रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज दोपहर 3 बजे राजधानी रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषक सभागार में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना के स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह में शामिल होंगे।
00 गांधीवादी तरीके से दिया गया धरना, आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
रायपुर। पूर्ववर्ती सरकार में महासमुन्द व आरंग के भू माफिया हरमीत सिंह खनुजा, रविन्द्र अग्रवाल, जितेन्द्र अग्रवाल द्वारा राजस्व अधिकारियों से साठगांठ कर खादी बुनकर मजदूरों की पंडरी स्थित खादी भंडार की जमीन के राजस्व रिकार्ड में कूटरचना कर 60 साल पूर्व विक्रय की जा चुकी फर्जी रजिस्ट्री से चढ़ाई 1,80,000 वर्गफीट बेशकीमती करोड़ों की जमीन अपने परिवार के 13 सदस्यों के नाम, फिर कूटरचित हकत्याग पत्र तैयार कर उसे पंजीकृत बताकर तहसीलदार अजय चंद्रवंशी से मिलकर 11 लोगों का नाम गैरकानूनी रुप से विलोपित करवा, ग्यारह करोड़ का पार्टनरशीप डीड राज्य सरकार का फर्जी आदेश पत्र बनाकर दशमेश रियल इन्वेस्टर पार्टनर हरमीत सिंग खनुजा उर्फ राजू सरदार एवं अन्य 4 के नाम एक ही दिन में किया ट्रांसफर जबकि पन्द्रह दिवस से पूर्व नामांतरण नहीं हो सकता बुनकर मजदूर व संस्था के पदाधिकारी साल भर पूर्व कूटरचना किए गए राजस्व रिकार्ड को सुधारने लगा रहे राजस्व अधिकारियों के चक्कर, अपनी सम्पत्ति को भू माफिया के चंगुल से छुड़ाने चक्कर लगा कर थके बुनकर मजदूर व समिति के पदाधिकारियों ने गांधी पुतला आजाद चौक में आज धरना दिया।
धरने में प्रतीकात्मक विरोध करने बुनकर मजदूरों ने चरखा चलाकर किया विरोध, समिति के मंत्री अजय तिवारी ने बताया कि स्वतंत्रता संग्राम के युद्ध में स्वदेशी खादी वस्त्रों को बढ़ावा देने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों द्वारा अपने अंशदान से वर्ष 1948 से पंजीकृत खादी बुनकर मजदूरों की संस्था के लिए खादी भंडार खोलने ग्राम पंडरी में 11.73 एकड़ जमीन चार पंजीकृत विक्रय पत्रों द्वारा खरीदी थी वर्ष 1961 में राजस्व अभिलेखों में अपना नाम चढ़ाने के पश्चात् खादी वस्त्रागार व बुनकर मजदूरों के निवास के लिए निर्माण करने तत्कालीन संचालक एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वैंकटेश कोहाड़े द्वारा अनुविभागीय अधिकारी को वर्ष 1963 में आवेदन देकर खसरा नंबर 267, 268, 269, 270, 271, 272, 273, 274, 275, 276, 281, 282, 283, 298, 299/1क, 299/1घ, 299/1छ, 299/1, 300/1 रकबा 10.38 एकड़ डायवर्सन कराया था जिसे अनुविभागीय अधिकारी राजस्व द्वारा 21 अक्टूबर 1963 को मंजुरी दिए जाने के पश्चात् राजस्व विभाग के परिवर्तित संधारण खसरा शीट नंबर 28 के प्लाट नंबर 1,2,3,4,5 एवं 6 देकर दर्ज किया गया था जो कि वर्ष 1964 से लगातार ग्राम सेवा समिति के नाम पर दर्ज चला आ रहा था कि अचानक भू माफिया रविन्द्र अग्रवाल, जितेन्द्र अग्रवाल ने राजस्व अधिकारी तत्कालीन तहसीलदार मनीष देव साहू से साठगांठ कर रविन्द्र अग्रवाल के नाम से अपने स्व. पिता बृजभूषण लाल अग्रवाल की मृत्यु होने और अपने पिता द्वारा लखनलाल, शत्रुहन लाल, रामस्नेही अग्रवाल से 45 खसरा नंबरों की जमीन आठ एकड़ दिनॉक 20.01.1965 को खरीदने से अपने पिता की जगह अपने 13 भाई बहनों का नाम पर फौती दर्ज करवाने आवेदन दिया गया, उनके स्व. पिता बृजभूषण लाल व कथित 60 साल पुराने विक्रय-पत्र के विक्रेता लखनलाल वगैरह का नाम राजस्व अभिलेखों में दर्ज नहीं होने की पटवारी रिपोर्ट आने के बावजूद अभिलिखित विक्रेता अर्थात् लखनलाल वगैरह का नाम विलोपित कर भू माफिया जितेन्द्र अग्रवाल व उसके 12 भाई बहनों के नाम पर मृतक की फौती दर्ज करने का आदेश दिया गया, पटवारी विरेन्द्र झा ने भू माफिया हरमीत सिंह खनुजा से 25 लाख रुपया रिश्वत लेकर खादी भंडार की जमीन शीट नंबर 28 के प्लाट नंबर 1 एवं 2 के बीच कूटरचना कर प्लाट नंबर 1/2 एवं 1/3 बनाकर 1,79,467 वर्गफीट जमीन चढ़ा दिया गया जबकि कानून में बिना बिक्री किए दूसरे की जमीन विभाजित करने का अधिकार राजस्व अधिकारियों को प्राप्त नहीं है भू माफिया की करतूत यहां भी नहीं रुकी फिर रविन्द्र अग्रवाल ने अपने 11 भाई बहनों के नाम पर एक कूटरचित हक त्याग-पत्र बनाया और उसे पंजीकृत होने का आवेदन तत्कालीन तहसीलदार अजय चंद्रवंशी को देकर 11 लोगो का नाम राजस्व अभिलेख से विलोपित करवा भू माफिया हरमीत सिंह खनूजा महासमुन्द एवं अन्य चार के 11 करोड़ के पार्टनर शीप डीड बनाकर पुन: तहसीलदार अजय चंद्रवंशी से बिना आवेदन दिए एक ही दिन में छत्तीसगढ़ शासन राजस्व विभाग के फर्जी आदेश का हवाला देकर राजस्व अभिलेखों में नामांतरण करवा लिया गया, ग्राम सेवा समिति के जनसूचना आवेदन पर छत्तीसगढ़ शासन राजस्व विभाग, जिला एवं उप-पंजीयक मुद्रांक द्वारा लिखकर दिया गया है कि कूटरचित हक त्याग विलेख का पंजीयन नहीं होना तथा राज्य शासन द्वारा पार्टनरशीप डीड के आधार पर नामांतरण का आदेश नहीं होना लिखित जवाब में बताया गया, समिति के पदाधिकारी अध्यक्ष डॉ. सुरेश शुक्ला व मंत्री अजय तिवारी ने बताया कि वर्ष 2008 में ही भू माफिया जितेन्द्र अग्रवाल, आरंग ने समिति की 1.5 एकड़ जमीन का फर्जी नामांतरण तहसीलदार रामटेके व पटवारी मिथलेश पांडे से करवा लिया गया था जिसकी शिकायत समिति द्वारा तत्कालीन कलेक्टर विकास शील से की गई थी जिस पर तत्काल कार्यवाही करते हुए कलेक्टर श्री शील द्वारा जॉच करवा तहसीलदार व पटवारी को निलंबित कर भू माफिया जितेन्द्र अग्रवाल सहित तहसीलदार व पटवारी को जेलयात्रा भी करवा दी थी वर्ष 2010 में भी तत्कालीन कलेक्टर श्री संजय गर्ग ने भी भू माफिया के खिलाफ कड़ी कार्यवाही कर समिति की जमीन भू माफिया के चंगुल से छुड़वाई थी छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट (माननीय न्यायाधीश टीपी शर्मा) ने 03.08.2011 को लिखे अपने फैसले में ग्राम सेवा समिति को ही जमीन का असली हकदार व कलेक्टर विकास शील व संजय गर्ग के आदेश को सही माना है। भू माफियाओं ने शासन को करोड़ो रुपयों के परिवर्तित राजस्व का भी नुकसान किया गया है। भू माफिया हरमीत सिंह खनुजा उर्फ राजू सरदार रायपुर में दो दर्जन जमीन हड़पने के मामले में लिप्त है जिसमें भाजपा के जिला पदाधिकारी की सड्डू की भूमि, महासमुन्द के बाफना परिवार की भूमि, के साथ जोरा, धरमपुरा में 40-40 साल पहले जमीन खरीद कर निर्माण करने वाले परिवारों को परेशान कर करोड़ो रुपयों की वसुली व जमीनों में कब्जा कर परेशान किया जा रहा है। समिति के पदाधिकारी व सदस्यों ने भू माफियाओं के बढ़ते हौसले व संस्थाओं की जमीनों पर राजस्व अधिकारियों द्वारा की गई कूटरचना के दोषी अधिकारियों को तत्काल निलंबित करने तथा कूटरचित राजस्व अभिलेखों को पूर्ववत् करने सहित अपराधिक प्रकरण दर्ज कर जेल भेजने की मांग की गई है।
दंतेवाड़ा। जिले में चल रहे लोन वर्राटू (घर वापस आइए) अभियान के तहत माओवादी दम्पति सहित चार ईनामी माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है। यह आत्मसमर्पण अभियान राज्य सरकार द्वारा माओवादी गतिविधियों को समाप्त करने और माओवादी समर्थकों को मुख्यधारा में लाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
जगदलपुर : छत्तीसगढ़ में जगदलपुर बस्तर के दरभा इलाके में गोपनीय सैनिक की हत्या में शामिल जनमिलीशिया डिप्टी कमांडर सुखराम मड़कामी को आखिरकार बस्तर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आपको बता दें की दरभा के पखनार साप्ताहिक बाजार में गोपनीय सैनिक बुधराम कवासी की नक्सलियों ने टांगिया मारकर भरे बाजार में हत्या कर दी थी, यह घटना वर्ष 2021 के जून महीने हुई थी इस मामले पहले ही पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था लेकिन मुख्य आरोपी सुखराम फरार चल रहा था, पुलिस नक्सली सुखराम मड़कामी को तोयनार मूंदेनार तिराहा से गिरफ्तार किया, यह नक्सली नड़ेनार कटेकल्याण क्षेत्र में नक्सली घटनाओं को अंजाम दे चुका है।
मनेन्द्रगढ़ : मनेंद्रगढ़ में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के जनंसपर्क निधि से दुर्गा पूजा समितियों को 20-20 हजार रुपये दिया है। स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने अपने विधानसभा क्षेत्र में दुर्गा पूजा समितियों को चंदे के एवज में जनसंपर्क निधि की राशि बांट दी है।
मनेन्द्रगढ़ विधानसभा से विधायक प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने मनेन्द्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के चिरमिरी नगर पालिक निगम क्षेत्र की दुर्गा पूजा समितियों के अध्यक्ष के नाम आर्थिक सहायता का जिक्र करते हुए 20, 20 हजार रुपये की राशि बांटकर कुल 8 लाख रुपये बांट दिए है।
रायपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार रात रायपुर स्थित निवास कार्यालय में सुप्रसिद्ध साहित्यकार, गीतकार रामेश्वर दास वैष्णव द्वारा रचित पुस्तक ’मोदी है तो सम्भव है’ का विमोचन किया। विमोचन करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पुस्तक के लेखक रामेश्वर दास वैष्णव को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में प्रत्येक क्षेत्र में ऐतिहासिक काम हुए हैं। साथ ही देश के प्रत्येक वर्ग का सर्वांगीण विकास हुआ है। ऐसे में उन्होंने साहित्यिक रचना हेतु पुस्तक के लेखक को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस किताब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों को अलग अंदाज में मुक्तकों के द्वारा प्रस्तुत किया गया है। पुस्तक विमोचन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री के प्रेस ऑफिसर आलोक सिंह, सुप्रसिद्ध रंगकर्मी अनिल शर्मा, लेखक विजय मिश्रा ’अमित’, सतीश शर्मा, पत्रकार योगेश मिश्रा, प्रमोद मिश्रा, हेमंत शर्मा उपस्थित रहे।
रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर देने के लिए व्यक्तिगत रूचि लेकर विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती को मंजूरी दे रहे हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री साय द्वारा स्वास्थ्य विभाग और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के बाद पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में रिक्त पदों की भर्ती के प्रस्ताव को हरी झण्डी दी गई है। इसके तहत राष्ट्रीय आजीविका मिशन में 237 पदों पर नई भर्ती की जाएगी।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन में भर्ती के प्रस्ताव को वित्त विभाग ने मंजूरी प्रदान कर दी है। जिसमें राज्य स्तर के कुल 09 और जिला स्तरीय 228 पद शामिल हैं। राज्य स्तरीय पदों में सहायक राज्य कार्यक्रम प्रबंधक (वित्तीय प्रबंधन), सहायक राज्य कार्यक्रम प्रबंधक (फार्म आजीविका), प्रोग्रामर व लेखापाल के एक-एक पद एवं भृत्य के दो पदों पर भर्ती की स्वीकृति दी गई है।
जिला मिशन प्रबंधन इकाई के 228 पदों में जिला मिशन प्रबंधक के 02, जिला कार्यक्रम प्रबंधक के विभिन्न 21, विकास खण्ड परियोजना प्रबंधक के 23 पद शामिल हैं। इसके अतिरिक्त क्षेत्रीय समन्वयक के 98, लेखापाल के 10 एवं लेखा सह एमआईएस सहायक के 49, कार्यालय सहायक, ऑपरेटर के 17 और भृत्य के 8 पदों पर भर्ती की स्वीकृति दी गई है। इन पदों पर भर्ती होने से मिशन की योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकेगा, जिससे ग्रामीण समुदायों को सीधा लाभ मिलेगा।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री साय द्वारा हाल में ही पीएचई में इंजीनियर्स सहित 181 पदों और स्वास्थ्य विभाग में 650 पदों पर भर्ती को मंजूरी दी गई है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ शारीरिक शिक्षा व्यायाम प्रशिक्षित संघ और बीएड, डीएड संघ के आव्हान पर प्रदेश भर के बीएड, डीएड, बीपीएड, डीपीएड, बीपीई, एमपीएड प्रशिक्षित अपनी मांग को लेकर 21 सितंबर को नया रायपुर तुता में धरना प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ शारीरिक शिक्षा व्यायाम प्रशिक्षित संघ के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत सार्वा ने कहा है कि 2023 के शिक्षक भर्ती में व्यायाम शिक्षक के एक भी पद नहीं दिया गया । पूर्व सीएम द्वारा व्यायाम शिक्षक के 1440 पदों पर भर्ती का वादा भी किया गया जो अभी तक पूर्ण नहीं हुआ । अभी 33000 शिक्षक भर्ती प्रस्तावित है जिसमें हम 1440 व्यायाम शिक्षक के भर्ती की मांग करते है। विधानसभा चुनाव के पूर्व सम्मानीय डॉ. रमन सिंह के द्वारा सरकार आने पर व्यायाम शिक्षक की बड़ी संख्या में भर्ती का आश्वासन दिया गया था पूर्व शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल जी के द्वारा भी आश्वासन दिया गया था।
प्रदेश के स्कूलों में व्यायाम शिक्षक पदों पर भर्ती की मांग को लेकर पूरे छत्तीसगढ़ से बीपीएड, डीपीएड, बीपीई, एमपीएड प्रशिक्षित युवा 21 सितंबर को धरना प्रदर्शन किया। प्रदेशव्यापी प्रदर्शन में बड़ी संख्या में बीएड, डीएड, बीपीएड, डीपीएड, बीपीई, एमपीएड प्रशिक्षित विभिन्न जिलों से तुता नया रायपुर धरना स्थल में जुटे।
बीजापुर : माओवादियों के पार्टी विलय दिवस के पहले दिन हिंसा छोड़कर 08 सक्रिय माओवादियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया हैं। जिसमे 08 लाख रूपये के ईनामी PPCM प्लाटून नम्बर 12 का कमाण्डर, 02 लाख की ईनामी प्लाटून नम्बर 02 की पार्टी सदस्या, 01 लाख के ईनामी जनताना सरकार अध्यक्ष कुल 11लाख के 03 ईनामी शामिल हैं। माओवादियों की भेदभाव पूर्ण नीति, उपेक्षा, माओवादियों के जीवन शैली व विचारधारा से क्षुब्ध होकर एवं छ0ग0 शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति तथा छ0ग0 शासन द्वारा चलाये जा रहे “नियद नेल्ला नार” योजना से प्रभावित होकर आत्मसमर्पण किया हैं। वर्ष 2024 में अब तक 178 माओवादियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया। वही विभिन्न माओवादी घटनाओं में शामिल 378 माओवादियों को गिरफ्तार किया गया।
रायपुर। आयकर विभाग ने सौम्या चौरसिया की मां शांतिदेवी चौरसिया के नाम की संपत्ति अटैच कर दी है। इधर कोयला घोटाला के मामले की आरोपी सौम्या चौरसिया की जमानत याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई सोमवार तक टल गई है। जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस भुईयां इस मामले की सुनवाई करेंगे।
इन संपत्तियों को किया गया अटैच
आयकर विभाग द्वारा अटैच की गई संपत्ति में राजधानी रायपुर में 26 हजार स्क्वायर फीट प्लाट, आरंग के रसनी गांव में 6 एकड़ जमीन, आरंग में ही 3.8 एकड़ जमीन और मंदिर हसौद में करीब साढ़े 3 एकड़ जमीन शामिल है। इनमें से तीन संपत्ति शांतिदेवी के नाम और एक संपत्ति भीखम चंद्र चांडक के नाम पर बताई जा रही है।
सौम्या की 50 से ज्यादा प्रॉपर्टी अटैच
गौरतलब है कि एक हफ्ते पहले ही ईडी ने जेल में बंद सौम्या चौरसिया की 50 से ज्यादा प्रॉपर्टी अटैच करने की कार्रवाई की। इसके लिए उनके घर पर ईडी की टीम ने नोटिस का बोर्ड भी लगाया है। बताया जा रहा है जिन संपत्तियों को अटैच किया गया है, उसमें सौम्या चौरसिया का भिलाई स्थित मकान भी शामिल है। ईडी की टीम ने उन संपत्तियों को अटैच किया है, जो बेनामी तरीके से बनाई गई हैं। अटैच की गई संपत्ति में रियल एस्टेट प्रॉपर्टीज, बैंकों में जमा राशि को भी शामिल किया गया है।
रायपुर। नगरीय प्रशासन विभाग ने घरघोड़ा नगर पंचायत के सहायक राजस्व निरीक्षक शंभुदयाल पटनायक को निलंबित कर दिया है। पटनायक पर काम में लापरवाही बरतने के साथ ही व्यवहार कुशल नहीं होने के आरोप में सस्पेंड किया गया है।
कर्तव्य के निर्वहन में घोर लापरवाही
निलंबन आदेश के अनुसार शंभुदयाल पटनायक, सहायक राजस्व निरीक्षक, नगर पंचायत घरघोड़ा द्वारा परिषद की बैठक 11.03.2024 के कार्यवाही विवरण दर्ज करते समय कार्यवाही पंजी में काफी मात्रा में रिक्त स्थान छोड़ने, विधि विरूद्ध अवकाश लेने, आचरण एवं व्यवहार कुशल नहीं होने से हो रही बार-बार शिकायत को देखते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
निलंबन अवधि में पटनायक का मुख्यालय संयुक्त संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास, क्षेत्रीय कार्यालय बिलासपुर नियत किया गया है।
रायपुर :- प्रमिला गोकुलदास डागा कन्या महाविद्यालय, कचहरी चौक रायपुर में आज दिनांक 21 सितंबर 2024 दिन शनिवार को महाविद्यालय प्रांगण में फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन नव प्रवेशित छात्राओं के लिए किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ी फिल्म के अभिनेता, निर्माता, निर्देशक प्रकाश अवस्थी जी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती की मूर्ति पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
रायपुर। रायपुर में चाकूबाजी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा घटना फोकटपारा इलाके की है, जहां मामूली विवाद के चलते तीन युवकों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर उसकी जान ले ली। मृतक की पहचान कौशल चौहान के रूप में हुई है। घटना गुरुवार रात की है, जब मुख्य आरोपी कमल निषाद ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर कौशल पर कई बार चाकू से वार किए। गंभीर रूप से घायल कौशल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विवाद की वजह:
जानकारी के अनुसार, आरोपी कमल निषाद मोहल्ले में बाहरी लड़कियों को बुलाकर नशा करता था। मृतक कौशल चौहान ने कमल को ऐसा करने से मना किया था, जिससे कमल नाराज हो गया। गुरुवार रात करीब 9 बजे, कमल ने अपने दो दोस्तों, सोनू यादव और राहुल यादव, के साथ मिलकर कौशल पर हमला किया। बातचीत के बहाने उसे अपने पास बुलाया और कुछ दूरी पर ले जाकर चाकू से कई वार किए।
घटना के बाद:
चाकू लगते ही कौशल जान बचाने के लिए भागा, लेकिन आरोपियों ने उसे दौड़ाकर फिर से चाकू मारे, जिससे वह खून से लथपथ होकर गिर गया। आसपास के लोग जब तक वहां पहुंचे, कौशल गंभीर रूप से घायल हो चुका था। उसे मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस कार्रवाई:
घटना की सूचना मिलते ही देवेंद्र नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी कमल निषाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जांच में पता चला है कि कमल निषाद सोशल मीडिया पर खुद को "रायपुर क्राइम किंग" कहकर प्रचारित करता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लोहारीडीह गांव की घटनाओं को लेकर शनिवार को गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि गांव में तीन हत्याओं की घटनाएं, आपसी रंजिश और पुलिस मारपीट के दौरान प्रशांत साहू की हत्या ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। बघेल ने आरोप लगाया कि जेल में बंद लोगों के साथ अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है, जिससे उनकी स्थिति बेहद दयनीय हो गई है। कई कैदी चलने-फिरने में असमर्थ हैं, और गंभीर चोटों से पीड़ित हैं।
बघेल ने प्रेस से बात करते हुए कहा, "जो लोग जेल में बंद हैं, उन्हें अस्पताल में भर्ती कर उनके पूरे शरीर की जांच कराई जानी चाहिए। बाहरी चोटें स्पष्ट हैं, लेकिन आंतरिक चोटें भी हो सकती हैं, क्योंकि कैदियों को बुरी तरह से मारा गया है। लोहारीडीह के सभी कैदियों का सही तरीके से इलाज होना चाहिए।"
इसके साथ ही, भूपेश बघेल ने न्यायिक जांच की मांग की है, ताकि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो सके। उनका कहना है कि एसडीएम या अन्य स्थानीय अधिकारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ जांच नहीं कर सकते, इसलिए न्यायिक जांच आवश्यक है।
उन्होंने मृतक प्रशांत साहू और कचरू साहू के परिवारों की दुर्दशा पर भी चिंता जताई। प्रशांत साहू की पत्नी पहले ही गुजर चुकी है और उनका आठ साल का बेटा अब अनाथ हो गया है। वहीं, कचरू साहू की पत्नी और पांच बच्चे, जिनमें कुछ नाबालिग हैं, बहुत ही कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं। बघेल ने पीड़ित परिवारों को 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है, जैसा कि भाजपा सरकार ने पूर्व में इसी तरह की मांगों पर जोर दिया था।
उन्होंने यह भी कहा कि कई निर्दोष लोग, जिन्हें इस मामले में गलत तरीके से गिरफ्तार किया गया है, उन्हें तुरंत रिहा किया जाना चाहिए। पुलिस प्रशासन ने खुद स्वीकार किया है कि कुछ गिरफ्तारियां गलत हुई हैं, इसलिए दोषियों पर कार्यवाही होनी चाहिए।
बघेल ने सरकार से इस मामले में त्वरित और उचित कदम उठाने की मांग की है।
धमतरी : सीआरपीएफ के जवान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है, पुलवामा में पदस्थ सुरेश सोनवानी करीब एक माह की छुट्टी लेकर अपने गृह ग्राम ढेमार आया हुआ था, इसी दौरान उसने अपने घर के अंदर रूम में फांसी लगाकर ख़ुदकुशी कर ली है। मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार जवान और उनके पत्नी के बीच विवाद होने के बाद पत्नी छोड़ कर चली गई थी, जिसका गम जवान को बना रहता था, इस बीच जवान ने घर पर ही ख़ुदकुशी कर ली। जवान ने जब रूम में फांसी लगाया, तब घर पर कोई नहीं था। उनकी मां सामाजिक कार्य से बाहर गई हुई थी, जब वह घर वापस आई तो रूम में आवाज लगाई, कोई प्रतिक्रिया नहीं आने पर दरवाजे को खोला गया। तब देखा उनका बेटा सुरेश सोनवानी फांसी पर लटका हुआ है, मां की चीख पुकार सुनकर आस पास लोग पहुंचे और पुलिस को मामले की सुचना दी, सुचना पर पहुंची पुलिस पंचनामा कार्यवाही कर आगे की कार्यवाही में जुट गई है। बहरहाल जवान आखिर किसलिए ख़ुदकुशी किया है, यह कारण अज्ञात बनी हुई है। पुलिस की जांच के बाद ही पता लग पाएगा की आखिर जवान ने ख़ुदकुशी क्यों की।
अधिकारियों ने बताया कि जानकारी मिली है कि घरेलू विवाद के बाद सिपाही की पत्नी सात वर्षीय बेटे को लेकर मायके चली गई थी। प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि सोनवानी इस बात से परेशान थे। “सोनवानी की पत्नी पिछले तीन साल से अपने मायके में रह रही थी। छुट्टी पर सोनवानी के घर आने के बाद वह वापस लौट आई थी। कुछ दिन पहले दंपति के बीच फिर से किसी मुद्दे पर झगड़ा हुआ था।” अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
बता दें कि प्रदेश में लगातार जवानों के सुसाइड करने का सिलसिला थम नहीं रहा है। यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी राज्य में कई ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कई जवानों ने खुद के सर्विस राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली है।
मुख्यमंत्री भारतीय उद्योग परिसंघ द्वारा आयोजित युवा उत्सव 3.0 में हुए शामिल
रायपुर :- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज भारतीय उद्योग परिसंघ द्वारा राजधानी रायपुर के दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित युवा उत्सव 3.0 को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत का नारा दिया है और वे हमेशा कहते हैं कि युवाओं को जॉब गिवर बनना चाहिए ना की जॉब सीकर। निश्चित रूप से विकसित भारत बनाने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी युवाओं पर है और इस लक्ष्य को पाने में छत्तीसगढ़ की युवाशक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है ।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह खुशी की बात है कि आपने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत की संकल्पना को अपने आयोजन की थीम बनाया है। युवा उत्सव के दौरान अलग-अलग विषयों को लेकर पैनल डिस्कशन होंगे, जिसमें युवाओं के लिए उद्यम में अवसर पर बात होगी। सीआईआई और यंग इंडियन्स की इस पहल से वर्तमान और भावी पीढ़ी को सफल उद्यमी बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उद्योग जगत नए जमाने की प्रौद्योगिकी और रोजगार जरूरतों के मुताबिक स्किल डेवलपमेंट करने और शिक्षा देने की बात पर जोर दे रहा है। इसी कड़ी में हम प्रदेश के आदिवासीबहुल क्षेत्र के युवाओं को अब रोबोटिक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे तकनीकी विषय पढ़ा रहे हैं। प्रदेश के स्कूलों में स्किल डेवलपमेंट का कोर्स शामिल करने से पढ़ाई के साथ ही बच्चे हुनरमंद भी हो रहे हैं।
साय ने कहा कि हमारे साथ उद्योग जगत के लोग बैठे हैं। आप सभी जानते है कि प्रदेश में प्रशिक्षित कुशल इंजीनियरों की बहुत अधिक मांग है। इस मांग को पूरी करने हम छत्तीसगढ़ में नए प्रौद्योगिकी संस्थान आरंभ करने जा रहे हैं। इस बजट में हमने आईआईटी की तर्ज पर पांच सीआईटी आरंभ करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के मौके पैदा कर रही है। जल्द ही स्वास्थ्य विभाग में 650 पदों पर मेडिकल स्टाफ की नियुक्ति की जाएगी। एक हफ्ते पहले हमने पुलिस में विभिन्न पदों में भर्तियों के लिए स्वीकृति दी है। नालंदा की तर्ज पर हम सभी नगरीय निकायों में हाईटेक लाइब्रेरी बनवा रहे हैं। नवा रायपुर को हम आईटी हब के रूप में विकसित कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमने सिंगल विण्डो सिस्टम 2.0 लागू किया है और नई उद्योग नीति भी ला रहे है। छत्तीसगढ़ उद्यम क्रांति योजना के माध्यम से हम युवा उद्यमियों को बढ़ावा देंगे। इसके लिए प्रदेश के युवाओं को 50 प्रतिशत सब्सिडी के साथ ब्याजमुक्त ऋण प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारा प्रदेश मूलतः कृषि आधारित होने से खाद्य प्रसंस्करण उद्योग क्षेत्र में विकास की बड़ी संभावनाएं है। छत्तीसगढ़ फूड प्रोसेसिंग का वैश्विक केंद्र बनेगा। हवाई कार्गाे सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी ताकि इन उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ा जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सरगुजा और बस्तर को विकास की मुख्यधारा में शामिल कर अर्थव्यवस्था को विस्तार दे रहे हैं। इन दोनों ही संभागों में आप लोगों के लिए बड़ी संभावनाएं हैं। दोनों ही जगहों में जैविक उत्पाद और लघु वनोपज को लेकर भी बड़ा काम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत की संकल्पना के अनुरूप विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए हम प्रदेश में कार्य कर रहे हैं। हमने अपना बजट वर्ष 2047 के विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्यों को देखते हुए तैयार किया है। साय ने कहा कि मुझे उम्मीद है हमारे छत्तीसगढ़ प्रदेश सहित देशभर का युवा राष्ट्र की मज़बूती में अपना योगदान देने में पीछे नहीं रहेगा। इस अवसर पर संजय जैन, श्रीमती अनुजा भंडारी, गौरव अग्रवाल, श्रीमती श्वेता सहित सीआईआई छत्तीसगढ़ के पदाधिकारी उपस्थित थे।
रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय के तृतीय दीक्षांत समारोह में शामिल हुए राज्यपाल
रायपुर । नवाचार, अनुसंधान और विकास के माध्यम में ही हम समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं और गरीबी, बीमारी, बेरोजगारी सहित कई समस्याओं का समाधान कर सकते हैं। ये उद्गार शनिवार को राज्यपाल रमेन डेका ने रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में व्यक्त किए।
राज्यपाल डेका रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में शामिल हुए। इस कार्यक्रम में 1440 विद्यार्थियों को डिग्री, डिप्लोमा तथा विभिन्न संकायों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 20 से अधिक विद्यार्थियों को चान्सलर स्वर्ण पदक प्रदान किया गया साथ ही प्रसिद्ध लोकगायक प्रहलाद सिंह तिपानिया और प्रसिद्ध हास्य कवि सुरेन्द्र दुबे को डी.लिट. की मानद उपाधि प्रदान की गई।
राज्यपाल ने दीक्षांत समारोह के अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि आज का दिन विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण है। पालक, शिक्षकों, संस्था और स्वयं की मेहनत से वे आज इस मुकाम पर पहुंचे है। आज हमारी अर्थव्यवस्था को 5 ट्रिलियन तक ले जाने में हमारे युवा भी सहभागी है। डेका ने कहा कि समय बहुत महत्वपूर्ण है इसका सदुपयोग करें और आनंद लें। सपने देखे और उसे साकार करने के लिए मेहनत भी करें।
राज्यपाल ने कहा कि आज भारत दुनिया में सबसे तेजी में बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है और भारत की छवि में उल्लेखनीय बदलाव आया है। यह धारणा परिवर्तन ऐसे समय में हो रहा है जब भारत दुनिया में सबसे युवा राष्ट्र के रूप में उभरा है। इस देश के युवा होने के नाते आप हमारी अर्थव्यवस्था और विकास के चालक बनने जा रहे हैं।
उन्होंने कहा के नवाचार के क्षेत्र में भारत का योगदान उल्लेखनीय रहा है। भारतीय गणितज्ञ भास्कराचार्य को मध्यकालीन भारत का सबसे महान गणितज्ञ माना जाता है। उन्होंने ही सबसे पहले पृथ्वी द्वारा सूर्य की परिक्रमा करने में लगने वाले समय की सही गणना की थी। भारतीयों ने दुनिया को शून्य की अवधारणा दी। हमने दुनिया को योग दिया, हमने दुनिया को आयुर्वेद दिया। महानतम वैज्ञानिकों में से एक, दार्शनिक और गणितज्ञ अल्वर्ट आइंस्टीन ने कहा था, ‘‘हम भारतीयों के बहुत आभारी हैं जिन्होंने हमें गिनती करना सिखाया, जिसके बिना कोई भी सार्थक वैज्ञानिक खोज नहीं की जा सकती थी‘‘।
राज्यपाल ने कहा कि आज वैश्विकरण के इस दौर में युवाओं को स्टार्ट-अप के बारे में सोचना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे उद्यमी बने और रोजगार सृजन करें। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि अपने चरित्र, नवाचार और समाज के प्रति सेवाभाव के माध्यम से इस देश के अतीत के गौरव को पुनर्जीवित करें और समाज तथा मानवता के लाभ के लिए अपने ज्ञान का पूर्ण उपयोग करने का संकल्प लें।
समारोह के प्रारंभ में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर एस. के सिंह नेे स्वागत उद्बोधन दिया और विश्वविद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कुलाधिपति रविशंकर जी महराज और टी.आइ.एस.एस मुबंई के कुलाधिपति प्रोफेसर डी.पी. सिंह ने भी अपना उद्बोधन दिया। प्रति कुलाधिपति हर्ष गौतम ने विद्यार्थियों को शपथ दिलाई।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय स्वशासी निकाय के सदस्य, प्रबंध मंडल के सदस्य, विभागाध्यक्ष, संकाय अध्यक्ष, शिक्षक, पालक और उपाधि प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
रायपुर : छत्तीसगढ़ में बड़ी संख्या में डिप्टी कलेक्टरों की नियुक्ति हुई है। जारी आदेश में 13 अधिकारियों के नाम शामिल है।
देखें पूरी लिस्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ से जाते-जाते फिर से एक बार बरसेगा मानसून है। दरअसल मानसून का अंतिम सप्ताह में भी अच्छी वर्षा के आसार दिखाई दे रहे हैं। शनिवार से मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ वज्रपात और हल्की से मध्यम वर्षा की गतिविधियों में वृद्धि होने की संभावना है। यह मानसून खासकर किसानों और दैनिक जीवन पर इसका असर पड़ता है। छत्तीसगढ़ में मानसून का ये अंतिम झटका लोगों के लिए राहत का कारण हो सकता है, विशेषकर उन क्षेत्रों में जहां सूखे की स्थिति बनी हुई थी।
23 सितंबर से छत्तीसगढ़ में वर्षा की तीव्रता में वृद्धि होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
राजस्थान के कुछ भाग से दक्षिण पश्चिम मानसून के बिदाई के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनने की संभावना भी बन रही है। रायपुर में 21 सितंबर को आकाश आंशिक मेघमय रहने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 34 डिग्री और 26 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
द्रोणिका और चक्रवात के असर से होगी वर्षा
मानसून द्रोणिका माध्य समुद्र तल पर बीकानेर, शिवपुरी, सीधी, जमशेदपुर, दीघा और उसके बाद दक्षिण-पूर्व की ओर पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक स्थित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण पश्चिम-मध्य बंगाल के खाड़ी और उससे लगे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर 3.1 किलोमीटर से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।
दूसरा ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण उत्तर अंडमान सागर और उसके आसपास 21 सितंबर को बनने की संभावना है। इसके उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ने के बाद, इसके प्रभाव से एक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर 23 सितंबर को बनने की संभावना है।
गरियाबंद :- जिले के मैनपुर विकासखंड से एक बड़ी खबर निकालकर सामने आई है, शुक्रवार को सरकारी स्कूल मैनपुर में कक्षा 06 वी के छात्र के बैग से जहरीले सर्प नागराज निकले, जिसके बाद स्कूल में हड़कंप मच गया, हालांकि स्कूल में पढ़ाने वाले शिक्षकों की सूझबूझ से जहरीले सर्प को स्कूल कैंपस से बाहर निकाला गया, तब कहीं जाकर स्कूली छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने राहत की सांस ली।
मिली जानकारी के अनुसार तहसील मुख्यालय मैनपुर के एक सरकारी स्कूल में नगर से लगभग 06 किलोमीटर दूर गांव से पढ़ाई करने स्कूल पहुंचने वाले छात्र के बैग से सर्प निकला, छात्र प्रतिदिन की तरह बैग को अपने कंधे पर लटका कर स्कूल पहुंचा और स्कूल में जैसे ही पढ़ाई करने के लिए बैग के अंदर पुस्तक निकालने हाथ डाला, तभी बैग के भीतर अचानक एक सर्प दिखा, बच्चे ने जोर से चिल्लाते हुए बैग को जमीन पर पटक दिया और देखते ही देखते डर के मारे सभी बच्चे बेंच तथा टेबल में खड़े हो गए। बच्चों की चिख पुकार को सुन आसपास कक्षाओं के अन्य छात्र-छात्राएं व शिक्षक भी पहुंच गए, बैग को डंडे के सहारे से खोलकर देखा गया तो भीतर जहरीले नागराज के दिखाई दिए, फिर बैग को शिक्षकों ने डंडे के सहारे स्कूल कैंपस के बाहर निकाला और बैग को पूरी तरह खाली किया गया। बैग के भीतर से पुस्तक के साथ नाग सर्प निकला और बैग से बाहर निकलते ही फन फैलाए बैठ गया, शिक्षकों ने डंडे के सहारे जहरीले सर्प को जंगल में ले जाकर सुरक्षित छोड़ दिया।
बरसात के दिनों में मैनपुर क्षेत्र में जहरीले सर्प भारी दिखाई देता है
ज्ञात हो कि गरियाबंद जिले के मैनपुर क्षेत्र घने जंगल और नदी नालों पहाड़ियों से घिरा वनांचल क्षेत्र है इस क्षेत्र में बारिश के दिनों में विभिन्न प्रकार के जहरीले सर्प बहुताए संख्या में दिखाई देते हैं आए दिनों ग्रामीणों के घरों में सर्प निकालने की घटनाएं आम है साथ ही क्षेत्र मे सर्पदंश की घटना भी बढ़ जाती है।
सावधानी बरतना बहुत जरूरी-
मिली जानकारी के अनुसार जिस छात्र के स्कूल बैग से जहरीले सर्प निकाला वह छात्र मैनपुर से लगभग 6 किलोमीटर दूर वनांचल के ग्राम से पढ़ाई करने स्कूल पहुंचता है और उसके गांव के चारों तरफ नदी नाले तथा जंगल है, वनांचल क्षेत्र के ग्रामों में बारिश के इन दिनों में जहरीले सर्प निकालना आम बात है, यहां खबर प्रकाशित करने की पीछे सिर्फ एक ही मकसद है कि लोगों को अपनी सुरक्षा के लिए सावधानी बरतने की, जरूरत है स्कूली बच्चे स्कूल से छुट्टी के बाद घर में ले जाकर बैग को जमीन में इधर-उधर रख देते हैं, कभी जहरीले जीव जंतु या सर्प इसमें घुसने का डर बना रहता है, इसलिए सभी बच्चों के पालको को स्कूली बच्चों के बैग एवं जूते को उपयोग करने से पहले उसे झड़ाकर देख लेना चाहिए, जिस छात्र के बैग से जहरीले सर्प निकला उसके पालक ने चर्चा में बताया कि उनके घर की साफ-सफाई के दौरान आज एक और जहरीले सर्प नाग निकला है।
बिलासपुर:- अपने सहकर्मियों से दुर्व्यवहार के आरोप में जिला शिक्षा अधिकारी बिलासपुर ने दो शिक्षकों को निलंबित कर दिया है। प्राथमिक शाला बिजौर में पदस्थ दो सहायक शिक्षक पोलेश्वर यादव और ममता सोनी को पदीय कर्तव्यों के विपरीत आचरण के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
बता दें, मामला प्राथमिक शाला बिजौर का है। जहां पर सहायक शिक्षक एलबी पोलेश्वर यादव के विरूद्ध प्राप्त शिकायत की जांच करायी गई। जांच प्रतिवेदन के मुताबिक पोलेश्वर यादव ने अपने पदीय कर्तव्यों के विपरीत संस्था में कार्यरत सफाई कर्मचारी के साथ मारपीट करने, अध्यापन छोड़कर गप-शपक रने, छात्रा की पिटाई करने, संस्था की झूठी खबर फैलाने एवं एसएमसी अध्यक्ष को धमकी देने जैसे कई शिकायत जांच आरोप में सहित पाए गए। उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनका निलंबन अवधि मुख्यालय शासकीय उच्च माध्यमिक शाला सीपत रहेगा।
वहीं सहायक शिक्षक एलबी ममता सोनी पर सहकर्मियों से दुर्व्यवहार के आरोप लगाए गए थे। जांच के बाद शिकायत सही पायी गई और उन्हें भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। उनका निलंबन अवधि के दौरान मुख्यालय प्राचार्य शासकीय उच्च माध्यमिक शाला मस्तूरी में रहेगा।
इस तरह के मामले बढ़ रहे
स्कूलों में शिक्षक पढ़ाने व छात्र-छात्राओं को सही आचरण व शिष्टाचार सीखाने के बजाए खुद ही लोगों से दुर्व्यवहार कर रहे हैं। इस तरह के मामला प्रदेश भर के अलग-अलग स्कूलों से सामने आ रहे हैं। शिक्षक अपनी गरीमा को बनाए रखने के बजाए अन्य बेकार के कार्य कर रहे हैं। यही वजह है कि इन पर एक्शन लिया जा रहा है।
रायपुर : लोहारीडीह कांड के विरोध में आज कांग्रेस छत्तीसगढ़ बंद कराने के लिए सड़कों पर निकले हुए हैं। इस बीच प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में बंद का मिला-जुला असर देखने को मिला। रायपुर में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज सहित कांग्रेस के कई बड़े नेता सड़कों पर मौजूद हैं। अब से कुछ ही देर में वे जयस्तंभ चौक में गृहमंत्री विजय शर्मा का पुतला दहन करेंगे। हालांकि छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स की बैठक में यह तय हुआ कि बंद को व्यापारी समर्थन नहीं देंगे। चेंबर ऑफ कॉमर्स ने कहा की, इतने शॉर्ट नोटिस पर प्रदेश की दुकानों को बंद करना सम्भव नहीं है।
रायपुर में बंद कराने सड़क पर उतरे कांग्रेसी
पीसीसी चीफ दीपक बैज, महापौर एजाज ढेबर के साथ कांग्रेसी शास्त्री मार्केट, गंज मंडी, सदर बाजार, गोल बाजार, भनपुरी, फाफाड़ी, शैलेंद्र नगर, सिविल लाइन, रामसागर पारा समेत इलाकों में स्कूटी से पहुंचे. इस दौरान दुकानदारों से दुकान बंद करने की अपील की. बता दें कि इस बंद को चैम्बर ऑफ कॉमर्स को समर्थन नहीं दिया है. इसके चलते दुकानें अपने समय पर खुल रही है.
वहीं कवर्धा में भी कांग्रेसी सड़कों पर उतरे हुए हैं। इक्के-दुक्के खुली दुकानों को बंद करवा रहे हैं। पुलिस-प्रशासन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। शहर की सराफा लाईन से लेकर बस स्टैंड, मेन मार्केट और रायपुर रोड की सभी दुकानें बंद हैं। आपातकालीन सुविधाएं, मेडिकल दुकानें और इक्के- दुक्के दुकानें ही खुली हैं।
सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा बस्तर बंद
बस्तर में भी बंद का असर देखने को मिला। यहां पर गांधीवादी तरीके से बंद का आह्वान किया गया है। बस्तर चेंबर ऑफ कॉमर्स ने बंद का समर्थन किया है। बस्तर में सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक सभी दुकानें बंद रहेंगी। इस बीच सुरक्षा के भी पुख्ते इंतजाम किए गए हैं।
बेमेतरा में शहर में घूम-घूमकर बंद करवा रहे प्रतिष्ठान
बेमेतरा में भी कांग्रेसी शहर में घूम-घूमकर व्यापारियों से प्रतिष्ठान बंद करवा रहे हैं। जिला अध्यक्ष बंशी पटेल दर्जनभर कार्यकर्ताओं के साथ बंद कराने निकले हुए हैं। नगर पंचायत नवागढ़ में लोंगों ने स्वस्फूर्त प्रतिष्ठान बंद किया है। बड़े दुकानों से लेकर ठेले वालों ने भी आज दुकाने बंद कर रखा है।
ये है पूरा मामला
बीते रविवार 15 सितंबर को इस गांव से 5 किमी दूर एमपी-सीजी बॉर्डर पर गांव के शिव प्रसाद साहू उर्फ कचरू साहू का शव फांसी पर लटके मिला। इसकी हत्या की शक को लेकर ग्रामीणों ने गांव के रघुनाथ साहू के घर हमला कर दिया। घर को आग के हवाले कर दिया है। कबीरधाम एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव अपनी टीम के साथ गांव में पहुंचे थे। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। देर शाम पुलिस की टीम गांव के भीतर आग लगे हुए घर पर पहुंची, जहां पर रघुनाथ साहू का शव जला हुआ मिला। इस गांव में भूमि विवाद चल रहा था।
रघुनाथ साहू के परिवार व ग्रामीणों के बीच काफी दिनों से विवाद चला आ रहा था। यह विवाद रौद्र रूप ले लिया। जिस युवक की शव जंगल में मिली है, वह एमपी के बालाघाट जिले के बिरसा थाना क्षेत्र में आता है। ऐसे में बालाघाट पुलिस मामले की जांच कर रहीं है। शुरुआती शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में फांसी से मौत की पुष्टि हुई है। इधर, गांव में आगजनी व हत्या को लेकर पुलिस ने अब तक 69 लोगों को गिरफ्तार किया। बुधवार को इन आरोपियों में प्रशांत साहू उम्र 27 निवासी ग्राम लोहारीडीह की कवर्धा जेल में मौत हो गई। इसके बाद पूरा मामला बदल गया। परिजनों ने मारपीट का आरोप लगाया।
मृतक प्रशांत साहू के शरीर में चोट के निशान मिले। इस घटनाक्रम के बाद 2020 बैच के आईपीएस अधिकारी कबीरधाम एएसपी विकास कुमार को बुधवार देर रात कवर्धा विधायक व डिप्टी सीएम गृह मंत्री विजय शर्मा ने सस्पेंड कर दिया। इसके बाद कल शुक्रवार को राजनांदगांव रेंज आईजी ने दो पुलिसकर्मी समेत जंगल रेंगाखार थाना की पूरी की पूरी टीम को लाइन हाजिर किया है। वर्तमान में गांव में पुलिस व प्रशासन की टीम मौजूद है।
कवर्धा : कवर्धा जिले के लोहारीडीह हिंसा मामले में को लेकर छत्त्तीसगढ़ की राजनीति गरमाई हुई है, वही इस मामले में अब सरकार ने सख्त एक्शन लेते हुए रेंगाखार थाना प्रभारी समेत 23 पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया गया है. वहीं रेंगाखार थाना प्रभारी, SI महामंगलम और SI अंकिता समेत 23 स्टॉफ को लाइन अटैच किया गया है. वहीं DSP संजय ध्रूव के प्रभार में बदलाव किया गया है.

रायपुर : कवर्धा कांड को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने 21 सितम्बर को छत्तीसगढ़ बंद का एलान किया है, वहीँ कांग्रेस द्वारा छत्तीसगढ़ बंद को चेंबर ऑफ कॉमर्स ने समर्थन देने से इंकार कर दिया है।
चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष अमर पारवानी, महामंत्री अजय भसीन, कोषाध्यक्ष उत्तम गोलछा, कार्यकारी अध्यक्ष राजेन्द्र जग्गी, विक्रम सिंहदेव, राम मंधान, मनमोहन अग्रवाल ने बताया कि 21 सितम्बर को प्रस्तावित बंद को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी का 19 सितम्बर 2024 का पत्र आज दिनांक 20 सितम्बर 2024 को दोपहर 12 बजे चेंबर कार्यालय को प्राप्त हुआ जिसमे छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा कराए जा रहे बंद को समर्थन देने का आग्रह किया गया है। बंद का समर्थन करना केवल कार्यकारिणी का क्षेत्राधिकार है। इतने अल्प समय में प्राप्त सुचना में कार्यकारिणी की बैठक बुलाना संभव नहीं है।
इसके अतिरिक्त चूंकि चेम्बर से प्रदेश के छोटे-छोटे व्यापारी, रेहड़ी पटरी, एवं व्यापारिक संगठन जुड़े हुए हैं जो फल-सब्जी, दूध एवं अन्य कच्चे सामान का व्यवसाय करते हैं। बिना पूर्व सूचना के आकस्मिक बंद से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। इतने अल्प समय में बिना पूर्व सूचना अथवा व्यापारिक संघों की बैठक लिये बगैर “छत्तीसगढ़ बंद” का समर्थन करने में चेंबर असमर्थ हैं।

बैठक में चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष अमर पारवानी, कोषाध्यक्ष उत्तमचंद गोलछा, महामंत्री अजय भसीन, कार्यकारी अध्यक्ष राजेन्द्र जग्गी, विक्रम सिंहदेव, राम मंधान, मनमोहन अग्रवाल, उपाध्यक्ष महेश दरियानी, हीरा मखीजा, पृथ्वीपाल सिंह छाबड़ा, कन्हैया गुप्ता, टी. श्रीनिवास रेड्डी, मंत्री लोकेश साहू, राजेन्द्र खटवानी, राकेश (जनक) वाधवानी, दिनेश पटेल, युवा चम्बर महामंत्री कांति पटेल आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।






























