संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन द्वारा सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव के उन्नयन कार्यक्रम के लिए चयनित हुआ ग्राम धुड़मारास
बस्तर। जिले में एक बार फिर डेंगू का खतरा बढ़ गया है। बीते कुछ दिनों में जिले के कई वार्डों से 10 से अधिक डेंगू के मरीजों की पुष्टि हुई है। संतोषी वार्ड, वृंदावन कॉलोनी समेत अन्य क्षेत्रों में जांच के दौरान मरीज पाए गए हैं।
डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम प्रशासन को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर जांच कर रही हैं। जनवरी से अब तक जिले में कुल 238 डेंगू के मामले सामने आ चुके हैं। बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि डेंगू के अधिकांश केस वार्डों से सामने आ रहे हैं। इसे देखते हुए निगम प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट कर दिया गया है। स्थानीय लोगों को साफ-सफाई और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
धरसींवा-बलौदाबाजार क्षेत्र में 2331.57 लाख की बाढ़ नियंत्रण योजना, सुंगेरा एनीकट, पड़कीडीह स्टापडैम स्वीकृत
रायपुर। रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद बृजमोहन अग्रवाल के सतत प्रयासों और अनुशंसा के फलस्वरूप राज्य सरकार ने धरसींवा और बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्रों में सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण से संबंधित महत्वपूर्ण योजनाओं को मंजूरी प्रदान की है।सांसद अग्रवाल ने मुख्यमंत्री साय और जल संसाधन मंत्री कश्यप को पत्र लिखकर रायपुर जिले के धरसींवा विधानसभा के बरतनारा बाढ़ नियंत्रण योजना, बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के विकासखण्ड तिल्दा (बलौदाबाजार विधानसभा) के अंतर्गत कोल्हान नाले पर सुंगेरा एनीकट का निर्माण और विकासखण्ड सिमगा (बलौदाबाजार विधानसभा) के अंतर्गत बंजारी नाले पर पड़कीडीह स्टापडैम निर्माण कार्य की मांग की थी।
जल संसाधन विभाग द्वारा इन योजनाओं के लिए 2331.57 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिससे क्षेत्र में पेयजल, भू-जल संवर्धन, सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण की समस्याओं का समाधान होगा।
जल संसाधन विभाग द्वारा जारी स्वीकृति पत्र के अनुसार ग्राम बरतनारा के पास खारून नदी पर 630 मी. लम्बाई में तटबंध निर्माण के लिए 856.15 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है।
वहीं विकासखंड तिल्दा की कोल्हान नाले पर सुंगेरा एनीकट निर्माण कार्य हेतु लागत राशि रू. 904.14 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
योजना के निर्माण से क्षेत्र में निस्तारी, पेयजल, भू-जल संवर्धन, आवागमन एवं कृषकों को निजी पम्प के माध्यम से 80 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी।
विकासखंड-सिमगा (तिल्दा) की बंजारी नाले पर पड़कीडीह स्टापडेम निर्माण कार्य हेतु लागत राशि रू. 571.28 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। योजना के निर्माण से क्षेत्र में निस्तारी, पेयजल, भू-जल संवर्धन, आवागमन एवं कृषकों को निजी पम्प के माध्यम से 50 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी।
सांसद बृजमोहन ने इन परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री और जल संसाधन मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के पूर्ण होने से ग्रामीण क्षेत्रों में बाढ़ की समस्या का समाधान होगा, सिंचाई के लिए जल की उपलब्धता बढ़ेगी और कृषकों को बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि ये परियोजनाएं क्षेत्र के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे इन योजनाओं का लाभ उठाएं और अपने क्षेत्र के विकास में सहयोग करें।
नारायाणपुर :- छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच बड़ी मुठभेड़ की खबर सामने आई है। राज्य के नारायाणपुर जिले के सीमावर्ती नक्सल प्रभावित इलाके अबूझमाड़ में सुरक्षा बलों और नसक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। मिली जानकारी के अनुसार इस मुठभेड़ में 5 नक्सलियों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया गया है। खबर है कि मुठभेड़ अभी भी जारी है। दोनों पक्षों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है। मुठभेड़ के बाद जवानों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरु कर दिया है। इलाके में तलाशी अभियान जारी है।
सुरक्षा बलों के हाथ लगी राइफल
जानकारी के अनुसार अभी तक से सर्च अभियान में पुलिस के हाथ एक स्वचालित राइफल लगी है। इस मुठभेड़ में कई नक्सलियों के घायल होने की भी खबर है। अभी तक की जानकारी के अनुसार इस मुठभेड़ में पुलिस के भी दो जवान घायल हुए हैं। दोनों घायल जवानों को मुठभेड़ की जगह से सुरक्षित निकालने के लिए बचाव अभियान की शुरूआत की जा चुकी है। दोनों पक्षों में मुठभेड़ जारी है और रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तर अबूझमाड़ क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना सुरक्षाकर्मियों को मिली थी, इस सूचना के आधार पर डीआरजी, एसटीएफ और बीएसएफ की संयुक्त पुलिस टीम ने शनिवार सुबह 8 बजे सर्च अभियान शुरू किया। इस सर्च ऑपरेशन की शुरुआत जैसे ही हुई, नक्सलियों के साथ सुरक्षाबलों की मुठभेड़ शुरू हो गई।
दोनों पक्षों के मध्य गोलीबारी जारी
बताया जा रहा है कि ये मुठभेड़ छत्तीसगढ़ के कांकेर और नारायणपुर जिले की डीआरजी, बीएसएफ और महाराष्ट्र के सी-60 कमांडोज की संयुक्त टीम द्वारा नक्सल संगठन के केंद्रीय कमेटी सदस्य अभय को पकड़ने किए शुरू किए गए अभियान की हिस्सा थी।
गौरतलब है कि ये मुठभेड़ आज सुबह आठ बजे के करीब सुरक्षाकर्मियों और नक्सलियों के बीच शुरू हुई। खबर लिखे जाने तक दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी का दौर जारी है। सुरक्षा बलों की रणनीति के तहत, नक्सलियों को घेरने के लिए कार्रवाई की जा रही है। इस कारण मुठभेड़ के जगह पर स्थिति काफी तेजी से बदल रही है।
बिलासपुर :- एसपी रजनेश सिंह ने जिले के 4 थाना प्रभारियों का तबादला कर दिया है। नए आदेश के तहत, पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से ये तबादले किए गए हैं। इसके अलावा पांच उप निरीक्षक एवं एक सहायक उप निरीक्षक का भी प्रभार बदल दिया गया है। जारी आदेश इस प्रकार है-
बलरामपुर :- ट्रिपल मर्डर मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। लड़की के प्रेमी के बड़े भाई ने तीनों की हत्या की है। पहले तीनों को घर से भगाया गया और फिर रात के वक्त तीनों पर कुल्हाड़ी से वारकर वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक बलरामपुर में लव अफेयर में मुख्तार अंसारी नाम के आरोपी ने ही लापता मां-बेटी और बेटे की हत्या की थी।जानकारी मिली है कि मुख्तार के भाई आरिफ का नाबालिग लड़की मुस्कान से प्रेम संबंध था।
आरिफ इस प्यार के चक्कर में अपने घर पैसे नहीं भेजता था। जिसके बाद नाराज होकर अपने भाई की प्रेमिका, उसकी मां और भाई की हत्या कर दी। हत्या के लिए तीनों को गांव से 80 किलोमीटर दूर ले जाकर मारा गया है। इस मामले में पुलिस पर लापरवाही का भी आरोप लगा है। एसपी ने इस मामले में थाना प्रभारी को लाइन अटैच किया है। कुसमी थाना प्रभारी जितेंद्र जायसवाल पर कार्रवाई की गई है। जितेंद्र जायसवाल को पुलिस लाइन बलरामपुर अटैच किया गया है।
आपको बता दें कि शुक्रवार को बंद पड़े फ्लाई ऐश ब्रिक्स प्लांट से लगे खेत में 3 नर कंकाल मिले थे। देर शाम तीनों की पहचान कुसमी से 27 सितंबर से लापता सूरजदेव ठाकुर की पत्नी कौशल्या ठाकुर (36), बेटी मुक्तावती उर्फ मुस्कान ठाकुर (17) और बेटा मिंटू ठाकुर (6) के रूप में हुई।पुलिस को जांच में पता चला है कि घटना करने वाला आरोपी मुख्तार है। मुख्तार का छोटा भाई आरिफ अंसारी कुसमी में रहकर ठेकेदारी का काम करता है। आरिफ काफी पैसा कमाता था, लेकिन घर पर वो बिल्कुल भी ध्यान नहीं देता था, यहां तक की पिता के इलाज में भी सहयोग नहीं करता था। जिससे मुख्तार अंसारी नाराज था। इसी को लेकर मुस्कान और उसके परिवार को मारने की साजिश रची।
आशंक है कि मुख्तार अंसारी ने अपने भाई की प्रेमिका मुस्कान, उसकी मां कौशल्या ठाकुर और भाई मिंटू ठाकुर को बहाने से कुसमी से बलरामपुर लेकर गया। दहेजवार में जहां कंकाल मिले हैं, उसके पास ही झोपड़ीनुमा घर है। तीनों को वहां रखा। रात में तीनों जब सो गए तो कुल्हाड़ी से सिर और माथे पर कई वार किए। तीनों को रात में ही मारा और लाश को पानी भरे खाली खेत में बने नाले में फेंक आया। शव गलकर बहते भी रहे। इस कारण बदबू ज्यादा नहीं फैली। जानकारी के मुताबिक तीनों के गायब होने की सूचना सूरजदेव ठाकुर ने कुसमी थाने सहित मुख्यमंत्री के नाम पर भी दिया था। बावजूद पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। आरिफ से पूछताछ में उसने पुलिस को बताया था कि उसका भाई मुख्तार अंसारी तीनों को लेकर गया है। मुख्तार से भी पूछताछ हुई, लेकिन जांच आगे नहीं बढ़ सकी।
रायपुर :- वामन राव लाखे हायर सेकेंडरी स्कूल एवं एसपी इंग्लिश मीडियम स्कूल तेंदुआ रोड यदुवंशी चौक हीरापुर में आज दिनांक 16 नवंबर 2024 को विद्यालय प्रांगण में विज्ञान वाणिज्य कला एवं पर्यावरण का प्रदर्शनी एवं आनंद मेला का भव्य आयोजन किया गया प्रदर्शनी का उद्घाटन अजय तिवारी जी अध्यक्ष प्रबंध समिति आरके गुप्ता उपाध्यक्ष प्रबंध समिति अनिल तिवारी जी सचिव प्रबंध समिति दिनेश शर्मा जी कार्यकारिणी सदस्य प्रबंध समिति दिलीप षाडंगी कार्यकारिणी सदस्य प्रबंध समिति
वीर सावरकर नगर वार्ड हीरापुर की पार्षद कमलेश्वरी वर्मा
माननीय डॉ देवाशीष मुखर्जी प्राचार्य महंत कॉलेज रायपुर ,भारती यादव प्राचार्य गांधी चौक स्कूल ,मंजू साहू प्राचार्य वामन राव लाखे स्कूल हीरापुर आशा बोस प्राचार्य एसपी इंग्लिश मीडियम स्कूल ममता तिवारी एवम व्यवस्थापक विष्णु महोबिया की उपस्थिति में प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया कार्यक्रम में सम्मलित मुख्य अतिथि अजय तिवारी जी ने अपने उद्बोधन में विद्यालय में विभिन्न प्रकार की गतिविधियों में बच्चे बढ़-चला करके भाग ले रहे हैं यह उनकी रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभा को निखारने का एक सरल एवं उत्तम मार्ग है जो हमारे विद्यालय के बच्चों को अवसर प्रदान कर रहा है जिससे कि बच्चों के अंदर छुपी प्रतिभा को सहज रूप से निखारा जा सके प्रबन्ध समिति के सचिव अनिल तिवारी जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि बच्चों में व्याप्त रचनात्मक कला को निखारने का सर्वोत्तम स्थल प्रदर्शनी के माध्यम से सरलता से किया जा सकता है जिसका आज महाविद्यालय प्रांगण में इस प्रदर्शनी का आयोजन बच्चों ने अपनी उत्साह वर्धन के साथ किया समिति के उपाध्यक्ष आरके गुप्ता ने कक्षा छात्र सातवीं की छात्रा सृष्टि सागर के अदुतीय प्रदर्शन एवं व्याख्यान से प्रभावित होकर के नगद राशि से पुरस्कृत किया प्रदर्शित मॉडल्स में 392 छात्रों ने भाग लिया प्रदर्शनी में प्रथम स्थान में विज्ञान संकाय के छात्रों ने बाजी मारी जबकि द्वतीय स्थान पर वाणिज्य के छात्रों ने अपना स्थान बनाया वही जूनियर छात्रों में कक्षा सातवी प्रथम एवम द्वितीय कक्षा चौथी के छात्र रहे सफल आयोजन के लिए समिति के अध्यक्ष एवम सचिव ने सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को बहुत-बहुत बधाई दी
कोरबा । कोरबा जिला में एक नाबालिक स्कूली छात्रा के साथ गैंगरेप की घटना सामने आयी है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक छात्रा को अपने दोस्त के घर ले जाकर पहले दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान आरोपी के दोस्त ने दोनों के फिजिकल रिलेशन का वीडियों बनाकर छात्रा को ब्लैकमेल कर उसके साथ रेप की घटना को अंजाम दिया गया। आरोपी ने अपने तीसरे साथी को अश्लील वीडियों दे दिया था। इस पूरे घटनाक्रम पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
स्कूली छात्रा के साथ गैंगरेप की ये वारदात बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा को शाहिद अंसारी नामक युवक ने दोस्ती के झांसे में ले लिया था। आरोप है कि शाहिद अंसारी ने छात्रा को झांसे में लेकर 4 अक्टूबर और 16 अक्टूबर को अपने दोस्त रामचरण साहू के घर पर ले गया। जहां उसने छात्रा के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। इस दौरान शाहिद अंसारी के दोस्त रामचरण साहू ने उनका अश्लील वीडियों बना लिया।
पीड़ित छात्रा ने बताया कि इसके बाद रामचरण साहू आपत्तिजनक वीडियों वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ रेप की घटना को अंजाम दिया गया।छात्रा ने आरोप लगाया कि इस पूरे घटना में शाहिद अंसारी, रामचरण साहू ने उसके साथ रेप की घटना को अंजाम दिया, जबकि उनका तीसरे साथी ताकीद अली ने उनका साथ दिया। पीड़ित नाबालिग छात्रा के इस आरोप के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर हिरासत में लिया गया। पुलिस की पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और अश्लील वीडियों जब्त कर लिया है। पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से न्यायिक रिमांड पर आज तीनोें आरोपियों को जेल भेज दिया है।
बालोद। बालोद जिले के डेंगरापार के रहने वाले राकेश कुमार की आर्मी भर्ती रैली के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मध्यप्रदेश के सागर जिले में आर्मी की सीधी भर्ती रैली चल रही थी, जिसमें राकेश कुमार शामिल हुआ था। भर्ती रैली के दौरान युवक की मौत हो गयी। युवक का शव सागर से वापस लाया गया, जहां उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक डेंगरापार के राकेश कुमार टेरीटोरियल आर्मी की सीधी भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए सागर गया हुआ था, इसी दौरान दौड़ते हुए वो अचानक से गिर पड़ा और फिर कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गयी। 24 साल के राकेश कुमार ने मौत के पहले दो राउंड की दौड़ पूरी कर ली थी, लेकिन आखिरी राउंड में कंप्लीट करते वक्त वो अचानकर गिर पड़े और फिर उनकी मौत हो गयी।
आपको बता दें कि मध्यप्रदेश के सागर जिले में सीधी भर्ती परीक्षा आयोजित हो रही थी। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार दौड़ के दौरान हार्टअटैक आने से युवक की मौत हुई है।
भिलाई । इस्पतनगरी में आज सुबह एक युवक ने नाबालिग के साथ मिलकर अपने दोस्त की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि चाय पीने के दौरान हंसी-मजाक ज़्यादा हो जाने की वजह से यह हत्या हुई है। दरअसल वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। मामला रामनगर कब्रिस्तान के पास छठ तालाब का है। वारदात को अंजाम देने के बाद भाग रहे दो आरोपियों को छावनी पुलिस ने पावर हाउस रेलवे स्टेशन से पकड़ लिया।
रायपुर। उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवा और मरीजों को बेहतर इलाज मुहैया कराने वाले छत्तीसगढ़ के 14 शासकीय अस्पतालों को केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS – National Quality Assurance Standard) प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है। इनमें 10 आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र, 03 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और एक शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की विशेषज्ञों की टीम द्वारा विगत अक्टूबर व नवंबर माह में इन अस्पतालों में मरीजों के लिए उपलब्ध सेवाओं की गुणवत्ता के परीक्षण के बाद राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाण पत्र जारी किया गया है।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने गुणवत्ता आश्वासन के मानकों पर खरा उतरने वाले स्वास्थ्य केंद्रों को बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य में स्वास्थ्य सुविधाएं लगातार बेहतर हो रही हैं और 14 शासकीय अस्पतालों को केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाण पत्र मिलना इसी का नतीजा है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा महासमुंद ज़िले के आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र भदरसी को 91.29% , बड़े टेमरी को 90.27%, झलप को 91.93% व शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नयापारा को 88.89% के साथ सूरजपुर ज़िले के आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र नवापाराकला को 76.09%, धरमपुर को 87.75% व कांकेर जिले आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र मुसरपट्टा को 94.2%,पीवी89 को 85.58%, कोदागांव को 93.36%, माकरीखुना को 81.54 व बलौदाबाजार ज़िले के आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद् ठेलकी को 86.83%, रायगढ़ जिले के आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र छर्राटानगर को 82.39%, बस्तर जिले के आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र जमावड़ा को 88.99% व रायपुर ज़िले के आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र सिलयारी को 88.15% अंक प्राप्त हुए हैं ।
राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाण पत्र प्रदान करने के पूर्व विगत माह भारत सरकार के विशेषज्ञों की टीम द्वारा अस्पताल की सेवाओं और संतुष्टि स्तर का विभिन्न मानकों पर परीक्षण किया गया। इनमें उपलब्ध सेवाएं, मरीजों के अधिकार, इनपुट, सपोर्ट सर्विसेस, क्लिनिकल सर्विसेस, इन्फेक्शन कंट्रोल, गुणवत्ता प्रबंधन और आउटकम जैसे पैरामीटर शामिल हैं। इन कड़े मानकों पर खरा उतरने वाले अस्पतालों को ही केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा गुणवत्ता प्रमाण पत्र जारी किए जाते हैं।
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने 2025 के लिए अपना वार्षिक कैलेंडर जारी कर दिया है। इसमें कुल 26 दिनों के त्योहार अवकाश, 26 दिनों का ग्रीष्मकालीन अवकाश और 10 दिनों का शीतकालीन अवकाश निर्धारित किया गया है।
ग्रीष्मकालीन अवकाश:
छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट 12 मई से 6 जून 2025 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश के लिए बंद रहेगा। हालांकि, इस अवधि में रजिस्ट्री कार्यालय खुला रहेगा।
शीतकालीन अवकाश:
22 दिसंबर से 31 दिसंबर 2025 तक शीतकालीन अवकाश रहेगा। इस दौरान 22 से 24 दिसंबर तक रजिस्ट्री कार्यालय खुला रहेगा, जबकि 26 से 31 दिसंबर तक यह बंद रहेगा।
इसके अतिरिक्त, हाई कोर्ट प्रत्येक रविवार और महीने के दूसरे व चौथे शनिवार को बंद रहेगा। कैलेंडर में छत्तीसगढ़ और देशभर में मनाए जाने वाले विभिन्न त्योहारों और विशेष अवसरों को ध्यान में रखते हुए छुट्टियों का निर्धारण किया गया है।
रायपुर। 14 नवंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ औद्योगिक विकास नीति 2024-30 का विमोचन किया। इसके बाद, इस नीति को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर #CGIndustrialPolicy24 पूरे दिन ट्रेंड करता रहा और पहले नंबर पर रहा। यह छत्तीसगढ़ में सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री की ओर से औद्योगिक नीति की घोषणा का हिस्सा है।
राज्य गठन के 25वें वर्ष और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर, मुख्यमंत्री साय ने नई औद्योगिक नीति का विमोचन किया और इसे ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि इस नीति का निर्माण सभी की सहभागिता से किया गया है। यह राज्य की छठी औद्योगिक नीति है, जिसमें युवाओं को रोजगार, पर्यटन और स्वास्थ्य के क्षेत्र में निवेश बढ़ाने का उद्देश्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बस्तर और सरगुजा क्षेत्रों में उद्योगों को प्रोत्साहित किया जाएगा। इस नई नीति से अग्निवीरों और अनुसूचित जनजाति के युवाओं के लिए रोजगार और स्वावलंबन के अवसर पैदा होंगे। नीति में पर्यावरण संरक्षण के लिए भी उपयुक्त प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए लागत कम करने, औद्योगिक पार्क, रेल, सड़क और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर जोर दिया जाएगा।
रायपुर : छत्तीसगढ़ की बहुचर्चित फ़िल्म डार्लिंग प्यार झुकता नहीं के अपार सफलता के बाद फ़िल्म का सीक्वल डार्लिंग प्यार झुकता नहीं 2 का टीज़र गोल्डन ड्रीम्स फ़िल्म के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर रिलीज़ कर दिया गया है।
आपको बता दूँ गोल्डन ड्रीम्स फ़िल्म प्रोडक्शन लगातार छत्तीसगढ़ के दर्शकों के लिए एक से बढ़कर एक धमाकेदार फिल्मे लाते रहते हैं, टीज़र रिलीज़ होते ही लगातार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, दर्शकों में जिसकी उत्सुकता देखने को मिल रही है और इसका बड़ा कारण फ़िल्म के स्टारकास्ट भी है, फ़िल्म में मुख्य भूमिका में ग्रामीण इलाकों के सुपरस्टार सभी के चहेते अमलेश नागेश व उनके साथ स्क्रीन शेयर करते नज़र आएंगी युवा दिलों की धड़कन दीक्षा जयसवाल। आप लोगों को तो पता है कि दर्शकों को अमलेश की एक्टिंग कितनी पसंद आती है और दर्शक उनकी फ़िल्मों को सुपर डुपर हिट बनाते हैं, डार्लिंग प्यार झुकता नहीं 2 का टीज़र आज लॉन्च कर दिया गया है, यह फ़िल्म 20 दिसंबर को छत्तीसगढ़ के सभी सिनेमाघरों में एक साथ प्रदर्शित की जाएगी, इस फ़िल्म के निर्माता व निर्देशक गोल्डन ड्रीम्स फ़िल्म प्रोडक्शन की मालकिन भारती वर्मा है।
निर्माता-भारती वर्मा ने बताया कि उनकी आगामी फ़िल्म डार्लिंग प्यार झुकता नहीं 2 का टीज़र आज रिलीज़ किया गया है और यह फ़िल्म छत्तीसगढ़ के समस्त सिनेमा घरों में 20 दिसंबर को एक साथ प्रदर्शित की जाएगी, उनका कहना है मैंने और मेरी टीम ने पूरी लगन और मेहनत के साथ इस फ़िल्म को बनाया है, अब दर्शकों के ऊपर है कि दर्शक हमारी फ़िल्म को कितना प्यार देते हैं आशा करती हूँ, दर्शकों को डार्लिंग प्यार झुकता नहीं के सीक्वल में बनी फ़िल्म डार्लिंग प्यार झुकता नहीं 2 दर्शकों को बहुत पसंद आएगी।
रायपुर : छत्तीसगढ़ सरकार ने संपत्ति खरीदने वाले मध्यम वर्ग के लोगों को बड़ी राहत दी है। अब किसी भी प्रापर्टी की खरीद-बिक्री में गाइड लाइन दर से सौदे की रकम अधिक होने पर भी रजिस्ट्री शुल्क गाइड लाइन दर के अनुसार ही लिया जाएगा। इससे बैंक लोन पर निर्भर मध्यम वर्गीय परिवार को वास्तविक मूल्य के आधार पर ऋण मिल सकेगा।
बता दें कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी की अध्यक्षता में पिछले दिनों कैबिनेट की बैठक में लिए गए इस फैसले से विशेषकर उन नागरिकों को लाभ होगा, जो बैंक ऋण के माध्यम से संपत्ति खरीदते हैं। पूर्व में संपत्ति की खरीद-बिक्री में गाइड लाइन दर और सौदे की राशि में जो भी अधिक होता था, उस पर रजिस्ट्री शुल्क देना आवश्यक था।
उदाहरण के लिए यदि किसी संपत्ति का गाइड लाइन मूल्य 6 लाख रुपए है और उसका सौदा 10 लाख में हुआ, तो रजिस्ट्री शुल्क 10 लाख पर 4 प्रतिशत के हिसाब से 40 हजार रुपए देना पड़ता था।
इस नियम में संशोधन के बाद संपत्ति खरीदने वाले अब सौदे की रकम गाइड लाइन दर से अधिक होने पर भी वास्तविक मूल्य को अंकित कर सकते हैं और इसके लिए उन्हें कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा।
इस संशोधन के बाद अगर 6 लाख रुपये की गाइड लाइन मूल्य वाली प्रॉपर्टी का सौदा 10 लाख में होता है, तो भी रजिस्ट्री शुल्क 6 लाख के 4 प्रतिशत के हिसाब से 24 हजार रुपए देय होगा। इस तरह 16 हजार रुपए की बचत होगी।
रायपुर :- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में दो दिवसीय जनजातीय गौरव दिवस एवं अंतर्राज्यीय आदिवासी लोक नृत्य महोत्सव के समापन समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में विभिन्न राज्यों के लोक नर्तक दलों ने अपनी-अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों में उत्साह भर दिया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश, त्रिपुरा, मेघालय, मिजोरम, उत्तराखंड समेत छत्तीसगढ़ के जनजातीय एवं लोक कलाकारों ने प्रस्तुति दी।
त्रिपुरा से आए ब्रू रियांग जनजाति समुदाय के नर्तक दल ने परंपरागत लोकनृत्य होजागिरी की प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस नृत्य में ब्रू रियांग जनजाति समुदाय की युवतियों ने सिर के ऊपर बोतल को संभालते हुए अद्भुत सामंजस्य के साथ प्रस्तुति दी। नृत्य के दौरान नर्तकों के कलात्मक प्रदर्शन को भी दर्शकों की खूब सराहना मिली।
इसके पूर्व हिमाचल प्रदेश के लोक कलाकारों ने मनमोहक कायांग नृत्य की प्रस्तुति दी, जो हिमाचल प्रदेश के सबसे लोकप्रिय नृत्यों में से एक है। इस नृत्य में नर्तक दल एक दूसरे की भुजाओं को बुनकर माला जैसा पैटर्न बनाया, धीर-धीरे कदमताल करते हुए प्रतीकात्मक रूप से माला की मोती जैसे बिखरते हुए फिर जुड़ते हुए पारंपरिक कपड़े पहने और गहनों से सुसज्जित नृत्य प्रस्तुत किया।
इसके बाद मेघालय के गारो नृत्य की प्रस्तुति हुई। गारो समुदाय के लोग इस नृत्य में फसल कटाई के बाद देवता मिसी सालजोंग की आराधना कर उन्हें धन, धान्य के लिए अपनी आस्था और निष्ठा व्यक्त करते हैं। इस नृत्य में लोक वाद्य के प्रयोग से उत्पन्न ध्वनि ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
इसी क्रम में मिजोरम के मिजो और चरमा जनजाति समुदाय ने युद्ध कौशल, शौर्य, पराक्रम और युद्ध विजय के प्रतीक नृत्य मिजो प्रस्तुत किया। इस नृत्य के जरिए समुदाय ने वीर गाथा का जीवंत प्रदर्शन किया जिसमें यह बताया गया कि युद्ध के दौरान किस तरह समुदाय के वीर योद्धा ने गांव की रक्षा, जिसके बाद ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक उनका सम्मान किया। इसी तरह उत्तराखंड के जनजाति समुदाय ने हारुल नृत्य का प्रस्तुत किया जोकि हाटी जनजाति का पारंपरिक नृत्य और लोकगीत की एक खास शैली है। हारुल नृत्य जौनसार-बावर और चकराता क्षेत्र में किया जाता है। हारुल नृत्य में वीर पांडवों के साहस और वीरता, देवी-देवताओं की कहानियां, देवभूमि के इतिहास और जनजाति की संस्कृति से जुड़ी घटनाओं को बड़े ही रोचक ढंग से पेश किया गया। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों से आए लोक कलाकारों ने भी छत्तीसगढ़ के प्रचलित लोकनृत्यों की प्रस्तुति दी।
उल्लेखनीय है कि महोत्सव के पहले दिन सिक्किम लिंबू जनजाति समुदाय द्वारा चाकोस तांगनाम नृत्य, गुजरात के लोक नर्तक दल ने सिद्धि गोमा नृत्य, अरुणाचल प्रदेश के कलाकारों ने गेह पदम ए ना न्यी, मध्यप्रदेश डिंडोरी के गोंड जनजाति ने सैला रीना, जम्मू कश्मीर से गुज्जर समुदाय ने गोजरी लोक नृत्य, छत्तीसगढ़ के माड़िया जनजाति ने गौर माड़िया नृत्य, उत्तराखंड के जनजातीय समुदाय द्वारा दिया बाती नृत्य, तेलंगाना के द्वारा मथुरी नृत्य, उत्तर प्रदेश के द्वारा कर्मा नृत्य, कर्नाटक के द्वारा सुगाली नृत्य, आंध्र प्रदेश के द्वारा ढीमसा नृत्य, दमन दीव द्वारा तारपा नृत्य तथा राजस्थान के जनजातीय कलाकारों द्वारा चकरी नृत्य की प्रस्तुति दी गई थी। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ के सभी जिलों के जनजातीय कलाकारों द्वारा अलग-अलग तीज त्यौहारों के लोक नृत्यों की प्रस्तुति दी गई।
कांकेर :- छत्तीसगढ़ के कांकेर से बड़ी खबर आ रही है. यहां पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ चल रही है. इस मुठभेड़ में तीन नक्सलियों के मारे जाने की खबर है.
नक्सलियों के खिलाफ चल रहा है अभियान
छत्तीसगढ़ के बस्तर में नक्सलियों के खिलाफ पुलिस आक्रामक मोड में है. कांकेर और नारायपुर जिले की सीमा पर पुलिस और नक्सलियों के बीच भारी मुठभेड़ चल रही है. अबूझमाड़ के जंगल में ये मुठभेड़ चल रही है. इसमें तीन नक्सलियों के मारे जाने की खबर है. बताया जा रहा है कि पुलिस ने यहां से भारी मात्रा में सामान भी बरामद किए हैं.
मुठभेड़ चल रही है
कांकेर के पुलिस अधीक्षक आई के एलिसेला ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि माड़ इलाके में एनकांउटर चल रहा है, कोर इलाका होने के कारण जवानों से संपर्क नहीं हो पा रहा है. जवानों के संपर्क होने के बाद ही जानकारी मिलेगी.
लोरमी। मुंगेली जिले के लोरमी स्थित खुड़िया में बिरसा मुंडा के 150वीं जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम अरुण साव शामिल हुए। इस अवसर पर 80 से अधिक जनजातीय समाज प्रमुखों को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। वहीं खुड़िया क्षेत्र में 18 करोड़ की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण हुआ। डिप्टी सीएम ने खुड़िया में 538 आवास स्वीकृत होने की बात भी कही।
कार्यक्रम में कलेक्टर राहुल देव के नेतृत्व में तमाम विभागों के स्टाल लगाए गए थे, जिसका निरीक्षण डिप्टी सीएम साव ने किया। इस दौरान दर्जनभर से अधिक योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को चेक सहित किट का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम अरुण साव ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें नमन किया। उन्होंने जनजाति गौरव दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जननायक थे। उन्होंने आदिवासी समुदाय को जल जंगल जमीन के बारे में जागरूक किया और उन्हें अपने हक की लड़ाई लड़ने की प्रेरणा दी। देश के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती हर साल 15 नवंबर को जनजाति गौरव देश के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने समाज के लिए अपने जीवन को समर्पित कर दिया। इतिहास में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद लोरमी क्षेत्र के विकास के लिए लगातार दौरा कर रहा हूं।
दुर्ग : दुर्ग से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के वैशाली नगर से भाजपा विधायक रिकेश सेन (MLA Rikesh Sen) ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस विधायक भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) के खिलाफ लिखित में शिकायत दर्ज कराई है, देर शाम दुर्ग जिले के सुपेला थाना पहुंचे.
विधायक रिकेश सेन ने बताया कि छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा लगातार अनर्गल ट्वीट कर भाजपा सरकार को बदनाम किया जा रहा है, छत्तीसगढ की भाजपा सरकार में स्कूल बंद और स्कॉच शुरू वही मनपसंद एप बीजेपी सरकार द्वारा लांच किया जा रहा है, कि सरकारी शराब दुकान में किस कीमत में किस ब्रांड की विदेशी शराब उपलब्ध है, यह जानकारी बाकायदा ऐप से प्राप्त कर सकते हैं, इसके अतिरिक्त अब ड्रिंक एंड डाइन के अंतर्गत अब भोजनालय भी मैखाने बन जाएंगे नाश्ते और खाने के साथ शराब परोसी जाएगी.
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बाकायदा अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया है, इस ट्वीट के बाद अब छत्तीसगढ़ में जमकर सियासत भी शुरू हो गई है. रिकेश सेन ने सुपेला थाना पहुंचकर लिखित में शिकायत दर्ज कराई है, रिकेश सेन ने कहा कि भूपेश बघेल हकीकत से परे आधारहीन आरोप लगा रहे हैं. भाजपा की सरकार को बदनाम करने की नीयत से भूपेश बघेल द्वारा अमर्यादित और भ्रामक टिप्पणी की जा रही है. जिससे भाजपा के तमाम कार्यकर्ता और पदाधिकारी अपमानित महसूस कर रहे हैं जिसके लिए छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्य मंत्री भूपेश बघेल द्वारा की गई, टिप्पणी पर उनके विरुद्ध शिकायत देकर उचित कार्यवाही की करने की मांग की है.
रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने साइंस कॉलेज मैदान में राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में अपने संबोधन में कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास बहुत समृद्ध और गौरवशाली है। पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनजातीय समुदाय के मान, सम्मान और गौरव को बढ़ाने का काम किया है। अटल जी ने जनजातीय समुदाय के कल्याण के लिए पृथक से मंत्रालय बनाया और इस समुदाय के विकास को एक नई दिशा दी। प्रधानमंत्री मोदी ने जनजातीय समुदाय के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं शुरू की है। प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत 24,000 करोड़ रूपए और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के लिए 80,000 करोड़ रूपए का बजट प्रावधान किया है, जिसके चलते जनजातीय इलाकों में तेजी से बुनियादी सुविधाओं का विकास और जनजातियों की बेहतरी के काम हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150 वीं जयंती वर्ष समारोह के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य के जनजातीय समुदाय से ताल्लुक रखने वाले बैगा, गुनिया, सिरहा लोगों के लिए मुख्यमंत्री सम्मान निधि दिए जाने की घोषणा की। इसके तहत उन्हें प्रति वर्ष 5 हजार रूपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने जनजातीय गांवों में धार्मिक एवं मांगलिक कार्य के लिए अखरा निर्माण विकास योजना शुरू करने और जनजातीय समुदाय के शहीदों की प्रतिमाएं चिन्हित स्थलों पर स्थापित किए जाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री साय ने समारोह में जनजातीय समुदाय के विभूतियों, राज्य में हुए जनजातीय विद्रोह के शहीदों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया। उन्होंने जनजातीय चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया। मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर वन अधिकार अधिनियम से संबंधित ‘‘एटलस‘‘, कैलेण्डर ‘‘शौर्यांजलि‘‘ तथा ‘‘हल्बा जनजातीय की वाचिक परंपराएं‘‘ विषय पर प्रकाशित पुस्तक का विमोचन किया। इनका प्रकाशन छत्तीसगढ़ आदिम जाति विकास विभाग द्वारा किया गया है।
इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राज्यसभा सांसद अरूण सिंह ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य में सभी वर्गाें के उत्थान और कल्याण के लिए किए जा रहे कार्याें की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की लोकप्रियता और विनम्रता की सराहना पूरे देश में होती है। उन्होंने कहा कि रायपुर में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस एवं अंतर्राज्यीय नृत्य महोत्सव समारोह में आकर ‘‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत‘‘ का दर्शन हुआ है। राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के इस विशेष आयोजन के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को बधाई दी। उन्होंने इस मौके पर जनजातीय समुदाय के महापुरूषों को नमन करते हुए कहा कि वही देश और समाज जागृत रहता है, जो अपनी संस्कृति और अपने महापुरूषों को याद रखता है।
आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनजातीय समुदाय के उत्थान के लिए चिंता की है। उन्होंने इस समुदाय के विकास के लिए कई योजनाएं संचालित की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किए गए धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान से छत्तीसगढ़ के साढे छह हजार गांवों और ग्रामीणों का समग्र विकास होगा। उन्होंने कहा कि पीएम जनमन योजना के माध्यम से जनजातीय समुदाय के लोगों का जीवन स्तर बेहतर हो रहा है।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित दो दिवसीय जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम में उपस्थित मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, आदिम जाति कल्याण मंत्री श्री रामविचार नेताम, राज्यसभा सांसद अरूण सिंह, विधायकगण, अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में उपस्थित जनसमुदाय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सम्बोधन को न सिर्फ सुना, बल्कि वर्चुअल रूप से उसका हिस्सा भी बना।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती के अवसर पर देश के दूर दराज के ग्रामीण क्षेत्रों के बुनियादी सुविधाओं के विकास एवं विस्तार वाली 6600 करोड़ की लागत वाली कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमने देश के जनजातीय इलाकों और जनजाति समुदाय के कल्याण के लिए पांच गुना बजट खर्च कर रहे हैं। दस साल पहले इसका बजट मात्र 25,000 करोड़ रूपए हुआ करता था, जो अब बढ़कर 1,25,000 करोड़ रूपए हो गया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज बिहार के जमुई में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150 वीं जयंती वर्ष के शुभारंभ समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। जमुई में आयोजित इस कार्यक्रम का लाईव प्रसारण पूरे देश में हुआ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि हमने इतिहास के एक बहुत बड़े अन्याय को दूर करने का एक ईमानदार प्रयास किया है। इतिहास में आदिवासी समाज के लोगों को वह स्थान नहीं मिला, जिसके वह अधिकारी थे। आदिवासी समाज वो है, जिसने राजकुमार को मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान राम बना दिया। इस समाज ने देश की संस्कृति और परंपरा का मान बढ़ाया है।
आज़ादी की लड़ाई में अंग्रेजों से लोहा लिया है। अपनी अस्मिता, संस्कृति, और स्वाधीनता के लिए जनजातीय समुदाय के हजारों नायकों ने अपने प्राण न्यौछावर किए। देश की आजादी की लड़ाई में हजारों आदिवासी भाइयो-बहनों को मौत के घाट उतार दिया गया था, उनके योगदानों को हम नहीं भुला सकते। हमने जनजातीय समुदाय के गौरव को बढ़ाने का काम किया है। पीएम जनमन के तहत जितने कार्य शुरू हुए हैं, उसका श्रेय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जी को जाता है। जब वह झारखण्ड में थी, तब मुझसे अति पिछड़ी जनजातियों की चर्चा करती थी। हमने 24 हजार करोड़ रूपए से पीएम जनमन योजना की शुरुआत की, जिससे अति पिछड़ी जनजातियों के बस्तियों और गांवों का विकास हो रहा है। जनजातीय बाहुल्य जिलों को आकांक्षी जिला घोषित कर वहां का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया, आज वहां बदलाव दिख रहा है।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत में देशवासियों को भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती वर्ष समारोह की बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज कार्तिक पूर्णिमा, देव दीपावली और गुरुनानक जी का प्रकाश पर्व भी है। आज भगवान बिरसा मुंडा की जयन्ती भी है, राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस भी है। आदिवासी समाज सूर्य, वायु और पेड़-पौधों, पहाड़-पर्वत को पूजने वाला समाज है। उन्होंने कहा कि जिलों में बिरसा मुंडा जनजातीय उपवन बनाए जायेंगे। हम मिलकर देश के आदिवासी समाज के विचारों को देश की प्रगति का आधार बनायेंगे। उनकी परंपरा और उनके आदर्शों को अपनाएंगे।
इस अवसर पर विधायक सर्वश्री मोती लाल साहू, अनुज शर्मा, पुरंदर मिश्रा, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, पूर्व विधायक उमेश कच्छप सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जनजातीय समाज के पदाधिकारी, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, आयुक्त नरेन्द्र दुग्गा सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिकण उपस्थित थे।
राज्य के शहरी आवासहीनों को मिलेगा स्वयं का पक्का आवास
रायपुर । उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव राज्य के शहरी आवासहीनों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के हितग्राही सर्वेक्षण का प्रदेशव्यापी शुभारंभ करेंगे। वे 15 नवम्बर को दोपहर ढाई बजे मुंगेली के स्वामी आत्मानंद स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में इसकी शुरूआत करेंगे। साव कार्यक्रम में मौजूद हितग्राहियों का सर्वेक्षण प्रपत्र सांकेतिक रूप से भरकर छत्तीसगढ़ में इसकी विधिवत शुरूआत करेंगे।
केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के प्रथम चरण में आवासहीन हितग्राहियों को आवास की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। ऐसे हितग्राही जिन्हें प्रथम चरण में आवास की सुविधा नहीं मिल पाई है, और जो अभी तक आवास की सुविधा से वंचित है, उन्हें द्वितीय चरण [प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0] में सर्वेक्षण के माध्यम से चिन्हांकित करते हुए आवास के लिए आवेदन की प्रक्रिया और आवास उपलब्ध कराए जाने की कार्यवाही की जाएगी। राज्य के शहरों में आबादी बढ़ने के साथ ही आवास की मांग भी लगातार बढ़ रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के माध्यम से ईडब्ल्यूएस, एलआईजी और एमआईजी परिवारों को उनके पहले पक्के आवास के सपने को पूरा करने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी, जिससे कि वे सम्मानजक जीवन व्यतीत करने के साथ ही खुद के आवास के सपने को भी साकार कर सकें।
पिछले 11 महीनों में पूर्ण किए गए 49,834 आवास
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन में ’’हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे’’ के ध्येय वाक्य पर त्वरित अमल करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने पिछले 11 महीनों में 49 हजार 834 आवासों का निर्माण पूर्ण किया है। राज्य में योजना के साथ भागीदारी में किफायती आवास परियोजना (एएचपी) के तहत 38 हजार 097 आवास एवं हितग्राही द्वारा स्वयं आवास निर्माण (बीएलसी) के तहत दो लाख 11 हजार 069 यानि कुल दो लाख 49 हजार 166 आवास स्वीकृत हैं। वर्तमान सरकार के गठन के बाद बीते 11 महीनों में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए एएचपी घटक के अंतर्गत 5415 आवास पूर्ण करते हुए कुल 21 हजार 600 आवास पूर्ण किए गए हैं। वहीं बीएलसी घटक के तहत 44 हजार 419 आवास पूर्ण करते हुए कुल एक लाख 74 हजार 967 आवास पूर्ण किए गए हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 में तीन आय वर्गों को किया गया है शामिल
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत हितग्राहियों को आवास उपलब्ध कराने के लिए योजना को चार श्रेणियों लाभार्थी आधारित निर्माण, भागीदारी में किफायती आवास, किफायती किराया आवास तथा ब्याज सब्सिडी योजना में विभाजित किया गया है। भारत सरकार ने योजना का दायरा बढ़ाते हुए तीन आय वर्गों के हितग्राहियों को इसमें शामिल किया है। तीन लाख रुपए तक के वार्षिक पारिवारिक आय वाले आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडल्ब्यूएस), छह लाख रुपए तक के वार्षिक पारिवारिक आय वाले निम्न आय वर्ग (एलआईजी) एवं नौ लाख रुपए तक के वार्षिक पारिवारिक आय वाले मध्यम आय वर्ग (एमआईजी) को भी योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा।
योजना के तहत पात्रता
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 का लाभ लेने के लिए एक लाभार्थी परिवार में पति, पत्नी, अविवाहित बेटे और अविवाहित बेटियों को शामिल किया गया है। लाभार्थी परिवार का देश में कहीं भी कोई पक्का घर नहीं होना चाहिए। योजना का लाभ लेने के लिए परिवार के सभी सदस्यों का आधार कार्ड/वर्चुअल आधार अनिवार्य है। आवेदक/हितग्राही परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अथवा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 में से किसी एक योजना का ही लाभ ले सकता है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के हितग्राही परिवार को 31 अगस्त 2024 के पूर्व स्थानीय निकाय क्षेत्र का निवासी होना अनिवार्य है।
केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा हितग्राहियों की सुविधा के लिए आवास हेतु आवेदन की प्रक्रिया का सरलीकरण किया गया है। आवास के आवेदन सरलतापूर्वक ऑनलाईन माध्यम से भारत सरकार के अधिकृत पोर्टल पर स्वयं हितग्राही द्वारा दर्ज किया जा सकता है। इसके साथ ही प्रदेश की सभी 189 अधिसूचित नगरीय निकायों में हेल्पडेस्क के माध्यम से भी आवेदन की प्रक्रिया संपादित की जा सकती है।
मुख्यमंत्री गुरुनानक जयंती पर आयोजित प्रकाशपर्व में हुए शामिल
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को रायपुर के खालसा स्कूल प्रांगण में गुरुनानक जयंती पर आयोजित प्रकाश पर्व में शामिल हुए। मुख्यमंत्री साय ने कीर्तन दरबार में मत्था टेका और सभी छत्तीसगढ़ वासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री साय ने प्रकाश पर्व पर सभी को बधाई देते हुए कहा कि आज इस पवित्र दिन सिख समुदाय के अपने भाइयों-बहनों के बीच आकर मैं बहुत खुशी का अनुभव कर रहा हूँ। गुरु नानक देव जी का जीवन न केवल सिख समुदाय के लिए प्रेरक है अपितु सभी भारतीयों के लिए उनका जीवन प्रेरणादायी है। गुरु नानक जी के वचनों में सामाजिक एकता पर जोर दिया गया है। उन्होंने एक समतामूलक समाज के निर्माण पर जोर दिया। देश की आज़ादी में सिख समाज का बहुत बड़ा योगदान है। सिख समाज का इतिहास बहुत ही गौरवशाली और समृद्ध है। धर्म के प्रति समर्पण और सेवा की भावना सिख समाज की अभिन्न पहचान है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जब हम गुरु गोविंदसिंह जी का जीवन देखते हैं तो हमें पता चलता है कि उनके पुत्र साहेबजादे बाबा जोरावर सिंह जी और बाबा फतेह सिंह जी पर धर्म बदलने का दबाव आया। उन्होंने शहादत कबूल की लेकिन धर्म नहीं बदला। ऐसा इतिहास सिख समाज का रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साहेबजादों के शहादत दिवस 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने का निश्चय किया और हर साल हम गर्व के साथ यह दिन मनाते हैं।
इस अवसर पर विधायक पुरन्दर मिश्रा, संजय श्रीवास्तव, भूपेंद्र सवन्नी, मनमोहन चावला व गुरुद्वारा कमेटी के पदाधिकारियों सहित सिख समाज के लोग उपस्थित थे।
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस पर साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित कार्यक्रम में भारत के स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय जननायकों के अमूल्य योगदान पर आधारित शौर्याजंलि कैलेण्डर का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने वन अधिकारों की मान्यता से सम्बंधित एटलस पुस्तक का भी विमोचन किया।
भारत के स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय जननायकों ने अमूल्य योगदान देकर और मां भारती के चरणों में अपना सब कुछ न्यौछावर कर देश को आजाद कराया। आदिमजाति कल्याण विभाग द्वारा स्वतंत्रता संग्राम के ऐसे सेनानियों को नमन करने के साथ ही उनकी स्मृति अक्षुण्ण रखने के लिए यह कैलेण्डर प्रकाशित कराया है। विभाग द्वारा जनजातीय जननायकों को भगवान बिरसा मुंडा के 150 वीं जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर उनके जन्म दिवस और बलिदान दिवस को स्मरण करते हुए नमन करने का प्रयास किया है।
जनजातीय जननायकों के अमूल्य योगदान पर आधारित कैलेण्डर विमोचन के अवसर पर आदिवासी विकास मंत्री राम विचार नेताम, राज्यसभा सदस्य अरुण सिंह, विधायक सर्व पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा, मोती लाल साहू, विकास मरकाम, प्रमुख सचिव आदिवासी विकास सोनमणि बोरा, मुख्यमंत्री के सचिव पी दयानन्द, संस्कृति विभाग के संचालक विवेक आचार्य, आयुक्त नरेंद्र दुग्गा, कमिश्नर रायपुर महादेव कावरे सहित आदिवासी समुदाय के लोग और बड़ी संख्या में कलाकार उपस्थित थे।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भगवान बिरसा मुंडा के जन्म दिन 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस पर साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित कार्यक्रम में दामेसाय बघेल द्वारा लिखित पुस्तक ’हल्बा जनजाति की वाचिक परम्पराएं’ का विमोचन किया। ’हल्बा जनजाति की वाचिक परम्पराएं’ में जनजातियों की प्राचीन जीवनशैली के संबंध में पुरखों की व्यवस्था, जन्म संस्कार, विवाह संस्कार, मृतक संस्कार का उल्लेख किया गया है। इसी प्रकार देव संस्कार का ताना-बाना, रीति-रिवाज, देवी-देवताओं के मान्यताएं, मौखिक कला साहित्य, संस्कृति, किवदंतियां, महान विभूतियों के योगदान जड़ी-बुटी के जानकार, ऐतिहासिक, पुरातात्विक धरोहर पर लेख को समाहित किया गया है।
’हल्बा जनजाति की वाचिक परम्पराएं’ नामक पुस्तक के विमोचन के अवसर पर आदिवासी विकास मंत्री राम विचार नेताम, राज्यसभा सदस्य अरुण सिंह, विधायक पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा, मोती लाल साहू, विकास मरकाम, प्रमुख सचिव आदिवासी विकास सोनमणि बोरा, मुख्यमंत्री के सचिव पी दयानन्द, संस्कृति विभाग के संचालक विवेक आचार्य, आयुक्त नरेंद्र दुग्गा, कमिश्नर रायपुर महादेव कावरे सहित आदिवासी समुदाय के लोग और कलाकार उपस्थित थे।
रायपुर। उच्च शिक्षा विभाग में प्राचार्यों की पदोन्नति, ट्रांसफर और संसोधन सूची जारी की गई है। लिस्ट में शासकीय जे. योगानंदम् छत्तीसगढ़ काॅलेज के प्राचार्य अमिताभ बेनर्जी को शासकीय नागार्जुन स्नाकोत्तर विज्ञान महाविद्यालय में पदस्थ किया है।
प्रवीण पाण्डेय को नवीन शासकीय महाविद्यालय सकरी बिलासपुर से शासकीय ई. राघवेन्द्र राव स्नातकोत्तर विज्ञान महाविद्यालय बिलासपुर में पदस्थ किया है।
वहीं, तीन प्राध्यापकों को प्राचार्य के पद पर पदस्थ करते हुये नवीन पदस्थापना दी गई हैं।
लिस्ट में डाॅ तपेश चंद गुप्ता को जे योगानंदम छत्तीसगढ़ काॅलेज से शासकीय जे योगानंदम छत्तीसगढ़ काॅलेज में पदस्थ किया है।
रूबी मल्होत्रा को बिलासा कन्या स्नाकोत्तर महाविद्यालय बिलासपुर से नवीन शासकीय महाविद्यालय सकरी बिलासपुर भेजा गया हैं।
अभया रा. जोगलेकर को शासकीय दूधाधारी बजरंग महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय रायपुर से शासकीय माॅडल स्नातक महाविद्यालय अटारी रायपुर में पदस्थ किया गया है।
उच्च शिक्षा विभाग ने बड़ी संख्या में पदोन्न प्राचार्यों की पदस्थापना की संसोधित लिस्ट जारी की है।
देखें सूची...

































