महासमुंद। आरटीई के तहत यदि जिन बच्चों के पालकों ने पोर्टल में ऑनलाइन फार्म नहीं भरा है, उनके लिए 10 जुलाई तक एक बार फिर पोर्टल में आवेदन करने के लिए विभाग ने मौका दिया है। वे पोर्टल में आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें मौका नहीं मिलेगा। 15 जुलाई को सीधे लॉटरी सिस्टम से स्कूल अलार्ट कर दिया जाएगा और इसकी जानकारी पालकों के मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से भेजा जाएगा। कोविड-19 को देखते हुए आरटीई के तहत प्रवेश प्रक्रिया में लेट लतीफी हो रही है, इसलिए सरकार ने राज्य स्तर पर लॉटरी निकालने की योजना बनाई है। जिला शिक्षा अधिकारी राबर्ट मिंज ने बताया कि इस बार लॉटरी राज्य स्तर पर ऑनलाइन निकलेगी। स्कूल अलार्ट होने की जानकारी पालकों को उसके मोबाइल नंबर पर मिलेगी। पालक स्कूल अलार्ट होने के बाद सीधे स्कूल में जाकर दस्तावेज दिखाकर प्रवेश ले सकेंगे। इस बार कोरोना के कारण नियम में बदलाव किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले में आरटीई के तहत 2049 सीटें हैं। कक्षा पहली से आठवीं तक के बच्चों को आरटीई के तहत निजी स्कूल में प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने ने बताया कि इस बार आरटीई के तहत 224 निजी स्कूलों ने पंजीयन कराया है।
धमतरी। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से अंकों के आधार पर सट्टा-जुआ खिलाते 4 सटोरिया को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। साथ आरोपियों के पास से 34 हजार रूपए नकद, लाखों की सट्टा-पट्टी और 4 नग मोबाइल जब्त किया है।
रायपुर। लॉकडाउन के पांचवें दौर में अनलॉक 2.0 में शासन द्वारा बसों को शासन द्वारा बसों को प्रदेश के अंदर अंतरजिला में जाने के लिए अनुमति मिल गई है लेकिन सोशल डिस्टेंसिंग एवं अन्य शर्तों के चलते जहां सवारी गंतव्य स्थान जाने के लिए नहीं मिल रही है वहीं लोकल सवारी कम होने के कारण रायपुर से दुरस्थ स्थानों के लिए जाने वाली बसों के पहिए थम गये हैं। ऑपरेटरों का कहना है कि पांच दस सवारी लेकर वे बसों का संचालन करने में असमर्थ है। वहीं कोरोना वायरस पाजीटिव की संख्या में लगातार वृद्धि होने के कारण लोग यात्रा करने में घबरा रहे हैं। उक्त स्थिति के मद्देनजर कब तक बस के पहिए थमे रहेंगे यह कहना मुश्किल है। बस ऑपरेटर संघ के पदाधिकारी रजा के अनुसार सवारियां मिलने पर ही बसों का संचालन संभव हो सकेगा। सवारी के अभाव में डीजल पेट्रोल जलाकर बसों का संचालन करना कठिन है साथ ही उन्होंने कहा कि अधिकांश आपरेटरों ने बैंकों से बसों के लिए लंबा चौड़ा लोन लिया है। गत तीन माह से बसों के पहिए थमने के कारण लोन की किश्तें भी नहीं पट पाई हैं। बस ऑपरेटर इन दिनों संकट के दौर से गुजर रहे हैं। यह स्थिति कब तक रहेगी इसे बताना बस ऑपरेटरों के अनुसार मुश्किल है।
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा के मद्देनजर अब राजस्व विभाग का अमला जाति प्रमाण-पत्र बनाने के काम को बड़ी संजीदगी से अंजाम देने लगा है। जाति प्रमाण-पत्र के लिए अब लोगों को पटवारी और तहसील कार्यालय का चक्कर लगाने की जरूरत नहीं रह गई है। लोगों को सिर्फ उनके आवेदन पर जाति प्रमाण-पत्र घर बैठे स्पीड पोस्ट के माध्यम से मिलने लगे हैं। राज्य में स्पीड पोस्ट के माध्यम से जाति प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने का सिलसिला शुरू हो चुका है। बलौदाबाजार तहसील के ग्राम शुक्लाभाटा की कक्षा 6वीं की छात्रा कुमारी पूर्वी वर्मा को उसके आवेदन के 10 दिन के भीतर स्पीड पोस्ट के माध्यम से जैसे ही उसे जाति प्रमाण-पत्र मिला तो बेहद खुश हो गई। पूर्वी के माता-पिता ने शासन द्वारा घर पहुंच जाति प्रमाण-पत्र की व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार व्यक्त किया। पूर्वी के पिता श्री योगेश वर्मा का कहना था कि एक समय था कि जाति प्रमाण-पत्र के लिए महीनों पटवारी और तहसील कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते थे। मिन्नतें करनी पड़ती थीं। जाति प्रमाण-पत्र बनाने की सहज प्रक्रिया के लिए भी उन्होंने शासन-प्रशासन को धन्यवाद दिया।
दुर्ग, एक युवती के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी कि रानीतराई से उनकी बेटी का अपहरण हो गया। उसके परिजन ने उतई इलाके में रहने वाली एक महिला पर अपहरण करने का शक जाहिर किया था। दोनों के फोन नंबर की जांच और टेक्निकल सर्विलांस के बाद पुलिस को पता चला कि दोनों हैदराबाद में हैं। जब टीम वहां पहुंची तो हैरान करने वाला खुलासा हुआ। पता चला कि दोनों समलैंगिक हैं और शादी कर लेने का दावा किया। पड़ोस के लोगों ने बताया कि यह पति-पत्नी बनकर यहां रहते हैं। पुलिस से दोनों ने कह दिया कि वो बालिग हैं साथ ही रहेंगे और घर नहीं लौटेंगे। दोनों का बयान लेकर पुलिस बुधवार को भिलाई लौट आई।
एएसपी ग्रामीण लखन पटले ने बताया कि उतई थाना क्षेत्र की 35 साल की महिला और रानीतराई से 20 साल की युवती के गुम होने की शिकायत परिजन ने की थी। इसी की जांच में इस समलैंगिक संबंध का खुलासा हुआ। पुलिस ने छानबीन की तो महिला को कार से युवती के घर तक पहुंचाने वाला कार ड्राइवर मिल गया। उसने बताया कि दोनों को उसने कार से हैदराबाद शहर तक छोड़ा है। लोकेशन के आधार पर टीम युवतियों के घर पहुंच गई। 20 साल की घर पर युवती अकेली मिली,उसने पूछताछ में बताया कि वह अपने पति के साथ रहती है। घटना का पता चलते ही उतई की महिला जो युवती का पति बनकर साथ में रह रही थी,वह भी आ गई।
हुलिया बदल लिया
उतई निवासी 35 साल की महिला का हुलिया देखकर पुलिस टीम हैरान रह गई। महिला ने लड़कों के हेयर स्टाइल बना रखा था। लड़कों की ही तरह जिंस और टीशर्ट पहने हुए थी। यहां तक की नकली मूंछें लगा रखी थीं। दोनों ने पति- पत्नी बनकर किराए से मकान भी ले लिया था। दोनों ने मकान मालिक को भी शादीशुदा होने की जानकारी दी थी। महिला पुलिसकर्मियों को शक हुआ तो 35 साल की महिला की जांच की। जांच में पता चला कि वो महिला है। दोनों हैदराबाद की एक फैक्ट्री में नौकरी भी करने लगे हैं।
ऐसे बनाई भागने की योजना
पूछताछ में दोनों ने बताता कि करीब डेढ़ महीने पहले दोनों की मंदिर में मुलाकात हुई थी। इसके बाद दोनों में दोस्ती हो गई। इसके बाद दोनों एक दूसरे से प्यार करने लगे। इसी वजह से 35 साल की महिला का उसके पति से अलगाव हो गया था। युवती के भी परिजन उसकी शादी करने की तैयारी कर रहे थे। इस वजह से दोनों ने भागने का प्लान बनाया था। दोनों ने फरार होने के बाद अपने अपने मोबाइल का सिम तोड़कर फेंक दिया था। हैदराबाद पहुंचकर दोनों ने नई सिम ले ली थी। पुलिस ने महिला के पति से फोन पर बात कराई। वहीं युवती के परिजन से वीडियो कॉल करके समझाने का प्रयास किया। लेकिन दोनों साथ में रहने की जिद पर अड़ी रहीं।
रायपुर | सीएम भूपेश बघेल ने 14 जुलाई को मंत्रिमंडल की बैठक सीएम हाउस में बुलाई गई है। बताया जा रहा है कि बैठक में बीते दिनों छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा बनाई गई 'गोबर खरीदी' सहित कई अन्य मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
दुर्ग | कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भूरे ने अपने चेंबर में आज बारहवीं कक्षा के मेरिटोरियस बच्चों, उनके शिक्षकों और अभिभावकों का सम्मान किया। इस मौके पर उन्होंने बच्चों से सक्सेस के गोल्डन रूल भी साझा किये। उन्होंने कहा कि मैं हमेशा स्वामी विवेकानंद की उन पंक्तियों में विश्वास करता हूँ कि जिस सीमा पर हमारी बुद्धिमत्ता समाप्त होती है। उसी सीमा से कठोर मेहनत की शुरूआत होनी चाहिए। कलेक्टर ने इस दौरान बच्चों से संवाद किया और उन्हीं के प्रश्नों का उत्तर देते हुए उन्हें गोल्डन रूल साझा किये जो प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं और करियर के लिए तैयारी कर रहे हर बच्चे के लिए उपयोगी होंगे। मुझसे भी अच्छा बनो- लक्ष्मी ने कलेक्टर से कहा कि मैं भी आपकी तरह ही कलेक्टर बनना चाहती हूँ। कलेक्टर ने लक्ष्मी के उत्तर में कहा कि मुझ जैसा नहीं, मुझसे ज्यादा अच्छी कलेक्टर बनो। हमेशा अपना बेंचमार्क ऊपर रखना चाहिए। कभी संतुष्ट नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी में एक शब्द होता है काम्पेलेसेंसी जिसका हिंदी में अर्थ ठहराव या आत्मसंतुष्टि के करीब होता है। जहां आप अपने कार्य से संतुष्ट हो जाते हैं वहां बेहतर करने की संभावनाएं समाप्त हो जाती हैं। इसलिए हमेशा जिज्ञासु बने रहें और सीखने तथा आगे बढ़ते रहने की कोशिश करें। मैं कलेक्टर हूँ और इसके लिए मैंने प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी की थी लेकिन अब मुझे लोगों के लिए अच्छा काम करने की चुनौती हैं। उन्होंने कहा कि आपको प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए मटेरियलय जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा।
बताया घमंड और गर्व के बीच अंतर- कलेक्टर ने कहा कि ओवर कान्फिडेंस के बजाय मैं थोड़ा अंडर कान्फिडेंस को ज्यादा महत्वपूर्ण मानता हूँ। अपने काम को लेकर थोड़ा सा स्ट्रेस इसकी उत्पादकता को बहुत बढ़ा देता है। कलेक्टर ने कहा कि अपने ऊपर गौरव करना चाहिए, घमंड नहीं। इसकी बड़ी बारीक रेखा होती है लेकिन लगातार आत्मविश्लेषण करने से आप इसे जान सकते हैं। इस पर एक छात्र ने पूछा कि हमें किसी उदाहरण से समझाइये। इस पर कलेक्टर ने कहा कि यदि आपको कोई चीज आती है तो इसे आप दो प्रकार से कह सकते हैं। पहला तो यह कि मुझे भी आता है और दूसरा यह कि केवल मुझे ही आता है। जब आप केवल मुझे ही आता है कहते हैं तब यह घमंड है। भी लगाने से यह आत्मगौरव में बदल जाता है।
मैं कन्फ्यूज हूँ टीचर बनूँ या इंजीनियर बनने आईआईटी की तैयारी करूँ- जरवाय के जितेश कुमार देवांगन ने प्रश्न किया कि मैं बहुत कन्फ्यूज हूँ टीचर बनने के लिए बीएससी करूँ या इंजीनियर बनने के लिए आईआईटी करूँ। इस पर कलेक्टर ने कहा कि अपनी रुचि का काम करो। मेरी व्यक्तिगत सलाह है कि कोई प्रोफेशनल कोर्स जरूर करना चाहिए। शिक्षा केवल ज्ञान नहीं है यह आपको कौशल भी देता है। आपकी तरह मैं भी दुविधा में था। मैं कलेक्टर बनना चाहता था, बारहवीं के बाद चूंकि मैंने गणित और बायोलाजी दोनों लिया था, इसलिए मेरे पास मेडिकल, इंजीनियरिंग और बीएससी तीनों के विकल्प थे या मैं बीए भी कर सकता था। मुझे एक परिचित ने कहा कि प्रोफेशनल कोर्स कर लो, इससे तुम्हारा स्किल बढ़ेगा। यह हुआ, मेडिकल की पढ़ाई में मैंने केवल ज्ञान नहीं सीखा, दूसरों की तकलीफों को देखकर मेरी संवेदना भी बढ़ी। पब्लिक डीलिंग के ज्यादा अवसर मिले। इससे मुझे काफी कुछ सीखने मिला। इसलिए कोई भी करियर केवल आपके लिए नौकरी का साधन नहीं है वो आपके क्वेस्ट अथवा जिज्ञासा को जगाता है और बढ़ाता है जिसका अंततः प्रतिफल आपके व्यक्तित्व में भी झलकता है और आपका परिवेश भी इससे समृद्ध होता है।
आप सब कुछ नहीं जानते, फीडबैक जरूर लें- कलेक्टर ने कहा कि आपको तरक्की करनी है तो दूसरों से सतत रूप से सीखना चाहिए। जो काम आप करते हैं उस पर लोगों से फीडबैक जरूर लें। मैं किसी निर्णय में पहुंचने से पहले दूसरों की राय भी लेता हूँ। इससे निर्णय प्रक्रिया आसान होती है और आप सबसे सर्वोत्तम विकल्प का चुनाव करते हैं। जिंदगी में गर्व विनाशक है और विनम्र, जिज्ञासु रहना जिंदगी में सफलता की कुंजी है। तालाब का पानी गंदा हो जाता है। नदी का पानी निर्मल रहता है।
प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए उपलब्ध कराएंगे कोचिंग- इस दौरान उपस्थित जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रवास सिंह बघेल ने कहा कि छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग उपलब्ध कराएंगे और करियर के संबंध में मार्गदर्शन भी प्रदान करेंगे। इस दौरान सहायक संचालक श्री अमित घोष भी उपस्थित थे।
बिलासपुर | लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत सेवायें प्रदान करने में बिलासपुर जिला प्रदेश में अग्रणी है। जिले में लोक सेवा केन्द्रों के माध्यम से प्राप्त आवेदनों के निराकरण तय समय सीमा में हो रहे है।
राज्य शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में शामिल लोक सेवा गारंटी के तहत् विभिन्न विभागों की सेवायें प्रदान करने के लिए समय सीमा निर्धारित है। जिले में योजना की शुरूवात से अब तक 6 लाख 68 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुये हैं। जिनमें से 6 लाख 10 हजार से अधिक आवेदन अनुमोदित किये गये। लोक सेवा केन्द्रों के माध्यम से बिलासपुर नगर निगम में सर्वाधिक 93 हजार 405 आवेदनों का निराकरण किया गया। बिलासपुर तहसील में 89 हजार 143 आवेदन, मस्तूरी तहसील में 69 हजार 521 आवेदन, बिल्हा तहसील में 59 हजार 177 आवेदन, तखतपुर 52 हजार 243 आवेदन, बिलासपुर कलेक्टरेट में 42 हजार 748 आवेदन, कोटा तहसील में 93 हजार 634 आवेदन, रतनपुर उप तहसील में 30 हजार 452, सीपत उप तहसील में 26 हजार 101 आवेदन, सकरी उप तहसील में 24 हजार 649 आवेदन, गनियारी उप तहसील में 22 हजार 90 आवेदन, बेलगहना में 20 हजार 715 आवेदन समय सीमा में निराकृत किये गये है। इसी तरह अन्य नगरीय निकाय एवं जनपद पंचायतों में लोक सेवा केन्द्रों के माध्यम से आवेदन लेकर समय सीमा के भीतर उनका निराकरण किया गया है।
रायपुर | नगरीय प्रशासन और श्रम मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने बुधवार को कोरिया जिले में बच्चों को दवाई पिलाकर गहन डायरिया नियंत्रण पखवाड़ा एवं शिशु संरक्षण अभियान का शुभारंभ किया। उल्लेखनीय है कि मंत्री डॉ. डहरिया अपने तीन दिवसीय प्रवास के तहत कोरिया पहुंचे थे। उन्होंने कोरिया कलेक्ट्रेट कार्यालय में नन्हें बच्चों को विटामिन-ए एवं आयरन सिरप पिलाकर दोनों अभियानों की शुरूआत की। प्रदेश में गहन डायरिया नियंत्रण पखवाड़ा 8 जुलाई से 21 जुलाई तक और शिशु संरक्षण माह 14 जुलाई से 14 अगस्त तक संचालित किया जा रहा है। मंत्री डॉक्टर डहरिया ने कहा कि बारिश के मौसम में डायरिया का प्रकोप अधिक देखने को मिलता है। इससे छोटे बच्चे और बुजुर्ग ज्यादा प्रभावित होते हैं।
नगरीय प्रशासन मंत्री ने डायरिया से होने वाली मौतों की दर शून्य रखने के लिए जन-जागरूकता अभियान के साथ ही इलाज की भी व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत समुदाय व गांव स्तर पर घरों में ओ.आर.एस. का वितरण और ओ.आर.एस. एवं जिंक को बनाने की विधि का प्रदर्शन किया जाय, ताकि ग्रामीण भी ऐसा जीवन रक्षक घोल बनाना सीख सके। उन्होंने कहा कि मितानिनों के माध्यम से लोगों को हाथ धुलाई का महत्व बताते हुए सही तरीके से हाथ धुलाने लोगों को जागरूक किया जाए।
राजधानी के डंगनिया बाजार चौक में शिविर लगाकर 100 से अधिक लोगों की कोविड 19 जांच की गई, पढ़ें पूरी खबर
रायपुर | नगर निगम रायपुर के जोन 5 के डंगनिया बाजार चौक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा नोवल कोरोना वायरस के संक्रमण के फैलाव की कारगर रोकथाम करने की दृष्टि से जन स्वास्थ्य सुरक्षा व जागरूकता को लेकर विशेष शिविर लगाकर वहां लगभग 100 से अधिक लोगो की कोविड 19 की जांच चिकित्सकों की टीम की सहायता से जोन 5 अधिकारियों की उपस्थिति में की गई एवं उन्हें कोविड 19 के संक्रमण से सुरक्षित रहने के संबंध में आवश्यक चिकित्सकीय परामर्ष समाज हित में जनस्वास्थ्य सुरक्षा हेतु चिकित्सकों की टीम द्वारा शिविर के दौरान दिया गया। लोगो को सामाजिक दूरी के सिद्धांत सहित मास्क अनिवार्य रूप से पहनने के नियम का पालन करने एवं सेनेटाईजर का उपयोग करने का परामर्ष शिविर में सामान्य तौर पर स्वास्थ्य रक्षा की दृष्टि से दिया गया एवं अपने सहित समाज के स्वास्थ्य की सुरक्षा हेतु सजग व जागरूक बनकर सकारात्मक सहयोग कोविड 19 के संक्रमण के फैलाव की कारगर रोकथाम करने देने का अनुरोध सभी लोगो से स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सको की टीम सहित निगम जोन 5 के अधिकारियों ने किया। कोविड 19 जांच शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों सहित नगर निगम जोन 5 के जोन कमिश्रर चंदन शर्मा सहित जोन के अधिकारीगण पूरे समय उपस्थित रहे।
रायपुर | राजधानी रायपुर से एक खबर सामने आई है | खबर मिली है कि राजधानी रायपुर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय यादव के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन नसर सिद्दीक़ी ने कार्यवाही करते हुए ईरानी डेरा में छापामार कर सट्टा-पट्टी खिलाने वाले 5 आरोपियों को धरदबोचा है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार छापामारी में आरोपियों के कब्जे से 70 हज़ार से अधिक रुपए भी जब्त किये गए है, साथ ही सट्टा-पट्टी पर्ची भी बरामद किया गया है। गिरफ़्तार आरोपी आमिर अली, संजय लोहवंशी, अशोक साहू, नाज खान, राकेश जगत के विरुद्ध धारा 4(क) सट्टा एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही की जा रही है।
सिविल लाइन CSP नसर सिद्दीकी से बातचीत पर उन्होंने कहा कि राजातालाब के रहवासियों ने सट्टा-पट्टी खिलाने वालो की शिकायत पिछले हफ्ते उनसे की थी, जिसको गंभीरता से लेते हुए CSP ने इस कार्यवाही को अंजाम दिया।

रायपुर | पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के द्वारा विकास की चिडिय़ा खोजने के संदर्भ में किये गए ट्वीट पर कांग्रेस ने कड़ा जबाब दिया है। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि सत्ता हाँथ से जाने के डेढ़ साल बाद रमन सिंह की आंख से अब जा कर विकास का वो झूठा चश्मा उतरा है जो उन्होंने मुख्यमंत्री रहते हुए पहन रखा था। अब उन्हें राज्य की जमीनी हकीकत दिखने लगी है । उनके कुशासन के कारण हुई छत्तीसगढ़ की दुर्गति को रमन सिंह ने ट्वीट में स्वीकार किया है। राज्य में बेरोजगारी, गरीबी ,स्कूलों कालेजों का अभाव, सड़कों का अभाव अस्पतालों का अभाव किसानों को बोनस समर्थन मूल्य जैसे जनसरोकारों के विषय अब उन्हें दिखाई देने लग गए है । रमन सिंह ने स्वीकार किया है कि राज्य में इन सब का भारी अभाव है । यह सारी समस्याएं एक दिन की नही है और न एक दिन में ठीक की जा सकती है । इन सारी समस्यायों के लिए जबाबदेह तो रमन सिंह ही है जिन्होंने प्रदेश में पन्द्रह साल तक सरकार चलाई और राज्य के शिक्षा स्वास्थ्य बेरोजगारी जैसे समस्यायों पर ध्यान नही दिया ।
रायपुर | राजधानी में आज दोपहर बाद अचानक मौसम का मिजाज बदला। आसमान में छाए बादल घने होते गए और दोपहर करीब एक बजे अचानक बारिश शुरू हो गई जो करीब दो घंटे तक जारी रही। इससे उमस और चिपचिपी गर्मी से बेहाल शहरवासियों ने राहत की सांस ली है।
रायपुर | उच्च शिक्षामंत्री श्री उमेश पटेल की पहल पर रायगढ़ जिले में एटीएम केशवेन लूट कांड में घायल श्री विनोद पटेल के इलाज पर हुये व्यय की पूर्ण राशि 3 लाख रुपये सीएमएस कंपनी भुगतान करेगी। गौरतलब है कि एटीएम केशवेन लूट कांड में घायल होने पर विनोद पटेल को इलाज के लिए जिंदल अस्पताल में भर्ती किया गया था। इलाज पर एक लाख पचास हजार रुपए घायल श्री विनोद पटेल के परिवार द्वारा भुगतान किया गया है। सीएमएस कंपनी एक लाख 50 हजार रुपए श्री पटेल परिवार को वापस करेगी और शेष राशि 1.50 लाख रुपए जिंदल अस्पताल को भी भुगतान करेगी।
मंत्री श्री पटेल के निर्देश पर कलेक्टर ने एटीएम केशवेन लूट कांड में मृतक वाहन चालक श्री अरविंद पटेल को बीमा तथा अन्य राशि का भुगतान दिलाने के लिये सीएमएस कंपनी प्रबंधन से सीधे बात की। सीएमएस कंपनी प्रबंधन की ओर से बीमा के 10 लाख रुपए और 01 लाख रुपये बहादुरी के लिये तथा 6 लाख रुपये कम्पनसेशन इस प्रकार कुल 17 लाख रुपये का भुगतान किया जायेगा। साथ ही पीएफ में जमा राशि का भुगतान अतिरिक्त किया जायेगा और मृतक श्री अरविंद पटेल की पत्नी को नियमित रूप से पेंशन का भी भुगतान किया जायेगा।
रायपुर | मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज प्रदेश के सात जिलों में स्थित वृद्धाश्रमों के बुजुर्गाें से वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत कर उनका हाल-चाल पूछा। बुजुर्गाें के स्वास्थ्य, वृद्धाश्रम में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने बुजुर्गाें से कहा कि कोरोना वैश्विक महामारी के कारण रोजमर्रा के जीवन में परिवर्तन आया है। आज सबसे बड़ी आवश्यकता सुरक्षित रहने की है।
मुख्यमंत्री ने बुजुर्गाें से चर्चा के दौरान कहा कि मैं अपने परिवार के सियान लोगों से मिल रहा हूं। वे स्वस्थ्य और वृद्धाश्रम में खुश हैं, यह देखकर अच्छा लगा। मुख्यमंत्री ने बड़ी आत्मीयता से बातचीत की और बातचीत की शुरूआत में उन्हें प्रणाम किया। बुजुर्गाें ने मुख्यमंत्री को आशीर्वाद दिया। वे इस बात से खुश थे कि प्रदेश के मुखिया श्री भूपेश बघेल ने स्वयं परिवार के सदस्य की भांति उनकी सुध ली।
बुजुर्गाें से बातचीत के दौरान भावुकता के क्षण भी आए। जब श्री बघेल ने उनसे पूछा कि आपके परिवार के लोग उनसे मिलने आते हैं क्या। बुजुर्गाें ने नम आंखों से कहा कि समय-समय पर परिवार के लोग मिलने आते हैं। जांजगीर के देव समिति की बुजुर्ग महिला श्रीमती पूर्णिमा थवाईत ने बताया कि वे पिछले 15 सालों से वृद्धाश्रम में रह रही है। परिवार के लोग उनसे बीच-बीच में मिलने आते हैं। मुख्यमंत्री ने जब उनसे पूछा कि आश्रम की साफ-सफाई कैसी है, तो पूर्णिमा थवाईत ने कहा कि बढ़िया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को स्वयं आकर वृद्धाश्रम की व्यवस्था देखने के लिए आमंत्रित भी किया। मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों से वृद्धाश्रम की दैनिक गतिविधियों और कोरोना से बचाव के लिए अपनायी जा रही सावधानियों का भी जायजा लिया।
श्री बघेल ने बुजुर्गाें से कहा कि बच्चों और बुजुर्गाें में संक्रमण की ज्यादा संभावना रहती है। बच्चों और बुजुर्गाें को ज्यादा सावधान रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वृद्धाश्रम में बाहर से आने वाले लोगों से मास्क लगाकर दूर से बात करें, सेनेटाईजर का उपयोग करें, साबुन से हाथ धोते रहे और अपने स्वास्थ्य का ख्याल रखें। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचने के लिए राज्य सरकार द्वारा जारी किए गए निर्देशों का लोगों ने पालन किया है। जिसके कारण छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण की रोकथाम में काफी हदतक सफलता मिली।
मुख्यमंत्री ने गरियाबंद जिले के ग्राम भिलाई में प्रेरक संस्था द्वारा संचालित सियान सेवा सदन, मुंगेली में छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान द्वारा संचालित वृद्धाश्रम, राजनांदगांव में समता मंच द्वारा संचालित वृद्धाश्रम, रायगढ़ और बस्तर में भारतीय रेडक्रास सोसायटी, बिलासपुर में जनपरिषद द्वारा और जांजगीर-चांपा में देव सेवा समिति द्वारा संचालित वृद्धाश्रम के वृद्धजनों से बातचीत की। गरियाबंद के भिलाई ग्राम के सियान सेवा सदन की वृद्ध महिला श्रीमती मीरा बाई साहू ने मुख्यमंत्री को बताया कि वृद्धाश्रम में अच्छी व्यवस्था है, सभी लोग स्वस्थ्य है। चाय और नश्ता समय पर मिलता है, समय-समय पर डाॅक्टर भी आते हैं, दवाई मिलती है। इसी वृद्धाश्रम की श्रीमती दुलारी बाई से मुख्यमंत्री ने पूछा कि वृद्धाश्रम में काम करने वाले कर्मचारियों से परेशानी तो नही है, उनका व्यवहार आप के साथ कैसा है। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों से उन्हें कोई परेशानी नहीं है। मुंगेली के वृद्धाश्रम के श्री सदानंद सोनी ने बताया कि वृद्धाश्रम आश्रम में साफ-सफाई अच्छी, दवा-पानी सब मिलता है, बिस्तर और कपड़े की साफ-सफाई होती है। कर्मचारी सेवा भाव से उनकी देखभाल कर रहे हैं। राजनांदगांव वृद्धाश्रम की श्रीमती दुरपति ने बताया कि सभी लोगों का स्वास्थ्य अच्छा है, सबेरे नाश्ता, दोपहर का भोजन और रात का खाना समय पर मिलता है। बस्तर के आस्था निकुंज वृद्धाश्रम की श्रीमती राधा बाई और श्रीमती ऊषा बाई ने बताया कि उनका स्वास्थ्य ठीक है। उन्होंने बताया कि आश्रम की सभी व्यवस्थाएं ठीक चल रही है और कोई दिक्कत नहीं है।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती अनिला भेंड़िया, विभाग के सचिव श्री प्रसन्ना आर. और संचालक श्री पी. दयानंद भी उपस्थित थे।


रायपुर | छत्तीसगढ़ के विभिन्न निगमों, मंडलों, आयोगों के साथ ही संसदीय सचिव के रिक्त पदों पर जल्द ही नियुक्ति हो जाएगी। इसके लिए दावेदारों में से नामों की छंटनी कर सूची तैयार कर ली गई है और जल्द ही इस सूची पर हाईकमान की मुहर लग जाएगी।
रायपुर | गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कवर्धा-बिलासपुर मार्ग पर आज सबेरे आंख में मिर्ची फेंक कर और पिस्तौल दिखाकर लुट के मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने इस वारदात के संज्ञान में आते ही तत्काल संबंधित पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक को दूरभाष पर चर्चाकर लुटेरे को पकडऩे के लिए तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।
रायपुर | गृह मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू ने रायगढ़ में एटीएम कैश वैन लूट कांड के आरोपियों को 10 घंटे के भीतर पूरी रकम के साथ गिरफ्तार करने की सफलता पर पुलिस अधीक्षक श्री संतोष सिंह और उनकी टीम को आज अपने रायपुर निवास पर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस बहुत ही अच्छा कार्य कर रही है, अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।
उल्लेखनीय है कि विगत तीन जुलाई को रायगढ़ के करोड़ीमल नगर आजाद चौक स्थित एसबीआई के एटीएम में पैसा डालने आए वैन के चालक एवं गार्ड को गोली मारकर 14 लाख 50 हजार की लूट को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों को रायगढ़ पुलिस ने वारदात के 10 घंटे के भीतर पूरी रकम के साथ गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की थी। दो पेशेवर आरोपियों ने एटीएम बैंक के चालक को गोली मारकर लूट को अंजाम दिया था। मामला संज्ञान में आते ही गृह मंत्री श्री साहू ने पुलिस महानिरीक्षक एवं रायगढ़ पुलिस अधीक्षक से दूरभाष पर प्रकरण की जानकारी ली और अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए निर्देशित किया था।
राजिम | राजधानी के नया रायपुर स्थित लार्ड बुद्धा फाउंडेशन के चेयरमैन हिमाद्रि बरुवा को राखी थाना पुलिस ने एक विवाहित महिला से रेप के मामले में गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि पीडि़ता फाउंडेशन में ही कार्य करती है।
राखी थाना प्रभारी से मिली जानकारी के अनुसार लार्ड बुद्धा फाउंडेशन में काम कर रही एक विवाहित महिला ने फाउंडेशन के चेयरमैन हिमाद्रि बरुवा पर बलात्कार का आरोप लगाते हुए बीती रात उसके खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीडि़ता ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि आरोपी पिछले 8 महीने से अपने झांसे में लेकर उसके साथ बलात्कार कर रहा था। पीडि़ता की शिकायत दर्ज पर पुलिस ने आज आरोपी हिमाद्रि बरूवा को धारा 376 के तहत गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि पीडि़त महिला अपने पति से विवाद के चलते पिछले एक साल से उससे अलग नया रायपुर में एक किराये के मकान में अपने दो बच्चों के साथ रहती है। यहां रहकर वो लार्ड बुद्धा फाउंडेशन में काम कर अपना और अपने बच्चे का जीवन-यापन चला रही है। महिला का पति जगदलपुर में रेलवे में पदस्थ है।






















