प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने नक्सलवाद प्रभावित क्षेत्रों में 15 हज़ार से अधिक आवासों को बनाने को मंज़ूरी दी*
बालोद : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में भीषण सड़क हादसा हो गया है, यहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने SUV कार को टक्कर मार दी, हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई. सात अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं. यह दुर्घटना आज सुबह डोंडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत भानुप्रतापपुर-दल्लीराजहरा मार्ग पर चौरापावड़ के पास हुई है.जानकारी के अनुसार, ट्रक ने विपरीत दिशा से आ रही एसयूवी को टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में एसयूवी कार के परखच्चे उड़ गए. 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि 7 अन्य घायल गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घायलों का इलाज राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में जारी है, मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पीएम रिपोर्ट के लिए भिजवाकर आरोपी ट्रक चालक की तलाश में जुट गई है.
रायपुर : विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से शुरू हो गया है। सत्र की शुरुआत दिवंगतों को श्रद्धांजलि के उल्लेख के साथ हुई। स्पीकार डॉ. रमन सिंह ने पूर्व राज्यसभा सांसद गोपाल जी व्यास और अविभाजित मध्य प्रदेश के पूर्व सदस्य नंदा राम सोरी के निधन का उल्लेख किया। दिवंगतों के सम्मान में सदन ने दो मिनट का मौन रखा और उसके बाद कार्यवाही पांच मिनट के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी।
स्पीकर ने इन दोनों पूर्व राज्यसभा और विधासनसभा सदस्यों के निधन का उल्लेख किया। सदन की ओर से सीएम की अनुपस्थिति में डिप्टी सीएम अरुण साव ने श्रद्धांजलि दी। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने भी दोनों दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी। सोरी बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए गए सलवा जुडूम का हिस्सा थे। मंत्री राम विचार नेताम, विधायक गजेंद्र यादव, मंत्री ओपी चौधरी, मंत्री केदार कश्यप, सुशांत शुक्ला, कवासी लखमा, राजेश मूणत और सुनील सोनी ने भी श्रद्धांजलि दी।
रायपुर: छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में आज खाद्य विभाग की टीम द्वारा औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान कई राईस मिलों में अनियमितताएं पाए जाने पर विधिक कार्रवाई करते हुए मिल परिसरों को सील कर दिया गया और धान व चावल जब्त किए गए।
रायपुर जिले में कार्रवाई
रायपुर जिले में आर.टी. राईस मिल (प्रो. प्रमोद जैन) का निरीक्षण किया गया, जहां खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के तहत कस्टम मिलिंग हेतु पंजीयन कराने के बावजूद अनुमति और अनुबंध का निष्पादन नहीं किया गया था। शासकीय धान का उठाव नहीं हो रहा था। निरीक्षण के दौरान 390 क्विंटल उसना चावल और 1200 क्विंटल धान फ्री सेल प्रयोजन हेतु पाया गया, जो छत्तीसगढ़ कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश, 2016 का उल्लंघन है। टीम ने मिल परिसर को सील कर दिया। धान चावल जब्त किया गया है। इस कार्रवाई में तहसीलदार बाबूलाल कुर्रे, नायब तहसीलदार राजेन्द्र चन्द्राकर, और सहायक खाद्य अधिकारी बिंदु प्रधान सम्मिलित थे।
गौरी राईस मिल में अनियमितता
रायपुर में ही गौरी राईस मिल (प्रो. मुकेश अग्रवाल) में भी गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 के अनुबंध के तहत भारतीय खाद्य निगम में जमा किए जाने वाले 2272 क्विंटल चावल के मुकाबले केवल 872 क्विंटल चावल ही मिल में पाया गया। इसके अतिरिक्त, खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के लिए अनुबंध निष्पादित करने के बावजूद शासकीय धान का उठाव नहीं किया गया। छत्तीसगढ़ कस्टम मिलिंग आदेश 2016 के उल्लंघन के चलते टीम ने मिल को सील कर दिया।
अन्य जिलों में दबिश
इसके अलावा महासमुंद जिले में श्रीवास्तव राईस मिल, नारायण राईस मिल, माँ लक्ष्मी राईस मिल, धमतरी जिले में आकांक्षा राईस मिल और राजनांदगांव जिले में अतुल राईस मिल पर जांच टीम ने दबिश दी। इन मिलों में भी नियमानुसार जांच की जा रही है।
खाद्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि धान के उठाव और कस्टम मिलिंग में लापरवाही बरतने वाले राइस मिलर के खिलाफ जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी ।
रायपुर : छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं। जहां राजनीतिक दल उम्मीदवारों को लेकर रणनीति बना रहे हैं, वहीं प्रशासन ने महापौर और अध्यक्ष पदों के आरक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शासन के निर्देशानुसार संबंधित जिलों के कलेक्टरों को 20 दिसंबर तक आरक्षण प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद जल्द ही आचार संहिता लागू होने की संभावना है।
इसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निकाय चुनाव को लेकर आचार संहिता लगाई जाएगी। वहीं, निकाय चुनाव को लेकर खासकर नगर निगमों में महापौर और नगर पालिकाओं में अध्यक्षों के आरक्षण को लेकर भाजपा-कांग्रेस के नेता अपने-अपने आंकलन बताने लगे हैं। हालांकि किस नगर निगम में महापौर की सीट किस वर्ग के लिए और नगर पालिकाओं में अध्यक्षों की सीट किस वर्ग के खाते में जाएगी ये तो आरक्षण के बाद ही पता चलेगा।
इस सप्ताह आरक्षण, दावेदार आएंगे सामने
चर्चा है कि प्रदेश के सभी नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों में आरक्षण की पूरी प्रक्रिया इस सप्ताह 20 दिसंबर तक हो जाएगी। इसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा आचार संहिता लगाई जाएगी। (Chhattisgarh News) आरक्षण के बाद जिस वर्ग के लिए सीट आरक्षित होगी, उनके दावेदारों की फौज सामने आएगी। टिकट के दावेदार पार्टी में अपनी दावेदारी ठोकने के साथ सियासी जुगत भी बिठाने की जोर आजमाइश करते दिखेंगे।
रायपुर: अभी अनारक्षित, इस बार- ओबीसी या महिला सामान्य की चर्चा।
भिलाई: अभी अनारक्षित, इस बार – ओबीसी की चर्चा।
दुर्ग: अभी अनारक्षित , इस बार – अनारक्षित महिला या ओबीसी की चर्चा।
बिलासपुर: अभी अनारक्षित, इस बार- ओबीसी की चर्चा।
बिरगांव: अभी अनारक्षित, इस बार- ओबीसी महिला की चर्चा।
जगदलपुर: अभी अनारक्षित महिला, इस बार- ओबीसी या सामान्य की चर्चा।
चिरमिरी: अभी अनारक्षित महिल, इस बार- ओबीसी की चर्चा।
रायगढ: अभी एससी महिला, इस बार- एससी की चर्चा।
भिलाई चरौदा: अभी एससी , इस बार- एससी महिला की चर्चा।
रिसाली : अभी ओबीसी महिला, इस बार- एससी की चर्चा।
अंबिकापुर: अभी एसटी- इस बार एसटी महिला की चर्चा।
कोरबा: अभी ओबीसी , इस बार सामान्य की चर्चा।
धमतरी: अभी ओबीसी, इस बार सामान्य की चर्चा।
राजनांदगांव: अभी ओबीसी महिला- इस बार सामान्य की चर्चा।
सामान्य सीट परओबीसी व जनरल की दावेदारी
जिस नगर निगम और नगरपालिका में सीट सामान्य यानी अनारक्षित होगी, उस पर सामान्य वर्ग के अलावा ओबीसी वर्ग के नेता भी अपनी दावेदारी करने लगेंगे। वहीं एससी-एसटी वर्ग के लिए आरक्षित होने पर इन्ही दोनों वर्ग के नेता ही अपनी दावेदारी ठोक पाएंगे। (Chhattisgarh News) फिलहाल निकायों में अभी आरक्षण तक सियासत कड़ाके की ठंड की तरह ठंडी है। आरक्षण के बाद ही कड़ाके की ठंड में निकायों की सियासत उफान मारने लगेगी।
रायपुर :- छत्तीसगढ़ विधानसभा का रजत जयंती वर्ष खास होगा। सालभर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजित होगा। इसके साथ नए विधानसभा का दिसंबर 2025 में लोकार्पण होगा। यह जानकारी विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने रजत जयंती के लोगो यानी प्रतीक चिन्ह का विमोचन करने के बाद पत्रकारों को विधानसभा के कॉन्फ्रेंस हॉल में शनिवार को दी।
विधायकों का स्वागत गणतंत्र ध्वनि के माध्यम होगा
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बताया कि 14 दिसंबर 2024 से 14 दिसंबर 2025 तक विधानसभा का रजत जयंती वर्ष मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी विधायकों का स्वागत गणतंत्र ध्वनि के माध्यम से किया जाएगा। इस दौरान छाया चित्रों की प्रदर्शनी के अलावा नए विधानसभा के मॉडल की प्रदर्शनी लगाई जाएगी विधानसभा परिचय पुस्तिका का विमोचन किया जाएगा।
75 प्रतिशत से अधिक निर्माण का कार्य पूर्ण
अध्यक्ष डॉ. सिंह ने बताया कि इसके अलावा बहुत से आयोजन बजट सत्र के दौरान होंगे।सत्र में संबोधन के अलावा विधायकों के बीच होने वाले क्रिकेट मैच में राष्ट्रपति को आमंत्रित किया जाएगा। रजत जयंती वर्ष में नए विधानसभा का लोकार्पण भी होगा।
अगले साल दिसंबर में विधानसभा नए भवन में शिफ्ट होगा। उन्होंने बताया कि भवन का 75 प्रतिशत से अधिक निर्माण का कार्य पूर्ण हो चुका है। नए भवन के शुभारंभ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया जाएगा।
हर बुधवार और शुक्रवार को छात्र करेंगे भ्रमण
रजत जयंती वर्ष में सप्ताह के प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को प्रदेश के सभी जिलों के दसवीं, बारहवीं तथा महाविद्यालय, विश्वविद्यालय के स्टूडेंट्स को विधानसभा का भ्रमण कराया जाएगा।
शीतकालीन सत्र कल से, चार बैठकें होंगी
अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बताया कि विधानसभा का शीतकालीन सत्र 16 दिसंबर से शुरू हो रहा है। शीत सत्र की कुल चार बैठकें होंगी। सत्र की शुरुआत 16 दिसंबर को 11 बजे होगी। राज्य सभा के पूर्व सांसद गोपाल व्यास को श्रद्धांजलि दी जाएगी।इसके बाद 2024 के अनुपूरक आय, विनियोग पर चर्चा होगी। विधि विशेष कार्य के अंतर्गत निम्नलिखित छत्तीसगढ़, विधानसभा वेतन भत्ता पर चर्चा होगी।
डॉ. सिंह ने बताया कि सत्र के लिए विधायकों से प्रश्नों की कुल 814 सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। तारांकित प्रश्नों की कुल संख्या 420 और अतारांकित प्रश्नों की कुल संख्या 394 हैं। 13 दिसंबर तक विधायकों से ध्यानाकर्षण प्रस्ताव की कुल 140 सूचनाएं, अशासकीय संकल्प की 12 सूचनाएं, शून्यकाल की 12 सूचनाएं और याचिकाओं की 57 सूचनाएं प्राप्त हुई हैं।
रायपुर :- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड मैदान में पुलिस संगठनों को उनकी विशिष्ट सेवाओं और अनुकरणीय कर्तव्यनिष्ठा के लिए ‘राष्ट्रपति का निशान (प्रेसिडेंट्स कलर्स)’ सम्मान प्रदान किया गया। अमित शाह कल जगदलपुर में नक्सल प्रभावित इलाको में जाएंगे और जवानों का हौंसला बढ़ाएंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ के दौरे पर है। इस बीच, सुकमा से बड़ी खबर है। अमित शाह के बस्तर प्रवास से ठीक पहले 9 नक्सली गिरफ्तार किए गए हैं। विस्फोटक सामग्री भी बरामद हुई है।
जानकारी के मुताबिक, जवान जब सर्चिंग पर निकले थे, तभी इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। एसपी किरण चव्हाण ने इसकी पुष्टि की है। वहीं, एक नक्सली दम्पति समेत 5 हार्डकोर नक्सलियों ने सरेंडर किया है। इनमें एक महिला व एक पुरुष नक्सली पर 8-8 लाख का इनाम घोषित है। कुल 25 लाख के इनामी नक्सलियों ने सरेंडर किया है।
छत्तीसगढ़ पुलिस को राष्ट्रपति का निशान
इस बीच, अपने दौरे के पहले दिन रविवार को अमित शाह ने रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड मैदान में ‘राष्ट्रपति का निशान (प्रेसिडेंट्स कलर्स)’ प्रदान किया। सशस्त्र बलों और पुलिस संगठनों को उनकी विशिष्ट सेवाओं और अनुकरणीय कर्तव्यनिष्ठा के लिए मिलने वाला ‘राष्ट्रपति का निशान (प्रेसिडेंट्स कलर्स)’ देश का सर्वोच्च सम्मान है।
हाल ही में छत्तीसगढ़ पुलिस को यह गौरव प्रदान किया गया है। यह सम्मान राज्य पुलिस के उन अद्वितीय प्रयासों और उपलब्धियों को मान्यता देता है, जो उन्होंने नक्सलवाद और अन्य चुनौतियों से निपटने में हासिल की हैं।
सुकमा. सुरक्षा बल के जवानों को नक्सलियों के खिलाफ आज एक और बड़ी सफलता मिली है. जगरगुण्डा पुलिस एवं 201 कोबरा, 150 वाहिनी सीआरपीरएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जगरगुण्डा क्षेत्र से 7 नक्सलियों को गिरफ्तार किया है. सभी नक्सली थाना जगरगुण्डा और चिंतलनार क्षेत्र के रहने वाले हैं. नक्सलियों के पास से विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई है.
बिलासपुर। परिवारिक विवाद के बीच गुस्साए नाबालिग ने पुष्पा फिल्म के डॉयलाग “पुष्पा को फ्लॉवर समझा क्या, फ्लॉवर नहीं ,फायर है मैं” बोलकर अपने दादा की लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दिया, जिससे उसकी दादी और एक युवक घायल हो गए. घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची सीपत पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में लेकर बंदूक को जब्त कर लिया है.
सीपत थाना टीआई गोपाल सतपथी के मुताबिक, 13 दिसंबर की रात 16 वर्षीय बालक और उसके चाचा के बीच परिवारिक बातों को लेकर विवाद हो रहा था, जिससे आसपास पड़ोसी व रिश्तेदारों की भीड़ लग गई थी. करीब आधा घंटे से दोनों एक दूसरे के साथ गाली-गलौज कर रहे थे. इसी बीच गुस्से में आकर नाबालिग दौड़ते हुए अपने घर गया, जहां से भरमार बंदूक लेकर बाहर निकला, और जोर से पुष्पा फिल्म का डॉयलाग “पुष्पा को फ्लॉवर समझा क्या, फ्लॉवर नहीं, फायर है मैं” बोलते हुए जमीन पर फायर कर दिया.
भरमार बंदूक की फायरिंग से निकला छर्रा जमीन से उछलकर पास खड़ी दादी और आशीष शिकारी नामक युवक के दाएं हाथ पर लगा, जिससे दोनों घायल हो गया. फायरिंग की सूचना पाकर सीपत पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर नाबालिग को हिरासत में लेकर लाइसेंसी बंदूक जब्त की गई. वहीं घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति सामान्य बताई गई है. पीड़ित आशीष की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी नबालिग के खिलाफ 110 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है.

जनकारी के मुताबिक, बंदूक का लाइसेंस आरोपी नाबालिग के दादा के नाम पर है, जो 1987 को शासन के द्वारा जारी किया गया था. तब से बंदूक घर पर थी. इससे पहले कभी भी बंदूक का उपयोग नहीं किया गया. घटना के बाद टीआई ने बंदूक का लाइसेंस निरस्त करने प्रशासन को पत्र भेजा है.
रायपुर : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे के लिए देर रात रायपुर पहुंचे। उनके रायपुर एयरपोर्ट पहुंचते ही सीएम साय, डिप्टी सीएम साव, डिप्टी सीएम शर्मा ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक किरण सिंह देव, डीजीपी अशोक जुनेजा, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, एसपी लाल उम्मेद सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित थे।
गृह मंत्री अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा, जानिए क्या होगा कार्यक्रम
गृह मंत्री अमित शाह का यह दौरा खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। क्योंकि वे आज रात नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के बीच जवानों के साथ रुकेंगे। यह कदम सुरक्षा बलों के मनोबल को बढ़ाने और नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में उनके समर्थन को दर्शाता है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस दौरे को लेकर राज्य और केंद्र सरकार के अधिकारियों के बीच गहरी उत्सुकता है, और इससे छत्तीसगढ़ में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के प्रयासों को और गति मिलने की उम्मीद है।
रायपुर : छत्तीसगढ़ सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर राजधानी रायपुर स्थित साइंस कॉलेज में आयोजित जनादेश परब कार्यक्रम में पद्मश्री से सम्मानित सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने अपनी कला के माध्यम से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन और विकास को अभिव्यक्त किया। उन्होंने रेत की अद्भुत कृति तैयार कर छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों को दर्शाया। उल्लेखनीय है कि इस कार्यक्रम में केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जे.पी. नड्डा और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित मंत्रीगण एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा हजारों की संख्या में लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम में सुदर्शन पटनायक ने अपनी कला से सबका ध्यान आकर्षित किया। उनकी रेत की अद्भुत कृति ने सभी का मन मोह लिया। इस कृति में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन और विकास की झलक दिखाई दी। उन्होने सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ने शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेयजल जैसी आधारभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय प्रगति की है।
पटनायक ने सैंड आर्ट के माध्यम से छत्तीसगढ़ सरकार की प्रधानमंत्री आवास, लोकतंत्र सेनानियों की पेंशन बहाली, कृषक उन्नति योजना, एक पेड़ मां के नाम, न्यौता भोज, महतारी वंदन, तेंदूपत्ता संग्राहकों की पारिश्रमिक वृद्धि, राजिम कुंभ, राम लला दर्शन योजना, नई औद्योगिक नीति, संवर रहा छत्तीसगढ़ और सुशासन का एक साल छत्तीसगढ़ हुआ खुशहाल को बड़े ही कलात्मक ढंग से उकेरा है। सुदर्शन पटनायक की इस कला ने जनता को न केवल छत्तीसगढ़ में एक वर्ष में हुए विकास का अहसास कराया बल्कि सुशासन की छवि को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत भी किया।
रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सुशासन का एक वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश के विभिन्न जिलों में जनसंपर्क विभाग द्वारा शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों को देने के लिए चित्र प्रदर्शनी लगाई है। चित्र प्रदर्शनियों के माध्यम से प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना सहित अन्य हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी लोगों को दी गई। प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों को भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
जशपुर जिले में रणजीता स्टेडियम चौक के पास 13 से 14 दिसंबर 24 तक दो दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जिसमें छत्तीसगढ़ शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी लोगों को दी गई है। प्रर्दशनी का अवलोकन करने वाले फरसाबहार विकास खंड के नवीन कुमार, बसंत कांसाबेल विकास खंड के पाकरटोली निवासी श्री रूपेश साय ने बताया कि वे अभी कालेज में पढ़ाई कर रहे हैं। साथ ही प्रतियोगिता परीक्षा की भी तैयारी कर रहे हैं। प्रदर्शनी का अवलोकन करके अच्छा लगा और बहुत सारी ज्ञानवर्धक जानकारी भी मिला है। तैयारी करने के लिए योजना से संबन्धित पुस्तिका भी मिला जिसके उनको अब तैयारी करने में आसानी होगी।
पत्थलगांव विकास खंड के जय प्रकाश पैंकरा ने फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया और खुशी जाहिर करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ शासन के अंतर्गत अनेक अच्छी योजना संचालित की जा रही है। इसकी जानकारी विस्तार से उनको यहां आकर मिला है। और लोगों को भी इसकी जानकारी देने की बात कही। प्रर्दशनी का अवलोकन जशपुर गिराग के नंनकू राम , कुलविंदर, बाबूलाल, कुनकुरी के जावेद, भागलपुर जशपुर के अलका कुजुर ने भी अवलोकन किया।
प्रदर्शनी स्थल मे एलईडी स्क्रिन के माध्यम से भी उपलब्धियों की जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा पुस्तक, ब्रोसर, बुकलेट का भी वितरण किया जा रहा है। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान योजना से लाभान्वित हुए जनजाति परिवारों भी दर्शाया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना किस तरह से लोगों के पक्के आशियाने को पूरा कर रही है इसे भी प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही सीएम विष्णुदेव साय का प्रयास से 220 बिस्तर का अस्पताल, 400 केवी विद्युत सब स्टेशन, पर्यटन के क्षेत्र में जशपुर ले रहा नया रूप, एडवेंचर, इको-टूरिज्म टूरिज्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हुई है मायली नेचर कैंप का किया जा रहा है विकास को भी प्रदर्शित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में उठाए महत्वपूर्ण कद महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना से समृद्ध होते किसान, छात्र-शिक्षक एवं पालक समुदाय के बीच अपनेपन की भावना को विकसित करने का जरिया बना न्योता भोजन, पीएम जनमन योजना, योजना से लखपति दीदी की राह पकड़ती महिलाएं स्व सहायता समूहों से सशक्त होती महिलाएं, मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया बनी लोगों का आशा का केंद्र, बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने सरकार के किए जा रहे कार्यों, कैंप कार्यालय से मरीजों को तत्काल मिल रहा है सहायता अब तक 1023 मरीज को मिला स्वास्थ्य लाभ,
प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी से किसानों में व्यापक उत्साह, विष्णु के सुशासन में तेजी से बदल रही गांव की तस्वीर, आयुष्मान कार्ड, जाति प्रमाण-पत्र, राशन कार्ड, आधार कार्ड सहित सभी योजनाओं का दिया जा रहा लोगों को लाभ मधेश्वर पहाड़ को मिला शिवलिंग की विश्व की सबसे बड़ी प्राकृतिक प्रतिकृति होने का गौरव‘, लार्जेस्ट नेचुरल शिवलिंग’ के रूप में गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ नाम सहित अन्य योजनाओं और कार्यक्रमों से संबंधित उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है।
रायपुर : छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की डबल इंजन की सरकार में रेल नेटवर्क का लगातार विस्तार हो रहा है। यहां नई रेल लाइन बिछाने की कई परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहे हैं। छत्तीसगढ़ में मजबूत हो रहे रेल नेटवर्क से आने वाले समय में न केवल माल परिवहन की सुविधाओं में इजाफा होगा, बल्कि यहां के लोगों को राज्य के भीतर और राज्य के बाहर भी सुविधाजनक यात्रा के कई नए विकल्प मिलेंगे। राज्य में रेल नेटवर्क के विस्तार से औद्योगिक और अधोसंरचना विकास को भी नई गति मिलेगी।
छत्तीसगढ़ सरकार और रेल मंत्रालय के बेहतर समन्वय से राज्य में नई रेल लाइनों के काम द्रुत गति से चल रहे हैं। रावघाट रेलवे लाइन परियोजना के अंतर्गत दल्लीराजहरा से अंतागढ़ तक नई बिछी 77 किलोमीटर लाइन पर यात्री ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। इस रेल लाइन के दोनों ओर बसे हजारों ग्रामीण अब अपने गांव से ही ट्रेन में बैठकर रोज दल्लीराजहरा, दुर्ग, भिलाई और रायपुर तक किफायती सफर कर रहे हैं।
इस रेल लाइन को रावघाट तक बढ़ाने के लिए तुमापाल (ताहोकी) से कोसरोण्डा तक पांच पुल-पुलियों का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है। रेल पटरी बिछाने का कार्य भी प्रगति पर है। कोसरोण्डा से फुलपाड़ एवं फुलपाड़ से रावघाट तक अर्थ वर्क के साथ 21 पुल-पुलियों का निर्माण पूर्ण हो चुका है।
साथ ही 27 पुल-पुलियों का काम प्रगति पर है। सरगीपाल के पास रेलवे स्टेशन के भवन, प्लेटफॉर्म और आवासीय भवन का कार्य भी प्रगति पर है। रावघाट के भिलाई से रेल मार्ग से जुड़ जाने से भिलाई इस्पात संयंत्र को बड़े पैमाने पर लौह अयस्क की आपूर्ति हो सकेगी। साथ ही इस सुदूर क्षेत्र के लोगों को यातायात का एक सर्वसुलभ और किफायती साधन भी उपलब्ध होगा।
बस्तर में के.के. (कोत्तावलसा से किंरदुल) रेल लाइन दोहरीकरण परियोजना का काम भी तेजी से चल रहा है। इस 446 किलोमीटर लंबे रेल लाइन का 170 किलोमीटर हिस्सा छत्तीसगढ़ में है। बस्तर जिले में इसकी लंबाई 92 किलोमीटर और दंतेवाड़ा जिले में 78 किलोमीटर है। छत्तीसगढ़ में इस रेल लाइन के 148 किलोमीटर में दोहरीकरण का काम पूर्ण हो गया है, जिनमें बस्तर जिले में आने वाला 92 किलोमीटर और दंतेवाड़ा जिले का 56 किलोमीटर रेल लाइन शामिल है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय प्रदेश की आर्थिक तरक्की के लिए रेल परिवहन के समुचित उपयोग पर जोर दे रहे हैं। भारत सरकार के सहयोग से राज्य में कई रेल परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहे हैं। साथ ही कई परियोजनाओं के विस्तार की तैयारी है। 295 किलोमीटर लंबी और 4021 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत वाली डोंगरगढ़-कवर्धा-कटघोरा रेल लाइन परियोजना की मंजूरी रेल मंत्रालय से मिल चुकी है।
इसके लिए भूमि अधिग्रहण और प्रारंभिक निर्माण कार्यों के लिए अभी 300 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इस रेल लाइन में डोंगरगढ़ से कवर्धा के बीच 12 और कवर्धा से कटघोरा के बीच 15 स्टेशनों का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना से क्षेत्र में न केवल यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी होगी, बल्कि खनिजों के परिवहन और रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे।
राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और कनेक्टिविटी बढ़ाने कई नई रेल परियोजनाओं पर काम हो रहे हैं। 180 किलोमीटर लंबी कोरबा-अंबिकापुर नई रेल लाइन के सर्वेक्षण और डीपीआर के लिए 16 करोड़ 75 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इस परियोजना से सरगुजा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। गढ़चिरौली-बीजापुर-बचेली तक 490 किलोमीटर लंबी रेल लाइन के सर्वेक्षण के लिए भी सवा 12 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। इस परियोजना से सुदूर क्षेत्रों को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों से जोड़ने में मदद मिलेगी।
सरडेगा-भालुमुडा के बीच 37 किलोमीटर डबल लाइन परियोजना ओड़िशा और छत्तीसगढ़ के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर करेगी। इसके लिए 1360 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। छत्तीसगढ़ में अम्बिकापुर-बरवाडीह, खरसिया-नया रायपुर-परमलकसा, रावघाट-जगदलपुर और धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा रेल परियोजनाओं का भी डीपीआर तैयार हो रहा है।
धरमजयगढ़-लोहरदगा परियोजना के लिए रेलवे द्वारा किया जा रहा सर्वेक्षण का काम अंतिम चरण में है। छत्तीसगढ़ में विस्तारित रेल नेटवर्क से यात्री कनेक्टिविटी बढ़ने के साथ ही औद्योगिक और खनिज संसाधनों का परिवहन भी सुगम होगा। महत्वाकांक्षी रेल परियोजनाओं के साथ ही राज्य में कई छोटी रेल लाइनों और मल्टी-ट्रैकिंग परियोजनाओं की भी योजना हैं। इनसे क्षेत्रीय विकास और आपूर्ति श्रृंखला मजबूत होंगी।
रायपुर : राज्य शासन की श्रीरामलला दर्शन योजना से प्रदेश के हजारों लोगों का सपना पूरा हो रहा है। इस योजना के माध्यम से छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेशवासियों को निःशुल्क अयोध्या धाम की यात्रा करवा रही है। विशेष ट्रेनों से श्रद्धालुओं को अयोध्या ले जाकर श्रीरामलला और काशी में बाबा विश्वनाथ का दर्शन कराया जा रहा है। दोनों जगहों की यात्रा से लौटे प्रदेशभर के श्रद्धालु इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और राज्य शासन के प्रति आभार जता रहे हैं।
यात्रा के अपने सुखद अनुभवों को साझा करते हुए वे कहते हैं कि रामलला के दर्शन सौभाग्य की बात है। हमें वहां भेजकर मुख्यमंत्री ने अपना वादा निभाया है। श्रीरामलला के दर्शन और यात्रा के दौरान अच्छी व्यवस्थाओं के लिए हम उन्हें धन्यवाद ज्ञापित करते हैं।
विशेष ट्रेन से अयोध्या से दर्शन कर लौटे बिलासपुर शहर के कोनी निवासी संतोष कोरी ने कहा कि सरकार की इस योजना से हम जैसे गरीबों को भी श्रीरामलला के दर्शन का सुअवसर मिल रहा है। अयोध्या धाम का दर्शन सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि यात्रा में सभी की सुविधा का ख्याल रखा गया, किसी भी तरह की समस्या नहीं हुई। सभी यात्रियों की सुविधाओं के लिए सरकार ने बेहतर इंतजाम किए थे।
उनकी पत्नी गायत्री कोरी ने बताया कि यात्रा के दौरान उनकी तबीयत खराब होने पर डॉक्टरों ने उन्हें अपनी निगरानी में लिया और विशेष देखभाल की, जिससे उसके स्वास्थ्य में सुधार हुआ। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के खाने-पीने की समुचित व्यवस्था की गई थी। सरकंडा की उर्मिला अग्रवाल ने भी सुखद यात्रा और श्रीरामलला के दर्शन कराने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया।
श्रीरामलला दर्शन योजना के अंतर्गत बिलासपुर संभाग से अब तक छह विशेष ट्रेनें श्रद्धालुओं को लेकर अयोध्या रवाना हुई हैं। बिलासपुर जिले के 1200 से अधिक लोगों को श्रीरामलला के दर्शन का मौका मिला है। योजना के तहत यात्रा कर लौटे निवासी अभिमन्यु पाण्डेय और उनकी पत्नी अनुराधा पाण्डेय ने अपनी अयोध्या यात्रा के सुखद अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान उन्हें किसी भी तरह की परेशानी नहीं हुई।
सारी व्यवस्था बहुत अच्छी रही। मौका मिलने पर वह दोबारा जाना चाहती हैं। खान-पान से लेकर स्वास्थ्य सुविधा और यात्रा के दौरान भक्तों की सुरक्षा का विशेष प्रबंध किया गया था। अनुराधा पाण्डेय ने बताया कि इस यात्रा का अनुभव उसके लिए अविस्मरणीय है।
बस्तर संभाग के सातों जिलों और नुवा बाट के खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत कर दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध
बस्तर के युवा लोकतंत्र के विकास के मार्ग में आगे आकर बन रहे सहभागी-उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा
रायपुर : बस्तर ओलम्पिक 2024 के तहत संभाग स्तरीय प्रतियोगिता का शनिवार को स्थानीय इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में विधिवत शुभारंभ करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने समूचे बस्तर संभाग के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान बस्तर संभाग के सभी सातों जिलों के खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रतियोगिता शुभारंभ समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि बस्तर के युवाओं ने इतनी बड़ी संख्या में स्पर्धा में भाग लेकर इस महत्ती आयोजन का प्रतिभागी बने। सरकार बस्तर के युवाओं को समाज की मुख्यधारा में शामिल कर विकास में सहभागी बनाने के लिए कटिबद्ध होकर कार्य कर रही है। यही वजह है कि बस्तर के युवा लोकतंत्र के विकास के मार्ग में आगे आकर भूमिका निभा रहे हैं। बस्तर ओलम्पिक खेल प्रतियोगिता के विजेता विकास के मॉडल होगें। बस्तर की गांव-गांव में विकास की धारा पहुंचे, इस दिशा में सरकार हर संभव प्रयास कर रही है, जिससे आने वाले दिनों में बस्तर में चहुंओर शांति और विकास की बयार बहेगी।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर प्राकृतिक संसाधनों से परिपूर्ण है और इस धरा का समग्र विकास करने के लिए सार्थक प्रयास किया जा रहा है। बस्तर ओलम्पिक यहां के युवाओं को खेल की दृष्टि से आगे बढ़ाए जाने की पहल के साथ उन्हें विकास में सहभागिता निभाने प्रोत्साहित करना है। बस्तर में खेल के अधोसंरचना को और बेहतर किया जाएगा, ताकि खिलाडियों को उचित मंच दिया जा सके। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल जितना सिखाता है हार से भी हमको अच्छा करने की प्रेरणा देता है। इस दौरान खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और कहा कि जिंदगी की असली उड़ान का यही समय है, इसी मौके पर युवा अपने हर सपने को साकार कर सकते हैं। बस्तर ओलम्पिक युवाओं को विकास के मुख्यधारा से जोड़ने का सकारात्मक प्रयास है। भविष्य में इस दिशा में और बेहतर पहल किया जाएगा।
रायपुर। कलिंगा विश्वविद्यालय के कला और मानविकी संकाय के अंतर्गत पत्रकारिता और जनसंचार विभाग ने मीडिया फेस्ट 2024 आयोजित की। इसमें ड्रोन कैमरा ट्रेनिंग वर्कशॉप और फोटोग्राफी प्रतियोगिता शामिल थे।
रीलॉन एयर प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक अभिनंदन तिवारी, पलाश जोशी और राजेश कुमार ने स्टूडेंट्स को ड्रोन कैमरा ऑपरेशन की ट्रेनिंग देते हुए बताया कि वे नक्सल ऑपरेशन, नेशनल हाइवे, वंदेभारत प्रोजेक्ट्स और फॉरेस्ट्री के कई प्रोजेक्ट्स में काम कर रहे हैं। ड्रोन कैमरा के क्षेत्र में करियर की असीम संभावनाएं हैं।
स्टोरी टेलिंग और पैटर्न थीम पर आयोजित फोटोग्राफी प्रतियोगिता में अंशिका सिंघल विनर रहीं, गरिमा अग्रवाल फर्स्ट रनरअप और प्रशंसा पटेल सेकंड रनरअप रहीं।
कार्यशाला का उद्घाटन कला एवं मानविकी संकाय के अधिष्ठाता डॉ. शिल्पी भट्टाचार्य ने किया तथा समापन सत्र की अध्यक्षता कुलानुशासक डॉ. ए विजयानंद ने की। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. योगेश वैष्णव, डॉ. सुनील टाइगर, तुहिना चौबे एवं खुशवंत डांगी ने बताया कि कार्यशाला में 35 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
कवर्धा। रिश्वतखोर पटवारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। किसान से रिश्वत की मांग करने वाले पटवारी को कलेक्टर ने निलंबित कर दिया है। बता दें कि पटवारी पर कार्रवाई का मांग को लेकर शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया था। इस दौरान छात्र नेता और एसडीएम से झूमाझटकी भी हुई थी। इसके बाद कलेक्टर ने कार्रवाई की है।

रायपुर :- छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र 16 दिसंबर से शुरू हो रहा है जोकी 5 दिनों तक चलेगा यह सत्र हंगामेदार रहने वाला है क्योंकि सत्ता पार्टी के साथ विपक्षी पार्टी भी सरकार को साधने के लिए जोरो की तैयारी पर है विपक्ष पार्टी इस बार सदन में धान खरीदी और छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था को लेकर सत्ता पक्ष को घेरते नजर आने वाली है, हालांकि सत्ता पक्ष भी विपक्ष के जवाब देने के लिए मुस्तैद नजर आ रहे हैं…
16 दिसंबर से 20 दिसंबर तक चलने वाली शीतकालीन सत्र इस बार सदन के अंदर सर्दियों में गरमाहट रहेगा बता दे कि इस सत्र में कुल चार बैठकें होगी जिस पर 814 प्रश्न लगे है जिसमें 420 तारंगित प्रश्न है और 394 अतारंगित प्रश्न विधानसभा के सदस्यों ने लगाया हैं
इस शीतकालीन सत्र को लेकर विपक्ष पार्टी की बीजेपी सरकार को घेरने की तैयारी जोरो पर है कल विपक्ष के नेता डॉ. चरण दास महंत अपने विधायकों की बैठक लेंगे हालांकि विपक्ष अपने आप को मजबूत बता रही है कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता सुरेन्द्र वर्मा ने बीजेपी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि चार दिन का छोटा सा सत्र रखा गया है विपक्ष के सवालों से बचने के लिए लेकिन कांग्रेस जनता के प्रत्येक सवालों को मुस्तैदी से उठाती हैं और आगे भी उठाएगी..
वही बीजेपी भी सदन में जवाब देने के लिए मुस्तैद नजर आ रही है कल देर रात मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने नए निवास पर विधायक दल की बैठक ली और बैठक में विपक्ष के सवालों को किस तरीके से जवाब देना है कैसे विपक्ष को घेरना है क्या उपलब्धियां सरकार ने 1 साल पर किया है ऐसे तमाम मुद्दों को लेकर विधायकों को दिशा निर्देश दिया है… वहीं वरिष्ठ विधायक व पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कहा कि विपक्ष जिस विषय पर आ जाए हम जवाब देने के लिए तैयार हैं उनके जो काले कारनामे को लोग एक साल में थोड़ीना भूल जाएंगे याद करने तो हम लोग बैठे है..
रायपुर: विधान सभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने विधान सभा परिसर स्थित समिति कक्ष क्रमांक-01 में आज विधान सभा के रजत जयंती वर्ष के ’’प्रतीक चिन्ह “(LOGO)का विमोचन किया, उन्होंने रजत जयंती वर्ष पर केन्द्रित वीडियो जिसमें छत्तीसगढ़ विधानसभा के प्रारंभ से अभी तक के संसदीय सफर को चित्रित किया गया है, का विमोचन भी किया, जिसे विधान सभा की वेबसाइट पर अपलोड किया गया, जिससे आम जन भी उसे वेबसाइट पर देख सकें। इस अवसर पर विधानसभा सचिव श्री दिनेश शर्मा, विधान सभा सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी एवं मीडिया प्रतिनिधि भी उपस्थित थे ।
डॉ. रमन सिंह ने अपनी पत्रकार वार्ता में विधान सभा के रजत जयंती वर्ष दिनांक 14 दिसम्बर, 2024 से 14 दिसम्बर, 2025 तक आयोजित किये जाने वाले प्रस्तावित कार्यक्रम के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने 16 से 20 दिसम्बर, 2024 तक प्रस्तावित सत्र के लिए सदन में होने वाले प्रस्तावित कार्य की रूप रेखा भी मीडिया प्रतिनिधियों के समक्ष प्रस्तुत की।
कांकेर : जिले में स्कूल परिसर में छात्रा से अश्लील हरकत करने वाले चपरासी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी का छात्रा से अश्लील हरकत करते हुए चपरासी का वीडियो वायरल करने वाले को भी आरोपी बनाया है। पुलिस ने अलग- अलग धाराओं में की दोनों की गिरफ्तारी की है। यह मामला छोटे बेतिया थाना क्षेत्र का है।
जिले के अंदरूनी इलाके के उच्चतर माध्यमिक स्कूल में चपरासी का छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने का सोशल मीडिया में वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद प्राचार्य बीएल मंडावी ने 10 दिसंबर को चपरासी को कारण बताओ नोटिस दिया गया। जिसमें चपरासी प्रकाश साहा ने कहा कि, परिजनों के बीमार होने पर छात्रा रो रही थी, इसलिए उसे गले लगा समझा रहा था। चपरासी ने छात्रा को बहन बताया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच टीम गठित कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि कोयलीबेड़ा विकासखंड के अंदरूनी इलाके के एक हायर सेकंडरी स्कूल का चपरासी बेशर्मी की हदें पार कर छात्रा से बेखौफ होकर अश्लीलता करते नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। जिला शिक्षा अधिकारी अशोक पटेल ने तत्काल कोयलीबेडा खंड शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में जांच टीम गठित कर दी है और जांच रिपोर्ट के बाद कार्रवाई बात कही जा रही है।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला में पदस्थ चपरासी प्रकाश साहा के द्वारा छात्रा से अश्लील हरकत करते वीडियो गांव के ही किसी युवक ने बनाया है। वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। स्कूल में अश्लीलता का वीडियो सामने आने से ग्रामीणों में भी नाराजगी है।
रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित द्रोणाचार्य स्कूल में 2 दिवसीय मीडिया क्रिकेट लीग का शुभारंभ किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी उपस्थित थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह आयोजन खेल प्रेमियों और मीडिया के खिलाड़ियों के लिए एक विशेष अवसर है। मीडिया के साथी अब तक खबरों की दौड़ में आगे निकलने के लिए आपस में प्रतियोगिता करते रहे हैं, लेकिन खेल के मैदान में खेल भावना के साथ आपस में प्रतियोगिता करते हुए देखना रोमांचकारी अनुभव है। उन्होंने इस आयोजन के लिए सभी आयोजकों और प्रेस क्लब के साथियों सहित प्रतिभागी के रूप में शामिल हो रहे मीडिया के सभी साथियों को बधाई और शुभकामनाएं दी।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने अपने उद्बोधन में खिलाड़ियों के मध्य खेल भावना की प्रशंसा करते हुए आयोजन की सराहना की। इस अवसर पर विधायक पुरन्दर मिश्रा, प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रफुल्ल ठाकुर, आयोजन समिति से अमित चिमनानी सहित बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी व गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
अंबिकापुर: जिले से आत्महत्या का मामला सामने आ रहा है, यहां राजमोहिनी देवी कृषि महाविद्यालय के छात्र ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी है। मृतक छात्र विवेक अनंत सेकंड ईयर में पढ़ाई करता था। वहीं छात्र के आत्महत्या करने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
दरअसल, यह पूरा मामला अजिरमा स्थित राजमोहिनी देवी कृषि महाविद्यालय का है। जहां के हॉस्टल में मृतक छात्र विवेक अनंत रहकर पढ़ाई करता था। सुबह 8 बजे उसके दोस्त मिलने रूम पहुँचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। दोस्तों ने खिड़की की तरफ से जाकर देखा तो विवेक अनंत फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। जिसके बाद दोस्तों ने दरवाजा तोड़कर शव को फांसी के फंदे से उतारा।
दोस्तों ने मृतक छात्र के शव को फंदे से उतारकर तुरंत अंबिकापुर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने जांच उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि, छात्र मुंगेली जिले का रहने वाला था। इसकी जानकारी परिजनों को भी दे दी गई है। वहीं गांधीनगर पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
बिलासपुर। जाम छलकाते नेताओं और कारोबारी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के छत्तीसगढ़ भवन का है, जहां शराब पीते भाजपा-कांग्रेस नेताओं के साथ ही कारोबारियों को पुलिस ने पकड़ा है। एसपी को मिली शिकायत पर ये एक्शन हुआ है। छापेमारी भाजपा-कांग्रेस नेता सहित चार लोगों को गार्डन में शराब पीते पकड़ा है। सभी आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक शराबियों के जमावडे की खबर यहां स्थानीय लोगों ने ही एसपी को दी थी। जिसके बाद एसपी के निर्देश पर सिविल लाइन CSP और प्रशिक्षु आईपीएस निमितेश सिंह ने छत्तीसगढ़ भवन में छापा मारा। इस दौरान गार्डन में अलाव जलाकर शराब पीते चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।जिन लोगों पर कार्रवाई हुई, उसमें राजेंद्र नगर निवासी कांग्रेस नेता धर्मेश शर्मा, चांटापारा के भाजपा नेता व होटल व्यवसायी शरद शर्मा, नेहरू नगर निवासी संजय महेश्वरी, राजीव गांधी चौक निवासी एसके तिवारी व दो अन्य शराब पीते मिले। पुलिस सभी को पकड़ कर थाने ले गई। इस दौरान ब्रेथ एनालाइजर से उनकी जांच कराई, तब चार लोग शराब के नशे में मिले।
इधर नेताओं के शराब पीते पकड़ाने की खबर पर राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गयी। नेताओं को छुड़ाने के लिए फोन भी लगातार पुलिस अधिकारियों के पास आने लगे। बाद में केस दर्ज करने के बाद अधिकारियों के निर्देश पर सिविल लाइन पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज कर उन्हें छोड़ दिया गया।
रायपुर। रायपुर साइबर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर साइबर ठगों पवन कुमार और गगनदीप को गिरफ्तार किया है, जो दिल्ली से आकर रायपुर में रह रहे थे। आरोपियों ने अपने आधार कार्ड में एड्रेस बदलवाकर रायपुर में दो फर्जी कंपनियां स्थापित की थीं।
इन कंपनियों के जरिए आरोपियों ने विभिन्न बैंकों में करीब 30 प्लेटिनियम अकाउंट खोले थे। पुलिस ने इनके कब्जे से 12083998 अमेरिकी डॉलर (102.4 करोड़ रुपये) की इनवॉयस जब्त की है, साथ ही 175 करोड़ रुपये के ट्रांजेक्शन का पता चलने के बाद 2 करोड़ से अधिक की रकम भी साइबर पुलिस ने होल्ड कर दी है।
इस तरह हुआ मामले का खुलासा
यह मामला तब सामने आया जब पीड़ित डॉक्टर प्रकाश गुप्ता ने शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 11 लाख रुपये की ठगी की शिकायत थाना आमानाका में दर्ज कराई थी। पुलिस ने रिपोर्ट पर 433/24 धारा 420, 34 के तहत जांच शुरू की। जांच में पाया गया कि आरोपी पवन और गगनदीप, जो दिल्ली के निवासी हैं, रायपुर में आकर अपने आधार कार्ड पर पता बदलवाकर दो फर्जी कंपनियां – फ्रिज टैक सोल और जीपी इंटरप्राइजेस – बना चुके थे। इन कंपनियों के जरिए उन्होंने विभिन्न बैंकों में प्लेटिनियम अकाउंट खोले थे।
आरोपियों का यह नेटवर्क ठगी से प्राप्त पैसे को अमेरिकी डॉलर में बदलकर हॉन्गकॉन्ग और थाईलैंड स्थित कंपनियों को भेजने का था। जिन कंपनियों को पैसे भेजे जाते थे, वे डिजिटल अपराध और शेयर ट्रेडिंग फ्रॉड के लिए संदिग्ध पाई गईं। इन कंपनियों में शामिल हैं – हाइपरलिंक इंफोसिस्टम लिमिटेड, ब्लू ऑर्किड ग्लोबल, कंसाई इंटरनेशनल लिमिटेड, एम एस मॉर्निंग (हॉन्गकॉन्ग) और NRI सिस्टम टेक्नो, परसौल प्रोसेस एंड टेक्नोलॉजी, ग्लोबल विजार्ड टेक्नोलॉजी, डाटा आर्ट टेक्नोलॉजी (थाईलैंड)।
पूछताछ में आरोपियों ने लुधियाना और दिल्ली स्थित अन्य कंपनियों के बारे में भी जानकारी दी है, जिन पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने आरोपियों से 41 बैंक अकाउंट्स, डेबिट कार्ड्स, चेक बुक्स, कंप्यूटर, लैपटॉप, पेन ड्राइव, मोबाइल फोन, डॉलर परचेज इनवॉयस, वन टाइम पासकोड डिवाइस और UPI स्कैनर सहित विभिन्न दस्तावेज जब्त किए हैं। इन आरोपियों के खिलाफ वेस्ट बंगाल, पंजाब, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटका, गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा में भी रिपोर्ट दर्ज की गई है।
24 वर्षों के शानदार ट्रैक रिकॉर्ड के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस को मिलेगा देश का सर्वोच्च पुलिस सम्मान
रायपुर- छत्तीसगढ़ पुलिस को अपनी सत्यनिष्ठा, मानवीय गरिमा और पिछले 24 वर्षों के शानदार ट्रैक रिकॉर्ड के लिए देश के सर्वोच्च पुलिस सम्मान राष्ट्रपति पुलिस कलर अवार्ड से 15 दिसम्बर को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक पुलिस परेड ग्राउंड, रायपुर में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के हाथों सम्मानित किया जाएगा।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने गहरी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा छत्तीसगढ़ पुलिस को यह सम्मान मिलना मेरे लिए गर्व का क्षण है। यह मेरे गृहमंत्री के कार्यकाल में हुआ है जिससे मैं और भी गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। यह पुरस्कार हमारे पुलिस बल के कर्तव्यपरायणता, मेहनत और ईमानदारी का प्रमाण है।
राष्ट्रपति का पुलिस कलर अवार्ड छत्तीसगढ़ पुलिस के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ता है। यह सम्मान न केवल हमारे पुलिस बल के मनोबल को ऊंचा करेगा, बल्कि उनकी कर्तव्यनिष्ठा और सार्वजनिक सेवा के प्रति प्रतिबद्धता को भी और सशक्त बनाएगा।यह सम्मान केवल पुलिस विभाग का ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का है। मैं छत्तीसगढ़ पुलिस के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए धन्यवाद और शुभकामनाएं देता हूं।"
अब छत्तीसगढ़ पुलिस के सभी अधिकारी और जवान अपनी वर्दी में इस विशिष्ट निशान को धारण करेंगे, जो उनकी उत्कृष्टता और पहचान का प्रतीक बनेगा। यह उपलब्धि पुलिस के प्रत्येक सदस्य के लिए प्रेरणा का स्रोत होगी।












.jpg)
















