हमारे देश में हर महीने की पहली तारीख से कुछ न कुछ बदलाव या नए नियम लागू होते हैं। इसी कड़ी में 1 सितंबर से कुछ ऐसे बदलाव होने जा रहे हैं जो स्मार्टफोन, रिचार्ज और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े हैं। इनमें से कुछ बदलाव आपका खर्च बढ़ाएंगे तो कुछ आपकी साइबर सुरक्षा के लिए किए जा रहे हैं। ऐसे में आपको इन बदलावों की सभी डिटेल्स होना बहुत जरूरी है। इसीलिए सभी मोबाइल यूजर्स को 1 सितंबर से बदलने वाले इन नियमों के बारे में जान लेना चाहिए। तो आइए जानते हैं की 1 सितंबर से टेक जगत में क्या-क्या बदल रहा है:
Disney+ Hotstar देखना होगा महंगा
1 सितंबर से OTT प्लेटफॉर्म डिज्नीप्लस हॉटस्टार का इस्तेमाल करना यूजर्स को महंगा पड़ेगा। जो मिनिमम प्लान पहले यूजर्स के लिए 399 रुपए का था वो अब उसकी जगह 499 रुपए का हो जाएगा। वहीं, दो स्मार्टफोन में इस ऐप को चलाने के लिए यूजर्स को 100 रुपए एक्स्ट्रा खर्च करने होंगे। वहीं आप 1499 रुपए वाले प्लान में 4 अलग-अलग डिवाइस पर ऐप को ऐक्सिस कर पाएंगे।
फेक एंड्रायड ऐप से मिलेगी सुरक्षा
Google की नई पॉलिसी के मुताबिक 1 सितंबर गलत और फर्जी कंटेट को प्रमोट करने वाले ऐप बैन कर दिए जाएंगे। इस बात की जानकारी Google ने अपने ब्लॉग पोस्ट में दी है गूगल ने बताया है कि लंबे वक्त से यूज नहीं किए जाने वाले ऐप्स को ब्लॉक किया जाएगा।
ठगी करने वाले पर्सनल लोन ऐप को बैन किया जाएगा
Google अपने Play Store के लिए 15 सितंबर 2021 से नए नियम लागू कर रहा है। जिसके तहत ऐसे शार्ट पर्सनल लोन ऐप को बैन किया जाएगा, जो लोन के नाम पर ठगी करने के साथ लोन लेने वालों को परेशान करते हैं। दरअसल लोगों ने तकरीबन 100 शार्ट लोन ऐप की शिकायत की है, जिससे लोग काफी परेशान हो चुके हैं। इसके बाद Google ने फैसला किया कि वो ऐसे ऐप्स को नए नियमों के तहत बैन कर देगा। नये नियमों के बाद ऐप डेवलपर्स को शार्ट लोन ऐप को लेकर ज्यादा डॉक्यूमेंट देने होंगे। बता दें कि Xiaomi, Realme जैसी कंपनियां शार्ट पर्सनल लोन ऐप में शामिल हैं।
Google Drive की बढ़ेगी सिक्यूरिटी
गूगल ड्राइव गूगल की काफी इस्तेमाल होने वाली सर्विस है इसी वजह से गूगल इसकी सिक्यूरिटी बढ़ाने के लिए एक खास अपडेट ला रहा है। गूगल 13 सितंबर का नया सिक्योरिटी अपडेट जारी करेगी। इस अपडेट से ड्राइव पहले के मुकाबले ज्यादा सुरक्षित हो जाएगी।
Amazon से शॉपिंग करना पड़ेगा पहले से ज्यादा महंगा
1 सितंबर से Amazon से सामान मंगाना महंगा हो सकता है। अभी ये साफ नहीं है की ऐसा होगा या नहीं। लेकिन कंपनी डीजल और पेट्रोल की कीमत बढ़ने से लॉजिस्टिक कॉस्ट में इजाफा कर सकती है। ऐसे में 500 ग्राम के पैकेज के लिए 58 रुपये देने पड़ सकते हैं।
JioPhone Next की शुरू हो रही हैं 500 रुपये में प्री-बुकिंग
दुनिया के सबसे सस्ते 4G स्मार्टफोन JioPhone Next को खरीदने का है मन तो आप सितंबर से इसकी प्री-बुकिंग कर सकते हैं। JioPhone Next की इसी हफ्ते भारत में प्री-बुकिंग शुरू होने जा रही है। लीक रिपोर्ट्स के मुताबिक JioPhone Next स्मार्टफोन के बेस वेरिएंट की कीमत 5 हजार रुपए से कम होगी। ग्राहक फोन को मात्र 10 फीसदी रकम देकर बुक कर सकेंगे। ऐसे में ग्राहक 500 रुपये से कम रकम अदा करके फोन घर ला सकेंगे। बता दें कि JioPhone Next स्मार्टफोन को 10 सितंबर को लॉन्च किया जाएगा। जबकि फोन की प्री-बुकिंग 1 सितंबर से शुरू हो सकती है।
List of Bank Holiday September 2021: अगस्त महीने की तरह सिंतबर में भी बैंक कर्मियों की कई दिन छुट्टी रहेगी। जिसकी वजह से सितंबर में 12 दिन बैंक बंद रहेंगे। आपको बता दें कि हर महीने बैंक कर्मियों की छुट्टीयां रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया द्वारा जारी किए गए कैलेंडर के हिसाब से तय होती हैं। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया त्योहारों, जयंती जैसी महत्वपूर्ण तिथियों के हिसाब से छुट्टियां तैयार करता है। जिसमें क्षेत्र का भी ध्यान दिया जाता है।
सितंबर के महीने में 6 दिन त्यौहार और 6 दिन साप्ताहिक छुट्टीयां रहेंगी। 5 सितंबर को रविवार की वजह बैंक कर्मियों की छुट्टी रहेगी। वहीं, 8 सितंबर को फिर श्रीमंत शंकरदेव की तिथि की वजह से असम के गुवाहाटी में बैंक बंद रहेंगे। 9 सितंबर को गंगटोक में तीज के वजह से बैंक नहीं खुलेंगे। महीने की आखिरी छुट्टी 26 सितंबर को रहेगी।
हालांकि, इस दौरान ऑनलाइन बैंकिंग के कामकाज प्रभावित नहीं होंगे। मतलब ये कि ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग में कोई दिक्कत नहीं आएगी।
कब-कब बंद रहेंगे बैंक
5 सितंबर - रविवार, साप्ताहिक छुट्टी
8 सितंबर- गुवाहाटी में श्रीमंत शंकर देव की तिथि की वजह से बैंक बंद रहेंगे।
9 सितंबर- गंगटोक में तीज के त्यौहार की छुट्टी रहेगी।
10 सितंबर- गणेश चतुर्थी/चतुर्थी पक्ष/विनायकर चतुर्थी की वजह से अहमदाबाद, बेलापुर, बेंगलुरू, भुवनेश्वर, हैदराबाद, मुंबई, नागपुर, पणजी में बैंक बंद रहेंगे।
11 सितंबर- महीने दूसरे शनिवार की छुट्टी रहेगी।
12 सितंबर- रविवार की छुट्टी रहेगी।
17 सितंबर- कर्मा पूजा की वजह से रांची में बैंक बंद रहेंगे।
19 सितंबर- रविवार की छुट्टी
20 सितंबर- गंगटोक में इंद्रजत्रा की छुट्टी रहेगी।
21 सितंबर- श्री नारायण गुरू समाधि दिवस की वजह से कोच्चि और तिरूअनंनतपुरम में बैंक बंद रहेंगे।
25 सितंबर- शनिवार की छुट्टी।
26 सितंबर रविवार की छुट्टी रहेगी।
Apple अगले कुछ महीनों में नए सीरीज के iPhones को लॉन्च करने वाला है। कंपनी की इस नई सीरीज का नाम iPhone 13 होने की संभावना है, Apple के नए स्मार्टफोन में कई नई सुविधाएँ लाने के लिए तैयार हैं। इस नए 2021 के iPhones से सभी को काफी उम्मीदें हैं, इस बारे में अफवाहें हैं। लेकिन Apple के एनालिस्ट Ming-Chi Kuo के अनुसार, iPhone 13 मॉडल में LEO या लो-अर्थ-ऑर्बिट सैटेलाइट कम्युनिकेशन मोड हो सकता है। यह एक ऐसी टेक्नोलॉजी है जिसकी मदद से अब यूजर्स बिना नेटवर्क के भी कॉल और मेसेज कर सकेंगे।
Low-earth-orbit satellite टेक्नोलॉजी क्या है?
LEO satellite उन satellites पर निर्भर होते हैं जो निचली ऑर्बिट में होते हैं जो इंटरनेट बीम करने के लिए जाने जाते हैं। इन satellite के सबसे प्रसिद्ध उपयोगकर्ताओं में से एक स्टारलिंक है - एलोन मस्क की satellite इंटरनेट सेवा।
iPhone 13 में यह कैसे काम करेगा?
iPhone 13 में LEO satellite संचार मोड काम कर सकता है क्योंकि एनालिस्ट Kuo का कहना है कि वे Qualcomm’s X60 बेसबैंड चिप के साथ आएंगे। यह iPhone 13 उपयोगकर्ताओं को फोन कॉल करने और मेसेज भेजने की अनुमति देगा, भले ही उनके पास कोई 4G या 5G सेलुलर कवरेज न हो। Kuo ने कहा कि यूजर्स को एलईओ कनेक्टिविटी मुहैया कराने के लिए नेटवर्क ऑपरेटरों को ग्लोबलस्टार के साथ काम करना होगा, जो अमेरिका की सैटेलाइट कम्युनिकेशंस कंपनी है। दूसरे शब्दों में, उपयोगकर्ताओं को इस सुविधा का उपयोग करने की क्षमता देने के लिए एक दूरसंचार ऑपरेटर iPhone 13 पर Globalstar की उपग्रह सेवा का उपयोग कर सकता है। एनालिस्ट ने आगे कहा कि ऐप्पल satellite communications technology के बारे में आशावादी है। Cupertino स्थित टेक दिग्गज ने कुछ समय पहले LEO से संबंधित टेक्नोलॉजी की रिसर्च और डेवलपमेंट के लिए एक टीम का गठन किया था।
क्या iPhone इस तकनीक का उपयोग करने वाला पहला डिवाइस होगा?
अभी तक किसी अन्य ब्रांड ने इस तकनीक का इस्तेमाल नहीं किया है। वास्तव में, रिपोर्टों ने सुझाव दिया है कि कई अन्य ब्रांड इस पर काम कर रहे हैं, लेकिन 2022 तक इंतजार करना होगा क्योंकि क्वालकॉम की X65 बेसबैंड चिप तभी लॉन्च होगी। Apple इसका उपयोग करने वाला पहला ब्रांड बन सकता है क्योंकि यह नए क्वालकॉम चिप का उपयोग करने वाला है।
वोडाफोन-आइडिया भले ही यूजर्स के मामले में जियो और एयरटेल से पिछड़ती जा रही हो, लेकिन कंपनी अपने ग्राहकों को एक से एक शानदार प्लान ऑफर कर रही है। वोडाफोन-आइडिया के कुछ प्लान तो ऐसे हैं जो बाकी किसी कंपनी के पास नहीं है। आज हम आपको Vi के ऐसे ही एक प्लान के बारे में बता रहे हैं। 84 दिन का ऐसा प्लान न तो रिलायंस जियो के पास है और न ही एयरटेल के पास। Vi इस कीमत पर सबसे ज्यादा बेनिफिट्स ऑफर कर रही है।
Vodafone Idea का 84 दिन का प्लान
यूं तो वोडाफोन-आइडिया 84 दिन वाले कई प्लान ऑफर करती है, लेकिन हम जिस प्लान की बात कर रहे हैं वह 699 रुपये का है। इसमें हर रोज 4 जीबी डेटा दिया जाता है। यानी 84 दिन में ग्राहकों को कुल 336GB मिल जाता है। इसके अलावा ग्राहकों को अनलिमिटेड वॉइस कॉलिंग और रोज 100 एसएमएस दिए जाते हैं। इतना ही नहीं, ग्राहकों को ZEE5 प्रीमियम का 1 साल का एक्सेस, मुफ्त नाइट डेटा, वीकेंड डेटा रोलओवर और Vi Movies & TV Classic का एक्सेस दिया जाता है।
बाकी कंपनियां क्या ऑफर करती हैं?
इस कीमत पर एयरटेल 698 रुपये और जियो 599 रुपये का प्लान ऑफर करती है। ये दोनों ही प्लान 84 दिन वाले हैं, लेकिन वोडाफोन-आइडिया जितने डेटा ऑफर नहीं करते। एयरटेल प्लान की बात करें तो इसमें 84 दिन के लिए रोज 2 जीबी डेटा मिलता है। यानी ग्राहक कुल 168 जीबी डेटा का इस्तेमाल कर सकते हैं। प्लान में अनलिमिटेड वॉइस कॉलिंग, रोज 100 एसएमएस और Airtel Thanks बेनिफिट्स मिलते हैं।
जियो के 599 रुपये के प्लान की बात करें तो इसमें भी 84 दिन की वैलिडिटी मिलती है। इस प्लान में भी एयरटेल की तरह रोज 2 जीबी डेटा मिलता है। यानी ग्राहक कुल 168 जीबी डेटा का इस्तेमाल कर सकते हैं। प्लान में अनलिमिटेड वॉइस कॉलिंग और रोज 100 एसएमएस भी दिए जाते हैं। इसके अलावा आपको JioTV, JioCinema, JioNews, JioSecurity और JioCloud जैसे ऐप्स का सब्सक्रिप्शन भी मिलता है। इस तरह साफ हो जाता है कि वोडाफोन-आइडिया का 699 रुपये का प्लान विरोधी कंपनियों से ज्यादा बेनिफिट ऑफर कर रहा है।
अगर आप ट्रेन टिकट बुक (Rail Ticket Book) करवा कर इस टेंशन में रहते हैं की आपके कैंसिल करने पर आपका पैसा वापस आएगा या नहीं तो ये खबर आपके लिए है। भारतीय रेलवे की सहयोगी कंपनी आईआरसीटीसी ने ट्रेन यात्रियों के लिए एक खास सर्विस शुरू की है। इसके मुताबिक, अब रेल यात्रियों को ट्रेन टिकट रद्द (Train Ticket Cancel) कराने के बाद रिफंड के लिए दो-तीन दिन इंतजार नहीं करना पड़ेगा। नई व्यतवस्था् के तहत अगर कोई यात्री आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर ट्रेन टिकट कैंसिल कराता है तो रिफंड तत्कााल उसके अकाउंट में पहुंच जाएगा। बता दें कि आईआरसीटीसी के ऐप और वेबसाइट दोनों के जरिये खरीदे गए टिकट को कैंसिल कराने पर यात्रियों को यह सुविधा मिलेगी। आईआरसीटीसी के इस ऐप का नाम आईपे है। IRCTC-ipay पेमेंट गेटवे से टिकट खरीदने के बाद रद्द कराने पर आपको रिफंड के लिए इंतजार नहीं करना होगा। जानिए कैसे आप इस ऐप से टिकट बुक कराने का तरीका:
IRCTC iPay से ट्रेन टिकट बुक करने का तरीका
>> iPay से बुकिंग के लिए सबसे पहले www.irctc.co.in पर लॉगिन करें।
>> अब आप अपने यात्रा से जुड़ी डीटेल जैसे जगह और डेट भरें।
>> इसके बाद, अपने रूट के मुताबिक ट्रेन सेलेक्ट करें।
>> टिकट बुक करते समय पेमेंट मेथर्ड में आपको पहला ऑप्शन 'IRCTC iPay' का मिलेगा।
>> इस ऑप्शन को चुन कर 'पे ऐंड बुक' पर क्लिक करें।
>> अब पेमेंट के लिए क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या UPI डीटेल भरें।
>> इसके बाद आपका टिकट तुरंत बुक हो जाएगा जिसका कन्फर्मेशन आपको SMS और ईमेल से मिल जाएगा। इसके बाद भविष्य में दोबारा टिकट बुक करने पर आपको पेमेंट डीटेल फिर से नहीं भरनी होगी, आप तुरंत पे करके टिकट बुक कर सकेंगे।
मिलेगा इंस्टैंट रिफंड
बता दें कि पहले टिकट कैंसिल होने पर पहले रिफंड मिलने में बहुत ज्यादा समय लगता था। लेकिन अब ये पैसा तुरंत खाते में जाएगा। आईआरसीटीसी के तहत यूजर को अपने UPI बैंक खाते या डेबिट के लिए सिर्फ एक बार ही मेनडेट देना होगा, इसके बाद पेमेंट इंस्ट्रूमेंट आगे के ट्रांजैक्शन के लिए अधिकृत हो जाएगा। ऐसे में टिकट बुक करने में भी समय कम लगेगा।
मैनुअल ट्रांसमिशन की गाड़ियों को ड्राइव करना थोड़ा पेचीदा लगता है। यही वजह है कि लोग अब ऑटोमैटिक गियरबॉक्स वाली कारें पसंद करने लगे हैं। इसे ड्राइव करना बड़ा ही आसान है। साथ ही बंपर-टू-बंपर ट्रैफिक में यह आपके पांव को थकने भी नहीं देतीं। जबकि मैनुअल गियरबॉक्स में आपका पांव दर्द करने लग जाता है। अगर आप एक ऑटोमैटिक गियरबॉक्स वाली गाड़ी खरीदने की सोच रहे हैं तो इसके लिए आपको बजट बहुत बढ़ाने की जरूरत नहीं है। आज हम आपको 5 लाख रुपये से कम में मिलने वाली ऑटोमैटिक गाड़ियों के बारे में बता रहे हैं।
1.Renault KWID
इस लिस्ट में रेनो की पॉप्युलर हैचबैक कार Renault KWID आती है। कार की कीमत 3.31 लाख रुपये से शुरू होती है, हालांकि इसका ऑटोमैटिक वेरिएंट (1.0 RXL AMT) आपको 4.89 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत में मिलेगा। इस वेरिएंट में आपको 1.0 लीटर का का पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 68PS की पावर और 91Nm का पीक टॉर्क देने में सक्षम है। ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ यह इंजन 22.0 kmpl तक का माइलेज देता है। कार के टॉप मॉडल में कीलेस एंट्री, रिवर्स-पार्किंग कैमरा, मैनुअल एसी, ऐप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो के साथ 8-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम जैसे फीचर्स मिलते हैं।
2. Maruti S-Presso
मारुति एस्प्रेसो भी 5 लाख से कम में ऑटोमैटिक गियरबॉक्स ऑफर करती है। आप इसके दो वेरिएंट VXI AT और VXI Opt AT में से चुन सकते हैं, जिनकी कीमत क्रमश: 4.90 लाख रुपये और 4.96 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है। इसका 1.0 लीटर पेट्रोल इंजन 67PS की पावर और 90Nm का पीक टॉर्क देने में सक्षम है। कार 21.7 kmpl तक का माइलेज ऑफर करती है। इसके टॉप मॉडल में डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, Apple CarPlay और Android Auto के साथ 7-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, फ्रंट पावर विंडो और कीलेस एंट्री जैसे फीचर्स हैं।
3. Datsun redi-GO
यह इस लिस्ट की तीसरी कार है। कार का ऑटोमैटिक वेरिएंट (AMT 1.0 T Option) आप 4.98 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की कीमत पर खरीद सकते हैं। इस वेरिएंट में आपको 1.0 लीटर का का पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 69PS की पावर और 91Nm का पीक टॉर्क देने में सक्षम है। ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ यह इंजन 22.0 kmpl तक का माइलेज देता है। इसके टॉप मॉडल में एलईडी DRL, एलईडी फ्रंट फॉग लैंप, डिजिटल टैकोमीटर, डुअल-टोन 14-इंच व्हील कवर, एंड्रॉइड ऑटो और ऐप्पल कारप्ले के साथ 8-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और कीलेस एंट्री जैसे फीचर्स हैं।
मुंबई। आज बुधवार को घरेलू बाजार में सोने और चांदी की वायदा कीमत में गिरावट आई। एमसीएक्स पर सोना वायदा 0.55 फीसदी नीचे 47,360 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। चांदी की बात करें, तो यह 0.7 फीसदी गिरकर 63051 रुपये प्रति किलोग्राम पर रही। पीली धातु पिछले साल के उच्चतम स्तर (56200 रुपये प्रति 10 ग्राम) से अब भी 8840 रुपये नीचे है। पिछले सत्र में सोना सपाट स्तर पर बंद हुआ था और चांदी में करीब एक फीसदी की तेजी आई थी।
वैश्विक बाजारों में, अमेरिकी डॉलर में तेजी के कारण आज सोने की कीमतों में गिरावट आई है। आज हाजिर सोने का दाम 0.4 फीसदी गिरकर 1,796.03 डॉलर प्रति औंस पर रहा। डॉलर इंडेक्स 0.16 फीसदी बढ़कर 93.052 पर कारोबार कर रहा था। चांदी 0.4 फीसदी गिरकर 23.73 डॉलर प्रति औंस हो गई। वहीं प्लैटिनम 0.5 फीसदी गिरकर 1005.97 डॉलर पर रहा।
दुनिया की सबसे बड़ी गोल्ड समर्थित एक्सचेंज ट्रेडेड फंड या गोल्ड ईटीएफ, एसपीडीआर गोल्ड ट्रस्ट की होल्डिंग्स सोमवार के 1,006.66 टन के मुकाबले मंगलवार को 0.2 फीसदी गिरकर 1,004.63 टन हो गई। स्वर्ण ईटीएफ सोने की कीमत पर आधारित होते हैं। पीली धातु के दाम में आए उतार-चढ़ाव पर ही इसका दाम भी घटता-बढ़ता है। मालूम हो कि ईटीएफ का प्रवाह सोने में कमजोर निवेशक रुचि को दर्शाता है। एक मजबूत डॉलर अन्य मुद्राओं के धारकों के लिए सोने को अधिक महंगा बनाता है।
डेल्टा वैरिएंट के मामले फैलने से बढ़ती चिंताओं के बीच व्यापारी और निवेशक सतर्क हैं। असमान वैश्विक आर्थिक सुधार और डॉलर के मुकाबले रुपये में उतार-चढ़ाव से कीमती धातुओं की कीमत प्रभावित होती है। जुलाई में निवेशकों ने गोल्ड ईटीएफ से 61 करोड़ रुपये से अधिक की निकासी की। भारत दुनिया का सबसे बड़ा सोने का आयातक देश है।
जापानी दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी यामहा भारतीय बाजार में अपने व्हीकल पोर्टफोलियो को लगातार अपडेट करने में लगी है। अब कंपनी इंडियन मार्केट में अपनी नई मैक्सी स्कूटर Aerox 155 को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने हाल ही में स्कूटर को लेकर नाम रजिस्टर किया है, जिससे इस स्कूटर के लॉन्च को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
मैक्सी स्कूटर सेग्मेंट में भारतीय बाजार में कुछ ज्यादा विकल्प नहीं है, ऐसे में इस सेग्मेंट के शौकीनों के लिए ये एक अच्छी खबर है। अब यामहा अपने नए Aerox 155 के साथ इस सेग्मेंट में उतरने की तैयारी कर रहा है। ये स्कूटर पहले से ही इंडोनेशिया, थाईलैंड और फिलीपींस जैसे कई दक्षिण पूर्व एशियाई बाजारों में उपलब्ध है। टाइप अप्रूवल सर्टिफिकेट के अनुसार, भारतीय बाजार के लिए Aerox की लंबाई 1980 मिमी, चौड़ाई 700 मिमी और ऊंचाई 1150 मिमी है। व्हीलबेस 1350 मिमी होगी।
बेहद पावरफुल होगी स्कूटर:
यामहा के इस स्कूटर में 155cc की क्षमता का VVA इंजन इस्तेमाल किया गया है, जो कि R15 बाइक में भी देखने को मिला है। ये इंजन
15.36hp की दमदार पावर और 13.9Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। जो कि भारतीय बाजार में उपलब्ध किसी भी स्कूटर के मुकाबले काफी बेहतर है। बाजार में आने के बाद इस स्कूटर का सबसे निकट्तम प्रतिद्वंदी Aprilia SXR 160 होगा, जिसका इंजन महज 10.9PS की पावर और 11.6Nm का टॉर्क जेनरेट करता है।
इतना ही नहीं ये स्कूटर वजन में अप्रिलिया के स्कूटर के मुकाबले तकरीबन 6 किलोग्राम हल्का है। इसका वजन 122 किलोग्राम है। स्पोर्टी लुक और डिज़ाइन वाला ये स्कूटर युवाओं को बेहद पसंद आएगा। इस स्कूटर में 25 किलोग्राम तक का अंडर सीट स्टोरेज (सीट के नीचे दी जाने वाली जगह) मिलेगा। डिजिटल इंस्ट्रूमेंटेशन, कीलेस ऑपरेशन, एलईडी लाइटिंग, चार्जिंग सॉकेट और ब्लूटूथ कनेक्टिविटी के साथ आने वाला ये स्कूटर एडवांस फीचर्स से लैस होगा। इसमें दोनों तरफ 14 इंच का व्हील दिया गया है।
क्या होगी कीमत:
हालांकि लॉन्च से पहले इस स्कूटर की कीमत के बारे में कुछ भी कह पाना थोड़ा मुश्किल है। लेकिन जानकारों का मानना है कि ये स्कूटर R15 V3 के मुकाबले तकरीबन 20,000 रुपये तक सस्ती होगी। जिसके अनुसार इसकी कीमत तकरीबन 1.35 लाख रुपये हो सकती है। इस लिहाज से ये देश में मौजूद सबसे महंगी पेट्रोल इंजन वाली स्कूटर होगी।
नई दिल्ली: रुपये के मूल्य में सुधार आने के बावजूद मंगलवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 170 रुपये की तेजी के साथ 46,544 रुपये प्रति दस ग्राम हो गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। इससे पिछले कारोबारी सत्र में सोना 46,374 रुपये प्रति दस ग्राम पर बंद हुआ था।
इसी तरह चांदी भी 172 रुपये की तेजी के साथ 61,584 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 61,412 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
अंतरबैंक विदेशीमुद्रा विनिमय बाजार में मंगलवार को रुपया नौ पैसे की बढ़त के साथ 74.13 रुपये प्रति डालर पर बंद हुआ। लगातार दूसरे दिन रुपये में मजबूती रही।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना गिरावट के साथ 1,801 डॉलर प्रति औंस पर बोला गया। वहीं चांदी मामूली गिरावट के साथ 23.60 डॉलर प्रति औंस रह गई।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा, ''कॉमेक्स में मंगलवार को सोना 1,801 डॉलर प्रति औंस पर बोला गया जिसकी वजह से सोने में मामूली गिरावट रही।
इंडियन मार्केट में अब माइक्रो-SUV (स्पोर्ट यूटिलिटी व्हीकल) सेग्मेंट में कड़ी प्रतिस्पर्धा शुरू होने जा रही है। आज टाटा मोटर्स ने अपनी माइक्रो एसयूवी Tata Punch से पर्दा उठाया है। वहीं दक्षिण कोरिया की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी हुंडई पहले ही अपनी माइक्रो एसयूवी Casper का टीजर जारी कर सेग्मेंट में एंट्री का ऐलान कर चुकी है।
अब खबर आ रही है कि हुंडई की ये छोटी एसयूवी दो पेट्रोल इंजन के साथ बाजार में उतारी जाएगी। इंटरनेशनल मार्केट में इसका कोडनेम AX1 है। ये माइक्रो एसयूवी साइज में छोटी और कीमत में काफी कम होगी। कंपनी इस माइक्रो-एसयूवी को वैश्विक स्तर पर लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। बताया जा रहा है कि हुंडई आगामी 15 सितंबर से इसका प्रोडक्शन भी शुरू करने की योजना बना रही है।
दरअसल, ये माइक्रो एसयूवी कंपनी के K1 प्लेटफॉर्म पर तैयार की गई है, जिस पर कंपनी की मशहूर हैचबैक कारों सैंट्रो और ग्रांड आई10 नियॉस को तैयार किया गया है। जानकारी के अनुसार इस कार को सबसे पहले कंपनी के घरेलू बाजार दक्षिण कोरिया में लॉन्च किया जाएगा, इसके बाद इसे भारत जैसे अन्य बाजारों में भी बिक्री के लिए पेश किया जाएगा। कुछ दिनों पहले कंपनी ने इस कार का टीजर भी जारी किया था, जिसमें इसका सर्कूलर हेडलैंप और टेललैंप देखने को मिला था।
कैसा होगा इंजन:
इंटरनेट पर लीक हुए डॉक्यूमेंट के अनुसार कंपनी Casper में 1.0 लीटर की क्षमता वाले दो पेट्रोल इंजन का इस्तेमाल करेगी। जिसमें से एक नेचुरल एस्पायर्ड होगा और दूसरा टर्बो इंजन होगा। नेचुरल एस्पायर्ड इंजन 76hp की पावर और 4 स्पीड ऑटोमेटिक गियबॉक्स के साथ आएगा वहीं टर्बो इंजन 100hp की पावर जेनरेट करेगा और इसे भी 4 स्पीड ट्रांसमिशन गियरबॉक्स के साथ पेश किया जाएगा। इसी इंजन का इस्तेमाल हुंडई वेन्यू में भी किया गया है।
हालांकि अभी इस बारे में कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिली है कि इंडियन मार्केट में कंपनी कौन सा इंजन इस्तेमाल करेगी। इस बात की चर्चा हो रही है कि यहां के बाजार में कंपनी i10 वाले 1.2 लीटर नेचुरल एस्पायर्ड इंजन का भी इस्तेमाल कर सकती है। बहरहाल, कंपनी इस कार की कीमत को कम से कम रखने की कोशिश करेगी, क्योंकि इसका सीधा मुकाबला टाटा पंच से होने जा रहा है। जिसके बारे में कहा जा रहा है कि इसे 4.5 लाख से 5 लाख रुपये के बीच लॉन्च किया जा सकता है।
कुछ दिनों पहले एक मीडिया रिपोर्ट में इस कार के साइज को लेकर कुछ खुलासे किए गए थें। उस रिपोर्ट के अनुसार इस एसयूवी की लंबाई 3,595mm, चौड़ाई 1,595mm और उंचाई 1,575mm हो सकती है। हालांकि इसके बारे में अभी आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टी नहीं की गई है। यदि इस साइज पर गौर करें तो ये सैंट्रो हैचबैक के मुकाबले लंबाई में थोड़ी छोटी होगी, जिसकी लंबाई 3,610mm है, लेकिन इस एसयूवी की उंचाई सैंट्रो के मुकाबले ज्यादा होगी। सैंट्रो केवल 1,560mm उंची है।













