमें निगम को सबसे अधिक टैक्स वसूली की गुंजाइश ओपन प्लाट में ही दिखाई दे रही है. ऐसे में जोन कमिश्नरी स्तर पर पूरे सिस्टम की अदला-बदली के कारण टैक्स वसूली प्रभावित होने की संभावना अधिक जताई जा रही है. क्योंकि जिनका नये जोन कमिश्नरी में तबादला हुआ उन्हें जोन अंतर्गत समस्त सात वार्डों की स्थिति को जानने और समझने में ही लगभग 6 महीने का समय निकल जाएगा. अभी टैक्स के साथ ऑनलाइन यूजर चॉर्ज बढ़ाने-घटाने की कवायद के चलते निगम की प्रॉपर्टी टैक्स वसूली मई-जून महीने में प्रभावित हुई थी. बुधवार को हुए तबादले में जोन-6 में कार्यरत सहायक ग्रेड-02 वर्ग के भारतेश नेताम को मुख्यालय भेजा गया है.
जोन-8 कमिश्नरी में दो राजस्व निरीक्षकः पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के महत्वपूर्ण जोन-8 कमिश्नरी में जोन-6 से कैलाश मरकाम और जोन-10 से राजेश मिश्रा को भेजा गया है. इसके बदले जोन-1 के नरेंद्र सोनी को जोन-10 में भेजा गया और जोन-5 के सुनील ध्रुव को जोन-6 में भेजा गया है.
जोन-2 में सर्वाधिक 11 लोगों का तबादला नये तबादला आदेश में सबसे अधिक जोन-2 कमिश्नरी के 11 राजस्व अमले को आयुक्त ने इधर-उधर कर दिया है.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और लगातार कई जिलों में बारिश हो रही है. राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में आज सुबह से हल्की बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए प्रदेश के कई इलाकों में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है.
इन जिलों में होगी बारिश
मौसम विभाग ने महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, सरगुजा, में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में गरज-चमक और 30-40 KMPH की स्पीड से तेज हवा के साथ मध्यम बारिश की संभावना है.
वहीं बीजापर, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागाव, काकर, धमतरी, बालोद, राजनांदगाव, गरियाबंद, रायपुर, दुर्ग, बेमेतरा, मुंगेली, सूरजपर, बलरामपुर, में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में हल्की बारिश की संभावना है.
मौसम विभाग ने बताया कि अगले सप्ताह तक पूरे प्रदेश में सक्रिय मानसून की स्थिति बनी रहने की संभावना है. उत्तरी छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक भारी वर्षा जारी रह सकती है.
बीते दिन प्रदेश में ऐसा रहा मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय रहा. बिलासपुर और बस्तर संभाग के कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई. अंबिकापुर में 11 मिमी, रायगढ़ में 9 मिमी और नारायणपुर में 8 मिमी बारिश दर्ज की गई.
प्रदेश का तापमान:
अधिकतम तापमान: सबसे ज्यादा 30.6 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया.
न्यूनतम तापमान: सबसे कम 21.2 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रहा.
कहां कितनी बारिश हुई
बीते दिन प्रदेश के कई जिलों में 1 मिमी से लेकर 11 मिमी तक वर्षा रिकॉर्ड की गई. कुछ प्रमुख शहरों में तापमान और वर्षा के दर्ज आंकड़े इस प्रकार हैं:
स्टेशन
अधिकतम तापमान (°C)
न्यूनतम तापमान (°C)
सुबह वर्षा (मिमी)
शाम वर्षा (मिमी)
माना एयरपोर्ट
27.8
25.0
0.0
8.4
बिलासपुर
30.4
25.0
27.8
6.6
पेंड्रा रोड
29.7
21.2
23.6
27.8
अंबिकापुर
30.6
23.3
16.2
22.8
जगदलपुर
23.8
22.2
70.3
1.6
दुर्ग
28.2
21.6
0.1
1.2
राजनांदगांव
–
21.5
4.0
–
मौसमी तंत्र सक्रिय
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून द्रोणिका बांग्लादेश, त्रिपुरा, मिजोरम होते हुए दक्षिण-पूर्व की ओर बढ़ रही है. पश्चिमी तट पर अपतटीय ट्रफ रेखा सक्रिय है. छत्तीसगढ़ के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. राजस्थान से उत्तर प्रदेश होते हुए बंगाल की खाड़ी तक ट्रफ लाइन मौजूद है.
आगामी पूर्वानुमान
4 जुलाई तक: प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी वर्षा की संभावना.
कल के लिए चेतावनी: उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है.
अगले 2 दिनों के बाद: अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी.
रायपुर का मौसम पूर्वानुमान
3 जुलाई को रायपुर में आसमान सामान्यत: मेघमय रहेगा. गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं.
अधिकतम तापमान: 28 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान: 24 डिग्री सेल्सियस
मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि तेज हवा और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोग सुरक्षित स्थानों पर रहें और सतर्कता बरतें.
दुर्ग:शहर के व्यस्त स्टेशन रोड स्थित इंदिरा मार्केट में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई। आग मार्केट में स्थित खत्री इलेक्ट्रॉनिक दुकान और गोदाम में लगी, जो तेजी से फैलते हुए दो मंजिल तक पहुंच गई।
दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और लगातार बारिश के चलते फायर ब्रिगेड को आग बुझाने में सहायता मिली। फायर टीम ने बताया है कि स्थिति अब नियंत्रण में है, और आग पर काबू पाने की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है।
लाखों का सामान खाक, शॉर्ट सर्किट की आशंका
घटना सुबह 11:30 बजे के आसपास की है। आग में दुकान में रखा लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर खाक हो गया। फिलहाल नुकसान का आंकलन जारी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बिजली के वायर और अन्य ज्वलनशील सामग्री दुकान में मौजूद थीं, जिससे आग तेजी से फैली। आग लगने की प्राथमिक वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
तीन दिन में दूसरी बड़ी आग की घटना
इसी इलाके में तीन दिन पहले एक चमड़े की दुकान में भीषण आग लगी थी। लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं पर नेताओं ने प्रशासन और बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं।
पूर्व कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने कहा कि प्रशासन को अब सतर्क होना चाहिए और तकनीकी खामियों की जांच करनी चाहिए। वहीं, बीजेपी विधायक गजेंद्र यादव ने कहा कि कई दुकानों में प्लास्टिक और पीओपी पाइप जैसे ज्वलनशील सामान रखे जाते हैं, जिससे आग तेजी से फैलती है।
फिलहाल राहत की बात यह है कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आग के कारणों को लेकर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
रायपुर। हाईकोर्ट द्वारा प्राचार्य पदोन्नति के विरूद्ध लगी समस्त याचिकाओं को खारिज करने के साथ ही अब प्राचार्य बनने की राह से बाधा हट गई है। 2813 व्याख्याता वर्षों के इंतजार के बाद प्राचार्य बनेंगे। स्टे हटने के बाद व्याख्याता एवं शिक्षक संगठनों ने खुशी जताई है।
शिक्षा विभाग ने 30 अप्रैल को प्राचार्य पदोन्नति की सूची जारी की थी। जिसे हाई कोर्ट ने 1 मई को स्थगित किया था। हाई कोर्ट में 9 जून से 17 जून तक लगातार सुनवाई हुई। जिसमें याचिकाकर्ताओं ने अपने अपने विषय में तथ्यों के साथ पक्ष रखा था। सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा था। कोर्ट ने समस्त याचिकाओं को खारिज कर दिया। इसी के साथ अब पदोन्नति की राह से बाधा दूर हो गई है। छत्तीसगढ़ प्राचार्य पदोन्नति फोरम के अनिल शुक्ला एवं राकेश शर्मा ने बताया कि न्यायालयीन फैसले के उपरांत स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा 30 अप्रैल 2025 को व्याख्याता एवं प्रधान पाठक माध्यमिक विद्यालय से प्राचार्य पदोन्नति के 2813 प्राचार्य की पदस्थापना आदेश शीघ्र जारी हो जाएंगे। स्कूल शिक्षा विभाग में प्राचार्य के कुल स्वीकृत पदों की संख्या 4690 है।
जिसमें वर्तमान में 1430 प्राचार्य कार्यरत हैं। पदोन्नति के कुल 3224 पद विगत कई वर्षों से रिक्त है। स्कूल शिक्षा में वर्ष 2016 एवं आदिम जाति कल्याण विभाग जो कि अब स्कूल शिक्षा विभाग के अधीन है उसमें वर्ष 2013 में अंतिम बार पदोन्नति हुई थी।
रायपुर। स्कूल के महिला वॉशरूम में मोबाइल छिपाकर वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। राजधानी रायपुर से लगे तिल्दा नेवारा थाना क्षेत्र में एक स्कूल के लेडीज टॉयलेट में चालू हालत में एक मोबाइल मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस जांच में पता चला है कि मोबाइल स्कूल में पदस्थ प्रधान पाठक भूपेंद्र कुमार साहू का है। पुलिस आरोपी हेड मास्टर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई कर रही है।
जानिए पूरा मामला
घटना तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र का है। ग्राम बिलाड़ी में मीडिल स्कूल है। स्कूल में प्रधान पाठक के पद पर भूपेंद्र कुमार साहू पदस्थ है, वह संकुल समन्वयक भी है। महिला शिक्षिकाओं की शिकायत के मुताबिक 1 जुलाई को स्कूल के लेडीज टॉयलेट के अंदर एक मोबाइल रिकाॅर्डिंग हालत में स्कूूल की शिक्षिका को मिला। टाॅयलेट के अंदर मोबाइल मिलने की सूचना के बाद पूरे स्कूल में हड़कंप मच गया। शिक्षिकाओं ने मामले को गंभीरता से लिया और इसकी शिकायत तिल्दा नेवरा थाने में दर्ज कराई।
इधर, घटना की शिकायत मिलते ही पुलिस स्कूल पहुंची और जांच में जुट गई। इस दौरान पता चला कि मोबाइल स्कूूल के प्रधान पाठक भूपेंद्र साहू का है। पुलिस ने तत्काल भूपेंद्र साहू को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने मोबाइल खुद के होने की बात कबूल कर ली है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसी ने ही वीडियो बनाने के लिए मोबाइल को टाॅयलेट में छुपाया था। यह शर्मनाक काम आरोपी पिछले दो माह से अंजाम दे रहा था। पुलिस ने शिक्षक के मोबाइल, लेपटाॅप को जब्त कर लिया है। साथ ही वीडियो के संबंध में उससे पूछताछ भी की जा रही है।
आरोपी के खिलाफ थाने में आईटी एक्ट 66 डी, 77, 238 के तहत अपराध दर्ज कर आरेापी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया।
जगदलपुर। रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है, जहां एक कलयुगी पिता ने अपनी ही बेटियों के साथ अश्लील हरकतें की है। डेढ़ साल तक चले मुकदमे के बाद POCSO एक्ट के तहत आरोपी पिता को सश्रम कारावास और आर्थिक दंड की सजा सुनाई गई है।
यह पूरा मामला जगदलपुर का है, जहां एक मां ने अपने ही बेटे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि आरोपी अपनी 12 और 14 साल की बेटियों के साथ अश्लील हरकतें करता था और उन्हें जान से मारने की धमकी भी देता था।
दरअसल आरोपी पिता की मां ने थाने में शिकायत दर्ज करायी थी, कि आरोपी शख्स अपनी बेटियों के साथ लगातार गंदी हरकतें कर रहा हैं। बेटियों की दादी (आरोपी की मां) ने साहस दिखाते हुए थाने में शिकायत दर्ज करवाई। जिसके बाद पुलिस ने एक्शन लेते हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया। मामला POCSO एक्ट और IPC की गंभीर धाराओं में भीदर्ज किया गया।
कोर्ट से मिला न्याय
मामले की सुनवाई डेढ़ साल तक चली और आखिरकार फास्ट ट्रैक कोर्ट (FTC) की विशेष न्यायाधीश संगीता नवीन ने आरोपी को सश्रम कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई। न्यायालय ने माना कि सभी आरोप प्रमाणित हुए हैं और यह अपराध समाज और परिवार दोनों के लिए अत्यंत घातक है।
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से हत्या का सनसनी खेज मामला सामने आया है। जहां धान व जमीन बंटवारे की बात पर छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या कर दी। उसके पेट में बसुला से वार कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसे ईलाज के लिए अस्पताल लाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम बैस्कीमुड़ा का रहने वाला अर्जुन पैंकरा 37 साल घर में धान व जमीन का बंटवारा मांग रहा था। तभी उसके छोटे भाई अरविंद पैंकरा के साथ उसका विवाद हो गया। जिससे अरविंद पैंकरा ने लकड़ी छिलने वाले बसुला से उसके पेट पर वार कर दिया। इससे अर्जुन पैंकरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद अर्जुन के परिजन उसे गंभीर हालत में ईलाज के लिए अशर्फी देवी अस्पताल लाए। जहां डाॅक्टर नहीं होने से वे मानव भवन लाॅज में ठहर गए।
इसके बाद फिर से उसे अस्पताल ले गए। जहां डाॅक्टर उपस्थित नहीं होने से निजी अस्पताल ले गए। अर्जुन के चोट को देखकर डाॅक्टर ने गहरा जख्म होने से ईलाज नहीं होने की बात कही, तो वे अर्जुन को लेकर वापस बैस्कीमुड़ा ला रहे थे कि रास्ते में अर्जुन की मौत हो गई।
रायपुर। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल को भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की हिन्दी सलाहकार समिति में सदस्य के रूप में नई जिम्मेदारी प्रदान की गई है। नई जिम्मेदारी मिलने के पश्चात सांसद अग्रवाल ने कहा कि, हिन्दी हमारी राष्ट्रभाषा नहीं, बल्कि राष्ट्र की आत्मा है। हिन्दी भाषा के प्रचार-प्रसार, संवर्धन और राजकीय कार्यों में अधिकाधिक उपयोग को लेकर मैं प्रतिबद्ध हूं। अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय जैसे महत्वपूर्ण विभाग की हिन्दी सलाहकार समिति में सदस्य के रूप में जुड़ना मेरे लिए गौरव का विषय है।
उन्होंने आगे कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, गृहमंत्री अमित शाह एवं संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं जिन्होंने मुझे यह दायित्व सौंपा।
उल्लेखनीय है कि हिन्दी सलाहकार समिति का कार्य मंत्रालय की योजनाओं, कार्यक्रमों और दस्तावेजों में राजभाषा हिन्दी के अधिकाधिक प्रयोग को सुनिश्चित करना तथा भाषा से संबंधित सुझाव देना होता है।
रायपुर। भारतीय रेलवे ने बाबा धाम दर्शन को जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ा ऐलान किया है, जहां दुर्ग से पटना के बीच एक साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया गया है। 21 कोच की इस ट्रेन में 1008 बर्थ उपलब्ध है और यह छह जुलाई से पटरी पर दौड़ेगी। इस ट्रेन के परिचालन से एक लाभ यह भी होगा कि इस रेल मार्ग पर चलने वाली नियमित ट्रेनों में भीड़ का दबाव भी कम होगा। साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 08795 नंबर के साथ दुर्ग से प्रत्येक रविवार यानी 06, 13, 20 एवं 27 जुलाई को रवाना होगी। इसी तरह विपरीत दिशा 08796 नंबर के साथ पटना से प्रत्येक सोमवार को छूटेगी। इस ट्रेन की सुविधा 07, 14, 21 व 28 जुलाई को मिलेगी।
* ट्रेन की समय-सारिणी एक नजर में *
दुर्ग- पटना स्पेशल ट्रेन दुर्ग से 13.15 बजे रवाना होकर रायपुर 14.00 बजे, भाटापारा 14.55 बजे और बिलासपुर 15.55 पहुंचकर 16.05 बजे रवाना होगी। इसके बाद चांपा 16.55 बजे, रायगढ़ 18.35 बजे, झारसुगड़ा 20.30 बजे, राउरकेला 22.15 बजे, हटिया 01. 15 बजे, रांची 01.35 बजे, मुरी जंक्शन 02.48 बजे, बोकारो स्टील सिटी 04.00 बजे, छपरा 04.53 बजे, कतरासगढ़ 05.30 बजे, धनबाद 07.05 बजे, चित्तरंजन 08.41 बजे, मधुपुर जंक्शन 09.40 बजे, जसीडीह जंक्शन 10.38 बजे, झाझा 12.00 बजे, किऊल जंक्शन 12.50 बजे, मोकामा 13.22 बजे, बाढ़ 13.43 बजे, बख्तियारपुर 14.00 बजे, फतवा 14.22 बजे, पटना साहेब 14.40 बजे, राजेंद्र नगर टर्मिनल 15.00 बजे व पटना रेलवे स्टेशन में 15.30 बजे पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन पटना से 17.5 बजे रवाना होगी।
कोंडागांव। म्युल अकाउंट से देश- विदेशों से करोड़ों की धोखाधड़ी करने वाले पांच आरोपियों को फरसगांव पुलिस ने प्रयागराज एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। मामले का खुलासा करते हुए पुलिस पहले भी इसी मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। वही जांच में तीन स्तर का खुलासा हुआ है, दुर्ग-भिलाई के पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है, उक्त आरोपियों पर विवेचना कार्यवाही जारी है।
रायपुर: CM विष्णुदेव साय ने वित्त विभाग की बैठक ली। सरकारी कर्मचारियों को शेयर व म्युचुअल फंड में निवेश की रहेगी अनुमति, इंट्राडे ट्रेडिंग पर रोक सामान्य प्रशासन विभाग ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 में संशोधन अधिसूचित किया है, जिसके तहत भारत सरकार के प्रावधानों की तर्ज पर अब राज्य के शासकीय सेवकों को शेयर (Shares), प्रतिभूतियों (Securities), डिबेंचर्स (Debentures) और म्युचुअल फंड्स (Mutual Funds) में निवेश की अनुमति दी गई है। यह संशोधन नियम 19 में नया उप-खण्ड जोड़ते हुए लागू किया गया है, जिसका उद्देश्य वित्तीय लेनदेन में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। हालांकि, अधिसूचना में यह स्पष्ट प्रावधान किया गया है कि इंट्रा-डे ट्रेडिंग, बीटीएसटी (BTST), फ्यूचर एंड ऑप्शंस (F&O) तथा क्रिप्टोकरेंसी जैसे प्रकृति के निवेश गतिविधियों पर रोक लागू रहेगी।
बीजापुर : बीजापुर से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। यहां नक्सलियों ने ग्रामीण की हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। नक्सलियों ने मुखबिरी के शक में ग्रामीण की हत्या की है। इस वारदात के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है। वहीं वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है। मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला उसूर थाने के पेरमपल्ली गांव की है। यहां नक्सलियों ने कवासी हूंगा नाम के ग्रामीण को मौत के घाट उतार दिया। नक्सली देर रात गांव पहुंचे और कवासी हूंगा को घर से बाहर निकालकर धारदार हथियार से उस पर वार किया। इस हमले में ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि, नक्सलियों ने पुलिस मुखबिरी के शक में ग्रामीण को मौत के घाट उतारा है। इस वारदात की जानकारी उसूर पुलिस को दी गई और पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
बीजापुर। CG NEWS : जिले में नक्सलियों की कायराना करतूत एक बार फिर सामने आई है। जंगल क्षेत्र में लगाए प्रेशर आईईडी की चपेट में आने से एक ग्रामीण बुरी तरह घायल हो गया है। यह घटना बीते दिन शाम की है, जब ग्राम पेगड़ापल्ली निवासी एक युवक जंगल में वन उपज (फुटु) एकत्र करने गया हुआ
घटना मद्देड़ थाना के सिराकोंटा और दम्पाया के मध्य जंगल क्षेत्र की है, जहां पहले से नक्सलियों द्वारा लगाए गए विस्फोटक की चपेट में आने से ग्रामीण युवक विशाल गोटे पिता पेंटैया उम्र 32 निवासी ग्राम मोटलागुड़ा, थाना मद्देड़,गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रेशर आईईडी विस्फोट के कारण विशाल के पैर और चेहरे पर गहरी चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मद्देड़ लाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बीजापुर और फिर मेडिकल कॉलेज जगदलपुर रेफर किया गया है। इधर आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे जंगल क्षेत्रों में अत्यंत सतर्कता बरतें। किसी भी संदिग्ध वस्तु, गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या सुरक्षा कैम्प को दें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके और निर्दोष नागरिकों की जान बचाई जा सके।
रायपुर : - स्थानीय गाँधी चौक स्थित महंत लक्ष्मीनारायण दास कॉलेज के वाणिज्य एवं प्रबंध विभाग द्वारा आज सी. ए. दिवस का आयोजन किया गया । कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महाविद्यालय के पूर्व छात्र सी. ए. अनूप श्रीवास्तव उपस्थित रहे । कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय मे प्राचार्य डॉ. देवाशीष मुखर्जी ने की । प्राचार्य डॉ. मुखर्जी ने अपने उद्बोधन में आज के दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 01 जुलाई 1949 को इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की स्थापना हुई थी । तभी से आज के दिन सी ए दिवस मनाया जा रहा है । इसके साथ ही उन्होंने सी. ए. के कार्य एवं जिम्मेदारियों के विषय में जानकारी दी । कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनूप श्रीवास्तव ने अपने सी. ए. कॅरियर की शुरुवात के संबंध में जानकारी दी । इसके साथ उन्होंने महाविद्यालय में अपने बिताए पल को भी याद करते हुए बताया कि कैसे उन्हें अपने प्रोफेसरों से अकाउंट की बारीकियों को सीखने मिला । कार्यक्रम में वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग द्वारा मुख्य अतिथि सी. ए. अनूप श्रीवास्तव का मोमेंटों के साथ सम्मान कर शुभकामनाएँ दी गई । इसके साथ उन्होंने महाविद्यालय के विद्यार्थियों को सहयोग प्रदान करने का संकल्प किया । कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक, शोधार्थी उपस्थित रहे । कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर ललित मोहन वर्मा एवं आभार प्रदर्शन प्रोफेसर प्रीतम कुमार दास ने किया ।
रायपुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ इंडस्ट्री डायलॉग-2 के शुभारम्भ अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ अब केवल कोर सेक्टर तक सीमित नहीं, बल्कि सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, फार्मा, डिफेंस, एयरोस्पेस और ग्रीन हाइड्रोजन जैसे अत्याधुनिक उद्योगों का राष्ट्रीय केंद्र बनने के लिए तैयार है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने निवेशकों का स्वागत करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति रोजगार और आर्थिक समृद्धि पर केंद्रित है। हम अपने राज्य को नक्सल प्रभावित अतीत से बाहर निकालकर देश का सबसे गतिशील औद्योगिक और तकनीकी हब बना रहे हैं। यह प्रदेश अब निवेश का सबसे आकर्षक गंतव्य बन चुका है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि एक दिन पूर्व ही आयोजित केबिनेट की बैठक में हमने छत्तीसगढ़ राज्य लॉजिस्टिक पॉलिसी-2025 के प्रारूप का अनुमोदन किया है। यह नीति छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय लॉजिस्टिक हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भौगोलिक स्थिति देश की कनेक्टिविटी का केंद्र बिंदु है।
यह नीति लॉजिस्टिक सेक्टर और ई-कॉमर्स में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय निवेश को आकर्षित करेगी, निर्यात अधोसंरचना को मजबूत करेगी और सस्ती भंडारण सुविधाओं का विस्तार करेगी। लॉजिस्टिक नीति से राज्य में ड्राई पोर्ट, इनलैंड कंटेनर डिपो की स्थापना को प्रोत्साहन मिलेगा, उद्योग, व्यापार और किसानों को आधुनिक, सस्ती भंडारण और वितरण सुविधा प्राप्त होगी, लॉजिस्टिक लागत में कमी के माध्यम से व्यापार और निर्यात को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जन विश्वास विधेयक से व्यवसाय और नागरिक जीवन में अनावश्यक जटिलताएं दूर होंगी। कुछ कानूनों के प्रावधानों का गैर-अपराधीकरण करने से व्यवसायियों को बेवजह न्यायालयीन प्रकरणों में फंसने से राहत मिलेगी और न्यायिक खर्च में कमी आएगी। उन्होंने कहा कि इस विधेयक के माध्यम से व्यापार व जीवनयापन में सहजता सुनिश्चित की जाएगी। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में सुधार होगा।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ सरकार का प्रयास है कि निवेशकों, उद्योगपतियों और नागरिकों के लिए ऐसा परिवेश बने जिसमें न्यूनतम बाधाएं हों और विकास के हर क्षेत्र में अधिकतम संभावनाएं खुलें। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पिछले डेढ़ वर्षों में 350 से अधिक संरचनात्मक सुधार लागू किए गए हैं, जिनसे ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और स्पीड ऑफ डूइंग बिजनेस में अभूतपूर्व सुधार हुआ।
प्रदेश में निवेश का वातावरण इतना सशक्त हुआ कि सिर्फ छह महीनों में साढ़े पांच लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जो छत्तीसगढ़ के औद्योगिक इतिहास में रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा कि दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु में आयोजित इंवेस्टर्स समिट से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों ने भारी उत्साह दिखाया। दिल्ली समिट में 15,184 करोड़ रूपए, मुंबई में 6,000 करोड़ रूपए और बेंगलुरु में ऊर्जा क्षेत्र में वृहद निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए।