रायपुर – बस्तर में नक्सली सोमवार से शहीदी सप्ताह मना रहे हैं इस बीच सुरक्षाबलों को सुचना प्राप्त हुआ की सुकमा जिले के पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी हैं। इस सुचना पर डीआरजी,एसटीएफ,सीआरपीएफ की संयुक्त पुलिस की टीम मौके पर सर्चिंग के लिए पहुंचे इस बीच जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ सुबह से जारी हैं इन दिनों नक्सलियों के शहीदी सप्ताह के चलते सर्चिंग ऑपरेशन सुरक्षाबलों के द्वारा तेज कर दी गई हैं बता दे की अभी भी मुठभेड़ जारी हैं जिसमे सीआरपीएफ व एसटीएफ़ के जवान लगातार नक्सलियों को जवाब दे रही है मिली जानकारी के अनुसार मुठभेड़ में नक्सलियों को नुक़सान होने की खबर हैं।
भिलाई : भिलाई से जगन्नाथ पुरी दर्शन करने गए युवक की समुद्र में डूबकर मौत हो गई। बता दें मृतक मुकेश गुप्ता अपने दोस्तों के साथ भगवान जगन्नाथ के दर्शन को निकाला था दर्शन के बाद समुद्र में नहाने गए। तभी तेज लहर में मुकेश समा गया। जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में परिजनों ने आरोप लगाया कि उसकी मदद को कोई भी सामने नहीं आया है। वही मृतक का शव लेकर उसके दोस्त भिलाई पहुंचे। मुकेश की मौत की समाचार सुनते ही बस्ती में शोक की लहर दौड़ पड़ी।
मिली जानकारी के अनुसार, भिलाई के रिसाली नगर निगम रूआबांधा वार्ड क्रमांक -3 का निवासी मुकेश गुप्ता (26) ओडिश के पुरी भगवान जगन्नाथ दर्शन के लिए गया था। 27 जुलाई को मुकेश गुप्ता अपने साथियों के साथ पुरी पहुंचा। भगवान के दर्शनों के बाद वह बीच पर समुद्र में नहाने पहुंचा। इस दौरान समुद्र की तेज लहरों ने उसे अपनी तरफ खींच लिया और डूबने से मुकेश गुप्ता की मौत हो गई है।
पुरी तट पर मौजूद तट रक्षकों की टीम ने उसके शव को बाहर निकाला। वहीं, घटना की सूचना के बाद रुआबांधा भिलाई में उनके परिवार में मातम का माहौल है। युवक का शव रुआबांधा भिलाई लाया जा रहा है। जहां रिसाली के मुक्तिधाम में युवक का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
कांकेर। प्रधानमंत्री आवास के निर्माण में लापरवाही बरतने वाले तीन पंचायत सचिव पर निलंबन की कार्रवाई की गई है, वहीं दो सचिवों के वेतन रोकने व 6 सचिवों को नोटिस जारी किया गया है।प्रधानमंत्री आवास योजना, ग्रामीण के तहत जिला पंचायत कांकेर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी ने निर्माणाधीन आवासों को समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने जनपद पंचायत सीईओ, विकासखण्ड समन्वयक, सरपंच एवं सचिवों की पंचायतवार योजना के प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच, सचिव एवं जनप्रतिनिधियों को सहभागिता निभाते हुए हितग्राहियों को क्लस्टर आधार पर निर्माण सामग्री उपलब्ध करवाएं। साथ ही राजमिस्त्री की उपलब्धता सुनिश्चित कर हितग्राहियों को प्रोत्साहित करते हुए समय-सीमा में आवास निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा आरसेटी के माध्यम से दिए जा रहे राजमिस्त्री प्रशिक्षण में ग्राम पंचायत के अधिक से अधिक युवाओं की प्रोत्साहित करते हुए प्रशिक्षण में शामिल करने के निर्देश सरपंचों को दिए गए।
उन्होंने समीक्षा के दौरान पंचायत में अपेक्षाकृत प्रगति नहीं होने पर विकासखंड भानुप्रतापपुर के ग्राम पंचायत कुल्हाड़कट्टा, विकासखंड अंतागढ़ के ग्राम पंचायत मुल्ले एवं विकासखंड नरहरपुर के ग्राम पंचायत देवगांव के पंचायत सचिव के विरूद्ध निलंबन की कार्यवाही हेतु निर्देशित किया। इसी प्रकार विकासखण्ड कोयलीबेड़ा के ग्राम पंचायत बेलगाल एवं लक्ष्मीपुर के पंचायत सचिव का वेतन रोकने तथा विकासखण्ड भानुप्रतापपुर के ग्राम पंचायत घोठा एवं चवेला, विकासखण्ड कांकेर के ग्राम पंचायत डुमाली एवं सरंगपाल, विकासखंड कोयलीबेड़ा के ग्राम पंचायत बांदे एवं विकासखण्ड दुर्गूकोंदल के ग्राम पंचायत दमकसा के पंचायत सचिव को नोटिस जारी करने के निर्देश उप संचालक पंचायत को दिए।समीक्षा के दौरान बताया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत जिले में वर्ष 2016-24 तक कुल 29207 आवासों की स्वीकृति की गई है, जिनमें से 26 हजार 643 आवासों का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। वर्ष-2024-25 में जिले को 37 हजार 932 आवासों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है।
प्राप्त लक्ष्य के विरूद्ध 30 हजार 103 आवासों को स्वीकृत करते हुए निर्माण कार्य प्रारंभ कराया गया है। स्वीकृत आवासों में जिले में कुल 05 हजार 262 आवासों का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा 24 हजार 841 आवास निर्माणाधीन हैं।
योजनांतर्गत आवास निर्माण हेतु हितग्राहियों को तीन किश्तों में कुल 1.20 लाख की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे हितग्राहियों के खाते में जारी की जा रही है। स्वीकृति पश्चात प्रथम किश्त की राशि 40 हजार रूपए प्लिंथ स्तर तक आवास निर्माण के पश्चात 55 हजार रूपए एवं आवास पूर्ण होने के पश्चात 25 हजार रूपए की राशि जारी की जा रही है, जिससे हितग्राहियों को 25 वर्ग मीटर में पक्की छत एवं रसोई घर में गैस चूल्हे हेतु प्लेटफ़ॉर्म सहित आवास का निर्माण कराना है। साथ ही मनरेगा से अभिसरण के तहत 90 दिनों का मजदूरी भुगतान की राशि प्रचलित दर पर प्रदान की जा रही है।
रायपुर- देश भर में करोड़ो रूपये ठगी की घटनाओं को अंजाम देने वाले उत्तर-प्रदेश के 5 अंतर्राज्यीय आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दरअसल प्रार्थिया सोनिया हंसपाल निवासी आमासिवनी, विधानसभा ने थाना विधानसभा में रिपोर्ट दर्ज कराया कि अज्ञात मोबाईल नंबरों के धारकों ने उसके मोबाईल फोन में फोन कर स्वयं को दिल्ली साइबर विंग, दिल्ली पुलिस का होना बताकर प्रार्थिया के आधार कार्ड से कई बैंक खाता होने तथा इन बैंक खातों में मनी लॉन्ड्रिंग की रिपोर्ट होने की झूठी बात बताकर डराते धमकाते हुये व्हाट्सएप वीडियो कॉल में जुड़े रहने बोलकर डिजिटल अरेस्ट कर दिनांक 21/05/25 से 10/07/25 के मध्य 2.83 करोड़ रुपए की ठगी कर लिये, कि प्रार्थिया की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध थाना विधानसभा में अपराध क्रमांक 345/25 धारा 318(4), 3(5) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
करोड़ो रूपये की ठगी की घटना को पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज, रायपुर श्री अमरेश मिश्रा तथा पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह द्वारा गम्भीरता से लेते अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री कीर्तन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राईम श्री संदीप मित्तल, उप पुलिस अधीक्षक क्राईम श्री संजय सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक विधानसभा श्री वीरेन्द्र चतुर्वेदी, प्रभारी रेंज सायबर थाना रायपुर निरीक्षक मनोज नायक, प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट निरीक्षक परेश पाण्डेय तथा थाना प्रभारी विधानसभा निरीक्षक शिवेन्द्र सिंह राजपूत को अज्ञात आरोपियों की पतासाजी कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने हेतु निर्देशित किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में रेंज सायबर थाना, एण्टी क्राईम एण्ड साईबर तथा थाना विधानसभा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटना के संबंध में प्रार्थिया से विस्तृत पूछताछ कर अज्ञात आरोपियों की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। अज्ञात आरोपियों द्वारा जिन मोबाईल नंबरों से प्रार्थिया को फोन कर बात किया गया था, उन मोबाईल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण करने के साथ ही जिन खातों में रकम स्थानांतरित किये गये थे, उन खातों के संबंध में भी संबंधित बैंकों से दस्तावेज व जानकारी प्राप्त की गई। मोबाईल नंबरों के साथ-साथ उन से संबंधित अन्य कई मोबाईल नंबरों, बैंक खातों, दस्तावेजों सहित अन्य तथ्यों का लगातार विश्लेषण करते हुये अंततः आरोपियों को उत्तर-प्रदेश में लोकेट किया गया।
जिस पर रेंज सायबर थाना, एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना विधानसभा पुलिस की 04 सदस्यीय संयुक्त टीम को उत्तर-प्रदेश रवाना किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा उत्तर-प्रदेश के गोरखपुर एवं लखनऊ पहुंचकर लगातार कैम्प करते हुए आरोपियों की पड़ताल करते हुये गोरखपुर से आरोपी आकाश साहू एवं शेर बहादुर सिंह उर्फ मोनू तथा लखनऊ से अनुप मिश्रा, नवीन मिश्रा एवं आनंद कुमार सिंह को पकड़ा गया। घटना के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपियों द्वारा अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर ठगी की उक्त घटना को अंजाम देना बताया गया।
आरोपी आकाश और शेर बहादुर सिंह मोबाईल सिम की व्यवस्था कर वॉट्सएप से वीडियो कॉल करते थे। आरोपी अनुप, नवीन और आनंद सिंह श्री नारायणी इंफ्रा डेवलपर प्राइवेट लिमिटेड, श्री गणेशा डेवलपर्स, अर्बन एज इंफ्रा बिल्डकॉम प्राइवेट लिमिटेड, पावन धरा इंफ्रा बिल्डकॉम, स्नो हाइट्स कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड एवं आनंद ट्रेडर्स नामक फर्जी कंपनी बनाकर अलग-अलग बैंकों में खाता खुलवाकर ठगी से प्राप्त रकम को इधर-उधर करने और नगद आहरण करने का काम करते थे। आरोपी आनंद सिंह देवरिया उत्तर प्रदेश में पंजाब नेशनल बैंक ग्राहक सेवा केंद्र का संचालन करता है।
पांचो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके के कब्जे से प्रकरण से संबंधित बैंक खाता, चेक बुक, सिम एवं मोबाईल फोन जप्त कर कार्यवाही करने के साथ ही आरोपियों के बैंक खातों में ठगी की रकम 43 लाख रूपये को होल्ड कराया गया है।
प्रकरण में संलिप्त अन्य आरोपी फरार है, जिनकी पतासाजी कर गिरफ्तार करने के हर संभव प्रयास किये जा रहे है।
आरोपियों द्वारा अलग – अलग तरीका वारदात के आधार पर पूरे देश में ठगी की घटनाओं को अंजाम दिया गया है तथा आरोपियों के 40 से अधिक फर्जी कंपनी की जानकारी प्राप्त हुई है। आरोपियों के संपत्ति की जानकारी प्राप्त कर अटैच कराने की कार्यवाही भी की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी
01. आकाश साहू पिता रामेश्वर साहू उम्र 24 वर्ष निवासी उंचेर जनपद जिला गोरखपुर उत्तर-प्रदेश।
02. शेर बहादुर सिंह उर्फ मोनू पिता रामेश्वर उम्र 29 वर्ष निवासी उंचेर जनपद जिला गोरखपुर उत्तर-प्रदेश।
03. अनूप मिश्रा पिता राजेन्द्र प्रसाद मिश्रा उम्र 48 वर्ष निवासी कैलाशपुरी, छोटा बरहा, आलमबाग जिला लखनऊ उत्तर-प्रदेश।
04. नवीन मिश्रा पिता धर्मप्रकाश उम्र 41 वर्ष, निवासी पटेल नगर, नीलमत्था, थाना शुशांतगोल्फ सिटी, जिला लखनऊ उत्तर-प्रदेश।
05. आनंद कुमार सिंह पिता बलिराम उम्र 35 वर्ष निवासी पचरुखा रुद्रपुर देवरिया उत्तर-प्रदेश
रायपुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को नागपंचमी (29 जुलाई 2025) के पावन अवसर पर शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह पर्व हमारी सनातन संस्कृति की गहराई, लोक आस्था की ऊर्जा और प्रकृति के साथ समरसता का जीवंत प्रतीक है। यह हमारे पूर्वजों द्वारा रचित वह परंपरा है, जो जीव-जगत के साथ सम्मानपूर्ण सह-अस्तित्व का संदेश देती है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि नागपंचमी का पर्व पर्यावरण संतुलन और जैव विविधता के प्रति हमारी जिम्मेदारी की याद दिलाता है। मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे इस पर्व के माध्यम से न केवल सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजें, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक सौहार्द को जीवन में अपनाएँ।
रायपुर। प्रदेश भर में आज से तहसीलदारों की 3 दिवसीय हड़ताल शुरू हो गई है। कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के बैनर तले हो रहे इस आंदोलन में तहसीलदार और नायब तहसीलदार हिसस ले रहे हैं। इस हड़ताल के चलते तहसीलों में 3 दिन तक यानी 30 जुलाई तक कोई भी काम नही होंगे। संघ ने 18 जुलाई को ज्ञापन देकर आंदोलन की चेतावनी दी थी।
लंबे समय से मांग कर रहे हैं राजस्व के अफसर
दरअसल, लंबे समय से प्रदेश के राजस्व अफसरों की मांग पूरी नहीं की जा रही है. छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ द्वारा पूर्व में भी विभाग एवं शासन को समय-समय पर विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया गया है. विभाग एवं शासन से संसाधनों की कमी, मानवीय संसाधन, तकनीकी सुविधाएं, सुरक्षा, शासकीय वाहन एवं प्रशासनिक सहयोग जैसी मांगे की गयी है. लेकिन अभी तक मांगों की अनदेखी की जा रही है. जिसके विरोध में आज से धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया गया है।
इसके तहत पहले दिन 28 जुलाई को जिला स्तर पर सामूहिक अवकाश लेकर विरोध प्रदर्शन होगा। 29 जुलाई को संभाग स्तर पर सामूहिक अवकाश एवं प्रदर्शन किया जाएगा और 30 जुलाई को प्रदेश स्तर पर सामूहिक अवकाश लेकर राजधानी में धरना प्रदर्शन किया जायेगा। यदि 30 जुलाई तक तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों समेत सभी राजस्व अफसरों की मांग पूरी नहीं की जाती है तो इसके बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल किया जायेगा।
शासन ने मांगों पर पहल किये जाने की कही बात
तहसीलदारों के आंदोलन और उनकी मांगों के मद्देनजर राज्य शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के उप सचिव अरविन्द एक्का ने समस्त कलेक्टरों को पत्र जारी कर किसी भी राजस्व अफसर को अवकाश नहीं देने और अनुपस्थित रहने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने को कहा है। इसके साथ ही यह भी लिखा गया है कि संघ की मांगों के मद्देनजर राजस्व विभाग ने समय-समय पर पत्र लिखकर सुविधाएं मुहैया कराने को कहा है। हालांकि इस संबंध में कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के प्रदेश अध्यक्ष केके लहरे का कहना है कि उनकी 17 सूत्रीय मांगों में से कोई भी मांग अब तक पूरी नहीं की गई है। यही वजह है कि तमाम प्रयासों के बाद अब संघ अनोलन शुरू करने जा रहा है।
17 सूत्रीय मांगों की मुख्य बातें
1. सभी तहसीलों में स्टाफ की नियुक्ति – कंप्यूटर ऑपरेटर, नायब नाजिर, माल जमादार, भृत्य, वाहन चालक और पटवारियों की तैनाती हो।
2. सीधी भर्ती व पदोन्नति का अनुपात 50:50 रखा जाए और पुरानी घोषणा लागू हो।
3. नायब तहसीलदार को राजपत्रित पद घोषित किया जाए।
4. लंबित ग्रेड-पे सुधार तुरंत किया जाए।
5. प्रोटोकॉल व फील्ड ड्यूटी के लिए सरकारी वाहन या भत्ता उपलब्ध कराया जाए।
6. बिना ठोस कारण निलंबित अफसरों की 15 दिन में बहाली।
7. न्यायालयीन आदेशों को जनशिकायत प्रणाली में स्वीकार न किया जाए।
8. कोर्ट केस पर FIR रोकने के लिए जारी आदेश का सख्त पालन।
9. न्यायालयीन कार्य हेतु अलग व्यवस्था, प्रोटोकॉल ड्यूटी से मुक्त किया जाए।
10. आउटसोर्स स्टाफ की नियुक्ति का अधिकार तहसीलदार को दिया जाए।
11. e-Court, भू-अभिलेख जैसे कामों के लिए प्रशिक्षित ऑपरेटर की नियुक्ति।
12. SLR/ASLR की बहाली।
13. शासकीय मोबाइल नंबर व डिवाइस।
14. हर तहसील में सुरक्षाकर्मी व वाहन की व्यवस्था।
15. सड़क दुर्घटनाओं और अन्य घटनाओं पर तत्काल मुआवजा राशि देने के स्पष्ट निर्देश।
16. संघ की औपचारिक मान्यता।
17. राजस्व न्यायालय सुधार के लिए विशेषज्ञ समिति।
दुर्ग। बैंक लाॅकर को अब तक सबसे सुरक्षित माना जाता है, लेकिन अब इस सुरक्षा पर भी सवाल खड़े होने लगे है। भिलाई के इंदिरा प्लेस स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में एक ग्राहक का 50 लाख रुपये से अधिक का सोना सनसनीखेज ढंग से गायब हो गया। खाताधारक को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने बैंक प्रबंधन से मदद मांगी, लेकिन बैंक प्रबंधन ने उल्टे उन्हें ही जिम्मेदार ठहराते हुये बैंक से जाने को कह दिया। अब पीड़ित खाताधारक ने इसकी शिकायत पुलिस से की है।
दरअसल, ये पूरा मामला भिलाई नगर थाना क्षेत्र का है। सेक्टर-5 में आर्मी से रिटायर्ड दरोगा सिंह रहते हैं। उनका इंदिरा प्लस सिविक सेंटर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के लाॅकर में खाता हैं। उन्होंने अपने परिवार का 40 तोला सोना तीन अलग-अलग पोटलियों में बांधकर बैंक के लाॅकर नं 697 में रखे थे। कुछ माह पहले लाॅकर में जंग और सीपेज के कारण लाॅकर खोलने और बंद करने में दिक्कत हो रही थी। इसकी शिकायत उन्होंने लाॅकर की देखरेख करने वाली अनिता कोरेटी से की थी। इस दौरान अनिता ने उन्हें कुछ दिनों के लिए एक अस्थाई लाॅकर नंबर 547 दिया था और पुराने लाॅकर को ठीक करवाने की बात कहकर नये लाॅकर की एक चाॅबी अपने पास ही रख ली थी।
17 जनवरी 2025 को अनिता ने उन्हें फोन किया और बताया कि पुराने लाॅकर का सामान अस्थाई लाॅकर में रख दिया है। पुराना लाॅकर ठीक होने के बाद फिर से उसी लाॅकर में सामान को वापस रख दिया जाएगा।
खाताधारक दरोगा सिंह 22 अप्रैल 2025 को अपने लाॅकर को देखने के लिए बैंक पहुंचे और उन्होंने जब लाॅकर खोला तो उसमे से 2 पोटली गायब थी। दोनों पोटली में करीब 50 लाख का सोना था। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना बैंक प्रबंधन को दी। बैंक प्रबंधन ने इस मामले में हाथ खड़े करते हुये साफ कह दिया कि पोटली के रख रखाव की जिम्मेदारी बैंक प्रबंधन की नहीं थी। पोटली गायब है तो इसके लिए बैंक कुछ नहीं कर सकता। बैंक में सुनवाई नहीं होने के बाद बैंक पीड़ित खाताधारक ने इसकी शिकायत भिलाई नगर थाने में दर्ज कराई है।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामल दर्ज कर लिया है। साथ ही घटना की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि लाॅकर रूम के पास सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही हैं और जल्द ही मामले को सुलझाने का दावा भी पुलिस ने किया है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा ने 3 जिलों में नई कार्यकारिणी का ऐलान कर दिया है। जिन जिलों की कार्यकारिणी गठित की गयी है, उसमें बालोद, दंतेवाड़ा और गरियाबंद जिला शामिल हैं।
जानिए पूरी लिस्ट….



रायपुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने देश के विभिन्न स्टील उद्यमियों को छत्तीसगढ़ में उत्पादन यूनिट स्थापित करने का आमंत्रण दिया है। उन्होंने आज स्थानीय होटल में आयोजित ग्रीन स्टील और माइनिंग समिट में सहभागिता कर उद्यमियों को छत्तीसगढ़ में इस उद्योग की भरपूर संभावनाओं और इसके लिए विकसित अधोसंरचना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) की जानकारी दी। यह समिट कान्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्रीज द्वारा पूर्वी क्षेत्र के सदस्यों के लिए आयोजित की गई थी।
समिट में उपस्थित उद्यमियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति में स्टील सेक्टर को विशेष रूप से प्रोत्साहन दिया गया है। यदि कोई उद्यमी ग्रीन स्टील का उत्पादन कर रहा हो, तो उसे विशेष अनुदान देने का प्रावधान भी छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति में किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश को स्टील हब बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उनके नेतृत्व में देश में स्टील उत्पादन 100 मिलियन टन से बढ़कर 200 मिलियन टन हो गया है, और वर्ष 2030 तक इसे बढ़ाकर 300 मिलियन टन तक पहुँचाने का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में भी स्टील की वर्तमान उत्पादन क्षमता 28 मिलियन टन से बढ़ाकर 45 मिलियन टन करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।
छत्तीसगढ़: खनिज संसाधनों से समृद्ध, औद्योगिक संभावनाओं से परिपूर्ण राज्य
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपने भरपूर खनिज संसाधनों के कारण समृद्ध है। इनके उचित दोहन से यहाँ औद्योगिक संभावनाओं में अत्यधिक विस्तार संभव है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार का सृजन होगा और राज्य की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में अधिकतम लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने हेतु छत्तीसगढ़ सरकार पूर्णतः प्रतिबद्ध है। केंद्र सरकार की रोजगार से जुड़ी प्रोत्साहन योजना और राज्य सरकार की स्थानीय लोगों को रोजगार देने हेतु अनुदान योजनाओं से इस दिशा में सार्थक कार्य होगा।
‘अंजोर विज़न’ दस्तावेज़ में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को प्रमुखता
मुख्यमंत्री ने उपस्थित उद्यमियों को बताया कि विकसित भारत @2047 के लक्ष्य के अनुरूप विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की परिकल्पना पर आधारित अंजोर विजन डाक्यूमेंट तैयार कर लिया गया है। इस दस्तावेज़ में चरणबद्ध रूप से विकास की रूपरेखा प्रस्तुत की गई है। उन्होंने बताया कि इस विज़न दस्तावेज़ में सर्वाधिक फोकस मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर पर है, विशेष रूप से छत्तीसगढ़ की कोर इंडस्ट्री – जैसे स्टील एवं पावर – को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।
लक्ष्य प्राप्ति हेतु अधोसंरचना सहित सभी तैयारियाँ पूर्ण
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए अधोसंरचना सहित सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। राज्य में रेलवे अधोसंरचना को सशक्त किया गया है। तेज़ी से रेल नेटवर्क और उससे संबंधित अधोसंरचना का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिससे स्टील सेक्टर को बूस्ट मिलेगा। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में वर्तमान में 47 हज़ार करोड़ रुपये की लागत से रेलवे के विभिन्न प्रोजेक्ट्स पर कार्य हो रहा है। अब रावघाट से जगदलपुर रेलमार्ग पर भी कार्य आरंभ होगा। किरंदुल से तेलंगाना के कोठागुडेम तक नई रेललाइन बिछाई जाएगी, जिसमें 138 किलोमीटर का हिस्सा बस्तर से गुजरेगा। रायगढ़ के खरसिया से राजनांदगांव के परमालकसा तक नया रेल नेटवर्क बनाकर कई प्रमुख औद्योगिक केंद्रों तक कच्चे माल की आपूर्ति एवं तैयार माल की ढुलाई की प्रक्रिया आसान की जाएगी, जिससे उत्पादन लागत में भारी कमी आएगी।
इज़ ऑफ डूइंग बिजनेस के लिए 350 से अधिक सुधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई औद्योगिक नीति में सिंगल विंडो क्लीयरेंस सिस्टम और इज़ ऑफ डूइंग बिजनेस की प्रक्रिया को लागू किया गया है। साथ ही 350 से अधिक नीतिगत सुधार किए गए हैं, जिनका सीधा लाभ स्टील सेक्टर में किए गए निवेशकों को मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रीन एनर्जी को अपनाने वाले औद्योगिक संस्थानों को विशेष अनुदान दिया जाएगा। श्री साय ने राज्य में ग्रीन स्टील उत्पादन हेतु हाइड्रोजन जैसी उन्नत तकनीकों के उपयोग पर प्रसन्नता व्यक्त की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कुछ माह पूर्व आयोजित एनर्जी समिट में छत्तीसगढ़ में लगभग साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 57 हज़ार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव जलविद्युत परियोजनाओं से जुड़े हैं। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से सौर ऊर्जा (सोलर एनर्जी) उत्पादन की दिशा में भी छत्तीसगढ़ तेज़ी से प्रगति कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में औद्योगिक कॉरिडोर के निर्माण पर तीव्र गति से कार्य हो रहा है, और नए औद्योगिक पार्क भी स्थापित किए जा रहे हैं। निजी क्षेत्र को औद्योगिक पार्क स्थापित करने हेतु विशेष अनुदान का प्रावधान किया गया है। उन्होंने समिट में उपस्थित उद्यमियों को छत्तीसगढ़ में निवेश करने और यूनिट स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया।
प्रशिक्षित जनशक्ति एवं लॉजिस्टिक नीति का लाभ उठाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर के सभी विकासखंडों में स्किल इंडिया के सेंटर प्रारंभ कर दिए गए हैं, जिससे उद्योगों को प्रशिक्षित जनशक्ति की कोई कमी नहीं होगी। साथ ही उन्होंने बताया कि निवेशकों को नई लॉजिस्टिक नीति का भी लाभ मिलेगा। इस नीति के अंतर्गत ड्राय पोर्ट, इनलैंड कंटेनर डिपो आदि की स्थापना पर भी अनुदान प्रदान किया जाएगा। छत्तीसगढ़ की सेंट्रल इंडिया में स्थिति होने के कारण लॉजिस्टिक के क्षेत्र में असीम संभावनाएँ हैं। एक्सप्रेसवे, रेलवे और राजमार्गों के माध्यम से देश के चारों दिशाओं में बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ स्टील सेक्टर को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने रायपुर-दुर्ग-भिलाई जैसे शहरों को शामिल कर स्टेट कैपिटल रीजन के रूप में एक बड़े स्टील क्लस्टर के विकास की योजना की जानकारी भी दी।
250 से अधिक औद्योगिक संस्थान हुए समिट में शामिल
कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्रीज द्वारा आयोजित इस ग्रीन स्टील और माइनिंग समिट में पूर्वी भारत के पांच राज्यों – पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ – के 250 से अधिक स्टील और पावर सेक्टर से जुड़े औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधि सम्मिलित हुए। उन्होंने छत्तीसगढ़ में उद्योगों की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने सीआईआई द्वारा आयोजित औद्योगिक प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
समिट में सीआईआई छत्तीसगढ़ के चेयरमैन श्री संजय जैन, को-चेयरमैन श्री सिद्धार्थ अग्रवाल, वाइस चेयरमैन श्री बजरंग गोयल, मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री राहुल भगत एवं सचिव उद्योग श्री रजत कुमार उपस्थित थे।
रायपुर : केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित और दूरस्थ इलाकों में डिजिटल संचार को सशक्त बनाने हेतु 400 नए बीएसएनएल टावर लगाने की योजना पर कार्य कर रही है। यह जानकारी ग्रामीण विकास और दूरसंचार राज्यमंत्री डॉ. पेम्मासानी चंद्र शेखर ने आज रायपुर में दी।
रायपुर। सामान्य प्रशासन विभाग ने 2023 बैच के 4 अफसरों की पदस्थापना सूची जारी की है। सूची में भारतीय प्रशासनिक सेवा के वर्ष 2023 बैच के परिवीक्षाधीन अधिकारियों को लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी मसूरी में फेस दो प्रशिक्षण संपन्न करने तथा 25 जुलाई को कार्यमुक्त होने के बाद अधिकारियों की पदस्थापना की गई है।
देखिए लिस्ट….

बिलासपुर। जिले से बड़ी खबर सामने आई है। बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर अज्ञात वाहन ने 26 गायों को कुचला दिया। 25 मवेशियों की मौत हो गई और 1 गंभीर रूप से घायल है। घटना को लेकर गौ रक्षकों में भारी रोष है। उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग है।
जानकारी के मुताबिक, सिलपहरी गांव में अज्ञात वाहन ने सड़क पर घुमंतू मवेशियों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि 25 गायों की मौत हो गई। वहीं 1 गाय गंभीर रूप से घायल हुई। घटना की सूचना के बाद गौ रक्षक मौके पर पहुंचे और मवेशियों की लाश को सड़क के किनारे रखा और घायल मवेशी का इलाज करवाया। आक्रोशित गौ रक्षकों ने पुलिस से दोषी पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर जिले में पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आवेदन 11 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। इन पदों के लिए 12वीं पास और पाॅलीटेक्निक डिप्लोमा होना अनिवार्य है।
कार्यालय संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं जगदलपुर के द्वारा बस्तर जिले के अंतर्गत पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों के रिक्त पदों पर एकमुश्त मासिक मानदेय के आधार पर भर्ती हेतु आवेदन पत्र मूल प्रमाण पत्रों की सत्यापित छायाप्रति सहित पंजीकृत डाक के माध्यम से आगामी 11 अगस्त 2025 तक आमंत्रित किए गए हैं। उक्त पद के लिए आवश्यक शैक्षणिक योग्यता के तहत मान्यता प्राप्त संस्था से बायोलॉजी विषय में 12 वीं उत्तीर्ण एवं वेटनरी पॉलीटेक्निक डिप्लोमा होना चाहिए। इन पदों पर एक वर्ष के लिए मासिक मानदेय पर भर्ती किया जाएगा।
कृत्रिम गर्भाधान कार्य में दक्षता एवं बस्तर जिले के मूल निवासी को प्राथमिकता दी जाएगी। शैक्षणिक योग्यता एवं अनुभव के आधार पर आवेदकों का चयन किया जाएगा। शैक्षणिक योग्यता के प्राप्तांक एवं अनुभव के आधार पर कुल अंक 100 होंगे अधिकतम 10 अंक अनुभव पर 90 अंकों की गणना निर्धारित शैक्षणिक अर्हता के प्राप्तांक के आधार पर की जाएगी। अनुभव की गणना प्रत्येक पूर्ण वर्ष के लिए 2 अंक होंगे। जो अधिकतम 10 अंकों तक देय होगा। अनुभव का लाभ शासकीय कार्य में नियुक्ति आदेश में लागू होगा।
दुर्ग। शहर के चर्चित बिल्डर, जमीन कारोबारी और छत्तीसगढ़ी फिल्मों के अभिनेता मनोज राजपूत एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उनके खिलाफ सुपेला थाना में गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि उन्होंने अपने आपराधिक मामलों को छिपाकर गलत जानकारी के आधार पर शपथ पत्र तैयार कराया और पासपोर्ट बनवाया। वहीं सुपेला थाना में एफआईआर दर्ज हुई।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, मनोज राजपूत ने पासपोर्ट बनवाने के लिए आपराधिक इतिहास को छिपाया और झूठा शपथ पत्र देकर सुपेला थाने से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) प्राप्त किया। लेकिन जब पुलिस जांच में यह सामने आया कि उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में कुल 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं—जिनमें दुष्कर्म, पोक्सो एक्ट, धोखाधड़ी और मारपीट जैसे संगीन आरोप शामिल हैं—तो तुरंत एक पत्र पासपोर्ट कार्यालय को भेजा गया। इसके बाद उनका पासपोर्ट रद्द कर दिया गया।
पते में किया हेरफेर
मनोज राजपूत ने अपने वास्तविक पते (मोहन नगर थाना क्षेत्र) की बजाय सुपेला थाना क्षेत्र के मोतीलाल नेहरू नगर, वार्ड 03 का पता दिखाकर पुलिस वेरिफिकेशन रिपोर्ट हासिल की। यह प्रयास उनके आपराधिक इतिहास को छिपाने की मंशा से किया गया था। लेकिन पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज की और पूरे घटनाक्रम को उजागर किया।
दर्ज हुए अपराध
सुपेला थाना में मनोज राजपूत पर FIR नंबर 806/2025 दर्ज किया गया है। इसमें भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी) और पासपोर्ट अधिनियम 1967 की धारा 12 के तहत कार्रवाई की गई है। मामला 14 जुलाई 2025 को दर्ज हुआ था।
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की जनता को बड़ी राहत मिलने वाली है। शहर में पहली बार एक साथ 7 नए ओवरब्रिज का निर्माण किया जा रहा हैं। इसके लिए बजट की मंजूरी भी मिल गई है। लोक निर्माण विभाग ने इस काम को पूरा करने के लिए एक साल का लक्ष्य रखा है। ओवरब्रिज बनाने के लिए उन सड़कों की पहचान की गई है जहां सबसे ज्यादा ट्रैफिक जाम और हादसे होते हैं। पीडब्ल्यूडी ने इसी सर्वे के आधार पर तय किया है कि किस सड़क पर नया ओवरब्रिज बनना है। शहर की चारों दिशाओं में नए ओवरब्रिज का निर्माण होगा इससे ट्रैफिक जाम-हादसे कम होंगे और हर सड़क पर 20 मिनट बचेंगे।
जानिए शहर में कहां-कहां बनेंगे नए ओवरब्रिज
कालीबाड़ी से पुलिस लाइन गेट तक
कालीबाड़ी चौक से पुलिस लाइन गेट तक 50 करोड़ की लागत से डेढ़ किलोमीटर लंबा नया ओवरब्रिज बनेगा। बजट में इसकी मंजूरी मिल गई है। यहां सुबह 9.30 से 11.30 और शाम 5.30 से 7.30 बजे के बीच जाम लगता है।
35 हजार से ज्यादा गाड़ियां गुजरती हैं।
स्टेटस : विभाग का सर्वे पूरा, बजट जल्द
फुंडहर चौक से टेमरी तक
फुंडहर चौक पर 30 करोड़ की लागत से फ्लाईओवर का निर्माण होगा। लंबाई 700 मीटर और चौड़ाई 17 मीटर होगी। इससे एयरपोर्ट जाने वालों को फुंडहर चौक पर जाम में फंसने से राहत मिलेगी। लोगों के 10 मिनट तक बचेंगे।
25 हजार से ज्यादा गाड़ियां प्रतिदिन।
सर्वे पूरा : बजट के लिए भेजा प्रस्ताव
अमलीडीह चौक से द्रोणाचार्य स्कूल तक
केनाल लिंकिंग रोड के ऊपर अमलीडीह चौक से द्रोणाचार्य स्कूल तक 40 करोड़ की लागत से ओवरब्रिज का निर्माण होगा। एमएमआई चौक से द्रोणाचार्य चौक तक इसका निर्माण किया जाएगा। यहां सुबह-शाम जाम लग रहा है।
25 हजार गाड़ियां रोजाना गुजरती हैं।
प्रारंभिक सर्वे पूरा, बजट के लिए डीपीआर बना
30 हजार गाड़ियां रोजाना गुजरती हैं
पीडब्ल्यूडी अभी प्लान बना रहा है
गुढ़ियारी-एक्सप्रेस-वे को जोड़ने फ्लाईओवर
गुढ़ियारी के शुक्रवारी बाजार से एक्सप्रेस-वे में जोड़ने का प्लान है। पीडब्ल्यूडी यहां फ्लाईओवर बनाने की योजना बना रहा है। यह सीधे एक्सप्रेस-वे से जुड़ेगा। इससे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
यहां बनेंगे ओवरब्रिज
- मोवा: खालसा स्कूल से मोवा रिलायंस मार्ट तक ओवरब्रिज बनाने पर काम चल रहा है। इसकी अनुमानित लागत करीब 135 करोड़ है। अभी ट्रैफिक का दबाव बहुत ज्यादा है।
- भनपुरी चौक : भनपुरी चौक पर ओवरब्रिज बनेगा। इस पर करीब 40 करोड़ खर्च होने का अनुमान है। रोजाना 50 हजार से ज्यादा वाहनों को यहां रुकना नहीं पड़ेगा।
- खारुन नदी: यह ओवरब्रिज रायपुर और पाटन को जोड़ेगा। इसकी मंजूरी के लिए प्रस्ताव शासन के पास भेजा गया है। इसकी लागत करीब 60 करोड़ है। इससे रोजाना औसतन 80 हजार वाहनों का सफर आसान होगा।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में संभावित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चल रही अटकलों पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सधे हुए अंदाज़ में प्रतिक्रिया दी है। रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि कुछ ना कुछ पद तो खाली होते ही हैं, जब ज़रूरत होगी, मुख्यमंत्री तय करेंगे। डिप्टी सीएम शर्मा ने आगे कहा मंत्रिमंडल बना है और कामकाज सुचारू रूप से चल रहा है। इसमें इतनी छटपटाहट क्यों है? किसी को छटपटाने की आवश्यकता नहीं है।
गृहमंत्री विजय शर्मा ने यह भी बताया कि राज्य सरकार पंचायत स्तर पर घुसपैठ पर अंकुश लगाने के लिए एक नई व्यवस्था लागू करने पर विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल निर्णय नहीं हुआ है, लेकिन इस पर गंभीर चर्चा चल रही है। पंचायतों में पहले से 16 प्रकार की पंजियां (रिकॉर्ड रजिस्टर) रखी जाती हैं। अब एक नई पंजी जिसे ‘पलायन पंजी’ या ‘श्रमवीर पंजी’ कहा जा सकता है लाने की योजना है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पंजी के माध्यम से गांव में पहले से रहने वालों की एक सूची तैयार की जाएगी और जो लोग बाद में आकर बसेंगे, उनकी अलग सूची बनेगी। उन्होंने कहा गांवों में भी बड़ी संख्या में बाहरी लोग घुसपैठ कर रहे हैं, इसलिए उन्हें चिन्हित करने के लिए यह व्यवस्था जरूरी है।
अधिकारियों के गलत व्यवहार पर होगी सख्त कार्रवाई
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा नारायणपुर में अधिकारियों पर जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा करने के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दो टूक कहा, अगर कोई अधिकारी जनप्रतिनिधियों या आम नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार करता है, तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ राजनीतिक मुद्दा नहीं है, बल्कि सामान्य जन के साथ भी यदि कोई अधिकारी अनुचित व्यवहार करता है तो सरकार उसे गंभीरता से लेगी और निर्णय लेकर कार्रवाई करेगी।
कबीरधाम/भोरमदेव - छत्तीसगढ़ में कांवड़ यात्रा के दौरान एक बार फिर देखने को मिला अद्भुत नज़ारा,जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं अरुण साव ने भोरमदेव में शिवभक्तों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की।
यह छत्तीसगढ़ के धार्मिक इतिहास का दूसरा अवसर है, जब इस तरह का भव्य आयोजन हुआ है। इस अद्वितीय आयोजन की नींव पिछले वर्ष रखी गई थी, जिसे आगे बढ़ाने का श्रेय उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा को जाता है।
विजय शर्मा ने कहा,कभी सनातनियों पर लाठियां बरसती थीं,अब पुष्प बरस रहे हैं
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इसे सनातन संस्कृति की विजय बताया और कहा कि यह आयोजन श्रद्धालुओं के प्रति सम्मान और राज्य की आध्यात्मिक पहचान को नई ऊंचाई देने वाला है।
श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय पल
मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्रियों की मौजूदगी और पुष्पवर्षा से शिवभक्तों का उत्साह चरम पर पहुंच गया। यह आयोजन ना सिर्फ धार्मिक आस्था को सशक्त कर रहा है, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को भी वैश्विक मंच पर उजागर कर रहा है।
रायपुर। रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र की प्रोफेसर कॉलोनी में चल रहे देह व्यापार के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक मकान में अनैतिक गतिविधियां हो रही हैं। सूचना मिलते ही एंटी क्राइम और साइबर यूनिट की टीम ने मकान में दबिश दी। मौके से आकाश साहू, उसकी महिला मित्र और एक महिला को पकड़ा गया।
दरअसल वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन व नगर पुलिस अधीक्षक पुरानी बस्ती के नेतृत्व में थाना पुरानी बस्ती एवं एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की संयुक्त टीम द्वारा अपने पाईंटर को नगदी रकम देकर देह व्यापार में सम्मिलित दलाल एवं महिलाओं के आपत्तिजनक क्रिया कलाप की जानकारी होने पर तत्काल ईशारा करने कहकर भेजा गया। पाईंटर द्वारा उक्त मकान में जाकर सौदा तय हो जाने पर पुलिस की टीम को ईशारा किया गया। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा मकान में दबिश देने के दौरान पाईंटर के अलावा अन्य दो महिला एवं एक पुरूष मिले। पूछताछ में पुरूष ने अपना नाम आकाश साहू पिता स्व. द्वारिका प्रसाद साहू उम्र 39 साल निवासी ग्राम सड्डू थाना विधान सभा जिला रायपुर का होना बताया। टीम के सदस्यों द्वारा कमरों की तलाशी लेने पर आपत्ति जनक वस्तुयें प्राप्त हुई।
जांच में पाया गया कि आरोपी आकाश साहू अपनी महिला मित्र के साथ रहता है तथा दोनों ग्राहक से बातचीत कर अनैतिक देह व्यापार करा रहे है। एक महिला पीड़िता है, जिससे आरोपीगण जबरन देह व्यापार कराते थे।
आरोपियों से इस प्रकरण में संलिप्त अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी आकाश साहू द्वारा बताया गया कि उसका संपर्क शंकर नगर खम्हारडीह निवासी कृषाणु दास के साथ है। कृषाणु दास का समता कालोनी, कटोरा तालाब एवं खम्हारडीह में 03 स्पॉ है, जिसका वह संचालक है। कृषाणु दास स्पॉ संेटर की आड में महिलाओं से देह व्यापार कराता है, इस अनैतिक कार्य में आरोपी आकाश साहू एवं उसकी महिला मित्र उसका साथ देते है। जिस पर कृषाणु दास की पतासाजी कर उसे भी पकड़ा गया। आरोपियों के मोबाईल फोन को चेक करने पर उनके मोबाईल फोन में सेक्ट रेकेट के संबंध में व्हाट्सएप में चेटिंग करने के साथ ही पैसों के लेन-देन का हिसाब होना पाया गया।
आरोपी आकाश साहू, कृषाणु दास एवं एक महिला को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से प्रकरण से संबंधित 04 नग मोबाईल फोन जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 283/25 धारा 4, 5, 7 अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम 1956 का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही किया गया।
प्रकरण में संलिप्त अन्य आरोपी फरार है, जिनकी पतासाजी कर गिरफ्तार करने के हर संभव प्रयास किये जा रहे है।
गिरफ्तार आरोपी
01. आकाश साहू पिता स्व. द्वारिका प्रसाद साहू उम्र 39 साल निवासी सड्डू थाना विधानसभा रायपुर।
02. कृषाणु दास पिता कमलेन्दू दास उम्र 42 साल निवासी एम आई जी 38 शंकर नगर थाना खम्हारडीह रायपुर।
03. देह व्यापार में संलिप्त एक महिला।
रायपुर – सावन के तीसरे सोमवार पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भोले भक्तो पर हेलीकाप्टर से पुष्पवर्षा करते हुए नजर आएंगे जिसके लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव राजधानी रायपुर से कवर्धा के लिए रवाना हो गए हैं बता दे की मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा के लिए हेलीकॉप्टर से कवर्धा के लिए रवाना पवित्र सावन मास के तीसरे सोमवार को भगवान भोरमदेव का जलाभिषेक करेंगे उसके बाद श्रद्धालुओं और कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर करेंगे भव्य स्वागत और अभिवादन मुख्यमंत्री साय के साथ, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा तथा उपमुख्यमंत्री अरुण साव भी साथ में रवाना हुए हैं।
रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ की कार्यकारिणी बैठक में शामिल हुए। इस अवसर पर वर्ष 2025-26 के वार्षिक बजट का अनुमोदन किया गया। साथ ही, मुख्यमंत्री श्री साय ने स्टेडियम परिसर में संघ के अध्यक्ष के नवीन कार्यालय कक्ष का विधिवत उद्घाटन भी किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खिलाड़ियों के प्रोत्साहन हेतु हमारी सरकार ने खेल अलंकरण समारोहों का पुनः शुभारंभ किया है। उन्होंने यह भी बताया कि उत्कृष्ट खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया शीघ्र ही पूर्ण की जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह आश्वासन दिया कि संघ के सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में खेलों के विकास के लिए वृहद स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक विजेताओं को ₹3 करोड़, रजत पदक विजेताओं को ₹2 करोड़ तथा कांस्य पदक विजेताओं को ₹1 करोड़ की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, ओलंपिक खेलों में केवल प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने यह भी बताया कि वे स्वयं राज्य तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष हैं और बचपन से उन्हें तीरंदाजी का शौक रहा है। उन्होंने कहा कि जशपुर में एनटीपीसी के सहयोग से तीरंदाजी अकादमी का निर्माण किया जा रहा है, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को विशेष लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि छत्तीसगढ़ एक उद्योग प्रधान और खनिज संसाधनों से भरपूर राज्य है। सरकार का प्रयास रहेगा कि सीएसआर मद के माध्यम से खेलों के लिए आधारभूत ढांचे का विकास किया जाए।
बैठक को संबोधित करते हुए खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री साय के मार्गदर्शन में वर्षों से बंद खेल अलंकरण समारोह पुनः आरंभ किए गए हैं। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची भी घोषित की जाएगी। श्री वर्मा ने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित प्रशिक्षण और अवसर देने की है।
उन्होंने आगे बताया कि मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ युवा रत्न पुरस्कार की भी घोषणा की गई है, जिसके अंतर्गत खेल, कला, संगीत, साहित्य, उद्योग, व्यापार आदि क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘खेलो इंडिया’ योजना के तहत प्रत्येक जिले में खेलों को बढ़ावा देने के कार्य किए जा रहे हैं। बस्तर ओलंपिक का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि इस आयोजन की प्रधानमंत्री ने अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भी प्रशंसा की है।
इस अवसर पर सांसद एवं ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष श्री विजय बघेल ने भी बैठक को संबोधित किया और प्रदेश में खेलों के विस्तार के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ की आवश्यकताओं और अपेक्षाओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराते हुए संगठनात्मक सुदृढ़ता और संसाधनों की उपलब्धता पर बल दिया।
रायपुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में भारत सरकार के केंद्रीय संचार एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. चन्द्रशेखर पेम्मासानी ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच ग्रामीण विकास, केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के समन्वित क्रियान्वयन, आदिवासी अंचलों में संचार सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकासोन्मुखी दृष्टिकोण को धरातल पर साकार करने हेतु राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हमारी सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख पक्के मकानों की स्वीकृति दी जा चुकी है, जिससे प्रदेश के गरीब परिवारों के आवास का सपना पूरा हो रहा है। उन्होंने कहा कि बैंकिंग सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए 1,460 ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र आरंभ किए गए हैं, जिससे ग्रामीण जनसंख्या को सहज और सुलभ बैंकिंग सुविधा मिल रही है
मुख्यमंत्री श्री साय ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में उठाए गए कदमों की चर्चा करते हुए बताया कि राज्य सरकार द्वारा कौशल विकास एवं नवाचार को प्रोत्साहित किया जा रहा है। ग्रामीण अंचलों में महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा किए जा रहे कार्यों ने आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम की है।
केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. चन्द्रशेखर पेम्मासानी ने मुख्यमंत्री श्री साय को अपने नारायणपुर तथा मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों के दौरे की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में केंद्र सरकार की योजनाएं प्रभावी ढंग से क्रियान्वित हो रही हैं और स्थानीय जनता को इनका सीधा लाभ मिल रहा है। डॉ. पेम्मासानी ने माओवादी क्षेत्रों में तीव्र गति से हो रहे सकारात्मक बदलाव की सराहना करते हुए इसे छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य का संकेत बताया।
उन्होंने ‘बिहान’ योजना के अंतर्गत महिला स्व-सहायता समूहों की ओर से आयोजित प्रदर्शनी का उल्लेख करते हुए कहा कि समूह की दीदियों द्वारा तैयार किए गए बेलमेटल, मिलेट्स और घरेलू उत्पादों की गुणवत्ता अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि इन समूहों की महिलाएँ 15 से 20 हजार रुपये मासिक आय अर्जित कर रही हैं, जो ग्रामीण महिलाओं की आत्मनिर्भरता की दिशा में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।
डॉ. पेम्मासानी ने जनजातीय समुदाय के पारंपरिक स्वागत का स्मरण करते हुए कहा कि उनके साथ नृत्य करना और स्थानीय संस्कृति से आत्मिक रूप से जुड़ने का अनुभव अविस्मरणीय रहा। उन्होंने परीयना दिव्यांग आवासीय विद्यालय के दौरे का भी विशेष उल्लेख किया और वहाँ बच्चों से हुई आत्मीय बातचीत को अत्यंत भावुक क्षण बताया। उन्होंने शासन द्वारा दिव्यांग बच्चों के लिए किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सचिव श्री पी. दयानंद उपस्थित थे।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं अरुण साव भी रहेंगे उपस्थित, हजारों श्रद्धालुओं की होगी सहभागिता
रायपुर- श्रावण मास के तीसरे सोमवार को छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में स्थापित बाबा भोरमदेव धाम एक बार फिर श्रद्धा, भक्ति और सनातन आस्था का जीवंत प्रतीक बनने जा रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय हेलीकॉप्टर से भोरमदेव मंदिर परिसर पहुँचकर सुबह कावड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं, भक्तों और कावड़ियों का पुष्प वर्षा कर स्वागत और अभिनंदन करेंगे। यह लगातार दूसरा वर्ष है जब मुख्यमंत्री स्वयं श्रद्धालुओं का पुष्प वर्षा के माध्यम से स्वागत कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय के साथ उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा तथा उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव भी उपस्थित रहेंगे। यह आयोजन छत्तीसगढ़ सरकार की सनातन परंपरा, लोक आस्था और श्रद्धालुओं के प्रति सम्मान भाव को दर्शाता है।
श्रावण मास में भोरमदेव मंदिर विशेष महत्व रखता है। यह तीसरा सोमवार होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या और आस्था दोनों चरम पर रहेंगी। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम, बेमेतरा, खैरागढ़, राजनांदगांव, बलौदा बाजार, मुंगेली, बिलासपुर सहित अन्य जिलों से हजारों की संख्या में कांवड़िए भोरमदेव पहुँचते हैं। हजारों की संख्या में माँ नर्मदा नदी के उद्गम स्थल अमरकंटक से कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालु जल लेकर पदयात्रा करते हुए भोरमदेव मंदिर पहुँचते हैं और भगवान भोलेनाथ को जलाभिषेक करते हैं।
उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा की पहल पर कांवड़ यात्रियों के स्वागत के लिए सुरक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य, भोजन, रात्रि विश्राम, पार्किंग, मार्गदर्शन एवं प्राथमिक चिकित्सा जैसी सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की गई है। मंदिर क्षेत्र को विद्युत सज्जा, भजन संध्या और स्वच्छता कार्यक्रमों के माध्यम से पूरी तरह भक्तिमय रूप में परिवर्तित किया गया है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की अगुवाई में श्रद्धालुओं के सम्मान एवं सेवा की यह परंपरा एक नई ऊँचाई की ओर बढ़ रही है। पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन करना केवल एक प्रतीकात्मक नहीं, बल्कि सरकार की इस भावना का प्रमाण है कि वह धर्म, आस्था और संस्कृति के साथ खड़ी है।
भोरमदेव धाम जिसे “छत्तीसगढ़ का खजुराहो” भी कहा जाता है, सावन के इस विशेष दिन पर आस्था के महासंगम का केंद्र बनेगा। कांवड़ यात्रा और मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्रियों की उपस्थिति के चलते यह आयोजन आध्यात्मिक ऊर्जा, प्रशासनिक सक्रियता और सामाजिक सहभागिता का अनुपम उदाहरण बन जाएगा।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि प्रदेश में रोज किसी न किसी जगह से धर्मांतरण की खबर आ रही जिसे लेकर हमारी सरकार धर्मांतरण पर नया कानून लाने जा रही है। सीएम साय शदाणी दरबार में आयोजित हिंदू राष्ट्रीय अधिवेशन के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि नए कानून का ड्राफ्ट तैयार हो रहा है। इस ड्राफ्ट को विधानसभा के अगले सत्र में सदन के पटल पर रखा जाएगा। सीएम ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य में कोई भी गाय सड़कों पर नहीं दिखनी चाहिए और इसके लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि राज्य में सवा सौ पंजीकृत गौशालाएं हैं, जिन्हें पांच लाख से बढ़ाकर 25 लाख रुपये की सहायता दी जा रही है। नगरीय क्षेत्रों में भी गौशालाएं बनाई गई हैं और निर्देश दिए गए हैं कि सड़कों पर मवेशी नजर नहीं आने चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा- जब गाय दूध देना बंद कर देती है, तो उसे लोग सड़कों पर उनके हाल पर छोड़ देते हैं। यह स्थिति ठीक नहीं है। हिंदू भाइयों को इस पर ध्यान देना होगा। उन्होंने भरोसा दिया कि आने वाले समय में सड़कों पर कोई मवेशी नहीं दिखेगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर का जिक्र करते हुए कहा कि वहां एशिया का दूसरा सबसे बड़ा चर्च है लेकिन दिलीप सिंह जूदेव और उनके पुत्र प्रबल प्रताप जूदेव ने ‘घर वापसी’ अभियान को मजबूती दी है। कल्याण आश्रम के कार्यकर्ता गांव-गांव में हिंदू धर्म के प्रचार में जुटे हैं।
रायपुर : उप मुख्यमंत्री तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्री अरुण साव आज विभागीय अधिकारियों तथा मास्टर ट्रेनर्स के प्रशिक्षण के समापन सत्र में शामिल हुए। जल जीवन मिशन के तहत निमोरा स्थित ठाकुर प्यारेलाल राज्य पंचायत एवं ग्रामीण विकास संस्थान में आयोजित छह दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ग्रामीण जल आपूर्ति योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विभागीय सचिव श्री मोहम्मद कैसर अब्दुलहक और प्रमुख अभियंता श्री टी.डी. सांडिल्य भी समापन सत्र में शामिल हुए।
एसपीएम-निवास और यूनिसेफ द्वारा दो बैचों में आयोजित प्रशिक्षण में 21 जुलाई से 23 जुलाई तक पहले बैच के प्रशिक्षुओं को ग्रामीण जलापूर्ति के संस्थागत एवं सामुदायिक पहलुओं पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। वहीं 24 जुलाई से 26 जुलाई तक दूसरे बैच में ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं के तकनीकी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन का प्रशिक्षण दिया गया। जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण जल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव की रणनीतियों को सुदृढ़ बनाने तथा क्षेत्रीय अधिकारियों और मास्टर ट्रेनर्स को जल संरचना की दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित करने में दक्ष बनाने के लिए इस सघन प्रशिक्षण का आयोजन किया गया था।
‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ की गूंज – बिल्हा की महिलाओं ने बदली शहर की तस्वीर, पीएम ने की सराहना
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बोले – यह हर छत्तीसगढ़वासी के लिए गर्व का क्षण
रायपुर - मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रसारित ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया। इस अवसर पर श्री विकास मरकाम, श्री नवीन मार्कण्डेय, श्री अमित चिमनानी, श्रीमती हर्षिता पांडे, श्री अमित साहू सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने ‘मन की बात’ के 124वें संस्करण पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि ‘मन की बात’ न केवल जन संवाद का एक सशक्त माध्यम है, बल्कि यह देशभर के नवाचारों, जनप्रयासों और प्रेरणादायक कहानियों को सामने लाकर लोगों में नई ऊर्जा भरने का कार्य करता है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज का दिन छत्तीसगढ़ के लिए विशेष गौरव का विषय है, क्योंकि बिलासपुर जिले के नगर पंचायत बिल्हा में स्वच्छता के क्षेत्र में मातृशक्ति द्वारा किए गए नवाचार का उल्लेख स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यक्रम में किया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बिल्हा की महिलाओं को वेस्ट मैनेजमेंट की ट्रेनिंग दी गई और उन्होंने मिलकर शहर की तस्वीर बदल डाली। यह उल्लेख हम सभी छत्तीसगढ़वासियों के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि
बिल्हा की महिलाओं ने दिखा दिया कि जब संकल्प और सहयोग एक साथ हों, तो कोई भी बदलाव असंभव नहीं होता। स्वच्छता की इस मिसाल ने पूरे देश में छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है। बिल्हा की महिलाओं ने अपने संकल्प से इसे देश का सबसे स्वच्छ शहर बना दिया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की मातृशक्ति ने स्वच्छता के क्षेत्र में जो नवाचार किया है, उसे आज देश के यशस्वी प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में विशेष रूप से रेखांकित किया। यह दिखाता है कि स्वच्छता केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से बनता हुआ एक सशक्त जनांदोलन है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ के 7 शहरों को स्वच्छ भारत मिशन के तहत माननीय राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है, जिनमें नगर पंचायत बिल्हा सहित अन्य नगरीय निकाय शामिल हैं। उन्होंने नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, निगम आयुक्तों, सीएमओ, स्वच्छता दीदियों और सफाईकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सभी के समर्पण और मेहनत का परिणाम है कि छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय मंचों पर सम्मानित हो रहा है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने यह भी बताया कि हाल ही में जशपुर जिले के दौरे के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि जिले के पाँचों नगरीय निकायों ने स्वच्छता रैंकिंग में अभूतपूर्व छलांग लगाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर दो दिन पहले उन्होंने जशपुर में स्वच्छता दीदियों और कर्मियों को स्वयं सम्मानित किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ में एक सकारात्मक वातावरण बना है और हमारी सरकार ने जिस निष्ठा एवं संकल्प के साथ स्वच्छ भारत मिशन को लागू किया है, उसका परिणाम आज देश के सामने है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि ‘मन की बात’ आज देश के कोने-कोने की साधारण कहानियों को असाधारण प्रेरणा में बदलने वाला राष्ट्रीय अभियान बन गया है जो भारत के लोकतंत्र की जीवंतता का साक्षात प्रमाण है।















.jpeg)
.jpeg)












