रायपुरः केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह तीन दिवसीय प्रवास पर 23 अगस्त की शाम रायपुर पहुंच रहे हैं। अपने तीन दिवसीय प्रवास के दौरान 24 अगस्त को गृहमंत्री छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती सात नक्सल प्रभावित राज्यों के मुख्य सचिव और डीजीपी समेत अर्ध सैनिक बलों के प्रमुखों के साथ बैठक कर नक्सल समस्या और प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। यह बैठक नया रायपुर में होगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार गृहमंत्री 23 की शाम में रायपुर आकर 25 की शाम में दिल्ली लौटेंगे।
अपने प्रवास के दौरान केन्द्रीय गृहमंत्री बीजेपी कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं के साथ उच्च स्तरीय बैठक करेंगे और राज्य की बीजेपी सरकार के कामकाज की समीक्षा करने के साथ ही सत्ता और संगठन के बीच तालमेल को देखेंगे।
रायपुर । छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सावन के अंतिम सोमवार को उज्जैन के विश्व प्रसिद्द महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने सपरिवार बाबा महाकाल के दर्शन किए। इसके बाद पूजा-अर्चना कर शिव जी का आशीर्वाद लिया। महाकालेश्वर मंदिर के पुजारियों ने पूजन संपन्न कराया। इस दौरान उनकी पत्नी कौशल्या साय और परिवार के लोग भी मौजूद रहे।
रायपुर: पूरे देश में धूमधाम से रक्षाबंधन (Raksha Bandhan) का त्योहार मनाया जा रहा है, इस बीच छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ( विष्णु भैया ) एक्स पर ट्रेंड कर रहे हैं। प्रदेश की माता-बहनों ने बड़े ही उत्साह के साथ रक्षाबंधन के अवसर पर आज X पर #हमरविष्णुभैया अभियान को ट्रेंडिंग कर रहीं हैं. बहनों ने महतारी वंदन, पीएम आवास योजना की स्वीकृति और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताते हुए एक्स पर पोस्ट किए. इस अभियान में पूरे प्रदेशवासियों की भागीदारी रही
रायपुर :- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज उज्जैन के लिए रवाना हुए। एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा करने के दौरान उन्होंने बताया कि आज रक्षाबंधन है और सावन महीने का अंतिम सोमवार भी है। आज सपरिवार महाकाल के दर्शन करने उज्जैन जा रहा हूं। साथ ही उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि वे दोपहर तक उज्जैन से लौट कर अपनी बहनों के साथ रक्षाबंधन मनाएंगे। यह त्यौहार माता बहनों का त्यौहार है सभी लोग हर्षोल्लाह के साथ इस त्यौहार को मनाए।
रायपुर । हरियाणा और जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। धारा 377 हटने के बाद पहली बार जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव होने जा रहा है। लिहाजा चुनाव आयोग के लिए सफल चुनाव कराना एक बड़ी चुनौती है। इलेक्शन शेड्यूल जारी करने के बाद अब चुनावी तैयारी को पुख्ता बनाने में चुनाव आयोग जुटा हुआ है। इधर सफल चुनाव कराने को लेकर इलेक्शन कमीशन ने सेंट्रल आब्जर्बर्स की भी नियुक्ति कर ली है।
बीजापुर : 21 अगस्त को भारत बंद बुलाया गया है. इसका समर्थन छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में भी एसटी एससी समाज के लोगों ने किया. अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति आरक्षण में क्रीमीलेयर और कोटा लागू करने के फैसले के खिलाफ के विरोध में भारत बंद को समर्थन देते हुए बीजापुर बंद का आह्वान किया गया है. सुबह 6 बजे से शाम 5 बजे तक पूरा बीजापुर जिला बंद रहेगा. इसके लिए एक समिति गठित की गई. इस समिति का अध्यक्ष शंकर कुडियम को बनाया गया.
21 अगस्त को बंद रहेगा पूरा बीजापुर
स्थानीय गोंडवाना भवन में आयोजित एसटी, एससी समाज की संयुक्त बैठक में बीजापुर में आक्रोश रैली निकालने पर सर्व सहमति बनी. आरक्षण बचाओ एससी एसटी संयुक्त समिति के अध्यक्ष शंकर कुडियम ने बताया “21 अगस्त को बीजापुर जिले के सभी व्यवसायिक संस्थान, परिवहन सेवाएं, स्कूल, कॉलेज बंद रहेंगे. इस दिन बीजापुर शहर में फैसले के विरोध में रैली निकालकर आक्रोश व्यक्त किया जाएगा.”
एसटी एससी समाज की बैठक
संयुक्त बैठक में आक्रोश रैली के लिए समिति गठित की गई. जिसका अध्यक्ष शंकर कुडियम को बनाया गया है. इसके अलावा उपाध्यक्ष सुरेश चंद्राकर, गुज्जा पवार, त्रिपति यालम, लक्ष्मीनारायण पोर्तेक, मनीष सोनवानी, रैमनदास झाड़ी, बीएस मिंज, सचिव कमलेश पैंकरा, सह सचिव कमलदास झाड़ी, कोषाध्यक्ष जगबंधु मांझी, सह कोषाध्यक्ष राकेश परतागिरी, संरक्षक जग्गूराम तेलामी, अशोक तालंडी, भुनेश्वर सिंह कंवर, अजय दुर्गम, बीआर अमान, नरेंद्र बुरका, सकनी चंद्रैया, पांडू राम तेलाम, कल्याण सिंह कुर्रे, मीडिया प्रभारी बसंत मामडीकर, सन्नु हेमला, समैया पागे, राजेश झाड़ी, विधि सलाहकार अधिवक्ता लक्ष्मीनारायण गोटा, अधिवक्ता सल्लूर वेंकटी, अधिवक्ता ज्योति कुमार है.
रायपुर : - रक्षाबंधन के अवसर पर आज कैदियों और बंदियों की बहनों को राखी बांधने का मौका मिलेगा। इसके लिए 5 लेयर का सुरक्षा घेरा बनाया गया है। इसे पार करने के पहले पहचान पत्र और पंजीयन और पहचान पत्र दिखाने पर ही अंदर जाने की अनुमति मिलेगी। इस दौरान कैदियों और बंदियों को राखी बंधवाने और मुलाकात के लिए 10 मिनट का समय दिया जाएगा।नियमों के अनुसार, बहने अपने भाइयों को जेल में सुबह 8 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक राखी पहना सकती है। इस दौरान जेल के भीतर सिर्फ राखी ही ले जाने की अनुमति दी गई है। मिठाई, टीका, पूजन सामग्री नहीं ले जा सकते। त्यौहार को देखते हुए जेल प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी। सुरक्षा को लेकर व्यवस्थाएं भी की जा रही है।
रायपुर : भारतीय जनता पार्टी के विधायक गुरु खुशवंत साहेब ने कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस की बौखलाहट पर तीखा हमला बोलते हुए बलौदाबाजार अग्निकांड मामले को लेकर कांग्रेस पर वातावरण को बिगाड़कर अपनी गंदी राजनीतिक सोच से प्रदेश के समरस सामाजिक सौहार्द्र को क्षति पहुँचाने का आरोप लगाया है। गुरु खुशवंत साह्ब रविवार को भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम में देवेंद्र यादव भी एक प्यादे ही हैं, ऐसा लगता है। कांग्रेस के पूरे ईको सिस्टम की बौखलाहट यही है कि उसका सारा षड्यंत्र पर्दाफाश हो जाएगा। बलौदाबाजार मामले के षड्यंत्र में अपनी भूमिका के जगजाहिर हो जाने के भय से कांग्रेस के लोग बेचैन हो रहे हैं और इसलिए पत्रकार वार्ताएँ करके तथ्य और सत्य से परे बातें करके वह अब प्रदेश की जनता का ध्यान भटकाने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं। विधायक यादव की गिरफ्तारी पर पत्रकार वार्ता करके कांग्रेस यही सवाल खड़ा कर रही है कि विधायक देवेंद्र यादव कहीं-न-कहीं किसी साजिश में संलिप्त तो नहीं हैं?
गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि जहां भी कांग्रेस हारती है, वहाँ अराजकता पैदा करने के बहाने तलाशती रहती है। बलौदाबाजार के घटनाक्रम से यही लगता है कि इस ईको सिस्टम की मंशा बड़े स्तर पर खून-खराबा कराने की थी। शासन की मुस्तैदी के कारण इतनी बड़ी घटना के बावजूद किसी तरह की जनहानि नहीं होना बड़े संतोष की बात है। कांग्रेस को दुःख ही इसी बात का है कि क्यों बड़े स्तर पर जनहानि नहीं हुई?
गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि कांग्रेस अनुसूचित जाति समाज की सबसे बड़ी दुश्मन है। आरक्षण समेत अनेक मामले इस बात के गवाह हैं। भूपेश शासन में इस समाज के युवकों को नग्न प्रदर्शन तक करना पड़ा था, इससे बड़ा सबूत कांग्रेस के अजा विरोधी होने का और क्या होगा?
गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि पुलिस गुण-दोष के आधार पर कारवाई करेगी। दोषी चाहे कितना भी बड़ा व्यक्ति हो, उसे छोड़ा नहीं जायेगा। जिस तरह की संवेदनशीलता, परिपक्वता और धैर्य का परिचय इस समाज के नेताओं ने दिया है, उसकी जितनी तारीफ की जाय, कम है। चाहे जो भी कीमत चुकानी पड़े, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली प्रदेश की भाजपा सरकार कांग्रेस के मंसूबे को ध्वस्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। कांग्रेस या उसके लोगों को किसी भी सूरत में छत्तीसगढ़ के शांत वातावरण को बिगाड़ने नहीं देंगे।
भाजपा विधायक गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि जब-जब अपराधियों की गिरफ्तारी हुई है, कांग्रेस पत्रकार वार्ता लेकर उनकी वकील बनकर अनर्गल प्रलाप करती रही है। इससे पहले जब पिछली भूपेश सरकार में जब तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उप सचिव सौम्या चौरसिया की गिरफ्तारी हुई, समीर विश्नोई की गिरफ्तारी हुई तब भी तत्कालीन मुख्यमंत्री बघेल समेत कांग्रेस के लोगों ने उनका वकील बनकर बयानबाजी की। अनवर ढेबर की गिरफ्तारी हुई तब भी उसके संरक्षण में कांग्रेस खड़ी हुई। इतना ही नहीं, अपराधियों के संरक्षण में रायपुर से लेकर दिल्ली तक कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री बघेल के नेतृत्व में प्रेस कॉन्फ्रेंस की है। आज रविवार को फिर कांग्रेस की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई है।
गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि प्रदेश के कद्दावर कांग्रेस नेता व प्रदेश के पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ल की कही बात अब सच साबित होती दिख रही है, जिसमें शुक्ल ने कहा था कि अब कांग्रेस पर अपराधियों का कब्जा है। जो व्यक्ति आरोपी है, उसके बचाव में कांग्रेस का पत्रकार वार्ता करना निंदनीय है और इससे इस बात की पुष्टि होती है कि कहीं-न-कहीं कोई बड़ी गड़बड़ है और कांग्रेस का छत्तीसगढ़ के सौहार्द्र और शांतिपूर्ण वातावरण को बिगाड़ने में बड़ा हाथ है।
भाजपा विधायक गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि बलौदाबाजार में हुई आगजनी की भीषण वारदात एक सुनियोजित राजनीतिक षड्यंत्र है। षड्यंत्रकारियों का प्रदेश के सामाजिक सौहार्द्र को खत्म कर भाजपा सरकार को बदनाम कर राजनीतिक लाभ लेने का गर्हित उद्देश्य था, लेकिन प्रदेश सरकार की सक्रियता और सूझबूझ से षड्यंत्रकारी अपनी बदनीयती में नाकामयाब रहे।
अब इस मामले की न्यायिक जाँच में सारे तथ्य और सत्य सामने आएंगे, इसलिए कांग्रेस के नेता अपने बेनकाब हो जाने के डर के मारे बिलबिला रहे हैं और अपनी चमड़ी बचाने के लिए अनर्गल प्रलाप कर प्रदेश को गुमराह करने में लगे हैं। इस साजिश में संलिप्तता का खुलासा होने पर राजनीतिक नौटंकियाँ करके दबाव बनाने व प्रदेश को गुमराह करने की कांग्रेसियों की ओछी राजनीति सफल नहीं होगी।प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी,अनुसूचित जाति मोर्चा के महामंत्री दयावंत बांधे, अन्य पदाधिकारी ओमेश जिभेकर,संदीप सांडे,अरुण मिरी,खेमलाल कोसले माजूद रहे।
रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपनी पत्नी कौशल्या देवी साय के साथ सपरिवार आज मुख्यमंत्री निवास पर पवित्र सावन मास के अवसर पर आयोजित शिव रूद्रामहाभिषेक हवन-पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने मंत्रोच्चार और जयकारों के साथ रुद्राभिषेक करते हुए भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया एवं प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।
गरियाबंद :- आज शाम तक़रीबन 5:30 को होटल सिटी जायका में कार्यरत व्यक्ति गंगाराम रोड क्रास कर रहा था उसी वक्त रायपुर और देवभोग रोड से आ रही दो बाइक सवार अचानक उसकी ओर आए और उन्हें बुरी तारीक से रौंदते हुए ज़ख़्मी कर दिया और बाइक को छोड़ भाग गए,वही एक राहगीर ने ज़ख़्मी हालात में गंगाराम को जिला अस्पताल लेकर आया वहाँ डॉ की टीम ने उसे मृत घोषित कर दिया, चश्मदीद के मुताबिक़ गंगाराम दो बाइक टक्कर होने ही वाला था और इनका रोड क्रास करना हुआ वही गंगाराम संभल नहीं पाया, जानकारी के मुताबिक़ गंगाराम रक्षा बंधन में शामिल होने धमतरी जा रहा था डॉ चौहान ने बतलाया गंगाराम बाइक से टक्कर के वजह गंगाराम को हेड इंजुरी हुआ उसके करण उसकी डेथ हो गई
रायपुर : राजधानी के गांधी चौक स्थित महन्त लक्ष्मी नारायण दास महाविद्यालय रायपुर में नव प्रवेशी छात्र-छात्राओं का प्रवेश उत्सव का कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज थे। अध्यक्षता महाविद्यालय संचालन समिति के अध्यक्ष अजय तिवारी ने की। उन्होंने सबसे पहले महन्त लक्ष्मी नारायण दास जी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। अतिथियों का स्वागत शाल, श्रीफल से किया गया।

इस अवसर पर नव प्रवेशी छात्र-छात्राओं को अपना आशीर्वचन प्रदान करते हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजेश्री महन्त जी महाराज ने कहा कि, यदि आप लोग चाहते तो किसी भी महाविद्यालय में प्रवेश ले सकते थे लेकिन आप लोगों ने इस महाविद्यालय को चुना है, इस महाविद्यालय में महन्त लक्ष्मी नारायण दास जी महाराज का आशीर्वाद समाहित है। वे जैतु साव मठ के महन्त जी और राज्यसभा के सदस्य थे।

कार्यक्रम के अध्यक्ष तिवारी जी ने कहा कि -महन्त लक्ष्मी नारायण दास जी न केवल छत्तीसगढ़ में बल्कि संपूर्ण भारतवर्ष में प्रसिद्ध थे। उन्होंने सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक एवं आध्यात्मिक उन्नति के लिए कार्य किया। महाविद्यालय के प्राचार्य देवाशीष मुखर्जी ने भी छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। अतिथियों को प्रतीक चिन्ह भेंट स्वरूप प्रदान किया। इस अवसर पर अनिल तिवारी, मीडिया प्रभारी निर्मल दास वैष्णव, महाविद्यालय के प्राध्यापक गण, छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

रायपुर । CM विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी है।इस अवसर पर उन्होंने सभी नागरिकों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की है। रक्षाबंधन पर्व की पूर्वसंध्या पर जारी अपने बधाई संदेश में साय ने कहा है कि भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का पर्व ’रक्षाबंधन’ हमारी संस्कृति का महत्वपूर्ण त्यौहार है।
दुर्ग। जिले के उतई थाना पुलिस ने 12 अगस्त 2024 को ग्राम चुनकट्टा में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाते हुए हत्या की आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक, मोहन साहू, जो एक खेत की रखवाली करता था, की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। मृतक के साथ लिव-इन रिलेशन में रहने वाली उसकी प्रेमिका द्रोपदी उर्फ रानी ने उसकी हत्या की बात स्वीकार की है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
छत्तीसगढ़ के इस जिले में पड़ोस में तेजी से फैल रहा स्वाइन फ्लू...स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी
बालोद : छत्तीसगढ़ क बालोद के पड़ोसी जिले दुर्ग में स्वाइन फ्लू के लगातार मिल रहे मरीज मिलने के बाद बालोद जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा एहतियात बरतने एडवाइजरी जारी की गई है, जिसमें कहा गया है कि लगातार बढ़ रहे मौसमी बीमारियों स्वाइन फ्लू के संभावना बनी रहती है। ऐसे में लोगों को खासतौर पर बचाव कार्य करना जरूरी है।स्वास्थ्य संस्थाओं को भारत सरकार द्वारा जारी किए गए दिशा निर्देश का पालन करने के लिए निर्देशित किया गया है। बालोद जिले में भी उपरोक्त मौसमी बीमारियों की बचाव, उपचार व रोकथाम व संक्रमण का फैलाव को कम करने के लिए एडवाइजरी जारी की गई है।
रायपुर : छत्तीसगढ़ के वाणिज्यिक कर एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने रविवार को मोबाईल बेस्ड एप्लीकेशन सुगम का लोकार्पण किया। इस एप्लीकेशन में कोई भी व्यक्ति अपनी रजिस्ट्रीकृत दस्तावेज के संपत्ति स्थल पर जाकर स्थल का 03 साईड से फोटो तथा अक्षांश एवं देशांतर भौगोलिक स्थिति को रजिस्ट्री सॉफ्टवेयर में प्रविष्ट कर सकेगा। इससे संपत्ति संबंधी धोखाधड़ी एवं कर अपवंचन को रोकने में सार्थक मदद मिलेगी।
बिलासपुर : छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल बीपी वर्मा ने चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा के निर्देश पर पोर्टफोलियो जजों की नियुक्ति कर दी है। हाई कोर्ट के सभी 17 जजों को प्रदेश के अलग-अलग जिला एवं सत्र न्यायालयों की जिम्मेदारी सौंपी है। न्यायालय ने अपने कामकाज के हिसाब से छत्तीसगढ़ में 16 सिविल जिला के लिए जजों को प्रभार सौंप दिया है। आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
आदेश की कापी सभी जजों को ईमेल के जरिए भेज दी गई है।अपने प्रभार वाले जिला एवं सत्र न्यायालय के अंतर्गत बार एवं बेंच के बीच समन्वय बनाने का काम करेंगे। अधिवक्ताओं को किसी प्रकार की दिक्कत आने पर जजों के साथ बैठकर चर्चा करेंगे और समस्या के समाधान निकालने का काम करेंगे। जिला न्यायालयों में बढ़ती पेंडेंसी को कम करने जरुरी कार्ययोजना बनाया जाएगा।
जशपुर : छत्तीसगढ़ के जशपुर में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से पति-पत्नी सहित तीन लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद से इलाके में मातम पसर गया है। मामला शनिवार का है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी खेत में काम कर रहे थे, इस दौरान आकाशीय बिजली उनके उपर गिर गई। मालूम हो कि पिछले 24 घंटे में 6 लोगों की मौत बिजली गिरने से जिले में हुई है। शुक्रवार को तीन महिलाएं आसमानी कहर की चपेट में आई थी।
जानकारी के मुताबिक, पहली घटना सन्ना थाना क्षेत्र के एकांबा गांव की है। 56 वर्षीय मोहर साय अपनी पत्नी पर्बी बाई 50 वर्ष के साथ शनिवार की शाम खेत गया हुआ था। यहां दोनों काम कर रहे थे। इस दौरान अचानक तेज बारिश होने लगी। गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली खेत में काम कर रहे पति पत्नी पर गिर गई। इस हादसे में मौके पर ही पति की मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से झुलसी महिला को स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां पर डाॅक्टरों ने उपचार के बाद उसे भी मृत घोषित कर दिया।
दूसरी घटना सन्ना थाना क्षेत्र के ग्राम छिछली की है। 45 वर्षीय जगसाय खेत में काम कर रहा था, इसी दौरान उसके उपर बिजली गिर गई। घटना में व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। शनिवार को एक ही छेत्र के तीन लोगों की मौत से परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गांव में मातम पसरा हुआ है।
शुक्रवार को पथलगांव थाना क्षेत्र के चंदागढ़ के भैंसामुड़ा में शुक्रवार की दोपहर खेत में धान की रोपा लगाने के दौरान 9 महिलाएं बिजली की चपेट में आई थी, जिसमें से तीन लोगों की मौत हो गई थी। 6 घायलों को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया था।
रायपुर : राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा आज गुढियारी स्थित मारुती मंगलम भवन में आयोजित विशाल कांवड़ यात्रा कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उनके साथ पूर्व मंत्री एवं सांसद बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व मंत्री एवं विधायक राजेश मूणत और विधायक मोतीलाल साहू भी उपस्थित थे।
राजस्व मंत्री वर्मा ने भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना की। उन्होनें प्रदेश वासियों की मनोकामना पूरी होने और सुख,शांति और समृद्धि की कामना करते हुए सभी को कांवड़ यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
रायपुर। भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने आगामी 24 और 48 घंटो के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। आगामी 24 घंटों के लिए जारी येलो अलर्ट अनुसार प्रदेश के सरगुजा, जशपुर, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, बलरामपुर व कोरबा जिलों में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात व मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना है। आगामी 48 घंटों के लिए जारी येलो अलर्ट अनुसार प्रदेश के सरगुजा, जशपुर, कोरिया, • मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, रायगढ़ व कोरबा जिलों में एक- दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात व मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना है।
छत्तीसगढ़ में अब तक 793.4 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज
राज्य शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा बनाए गए राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष द्वारा संकलित जानकारी के मुताबिक एक जून 2024 से अब तक राज्य में 793.4 मिमी औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। राज्य के विभिन्न जिलों में 01 जून 2024 से आज 18 अगस्त सवेरे तक रिकार्ड की गई वर्षा के अनुसार बीजापुर जिले में सर्वाधिक 1720.6 मिमी और सरगुजा जिले में सबसे कम 436.0 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी है।
राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक जून से अब तक सूरजपुर जिले में 772.5 मिमी, बलरामपुर में 1141.4 मिमी, जशपुर में 625.0 मिमी, कोरिया में 781.6 मिमी, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 795.9 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी।
इसी प्रकार, रायपुर जिले में 677.1 मिमी, बलौदाबाजार में 821.1 मिमी, गरियाबंद में 755.8 मिमी, महासमुंद में 568.7 मिमी, धमतरी में 728.3 मिमी, बिलासपुर में 708.7 मिमी, मुंगेली में 788.3 मिमी, रायगढ़ में 698.4 मिमी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 445.3 मिमी, जांजगीर-चांपा में 780.7 मिमी, सक्ती 656.0 मिमी, कोरबा में 999.4 मिमी, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में 752.8 मिमी, दुर्ग में 509.0 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी। कबीरधाम जिले में 630.1 मिमी, राजनांदगांव में 835.5 मिमी, मोहला-मानपुर-अंबागढ़चौकी में 924.0 मिमी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 586.8 मिमी, बालोद में 856.0 मिमी, बेमेतरा में 459.3 ममी, बस्तर में 872.2 मिमी, कोण्डागांव में 795.2 मिमी, कांकेर में 1036.7 मिमी, नारायणपुर में 923.9 मिमी, दंतेवाड़ा में 1007.1 मिमी और सुकमा जिले में 1092.3 मिमी औसत वर्षा एक जून से अब तक रिकार्ड की गई।
मनेन्द्रगढ़ : जिले से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आ रहा है, यहां दुकान में सामान लेने गयी मानसिक रूप से दिव्यांग युवती के साथ दुकानदार ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है
मस्जिद मोहल्ला निवासी आरोपी दुकानदार अजय केशरवानी ने मानसिक रूप से दिव्यांग युवती को बहला फुसला कर उसकी इज्जत लूट ली, जिसकी शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
रायपुर : राजधानी से हादसे की खबर सामने आ रही है, यहां रिंग रोड नंबर 1 भाटागांव में बिजली ऑफिस के सामने दो ट्रकों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में कंडक्टर के दोनों पैर कट गए है। वहीं चालक को मामूली चोंटे आई है। वहीं दूसरे ट्रक के अन्य लोग सुरक्षित बताए जा रहे है। सुचना पर पहुंची पुलिस ने घायल कंडक्टर और चालक को इलाज के लिए अस्पताल पंहुचा दिया है, वहीं क्षतिग्रस्त ट्रक को क्रेन की मदद से सड़क से हटाया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
रायपुर. कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी के बाद से प्रदेश की सियासत गरमा गई है. इस घटना के बाद विपक्ष ने मुखरता के साथ सियासी हमले तेज कर दिए हैं. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस गिरफ्तारी को कांग्रेस नेताओं को फंसाने की साजिश करार दिया है.
पूर्व सीएम के बयान पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पलटवार करते हुए कहा है कि कहा कि कोई राजनीतिक षड्यंत्र नहीं है. पुलिस द्वारा सोच समझकर कार्रवाई की गई है. विधायक देवेंद्र यादव छोटा-मोटा आदमी नहीं है.
बता दें कि देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी पर पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा है कि कांग्रेस नेताओं को फंसाने की साजिश हो रही है. पुलिस को राजनीतिक दबाव में आकर कार्रवाई नहीं करनी चाहिए. भाजपा से जुड़े एक भी नेता से पूछताछ नहीं हुई है.
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा के पूर्व विधायक सनम जांगड़े से पूछताछ क्यों नहीं हुई है. बघेल ने कहा कि विधायक देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी का कांग्रेस पुरजोर विरोध करती है. इस मामले में विधिक सलाह लेंगे और राजनीतिक कदम भी उठाएंगे.
रायपुर :- सलाखों के पीछे कैद भाइयों की कलाइयां सुनी नहीं होगी। बहने जेल में ही अपने भाइयों को राखी बांध सकती हैं। पिछले साल की तरह इस साल भी सलाखों के पीछे कैद भाई अपने बहनों के साथ धूमधाम से रक्षा बंधन का त्यौहार मना सकेंगे। रायपुर केंद्रीय जेल समेत छत्तीसगढ़ के सभी जेलों में रक्षा बंधन का त्यौहार धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके लिए नियम भी लागू किया गया है। साथ ही सुरक्षा के भी कड़ी इंतजाम किया गया है।दरअसल, रक्षा बंधन के पर्व पर जेलों में भारी भीड़ होने की वजह से नियमों का उल्लंघन होता है। जेल में लगी भीड़ को नियंत्रित करने में जेल प्रशासन के पसीने छूट जाते हैं। ऐसे में नियम भी लागू किया गया है। साथ ही सुरक्षा के भी कड़ी इंतजाम किया गया है। त्यौहार को देखते हुए जेल प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी। सुरक्षा को लेकर व्यवस्थाएं भी की जा रही है।
रायपुरः बलौदाबाजार में हुए हिंसा के मामले को लेकर पुलिस ने भिलाई नदर के विधायक देवेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद से प्रदेश में सियासत गर्म हो गई है। इसी बीच अब कांग्रेस ने 20 अगस्त को विधायक दल की बैठक बुलाई है। विधायक देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी को लेकर चर्चा हो सकती है। गिरफ्तारी को लेकर रणनीति बनाई जा सकती है।
बता दें कि छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार हिंसा मामले में विधायक देवेंद्र यादव को शनिवार रात गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी गिरफ्तारी भिलाई स्थित आवास से हुई है। पुलिस ने उन्हें बलौदाबाजार कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें 3 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। देर रात कांग्रेस विधायक देवेंद्र को पुलिस रायपुर सेंट्रल जेल लेकर पहुंची।
बलौदाबाजार हिंसा मामले में कई नोटिस जारी हुए
गिरफ्तारी के दौरान दीपक बैज, अरुण वोरा समेत युवा कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद थे। वहीं पुलिस अफसरों में बलौदाबाजार ASP अभिषेक सिंह, TI बलौदाबाजार के अलावा दुर्ग ASP अभिषेक झा, ASP सिटी सुखनंदन राठौर भी मौजूद थे। बलौदाबाजार हिंसा मामले में देवेंद्र यादव को लगातार नोटिस जारी किया गया था। चौथी बार नोटिस जारी होने के बाद विधायक ने बयान देने जाने से मना किया। उन्होंने कहा था कि पुलिस को जो भी बयान लेना है, उनके पास आए और लेकर जाए।
रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुढियारी स्थित मारुती मंगल भवन पहुंचे हैं। सीएम के साथ विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह एवं विधायक राजेश मूणत भी साथ में उपस्थित हैं। मारुती मंगल भवन में विशाल कांवड़ यात्रा कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से प्रदेशवासियों की मनोकामना पूरी होने और सुख समृद्धि की कामना की। साथ ही मुख्यमंत्री ने सभी को कांवड़ यात्रा की शुभकामनाएं दी है।






























